जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण विशेष अभियान के तहत विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।*
सुलतानपुर,भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में पात्र नागरिकों का नाम सम्मिलित किए जाने के उद्देश्य से दिनांक 17 अक्टूबर, 2026 को आयोजित मतदाता पंजीकरण विशेष अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तहसील सदर अन्तर्गत मतदेय स्थल- बूथ संख्या-266, 267 व 268, राजकीय इंटर कॉलेज सुलतानपुर में बूथ संख्या-233, 234, 235, 236, 237 आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने हेतु प्राप्त आवेदनों, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा अभियान के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करें तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित प्रपत्र पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो पाया है, को पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए। पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-6 प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बीएलओ को यह भी निर्देशित किया कि मतदाता पंजीकरण के लिए आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए, प्राप्त आवेदनों का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए। जिलाधिकारी महोदय ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि उनका नाम सूची में सम्मिलित नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर समस्त बूथ लेवल अधिकारी एवं सुपरवाइजर अपने बूथ पर पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 6ए, 7 एवं फार्म-8 के साथ उपस्थित रहे। इसी प्रकार विधान सभाओं के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी, श्रीमती रत्नप्रिया, समस्त उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान कुल 5689 फार्म-6, 579 फार्म-7 व 651 फार्म-8 प्राप्त हुए। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न मतदेय स्थलों पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेन्ट तथा जनप्रतिनिधिगण द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।
सुल्तानपुर में कृषि यंत्रों की बुकिंग 20 अक्टूबर तक, कृषकों से अवशेष यंत्र बुक करने की अपील*
सुल्तानपुर,जनपद के किसानों के लिए कृषि विभाग ने एक बार फिर मौका दिया है। वर्ष 2026-27 में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कृषकों द्वारा दिनांक 07.10.2026 से 20.10.2026 तक कृषि यंत्रों की बुकिंग चल रही है। उप कृषि निदेशक सुल्तानपुर ने बताया कि इसमें विगत 16.07.2026 से दिनांक 10.08.2026 के दौरान बुकिंग अवशेष रह गए कृषि यंत्रों को किसान बंधु बुक कर सकते हैं। बुकिंग हेतु http://www.agriculture.up.gov.in पोर्टल पर जाकर लाभ लिया जा सकता है। ये यंत्र हैं उपलब्ध - हैप्पी सीडर / स्मार्ट सीडर, एमबी प्लाउ, रीपर कम बाइंडर, जीरोटिल सीड कम फर्टीड्रिल, ब्रश कटर, स्ट्रॉ रेक, बेलर, क्राप रीपर, ट्रैक्टर माउंटेड एवं पावर टिलर, पावर वीडर, राइस ट्रांसप्लांटर, शुगरकेन रैटून मैनेजर, पोटेटो डिगर, पोटेटो प्लान्टर, पावर ऑपरेटेड चैफ कटर, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस, पैकिंग मशीन, न्यूमेटिक प्लान्टर, मिनी दाल मिल, मल्टीक्राप थ्रेसर, क्लीनर कम ग्रेडर, बायरेक्ट राइस सीडर, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, किसान ड्रोन पर लागत का 50 अथवा 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम अनुदान उपलब्ध है, जिसके लक्ष्य पोर्टल पर प्रदर्शित हो रहे हैं। उप कृषि निदेशक ने किसानों से अपील की है कि अधिक से अधिक किसान भाई इस अवसर का लाभ उठाएं। लक्ष्य से अधिक बुकिंग प्राप्त होने की दशा में ई-लॉटरी के माध्यम से कृषि यंत्रों हेतु लाभार्थी का चयन होगा, जिसकी सूचना समाचार पत्रों में पृथक से प्रकाशित की जाएगी।
राष्ट्रीय सवर्ण परिषद की बैठक में नए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी*
अखंडनगर। सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के बैनर तले धीरेन्द्र पांडेय के यहां एक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन की मजबूती, सामाजिक सहयोग और विस्तार को लेकर चर्चा की गई। सभा में धीरेन्द्र पांडेय को सहयोग राशि प्रदान की गई। साथ ही संगठन के कई नए पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए नियुक्ति की घोषणा की गई। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद की ओर से संगठनात्मक जिम्मेदारियों के तहत रामनायक तिवारी को अयोध्या मंडल प्रभारी, रामसहाय दुबे को सुल्तानपुर जिला संरक्षक, कृष्ण कुमार पांडेय को जिला महासचिव, राघवेंद्र तिवारी को जिला सचिव तथा शिवम तिवारी को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा श्याम पांडेय को कादीपुर तहसील प्रभारी और श्रीकांत पांडेय को कादीपुर तहसील अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभा में उपस्थित संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के लोगों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य गौरीशंकर शर्मा, अमित उपाध्याय, अतुल तिवारी, रामप्रीत पांडेय, नीरज तिवारी, हरि पांडेय, कृष्णा उपाध्याय और धीरेन्द्र पांडेय सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभा में संगठन के सदस्यों ने आपसी सहयोग, एकजुटता और सामाजिक सहभागिता को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
पूर्व प्रधान के भाई पर फर्जीवाड़े का आरोप: गरीब किसान के नाम पर खोली फर्जी फर्म,4.93 लाख का GST का ज़ब नोटिस आया,तो उड़े किसान के होश *
