बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति चुनाव परिणाम, मिली नई कमान: उदय प्रजापति अध्यक्ष, विकास कुमार सचिव और विनोद कुमार बने कोषाध्यक्ष

गया। गया शहर के बाईपास दांडीबाग स्थित प्रजापति भवन में रविवार को आयोजित बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, माड़नपुर का भव्य सम्मेलन सह चुनाव कार्यक्रम संपन्न हुआ। चुनाव के बाद सोमवार की सुबह 8 बजे नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की गई। चुनाव आयुक्त मोहन प्रसाद की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया कराई गई। परिणाम सामने आते ही समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और संगठन को मजबूत करने की बात कही। समिति के चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के तीन-तीन प्रत्याशी मैदान में थे। तीनों पदों के लिए कुल नौ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया था। रविवार को सम्मेलन के दौरान मतदान कराया गया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतों की गणना और अन्य चुनावी प्रक्रिया पूरी की गई। सोमवार सुबह चुनाव परिणाम घोषित किया गया। घोषित परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर उदय प्रजापति, सचिव पद पर विकास कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर विनोद कुमार निर्वाचित हुए। परिणाम की घोषणा के बाद समर्थकों और समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान प्रजापति भवन में समाज के लोगों के बीच उत्साह का माहौल रहा।

महिलाओं की भागीदारी रही खास

चुनाव की सबसे खास बात महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। मतदान के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। समिति से जुड़े लोगों ने कहा कि पहले की तुलना में अब समाज की महिलाएं सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में अधिक सक्रिय हो रही हैं। चुनाव में महिलाओं की भागीदारी को समाज में बढ़ती जागरूकता और महिला सशक्तिकरण से जोड़कर देखा गया। डॉक्टर प्रोफेसर सूरज देव चंद्रपाल ने कहा कि संगठन के चुनाव में महिलाओं का बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना इस बात का संकेत है कि महिलाएं अपने अधिकारों और समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर जागरूक हो रही हैं। आने वाले समय में संगठन की गतिविधियों में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

सम्मेलन में उठीं समाज की कई मांगें

सम्मेलन के दौरान कुम्हार समाज की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने बिहार में माटी कला बोर्ड के गठन की मांग प्रमुखता से रखी। उनका कहना था कि मिट्टी से जुड़े कारीगरों और कुम्हारों की पारंपरिक कला को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ने की जरूरत है। इसके लिए सरकार को माटी कला बोर्ड का गठन कर कुम्हार समाज को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। इसके अलावा कुम्हार समाज के लोगों को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर कुम्हार परिवार पूंजी के अभाव में अपने पारंपरिक कारोबार को आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। ऐसे परिवारों को आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे चाक, मिट्टी के बर्तन और अन्य माटी उत्पादों का कारोबार आधुनिक तरीके से कर सकें।

गया के कुम्हारों के लिए चाक और ऋण की मांग

सम्मेलन में गया जिले के गरीब कुम्हार परिवारों को आधुनिक चाक उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। समाज के लोगों के अनुसार बड़ी संख्या में परिवार आज भी मिट्टी के बर्तन बनाने के पारंपरिक काम से जुड़े हैं। आधुनिक संसाधन और आर्थिक मदद मिलने से इस कारोबार को नया विस्तार मिल सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि मिट्टी से बने बर्तनों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इसके लिए सरकार को माटी कला से जुड़े उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और कुम्हारों को उद्यम के रूप में विकसित करने की दिशा में काम करना चाहिए।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी

डॉक्टर प्रोफेसर सूरज देव चंद्रपाल ने कहा कि उनकी कई मांगें लंबे समय से सरकार के समक्ष रखी जाती रही हैं। कुछ मांगों पर काम हुआ है, लेकिन कई महत्वपूर्ण मांगें अभी भी लंबित हैं। यदि सरकार की ओर से इन मांगों पर ठोस पहल नहीं की गई तो संगठन आगे बैठक, धरना और प्रदर्शन के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष उदय प्रजापति, सचिव विकास कुमार और कोषाध्यक्ष विनोद कुमार ने समाज के लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। समाज के लोगों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। संगठन को मजबूत करने के साथ युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही प्रजापति समाज को नई कार्यकारिणी मिल गई है। अब समाज के लोगों की नजर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की ओर है कि वे संगठन की लंबित मांगों और समाज से जुड़े मुद्दों को किस तरह मजबूती से आगे बढ़ाते हैं।

