व्यापारियों ने नगरपालिका अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाया,जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन,नपा अध्यक्ष ने मामले को सिरे से किया ख़ारिज,बताया बेबुनियाद*
सुल्तानपुर में आज सैकड़ो की संख्या में ग़ल्ला मंडी व्यापारियों ने सड़क पर उतर कर नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गल्ला मंडी ब्यापारी पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय कलेक्ट्रेट पहुँचे,जहां उन्होंने नपा अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष व्यापार मनीष शाहू ने बताया कि मामला यह है कि यहां जो गल्ला मंडी बसी हुई है वो नजूल की जमीन पर है और सन 1930 से अभी तक नगर पालिका के फेवर में इकट्ठा था और सभी व्यापारी नगर पालिका के दुकानदार किराएदार हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि यहां के मौजूदा चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल ने अपने पारिवारिक हितों को देखते हुए इस जमीन को कब्जाने का प्रयास किया है। इसी सिलसिले में आज हम लोग जिलाधिकारी महोदय से मिले हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि किसी भी व्यापारी के साथ या आम आदमी के साथ कोई भी गलत नहीं होने पाएगा।  उन्होंने कहा कि शासन के नगर विकास विभाग को इनकी कार्यप्रणाली को लेकर पत्र लिखा गया है,सूचित भी करा दिया गया है, कि नजूल विभाग को भी सूचना दी जा चुकी है। हाईकोर्ट में जो इन्होंने अधपैरवी में मुकदमा खारिज करा दिया था उसके लिए भी जिलाधिकारी महोदय द्वारा हाईकोर्ट में फिर से वाद प्रस्तुत किया गया है,ये आज हम लोगों को जिलाधिकारी से जानकारी मिली। (गल्ला मंडी नजूल की जमीन पर 1930 से बसी है और व्यापारी नगर पालिका के किराएदार हैं। मौजूदा पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल पारिवारिक हित के लिए जमीन कब्जाने का प्रयास कर रहे हैं। आज DM से मिले हैं, DM ने आश्वासन दिया है कि किसी व्यापारी के साथ गलत नहीं होगा और उन्होंने नगर विकास और नजूल विभाग को पत्र लिखा है।) गल्ला मंडी व्यापारियों के आरोपों को नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने सिरे से किया ख़ारिज,बताया मामला बेबुनियाद। सवाल-व्यापारियों ने आपके ऊपर एक गंभीर आरोप लगाया है। कि आप अपने परिजनों को फायदा पहुँचा रहे है। सवालों का जवाब देते हुए नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने कहा कि पहली चीज तो हम वो आरोप सिरे से नकारते हैं और खारिज करते हैं। ये गल्ला मंडी में 1956 या 63 का जो मामला था, उसी का मुकदमा सिविल कोर्ट में चल रहा था, जो खारिज होने पर नगर पालिका वहां जो भी दुकानदार थे उनसे किराए की वसूली कर रही थी। नगर पालिका की पोजीशन भी थी। 1983 में नगर पालिका ने उच्च न्यायालय लखनऊ में केस किया था, जिसकी सुनवाई 1983 से चलती आ रही थी और नगर पालिका उस पर काबिज थी और वहां के दुकानदारों से किराया बराबर लेती रही। जब जानकारी मिली कि जो 1983 की याचिका थी वो जनवरी 2020 में खारिज हो गई थी, उसकी रेस्टोरेशन एप्लीकेशन नगर पालिका ने दिसंबर 2020 में माननीय उच्च न्यायालय में पुनः सुनवाई के लिए प्रस्तुत किया था। जो 5 साल तक पेंडिंग रहने के कारण बीच में सुनवाई नहीं हो सकी। हाईकोर्ट किसी के कहने पर नहीं चलता, उसकी अपनी प्रक्रिया है। एप्लीकेशन जब आई किन परिस्थितियों में कोर्ट में पुटअप हुई, हमारे अधिवक्ता को जानकारी थी लेकिन जब तक पहुंचते तब तक लिस्ट आ चुकी थी, नंबर आ चुका था। वो एप्लीकेशन जुलाई 2025 में खारिज हो गई। जब जानकारी मिली कि इस प्रकार का कोई प्रकरण है, तभी नगर पालिका ने 10 दिन पहले पुनः एक रेस्टोरेशन याचिका माननीय उच्च न्यायालय लखनऊ में दायर किया है और उसके अनुसार जो भी निर्णय होगा उसका नगर पालिका पालन करेगी। अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों को भय था कि उनकी दुकानें खाली करा दी जाएगी। उनको बहुत स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया गया कि नगर पालिका को कोई अधिकार नहीं है आपकी दुकान खाली कराने का और ना ही नगर पालिका