सुल्तानपुर में गरीब किसान के जरूरी दस्तावेजों के साथ हेरफेर कर उसके साथ करोड़ो की धोखाधड़ी कर दी गई। यह खुलासा तब हुआ जब पीड़ित किसान के पास करीब 5 करोड़ कर बकाया का नोटिस आया। तो वहीं नोटिस देखते ही किसान के होश उड़ गए। बहरहाल पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और साथ ही मामले की जाँच-पड़ताल कर रही है। दरअसल ये मामला है लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के कुबेरशाह पट्टी गांव का। इसी गांव का रहने वाला जगतपाल यादव गरीब किसान है। पात्रता के आधार पर उसे ग्राम प्रधान की सहमति पर प्रशासन द्वारा आवास आवंटित हुआ है,जगतपाल यादव के चार बच्चे हैं और मेहनत मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते हैं। बीते 8 अक्टूबर को इन्हें सूचना मिली कि इसके नाम पर हरियाणा गुरूग्राम के एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट से 4 करोड़ 93 लाख 21 हजार 47 रूपये की कर बकाया की नोटिस आई तो जगतपाल यादव के इनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जगतपाल गरीब किसान ने बताया हमारे ग्राम सभा के पूर्व प्रधान थे,उनके छोटे भाई हैं जो प्रधानी का काम देखते थे। वो 3-4 बार हमारे घर आए और कहे की सरकारी योजना आई है,2000 रुपया महीना मिलेगा, अपने डॉक्यूमेंट दे दो। हम उनके घर आधार कार्ड,पैन कार्ड,फोटो ले गए,सादा कागज पर साइन कराए और उनके साथ श्री तिवारी कामापुर वाले भी थे। वही बाद में एक आदमी और आया जिसे हम नहीं जानते थे, कुर्सी पर बैठकर मोबाइल से फोटो खींचा, फिर लंभुआ ग्रामीण बैंक ले गए,वहाँ फिंगर लगवाया। हमारे साथ ही गांव के राजेश धोबी,राम मिलन के लड़के का भी कागज लिया गया। हमें जानकारी तब हुई जब 8 तारीख को गांव के श्री सिंह के पास फोन आया कि अमीन पूछ रहा है तुम्हारे गांव में कोई जगतपाल यादव है? हरियाणा से RC आई है। तब हम 9 तारीख को गए,नोटिस देखी तो मेरे होश उड़ गए। 4 करोड़ 93 लाख 21 हजार 47 रुपये का मामला है। हमारे नाम पर फर्म बनाकर गुड़गांव,हरियाणा में कारोबार दिखाया गया है। तब हमने FIR परसों कराई है। एप्लीकेशन में सबका नाम दिया था लेकिन दरोगा जी ने कहा दूसरा एप्लीकेशन लिखो,तो एक ही नाम पर FIR हुई है। हम मजदूरी करते हैं,हमारे चार लड़के है,हम कहां से 5 करोड़ भरेंगे साहब? पूरा गांव चाहता है कि गलत करने वालों पर कार्रवाई हो। ग्राम प्रधान बृजलाल ने बताया कि हमें जानकारी तब हुई जब जगतपाल यादव के नाम से चार करोड़ तिरानवे लाख इक्कीस हजार सैंतालीस रुपये का नोटिस जारी हुआ। वो भागते हुए मेरे पास आए,मैंने उसे पढ़ा,देखा। तो मैंने कहा ये तो बहुत बड़ा गलत फ्रॉड हुआ है आपके साथ। आप इतना पैसा कहाँ से टर्नओवर कर सकते हो,जो आपको GST आ गई। आप तो डेढ़-दो बीघे जमीन के खातेदार धारक हो,ज्यादा से ज्यादा। उन्होंने बताया कि ये बहुत अति गरीब व्यक्ति हैं। इनके पास आवास दिया गया प्रधान द्वारा तब छत के नीचे आ पाए। चार बच्चे हैं,मेहनत-मजदूरी करके,सिलाई करके अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। जहाँ मेरी गवाही की जरूरत पड़ेगी,जहाँ मुझे बुलाया जाएगा, मैं साफ-साफ बोलूंगा कि ये बहुत गरीब व्यक्ति हैं और इनकी मदद की जाए। इनका जो नोटिस है,ये बिल्कुल खत्म होना चाहिए। यह जाँच का विषय है, इसकी जाँच होनी चाहिए,असली मुजरिम तक पहुँचना चाहिए सरकार को,ताकि जो फ्रॉड इनके साथ हुआ है वो किसी और के साथ न हो। लम्भुआ क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने कहा कि दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को थाना लम्भुआ जनपद सुल्तानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 379/26 पंजीकृत किया गया है। इसमें जगतपाल जी के द्वारा आरोप लगाया गया है कि एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट गुरुग्राम से इनको चार करोड़ तिरानवे लाख का नोटिस आया है। इनके द्वारा जानकारी दी गई है कि ना ही तो इन्होंने कोई जीएसटी नंबर लिया है ना ही कोई फर्म स्थापित की है। इसमें जालसाजी और धोखाधड़ी का आरोप लगा रहे हैं। इस मामले की विवेचना की जा रही है, इसकी जांच गहराई से की जा रही है तथा इसमें कार्रवाई प्रचलित है। अभी मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ है। इसमें जांच की जा रही है,जैसे-जैसे तथ्य प्रकाश में आएंगे वैसे-वैसे इसमें नाम प्रकाश में लाकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की*
सुल्तानपुर कटका बाजार के सामाजिक कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री ने पत्र भेजकर दी प्रशंसा, विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए मिल चुके हैं सैकड़ों सम्मान गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कटका बाजार स्थित गाना मिश्र का पुरवा निवासी एवं कटका क्लब सामाजिक संस्था के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र भेजकर उनके सामाजिक कार्यों तथा सांस्कृतिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से मिली इस प्रशंसा से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में विभिन्न अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है। उनके कार्यों के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश के लगभग दर्जनभर मंत्रियों के हाथों सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें सैकड़ों पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। डॉ. सौरभ ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर अपने खून से पत्र लिखकर अपनी भावना व्यक्त की थी। इसके साथ ही सुल्तानपुर जिले का नाम कुशभवनपुर किए जाने की मांग को लेकर भी उन्होंने पहल की। उनके नाम विभिन्न क्षेत्रों में दर्जनों विश्व रिकॉर्ड दर्ज होने की बात भी सामने आई है। इस उपलब्धि पर राजकुमार मिश्र, ऋषभदेव शुक्ला, कांति सिंह, सर्वेश कांत वर्मा, अमरजीत मिश्र, शिव कुमार तिवारी और मोनू यादव सहित अन्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सुल्तानपुर में जिला बार एसोसिएशन का चुनाव,सैकड़ों अधिवक्ताओं ने किया मतदान*