इस मौके पर विनोद पंडित, कैलाश प्रजापति, नागेश्वर प्रजापति, द्वारका प्रजापति, छोटेलाल, रामप्रवेश प्रजापति, मोहन प्रसाद, मीना प्रजापति, धर्मेंद्र प्रजापति, इंदू प्रजापति, रेनू रानी, आरती कुमारी सहित कई सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे.

मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के नवीन कारखाने का भव्य शुभारंभ, मंत्री संतोष कुमार सुमन ने किया उद्घाटन, मगध क्षेत्र का इकलौता आधुनिक प्रिंटिंग

ग्राहकों को मिलेगी बेहतर गुणवत्ता और समयबद्ध सेवा

गयाजी। गया-बोधगया मार्ग स्थित बीआईएडीए औद्योगिक क्षेत्र, टेकुना फार्म में मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के नवीन कारखाने का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर नए कारखाने का उद्घाटन किया। मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स को मगध क्षेत्र का इकलौता ऐसा आधुनिक प्रिंटिंग एवं कार्ड्स निर्माण केंद्र बताया गया, जहां अत्याधुनिक मशीनों और तकनीक के माध्यम से विभिन्न प्रकार के प्रिंटिंग कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर अतिथियों और गणमान्य लोगों ने संस्थान के नए परिसर का जायजा लिया तथा संचालकों को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के प्रोपराइटर कुमार नीरज व संदीप कुमार सिन्हा ने मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन का बुके एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इस मौके पर प्रोपराइटर कुमार नीरज, संदीप कुमार की माता सुशीला बाला अम्बष्ट, बिना प्रसाद, कुमार अंकित, सुमित राज, सुधांशु राज सहित परिवार के सदस्य, शुभचिंतक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जिलाधिकारी डॉ. शशांक शुभंकर ने भी मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के नवीन कारखाने के शुभारंभ पर शुभकामना संदेश देकर प्रोपराइटर एवं पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई तकनीक के साथ प्रिंटिंग क्षेत्र में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि गया में आधुनिक तकनीक और नई सुविधाओं के साथ किसी उद्योग का विस्तार होना क्षेत्र के लिए सकारात्मक पहल है। इससे स्थानीय स्तर पर प्रिंटिंग उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। नई तकनीक को अपनाकर उद्योग और व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी एवं बेहतर बनाया जा सकता है।

मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के प्रोपराइटर संदीप कुमार सिन्हा ने बताया कि नवीन कारखाने में आधुनिक मशीनों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली प्रिंटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संस्थान में नोटबुक एवं रजिस्टर, बुक एवं मैगजीन, ब्रोशर, लीफलेट, लेटरहेड, लिफाफे, पैकेजिंग बॉक्स, स्टिकर-लेबल, वेडिंग कार्ड, वॉल एवं टेबल कैलेंडर, पोस्टर-बैनर समेत विभिन्न प्रकार के प्रिंटिंग कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनरी और तकनीक के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता के साथ समय पर प्रिंटिंग सेवा उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। बदलते समय और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप प्रिंटिंग क्षेत्र में नई सुविधाओं को लगातार शामिल किया जाएगा।

संदीप कुमार सिन्हा ने उद्घाटन समारोह में पहुंचे अतिथियों, शुभचिंतकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

समारोह में अतरी विधायक रोमित कुमार, टिकारी विधायक अजय दांगी, गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, जिप उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद यादव, राजद नेता विश्वनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में अतिथि, व्यवसायी, शुभचिंतक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

यूथ बोले तो’ में युवाओं से रूबरू होंगे चिराग पासवान

गया: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से 24 सितंबर को पटना के वेटनरी कॉलेज खेल मैदान में ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में चिराग पासवान बिहार के युवाओं से शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर सीधे संवाद करेंगे। संवाद के दौरान युवाओं को अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं रखने का अवसर मिलेगा।