ने आपको कोई नोटिस दिया है। जिस तरीके से आप लोग कार्यरत हैं उसी तरह से करें और जो किराया आप लोग जमा करते थे वो जमा करते रहें। लेकिन आज जो ये प्रदर्शन सुनने में आया और दिखाई पड़ा,ये हमारे ख्याल से एक सोची-समझी साजिश है। कुछ बाहरी तत्वों के द्वारा गल्ला मंडी के हमारे व्यापारियों को, जो हमारे घर परिवार के हैं,उनको भ्रमित करके और ये प्रदर्शन सिर्फ और सिर्फ हमारे खिलाफ निकाला गया। इसमें कुछ चेहरे ऐसे थे जिनका गल्ला मंडी के व्यापारियों से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है, वो दुकान हटे या काबिज रहे इससे उनका कोई मतलब नहीं, खाली राजनीतिक रोटी सेकने के लिए ये किया गया। अध्यक्ष नगरपालिका प्रवीन अग्रवाल ने कहा कि आप सबके चैनल के माध्यम से उन सभी व्यापारियों को पुनः आश्वस्त करना चाहूंगा कि वो कतई परेशान ना हों। नगर पालिका इस प्रकार का कोई भी कृत्य उनको हटाने का नहीं करने जा रही और जब तक मैं बैठा हूं तब तक कोई इस चीज को होने नहीं दूंगा। नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों का आरोप सिरे से खारिज है। गल्ला मंडी का मामला 1983 से हाईकोर्ट में चल रहा था,जनवरी 2020 में खारिज हुआ तो दिसंबर 2020 में हमने रेस्टोरेशन डाला। जुलाई 2025 में फिर खारिज हुआ तो 10 दिन पहले हमने फिर याचिका दायर की है। किसी व्यापारी की दुकान खाली नहीं कराई जाएगी,कोई नोटिस नहीं दिया गया है। आज का प्रदर्शन बाहरी तत्वों द्वारा व्यापारियों को भ्रमित कर राजनीतिक रोटी सेकने के लिए किया गया है।
देवी-देवताओं के भेष में अमर्यादित नृत्य पर लगे रोक, कटका क्लब ने कार्रवाई की उठाई मांग*
सुल्तानपुर,सामाजिक संस्था कटका क्लब ने विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देवी-देवताओं का भेष धारण कर फिल्मी व अमर्यादित गीतों पर नृत्य कराए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ के नेतृत्व में सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। साथ ही ऐसे आयोजनों पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। डॉ. मिश्र ने कहा कि आस्था और धार्मिक प्रतीकों की गरिमा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कथा वाचक शनि मिश्र ने कहा कि देवी-देवताओं के स्वरूप को मनोरंजन का माध्यम बनाना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। प्रांजल मिश्र ने कहा कि विद्यालय संस्कार देने के केंद्र हैं, इसलिए शिक्षा विभाग स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करे। प्रतिनिधिमंडल में किसलय तिवारी, आशुतोष मिश्र, आलोक मिश्र, दीपक शुक्ला सहित दर्जनों युवा उपस्थित रहे।
सुल्तानपुर,मानदेय बढ़ाने और नौकरी स्थायी करने की मांग, बैंक सखियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन*
सुल्तानपुर जिले की बैंक सखियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. समस्त बैंक सखी संघ, सुल्तानपुर के बैनर तले बैंक सखियों ने अपनी समस्याओं को रखते हुए मानदेय बढ़ाने और नौकरी स्थायी करने की मांग की। बैंक सखियों का कहना है कि वे ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में लोगों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम करती हैं. ऐसे में काम के हिसाब से उन्हें मिलने वाला मानदेय काफी कम है, उन्होंने मासिक मानदेय बढ़ाकर 25 से 30 हजार रुपये किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही बैंक सखियों ने अपनी नौकरी को स्थायी करने की भी मांग की. उनका कहना है कि वह लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं. बैंक सखियों ने काम के लिए मुफ्त स्मार्टफोन देने और हर महीने मोबाइल रिचार्ज की सुविधा देने की मांग भी की है. इसके अलावा उन्होंने कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए जीवन और स्वास्थ्य बीमा कराने की मांग की। ज्ञापन में बैंक शाखाओं में बैठने के लिए उचित जगह, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है. बैंक सखियों ने जिलाधिकारी से उनकी समस्याओं पर ध्यान देते हुए संबंधित विभाग को जरूरी दिशा-निर्देश देने की मांग की है.