सुल्तानपुर जिला बार एसोसिएशन का चुनाव आज खुर्शीद क्लब में आयोजित किया जा रहा है,चुनाव में सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। पिछले कई महीनों से बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर लगातार चर्चाएं बनी हुई थीं। अब जिला जज की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है, इस चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए खुर्शीद क्लब पहुंच रहे हैं। दरअसल,जिला बार एसोसिएशन का चुनाव अधिवक्ताओं के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है,बार एसोसिएशन अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में चुनाव के माध्यम से अधिवक्ता अपने प्रतिनिधियों का चयन करते हैं। जिनसे उन्हें अपने हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने की उम्मीद रहती है। इस दौरान जिला न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता रवि शुक्ला ने सुल्तानपुर बार एसोसिएशन के गौरवशाली इतिहास का जिक्र किया,उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि सुल्तानपुर जिला न्यायालय में सिर्फ एक ही बार एसोसिएशन है। यह संगठन अधिवक्ताओं की एकजुटता और उनकी साझा पहचान को दर्शाता है। वरिष्ठ अधिवक्ता रवि शुक्ला ने युवा अधिवक्ताओं को बेहतर वकालत करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं,उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं को मेहनत, ईमानदारी और अपनी कानूनी जानकारी के दम पर वकालत के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को अधिवक्ता जरूर बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी भी न्याय व्यवस्था में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके। फिलहाल,खुर्शीद क्लब में चुनाव प्रक्रिया के दौरान अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि बार एसोसिएशन की जिम्मेदारी आगे किसे सौंपी जाएगी.
*कब्जेदारी विवाद में प्रशासन ने जड़ा ताला*
शहर के बेशकीमती भूखंड पर मलिकाना हक व कब्जे का मामला* 