लोजपा (रामविलास) के प्रदेश सचिव पंकज सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं, सपनों और समस्याओं को समझना तथा उनकी बात को उचित मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज और उनके विचारों को सामने लाने के लिए इस तरह का संवाद महत्वपूर्ण है।

लोजपा नेता पंकज सिंह ने बिहार के युवाओं से अपील की कि वे 24 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में पटना के वेटनरी कॉलेज खेल मैदान पहुंचकर ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में भाग लें और इसे सफल बनाएं।

कुम्हार समाज की राजनीतिक भागीदारी और हक की हुंकार, 20 सितंबर को गया में जुटेंगे समाज के लोग, होगा महासम्मेलन एवं चुनाव का आयोजन

गया। बिहार कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति, दक्षिणी क्षेत्र माडनपुर , गया जी के तत्वावधान में आगामी 20 सितंबर 2026, रविवार को प्रजापति धर्मशाला दडीबागा में महासम्मेलन एवं चुनाव का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की शुरुआत सुबह 10 बजे उद्घाटन समारोह के साथ होगी। इसके बाद सचिव द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा तथा सुबह 11 बजे मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं का संबोधन होगा।

जिसको लेकर समाज के लोगों में जाकर जागरूकता अभियान चलाया गया और महासम्मेलन में शामिल होने के लिए लोगों से बढ़- चढ़कर शामिल होने की अपील भी की गई. समाज के सचिव डॉ0 सूरज देव चंद्रपाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कुम्हार समाज को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से जागरूक और मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगातार संगठनात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।

पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा समाज के उत्थान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने पर जोर दिया गया है। समिति ने कहा कि जाति आधारित जनगणना रिपोर्ट-2022 के अनुसार बिहार में कुम्हार समाज की आबादी करीब 22 लाख बताई गई है, जो राज्य की कुल आबादी का लगभग 1.50 प्रतिशत है। इसके बावजूद समाज को राजनीतिक स्तर पर अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। समिति का कहना है कि लोकसभा, विधानसभा और अन्य राजनीतिक संस्थाओं में कुम्हार समाज की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।

महासम्मेलन में सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें भी रखी जाएंगी। इनमें जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी, कुम्हार समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करना, माटी कला बोर्ड की स्थापना, मिट्टी-बालू एवं जलावन को निःशुल्क मुहैया कराना तथा कुम्हारों को रोजगार बढ़ाने के लिए ऋण उपलब्ध कराना प्रमुख हैं। इसके अलावा बचे हुए कुम्हारों को बिजली चालित चाक उपलब्ध कराने के साथ ऋण देने की मांग भी उठाई जाएगी।

दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक भोजन के बाद दोपहर 2:30 बजे से चुनाव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति ने प्रजापति समाज के लोगों से बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। सम्मेलन का संदेश स्पष्ट है—“कुम्हारों का नारा भीख नहीं, हिस्सेदारी चाहिए; सत्ता में कुम्हारों की राजनीतिक भागीदारी चाहिए; एक ही लक्ष्य-कुम्हारों का सर्वांगीण विकास।”

गया में इंफ्रा बिल्ट एक्सपो-2026 का भव्य शुभारंभ, मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने फीता काटकर किया उद्घाटन

गया। गया जी आर्किटेक्ट्स एंड इंजीनियरिंग एसोसिएशन की ओर से गया शहर के रामपुर स्थित एक निजी होटल में सोमवार को दो दिवसीय ‘इंफ्रा बिल्ट एक्सपो-2026’ का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने फीता काटकर एक्सपो का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह एक्सपो विरासत और विकास को नई सोच से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आधुनिक वास्तुकला, बेहतर निर्माण तकनीक और सीमित संसाधनों के बेहतर उपयोग से गया को नया स्वरूप दिया जा सकता है। गया सनातन संस्कृति, ज्ञान और मोक्ष की धरती है, ऐसे में शहर को आधुनिक और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने में आर्किटेक्ट्स और इंजीनियरों की भूमिका अहम है।