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर द्वारा जिला कारागार परिसर में ठहरे पीएसी पुलिस बल कैंप का औचक निरीक्षण*
आज बीती रात पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल द्वारा जिला कारागार परिसर में ठहरे पीएसी पुलिस बल कैंप का देर रात्रि औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पीएसी बल के ठहरने हेतु आवंटित कमरों, मेस एवं वॉशरूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा मेस में भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्वयं भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। साथ ही पीएसी के आरक्षीगणों से वार्ता कर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं उनकी समस्याओं के संबंध में* जानकारी प्राप्त की गई। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा जेल अधीक्षक सुलतानपुर से वार्ता कर पीएसी बल के ठहरने एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पीएसी बल की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित रखने हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*25वीं बार रक्तदान कर डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ बने रक्तवीर*
सुल्तानपुर,रक्तदान शिविर में मिला ‘रक्तवीर सम्मान’, छात्र राजनीति के दौर से लगातार कर रहे महादान अद्वैत फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘रक्तवीर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। संस्था के चेयरमैन आनंद सावरण और मैनेजर अनूप मिश्र ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। डॉ. सौरभ ने बताया कि छात्र राजनीति के समय से ही वे नियमित रक्तदान करते आ रहे हैं। शिविर में उन्होंने 25वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. अमित मिश्र ने भी रक्तदान किया। शिविर में डॉ. संजय सिंह, डॉ. रविन्द्र यादव, विजय चन्द्र चौधरी, सुशील कुमार, अनुराग पाण्डेय, पूजा वर्मा, कुलदीप कुमार व अब्बास अहमद की मेडिकल टीम मौजूद रही। इस उपलब्धि पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धनपतगंज त्रिनेत्र पांडेय, डॉ. ऋषभदेव शुक्ला, शिवकुमार तिवारी, लालमणि दुबे, कथा वाचक शनि मिश्र,साहित्यकार सर्वेश कांत वर्मा और संरक्षक राजकुमार मिश्र सहित अनेक लोगों ने बधाई दी।
राहत कार्यालय और मौसम विभाग,दिल्ली द्वारा जारी एडवाइजरी को संज्ञान में लेते हुए जनपदवासियों से अपील की*
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि राहत कार्यालय और मौसम विभाग,दिल्ली द्वारा २३ सितम्बर को एडवाइजरी जारी की गई थी। वो हमारी पहली एडवाइजरी थी,एडवाइजरी रिसीव करते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी बिभागों के साथ मीटिंग की गई और सारे डिजास्टर मैनेजमेंट के जितने भी हमारे प्रोटोकॉल्स थे,उसको इमी डिएटली चालू कर दिया गया, सारी टीम्स को फील्ड में रहने के लिए निर्देशित किया गए और इसका जो ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ था, उसका सबसे ज्यादा इंपैक्ट कल की रात और अगले दिन रहा है।इन दोनों दिनों में हमारे द्वारा स्कूलों को बंद किया गया और आज उच्च शिक्षा संस्थानों को भी बंद किया गया।

जो डैमेज हुआ है उनकों देखा गया 100 से ज्यादा पेड़ सड़कों पर गिरे पड़े है ,उनको 1 घंटे में क्लियर कराया गया। डिफरेंट-डिफरेंट डिपार्टमेंट जिसमें फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने भी सहयोग किया,एसडीएम भी रही फील्ड में रही, वही बिजली विभाग भी सड़को पर खड़ा रहा,उसके अलावा जो रोड डैमेज हुई उसको संबंधित विभाग PWD,जिला पंचायत या हमारे जो मंडी की सड़कें हैं, उसको मोटरेबल कराया गया।