सुल्तानपुर - शहर के कुंजरा बाग मोहल्ले में बेशकीमती जमीन के मालिकाना हक को लेकर चल रहे विवाद मे जिला प्रशासन ने कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में बाउंड्री वाल के दोनों गेट पर अपना ताला जड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार साहब के शाहगंज मोहल्ले के कुंजरा बाग में इंद्र प्रताप पांडेय की पुस्तैनी जमीन है इसी जमीन पर कब्जे को लेकर अभिषेक बरनवाल आदि बनाम राज्य का एक मुकदमा आयुक्त न्यायालय में चल रहा है। इस मुकदमे में उपजिलाधिकारी व जिलाधिकारी द्वारा विपक्षी अभिषेक बरनवाल के दावों को खारिज करते हुए 19 अप्रैल 25 को अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का आदेश दिया है।अब डीएम इंद्रजीत सिंह के सख्त निर्देश के बाद उपजिलाधिकारी सदर गरिमा सौनकिया ने कानूनगो इंद्र प्रताप सिंह व नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र को मौके पर भेजकर बाउंड्री वॉल के दोनों गेट पर ताला लगवाते हुए सीलिंग की कार्यवाही की। वहीं जानकारी लगी की कमिशनरी में मामले को उलझाने के लिए वाद दायर कर दिया जिसके बाद अभिषेक बरनवाल व अन्य द्वारा चोरी छिपे निर्माण की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देख डीएम ने एसडीएम सदर को तत्काल अवैध निर्माण को सील करने का आदेश दिया। एसडीएम ने कानूनगो आईपी सिंह और कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र को भेजकर अवैध निर्माण को सील कर दिया । कानूनगो आईपी सिंह ने सीलिंग की पुष्टि की है ।
सुल्तानपुर विधानसभा १८८ में विकास की गंगा बहाया,क्षेत्र को भयमुक्त बनाया और रामराज्य का दिन लौटाया*
सुल्तानपुर में भाजपा विधायक विनोद सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद संगोष्ठी में हिस्सा लिया। कटका बाजार में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए,इस दौरान विधायक ने अपने पिछले पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुल्तानपुर में विकास के क्षेत्र में इतिहास रचने का काम हुआ है। सड़क, बिजली, पुल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई काम कराए गए हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है। विधायक विनोद सिंह ने तहसील से जुड़ी समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि बल्दीराय तहसील में शामिल 57 गांवों के लोगों को अपने जरूरी कामकाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था,ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए उन्होंने प्रयास किया,जिसके बाद इन गांवों को बल्दीराय तहसील से हटाकर सुल्तानपुर सदर तहसील में शामिल कराया गया। उन्होंने इसे क्षेत्र के लोगों को राहत पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक ने शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सीताकुंड घाट पर पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है,इसके साथ ही गोलाघाट से टेढ़ुई तक सड़क चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। गोमती नदी पर नए पुल का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास को नई गति मिलेगी,विधायक के मुताबिक,ये सभी कार्य सुल्तानपुर के विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। इस दौरान विनोद सिंह ने पूर्व विधायक अनूप संडा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कार्यकाल में सुल्तानपुर की जनता के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया,विधायक ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद क्षेत्र में सैकड़ों सड़कों का निर्माण कराया गया है और हजारों की संख्या में सोलर लाइटें लगवाई गई हैं,इसके अलावा जनता की सुविधाओं से जुड़े कई अन्य कार्य भी कराए गए हैं। विधायक विनोद सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में सुल्तानपुर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं,कटका बाजार में आयोजित इस संवाद संगोष्ठी के माध्यम से उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने रखीं और विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया।
हिंदी खबर के संपादक अतुल अग्रवाल की हिरासत के विरोध में PM को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा,बोले- चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं*
सुल्तानपुर में पत्रकारों का फूटा गुस्सा: लिविंग इंडिया -  