एक्सपो में भवन निर्माण सामग्री और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी विभिन्न कंपनियों ने स्टॉल लगाए हैं। यहां नई तकनीक, निर्माण सामग्री और उत्पादों की जानकारी लोगों को दी जा रही है। कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार सिन्हा, सदस्य मनीष कुमार, प्रशांत सिन्हा, विजय कुमार सिन्हा, सुनील कुमार शर्मा, रजनीश सिन्हा शशि कुमार, अभय त्यागी सुशील सिन्हा, संतोष कुमार सिन्हा समेत बड़ी संख्या में बिल्डर, आर्किटेक्ट, इंजीनियर और व्यवसायी मौजूद रहे।

सुहाग की सलामती के लिए महिलाओं ने रखा हरितालिका तीज व्रत, सामूहिक तीज मनाने की परंपरा, मेहंदी और सोलह शृंगार से सजी महिलाओं

गया। हरियाली तीज की उमंग, सुहागिनों की आस्था और हर-हर महादेव के जयघोष से ढोलकिया गली का माहौल भक्तिमय हो उठा। मौका था हरितालिका तीज पर्व का, जब बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख-शांति, समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। सामूहिक पूजा और महिलाओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

ढोलकिया गली में पिछले करीब 12 से 15 वर्षों से सामूहिक रूप से तीज पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ तीज का व्रत रखा। सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। घरों में पूजा की तैयारियां होती रहीं और महिलाएं मेहंदी, शृंगार तथा पारंपरिक परिधानों में सजकर आयोजन में शामिल हुईं।

राखी अग्रवाल ने बताया कि तीज पर्व का संबंध माता पार्वती की कठिन तपस्या और भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने की आस्था से जुड़ा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। इसी आस्था और परंपरा के तहत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखती हैं।

उन्होंने बताया कि तीज की तैयारी कई दिन पहले से ही शुरू हो जाती है। महिलाएं पर्व को लेकर विशेष रूप से मेहंदी लगाती हैं और सोलह शृंगार करती हैं। घरों में भी पर्व की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। तीज पर्व की शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से होती है। इस दिन सात्विक भोजन तैयार किया जाता है, जिसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इसके बाद महिलाएं निर्जला उपवास रखती हैं और पूरे दिन बिना अन्न और जल ग्रहण किए भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना करती हैं। शाम के समय महिलाओं ने एकत्रित होकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजन सामग्री अर्पित की और अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पूजा के बाद रात में जागरण का भी आयोजन किया गया। इस दौरान भक्ति गीतों और धार्मिक वातावरण के बीच महिलाओं ने तीज पर्व की खुशियां साझा कीं।

शिक्षिका के रूप में कार्यरत एक महिला ने बताया कि वह भी लंबे समय से संजू अग्रवाल के घर पर आयोजित होने वाले तीज पर्व में शामिल होती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से तीज मनाने का आनंद ही अलग होता है। जब बड़ी संख्या में महिलाएं एक साथ पूजा करती हैं तो माहौल में श्रद्धा के साथ-साथ उत्साह और अपनापन भी देखने को मिलता है। महिलाओं के बीच प्रेम, भाईचारा और आपसी सहयोग की भावना इस आयोजन की सबसे बड़ी खूबसूरती है।

महिलाओं ने कहा कि तीज केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। इस अवसर पर वे अपने पति की लंबी आयु, ऐश्वर्य, सुख-शांति और समृद्धि की कामना करने के साथ-साथ आसपास के सभी परिवारों के सुखी और समृद्ध जीवन की भी प्रार्थना करती हैं।

पिछले एक दशक से अधिक समय से जारी इस सामूहिक परंपरा को लेकर महिलाओं में खास उत्साह है। उनका कहना है कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा से जुड़ें और तीज का पर्व इसी प्रेम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता रहे, यही उनकी कामना है। पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती से सभी परिवारों पर सुख-समृद्धि, शांति और सौभाग्य बनाए रखने की प्रार्थना की। अंत में पूरे उत्साह के साथ “हर-हर महादेव” और “भोले बाबा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