कहीं भी ट्रैफिक बाधित ना हो, इसका ख्याल रखा गया, ट्रैफिक सुचारू रूप से चले,यह भी किया गया है। इसके साथ-साथ बिजली का जो नुकसान हुआ है वो ज्यादा हुआ है, 1071 खंभे है जो डैमेज हुए हैं, तारों पर पेड़ गिरे थे , इसके कारण हमारे जो 21 सबस्टेशंस डाउन थे,उनको चालू कर दिया गया है, अभी और भी सबस्टेशन डाउन है,उस पर काम चल रहा है। सुल्तानपुर सिटी की जो बिजली व्यवस्था है वो हमने सारी चालू करा दिया है। अभी एक रिसेंट पेड़ गिरा उसको हटा दिया गया है,इसके अलावा जो हमारे ट्रांसफॉर्मर थे 89 वो भी हमने फंक्शनल कर दिए हैं।

अभी बिजली विभाग के 462 कर्मचारी फील्ड में है,जिनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है,हर विभाग को हम लोग देख रहे हैं ग्राम पंचायत लेवल पर प्रधान हैं,हमारे सचिव भी हैं,लेखपाल भी लगाए गए है,सब लोग फील्ड में हैं। जो हमारे 42 मकान डैमेज हुए हैं, उनको जो हमें मुआवजा देना है उसकी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है. जल्द से जल्द हम वो मुआवजा भी दे देंगे। अभी भी अगले दिन ऑरेंज अलर्ट के लिए हम लोग रेडी हैं।

हमारी टीम्स फील्ड में रहेगी,मेरी अपील रहेगी सारे जो हमारे नागरिक हैं वो किसी भी पेड़ या ऐसी जगह के नीचे ना खड़े हो जो कमजोर हो. क्योंकि अभी भी तेज हवाएं और पानी गिरने की संभानायें है वो जारी है.ऑरेंज अलर्ट अभी भी जारी है। गोमती का जो जलस्तर है, वह भी बढ़ रहा है.इसको देखते हुए गोमती नदी में अभी कोई ना जाए,ये एडवाइजरी मेरी तरफ से अभी भी जारी रही है।
*गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर द्वारा सीताकुण्ड घाट का पुलिस बल के साथ भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।*
जनपद सुल्तानपुर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा गणेश विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए देर रात्रि अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह के साथ नगरक्षेत्र सीताकुण्ड घाट का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया गया। जहां इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा घाट पर पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा चीनी मिल के रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों का किया गया निरीक्षण, समय से कार्य पूर्ण कराने के दिये गये निर्देश।*
चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की जिलाधिकारी महोदय ने की समीक्षा*

सुलतानपुर,जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में प्रबन्ध कमेटी की बैठक चीनी मिल के प्रशासनिक भवन में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी महोदय द्वारा आगामी पेराई सत्र 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए चीनी मिल के रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों सहित मिल के संचालन से सम्बन्धित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी। बैठक में चीनी मिल को पुनः संचालित कराये जाने के प्रयासों, गत वित्तीय वर्ष एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष से सम्बन्धित आय-व्यय एवं लेखा विवरण प्रस्तुत किये जाने तथा आवश्यक कार्यवाही के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलाधिकारी महोदय द्वारा चीनी मिल परिसर में चल रहे रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मिल के विभिन्न खण्डों, पावर हाउस, बॉयलिंग हाउस, टरबाइन एवं मिल हाउस का स्थलीय निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी महोदय ने रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स के अवशेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिये, ताकि आगामी पेराई सत्र के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। तत्पश्चात जिलाधिकारी प्रशासनिक भवन पहुंचे, जहां संचालक मण्डल के सदस्यों एवं मिल अधिकारियों की उपस्थिति में प्रबन्ध कमेटी की बैठक में विभिन्न बिन्दुओं की क्रमवार समीक्षा की गयी। बैठक में विगत प्रबन्ध कमेटी की बैठक में हुई कार्यवाही की पुष्टि की