नशे के खिलाफ खबर चलाने पर हरियाणा पुलिस की कार्रवाई,महिला पत्रकार भी हिरासत में*

सुल्तानपुर, हरियाणा में नशाखोरी के बढ़ते मुद्दे पर खबर प्रसारित करने को लेकर लिविंग इंडिया व हिंदी खबर न्यूज चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल सहित 5 लोगों को हरियाणा पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से सुल्तानपुर के पत्रकारों में भारी रोष है। पत्रकारों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री भारत सरकार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और स्वतंत्र पत्रकारिता की आवाज को दबाने का प्रयास बताया गया। पत्रकारों ने कहा कि भारतीय संविधान का *अनुच्छेद 19 (1)(क)* हर नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है। लोकतंत्र में स्वतंत्र पत्रकारिता ही जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाती है। ऐसे में नशे जैसे गंभीर मुद्दे पर खबर दिखाने वाले संपादक और महिला पत्रकार को हिरासत में लेना चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। ज्ञापन में 5 प्रमुख मांगें -

1.* प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल और हिरासत में ली गई महिला पत्रकार सहित सभी 5 लोगों की हिरासत के पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच कराई जाए।

2.* हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई के आधार, FIR और कानूनी प्रक्रिया की समीक्षा कराई जाए। अवैध हिरासत पाए जाने पर तत्काल रिहाई व राहत सुनिश्चित की जाए।

3.* नशाखोरी के मुद्दे पर प्रसारित समाचारों को पत्रकारों की पेशेवर गतिविधि मानते हुए उनके विरुद्ध दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएं।

4.* हिरासत में ली गई महिला पत्रकार की सुरक्षा, गरिमा और कानूनी अधिकारों का पूर्ण संरक्षण हो और महिला संबंधी सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन कराया जाए।

5.* देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निष्पक्ष पत्रकारिता के दौरान डराने-धमकाने, प्रताड़ित करने की घटनाओं पर प्रभावी रोक के लिए ठोस कानून बनाया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष अवधेश शुक्ला, अनिल द्विवेदी, सर्वेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार मनोराम पांडे की अगुवाई में बृजेश श्रीवास्तव, शिव कुमार दुबे, अर्शी, रवि दुबे, सतनाम सिंह, सुनील राठौर, शिव सागर विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
*सुल्तानपुर: पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने नवनिर्मित भवन का किया औचक निरीक्षण, कमियां जल्द दूर करने के निर्देश*
सुल्तानपुर। नगर पालिका परिषद के पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने आज पालिका परिसर में नवनिर्मित भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन में कराए गए निर्माण कार्यों का जायजा लिया और मौके पर मिली कमियों को जल्द दूर कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज, निर्माण लिपिक कपिल श्रीवास्तव सहित पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा भवन में पाई गई कमियों को समयबद्ध तरीके से ठीक कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि भवन में शेष कमियों को दूर कर निर्माण कार्य को बेहतर बनाया जाए, ताकि इसका उपयोग सुचारु रूप से किया जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्यों पर गंभीरता से ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पालिकाध्यक्ष के औचक निरीक्षण से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और कमियों को दूर करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।