इस मौके पर राखी अग्रवाल, संजू देवी, विरजा अग्रवाल, रंजू अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, रूपा देवी, संगीता अग्रवाल, कविता अग्रवाल, अनिता अग्रवाल, बिंदु देवी, मनोरमा देवी, कृष्णा देवी, सविता अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

गया में युवाओं की आवाज बना छात्र जदयू संवाद, शिक्षा-रोजगार के मुद्दों पर नेताओं से बेबाक संवाद

गया: गया शहर के अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, गया जी में शुक्रवार को दोपहर 2:00 बजे छात्र जदयू की ओर से आयोजित “छात्र जदयू संवाद कार्यक्रम” में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, छात्र हित और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की समस्याओं और अपेक्षाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

कार्यक्रम में छात्र जदयू के बिहार प्रदेश प्रभारी रूहैल रंजन, प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार, कुर्था विधायक पप्पू वर्मा, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी तथा गया जदयू के वरिष्ठ नेता मधुसूदन राय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मगध विश्वविद्यालय के पूर्व उपाध्यक्ष अमरजीत कुशवाहा ने की, जबकि संचालन छात्र जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष अमित शर्मा के नेतृत्व में हुआ। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति विकसित और सशक्त बिहार की सबसे बड़ी ताकत है। छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस मौके पर हिमांशु कुमार, प्रत्यूष वर्मा, विपुल सिंह, कुंदन सिंह, प्रमोद कुमार, शिवम राज, प्रभात कुमार, रौशन कुमार, देव कुशवाहा, सौम्या, ज्योति कुमारी, दीप्ति कुमारी, सोनम गुप्ता, आरती कुमारी, राहुल कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

गया में नई बलेनो का धमाकेदार आगाज, प्रीमियम लुक और एडवांस फीचर्स ने मचाई धूम

गया। मारुति सुजुकी की लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक नई बलेनो ने गया के ऑटोमोबाइल बाजार में धमाकेदार दस्तक दी है। बोधगया के दोमुहान स्थित कार्लो मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत मारुति सुजुकी डीलरशिप शोरूम में नई बलेनो की भव्य लॉन्चिंग की गई।

लॉन्चिंग समारोह में बड़ी संख्या में ग्राहक, ऑटोमोबाइल प्रेमी, कंपनी के अधिकारी और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ बोधगया की चेयरमैन कौशमी देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद केक काटकर नई बलेनो को आधिकारिक रूप से ग्राहकों के लिए पेश किया गया।

नई बलेनो के शानदार लुक और प्रीमियम इंटीरियर को देखकर मौके पर मौजूद ग्राहक खासे उत्साहित नजर आए। नई बलेनो को आकर्षक डिजाइन, दमदार इंजन, आधुनिक तकनीक और एडवांस सेफ्टी फीचर्स से लैस किया गया है। कार का प्रीमियम इंटीरियर और आधुनिक सुविधाएं इसे अपने सेगमेंट में खास बनाती हैं। लॉन्चिंग के दौरान ग्राहकों ने कार के डिजाइन, लुक और फीचर्स की जमकर सराहना की।

कंपनी के अनुसार, नई बलेनो की एक्स-शोरूम कीमत 6 लाख 10 हजार रुपये से शुरू है। गया स्थित कार्लो मोटर्स शोरूम में इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है। कंपनी की ओर से जल्द ही बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को कार की डिलीवरी दी जाएगी। लॉन्चिंग समारोह में कार्लो मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव कुमार, सीईओ शिवम कुमार और जीएम सेल्स नयन रंजन सहित कंपनी के अधिकारी, फाइनेंस प्रतिनिधि और बैंक से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। नई बलेनो के लॉन्च के साथ गया में मारुति सुजुकी के ग्राहकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

गया में केस उठाने का दबाव बना रहे बदमाशों का कहर! पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार पर जानलेवा हमला, तीन के सिर फटे, अस्पताल में भर्ती