गयी। साथ ही चीनी मिल को पुनः संचालित कराने के लिए आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। बैठक में मिल परिसर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा अनाधिकृत रूप से उपयोग किये जा रहे आवासों को नियमानुसार खाली कराने, चीनी मिल कैम्पस की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, मिल गन्ना फार्म एवं यार्ड की बाउण्ड्रीवाल के सम्बन्ध में भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी महोदय द्वारा मिल की परिसम्पत्तियों एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने पर जोर दिया गया। बैठक में किसी नवीन प्रस्ताव पर निर्णय/पारित प्रस्ताव नहीं किया गया। आवश्यक बिन्दुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरान्त सम्बन्धित अभिलेख एवं विवरण प्रस्तुत किये जाने तथा आगामी बैठक आयोजित कर शेष बिन्दुओं पर नियमानुसार कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। बैठक के अन्त में मिल के प्रधान प्रबन्धक विनीत उपाध्याय ने उपस्थित अतिथियों एवं संचालक मण्डल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, बैठक की उपसभापति , जिला गन्ना अधिकारी सहित संचालक मण्डल के सदस्यगण एवं चीनी मिल के सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
*सुल्तानपुर में DJ पर प्रशासन सख्त - DM ने जारी की एडवाइजरी, पुलिस ने दर्ज की FIR*
सुल्तानपुर में तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर अब प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने डीजे संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए एडवाइजरी जारी की है, तो वहीं कोतवाली नगर पुलिस ने मानकों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ FIR भी दर्ज की है। दरअसल पिछले दिनों शहर में तेज आवाज में ट्विटर हॉर्न और बेस के साथ डीजे प्रतियोगिताएं हुई थीं, जिसको लेकर समाजसेवी संस्थाओं ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि डीजे को लेकर सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और शासन की गाइडलाइन स्पष्ट है। तेज बेस और वाइब्रेशन से हार्ट और कानों पर बुरा असर पड़ता है, बुजुर्गों के लिए घातक है और पुरानी बिल्डिंगों को भी खतरा है। आने वाली पीढ़ी को फिट रखना है, इसलिए तय लिमिट में ही डीजे बजाएं। वहीं इस पूरे मामले में सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र में मानकों के विपरीत डीजे बजाने वाले संचालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कोतवाली नगर थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के सीजन में डीजे संचालकों को सरकार द्वारा तय की गई साउंड लिमिट का पालन करना ही होगा, नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी।
*‘नमामि भारतम्’-वन्दे मातरम् के150वें वर्ष पर सरस्वती विद्या मंदिर विवेकानंद नगर सहित पूरे जनपद में गूंज उठा राष्ट्र स्वर*
सुलतानपुर,महाराज कुश की पावन ऐतिहासिक धरती सुलतानपुर भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के अमर गीत ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गान से गुंजायमान हो उठी। राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान,नई दिल्ली के मार्गदर्शन में देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के जिला संयोजक बाल कल्याण समिति सुलतानपुर के अध्यक्ष एवं उत्तरप्रदेश शिक्षा सेवा चयन बोर्ड सदस्य डॉ विनोद कुमार सिंह के नेतृत्त्व में उक्त कार्यक्रम का आयोजन जनपद के अनेक विद्यालयों में किया गया। शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी,नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञानकुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर के प्रांगण में हजारों छात्र,अभिभावक, एवं अन्य सामाजिक संगठनों से जुडे नागरिक राष्ट्रगीत के सामूहिक गान कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस सफल ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी मुख्य अतिथि विभाग प्रचारक सुलतानपुर विभाग स्वयं उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने विद्यालय परिवार की ओर से उनका हार्दिक अभिनंदन किया.