मातृशक्ति का सम्मान ही विकसित उत्तर प्रदेश का आधार : योगी आदित्यनाथ
शारदीय नवरात्र पर प्रदेशवासियों के नाम सीएम ने लिखी पाती, नारी सुरक्षा और स्वावलंबन को बताया आदिशक्ति की सच्ची आराधना
मुख्यमंत्री योगी का आह्वान, किसी बहन की सुरक्षा के लिए उसकी आवाज बनें, किसी बालिका की शिक्षा में करें सहयोग
यूपी पुलिस में 44 हजार से अधिक महिलाएं, भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण, वीरांगनाओं के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन
10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं एक करोड़ से ज्यादा महिलाएं, आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिल रही नई दिशा
लखनऊ, 12 अक्टूबर 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र पर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखकर मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प का आधार बताया है। मुख्यमंत्री ने लिखा कि आदिशक्ति की आराधना तभी पूर्ण होगी, जब प्रदेश की हर महिला सुरक्षित, सम्मानित और स्वावलंबी बनेगी। नवरात्र केवल शक्ति की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि अहंकार, दुराग्रह और नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय का संदेश भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि किसी बहन की सुरक्षा के लिए उसकी आवाज बनें, किसी बालिका की शिक्षा में सहयोग करें और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में उनका संबल बनें।
मुख्यमंत्री योगी ने अपनी पाती में महिषासुरमर्दिनी की विजय और प्रभु श्रीराम की शक्ति साधना का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि देवताओं की सामूहिक ऊर्जा से प्रकट हुईं मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर धर्म और न्याय की पुनर्स्थापना की थी। लंका विजय से पूर्व प्रभु श्रीराम ने मां जगतजननी की आराधना की थी। 108 नीलकमलों में एक कम पड़ने पर उन्होंने अपना नयन अर्पित करने का निश्चय किया। उनकी अटूट भक्ति और संकल्प से प्रसन्न होकर मां ने विजय का वरदान दिया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि ममता और वात्सल्य की प्रतिमूर्ति मां जगतजननी आवश्यकता पड़ने पर चंडी का रूप भी धारण करती हैं। उनके नौ स्वरूप विनम्रता, साहस, शक्ति, संकल्प और न्याय की प्रेरणा देते हैं।
मिशन शक्ति से महिलाओं को मिला सुरक्षा और सम्मान का संबल
मुख्यमंत्री योगी ने वर्ष 2020 में शारदीय नवरात्र पर शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए लिखा कि इसका उद्देश्य नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को जनभागीदारी से जोड़ना है। प्रदेश सरकार बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 44 हजार से अधिक महिलाएं कार्यरत हैं। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। वीरांगना ऊदा देवी पासी, झलकारी बाई कोरी और रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं।
एक करोड़ से अधिक महिलाएं बन रहीं स्वावलंबी
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में लिखा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बालिकाओं की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहन दे रही है। प्रदेश में 10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर एक करोड़ से ज्यादा महिलाएं स्वावलंबन की नई गाथा लिख रही हैं। उन्होंने नारी सशक्तीकरण के लिए महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी महत्वपूर्ण बताया।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण का केंद्र बन रहा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी ने लिखा कि मां विंध्यवासिनी, मां पाटेश्वरी और मां शाकुम्भरी जैसे प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रमाण है। विशेष रूप से युवाओं की बढ़ती सहभागिता नई पीढ़ी के अपनी परंपराओं से जुड़ने का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण का सशक्त केंद्र बन रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की मंगलकामनाएं देते हुए लिखा कि मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से ही विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प की सिद्धि होगी।





- 'अयोध्या में लग रहा डर तो जहूराबाद से लड़ें चुनाव अखिलेश यादव', ओम प्रकाश राजभर ने दी चुनौती
*यूपी के लोगों का अपमान कर रहे अखिलेश, विधानसभा चुनाव में जनता सपा को सबक सिखाएगी: भाजपा प्रवक्ता*
*नालों की गंदगी तट पर जमा होने से सफाई चुनौतीपूर्ण, नवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी रखना है ध्यान*
*मंदिरों, पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई, गड्ढामुक्ति एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश*
5 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.0k