गया। गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के नौवां गांव में पत्नी के साथ छेड़छाड़ और 2 महीना पूर्व में दर्ज शिकायत को वापस लेने के दबाव को लेकर विवाद ने मारपीट का हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित रौशन कुमार का आरोप है कि केस को उठाने से इनकार करने पर आरोपितों ने उसके घर पर आकर उसके परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में तीन लोगों के सिर फट गए, जबकि चार घायलों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित रौशन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन और मीडिया में दिए बयान में आरोप लगाया है कि कुंदन कुमार, अभिषेक कुमार, प्रमोद सिंह, रामानंद सिंह और डब्लू कुमार ने उनकी भाभी के साथ छेड़छाड़ की। रौशन कुमार ने कहा की घटना का विरोध करने के साथ ही मामले को लेकर पूर्व में की गई शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जाने लगा।

आरोपित लगातार केस उठाने के लिए दबाव बना रहे थे

पीड़ित का कहना है कि उसने जब शिकायत वापस लेने से साफ इनकार कर दिया तो विवाद बढ़ गया। इसी क्रम में आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में परिवार के कई लोग घायल हो गए। तीन लोगों के सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही गई है। घटना के बाद घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चार घायलों का इलाज चलने की बात सामने आई है।

29 अगस्त को भी पुलिस से की थी शिकायत

रौशन कुमार ने बताया की यह विवाद अचानक नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी 29 अगस्त 2026 को मामले को लेकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया था। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद आरोपितों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपितों ने दोबारा विवाद किया और छेड़छाड़ के बाद केस उठाने का दबाव बनाते हुए मारपीट की। पीड़ित परिवार ने घटना के बाद बोधगया पुलिस से आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

पुलिस बोली—दोनों पक्षों में हुई मारपीट

वहीं, पूरे मामले पर बोधगया थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि छेड़छाड़ के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने मारपीट की घटना के संबंध में बताया कि विवाद में दोनों पक्षों की ओर से मारपीट हुई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कितने लोग घायल हैं, इसकी उन्हें फिलहाल जानकारी नहीं है और उनके अनुसार मारपीट को लेकर आवेदन भी नहीं मिला है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले को देखा जा रहा है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस बयान के बाद अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मारपीट की घटना में किस पक्ष की क्या भूमिका रही।

गया में एमएलसी शिवरानी प्रजापति का जोरदार स्वागत, बोलीं—माटी कला बोर्ड से लेकर आरक्षण तक हर मांग उठाएंगे, प्रजापति भवन में जुटे समाज के लोग

शिवरानी प्रजापति ने कहा- महिलाओं को 50% आरक्षण देकर नीतीश कुमार ने खोले विकास के द्वार

गया। बिहार कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति, जिला शाखा गया के प्रजापति भवन में उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य शिवरानी प्रजापति पहुंचीं। कुम्हार समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। खास तौर पर माटी कला बोर्ड के गठन, कुम्हार समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने तथा समाज की लंबित मांगों को सरकार तक पहुंचाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

एमएलसी शिवरानी प्रजापति ने कहा कि पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति और समाज के मुख्यधारा में लाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बिहार में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम रहा है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में महिलाएं पहले की अपेक्षा कहीं अधिक जागरूक हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रही हैं। एक समय था जब महिलाएं घर की चारदीवारी से बाहर निकलने में संकोच करती थीं, लेकिन अब पंचायत से लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों तक महिलाओं की भागीदारी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अभी और जागरूक करने की जरूरत है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझें और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। शिवरानी प्रजापति ने कहा कि 2006 में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने और जीविका जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए कार्यों के लिए नीतीश कुमार के प्रति वह आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि वह उनके साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने का काम करेंगी और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

इस मौके पर विनोद कुमार, द्वारिका प्रजापति, नन्दलाल प्रजापति, संतोष हरिज प्रजापति, धर्मेंद्र प्रजापति, सुदामा प्रजापति, काल बाबू प्रसाद, मोहन प्रजापति, सुनीला पंडित, विष्णु प्रजापति, पूर्व अध्यक्ष जलेन्द्र कुमार, ज्ञान दत्त प्रजापति

विनोद प्रजापत, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, छोटू प्रजापति, सुमन प्रजापति, पिंटू प्रजापति, रविंद्र प्रजापति समेत कई लोग शामिल रहे.