मुख्य अतिथि विभाग प्रचारक श्री प्रकाश ने भारतमाता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सामूहिक गायन तक सीमित न होकर नई पीढ़ी को ‘वन्दे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, उसके राष्ट्रीय महत्व और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायी विरासत से जोड़ना है। आज ‘जन गण मन’ राष्ट्रीय गान और ‘वन्दे मातरम्’ राष्ट्रीय गीत के रूप में भारत की राष्ट्रीय पहचान के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। यद्यपि इसके 2 छंद ही स्वीकार किए गए थे, परन्तु इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर पूर्ण वन्दे मातरम् (6 छंद) को अपनाया जाना अत्यधिक गौरव की अनुभूति कराता है। विद्याभारती के तत्त्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से देश के विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक सहभागिता के केंद्रों को एक सूत्र में जोड़ते हुए राष्ट्रभाव को मजबूत करने वाला है,जो मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, सांस्कृतिक एकात्मता और राष्ट्रीय चेतना की अभिव्यक्त को जगाने वाला है। जिला संयोजक डॉ विनोद कुमार सिंह ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर एक साथ सम्पन्न होने वाले सामूहिक गायन को ऐतिहासिक बताया। उन्होने वन्दे मातरम् की ऐतिहासिक यात्रा को महत्त्वपूर्ण बताते हुए इसके सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के सह संयोजक डाक्टर पवन सिंह ने कहा कि ‘नमामि भारतम्’ का एक प्रमुख उद्देश्य यह है कि आज का विद्यार्थी ‘वन्दे मातरम्’ को केवल एक गीत के रूप में न जाने, बल्कि उसके पीछे निहित स्वतंत्रता, आत्मसम्मान, मातृभूमि-प्रेम, त्याग, एकता और राष्ट्रीय चेतना के इतिहास को भी समझे। इसी कडी में कार्यक्रम के जिला सह संयोजक प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को ‘वन्दे मातरम्’ की रचना, स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका तथा राष्ट्रीय गीत के रूप में उसके महत्व से परिचित कराया। उन्होने कहा कि वंदेमातरम के इतिहास का अध्ययन कराकर वर्तमान पीढ़ी को राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक चेतना से जोड़ा जाएगा। 25 सितम्बर को निर्धारित समय पर जब एक साथ ‘वन्दे मातरम्’ का स्वर गूंज उठा , तब मानो यह आयोजन भारत की भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के मध्य विद्यमान एकात्मता का व्यापक प्रतीक बन गया। हजारों विद्यार्थियों , अभिभावकों , शिक्षको और नागरिकों ने एक ही समय पर एक ही राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया। यह रोमांचक दृश्य इस विचार को अभिव्यक्त कर रहा था कि भारत की शक्ति उसकी विविधता के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक एकात्मता में भी निहित है। विपरीत मौसम परिस्थितियों में भी राष्ट्र गीत प्रति समर्पण भाव की पराकाष्ठा दिखाई दी।राष्ट्रभक्त का ज्वार उमड रहा था.आज सम्पन्न हुए कार्यक्रम में कुल 6313 छात्र, शिक्षक, अभिभावक एवं समाज के अन्य लोग सम्मिलित हुए। सबके मन में यह विश्वास स्वत: दृढ हो गया कि ‘नमामि भारतम्’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का राष्ट्रव्यापी जन-सहभागिता अभियान बन गया है। कार्यक्रम के माध्यम से करोडो भारत वासियों को यह संदेश दिया गया कि राष्ट्र केवल भौगोलिक सीमा का नाम नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति, परंपरा, त्याग, संघर्ष और करोड़ों देशवासियों की सामूहिक चेतना से निर्मित एक जीवंत भाव है।