तेज रफ्तार कार कैंटर से टकराई, दो की मौत व एक घायल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत महरौली के सामने एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कैंटर से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दो भाइयों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

घटना 10 सितंबर की देर रात की है। मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार टाटा जेस्ट कार ने एक्सप्रेसवे की बीच वाली लेन में चल रहे कैंटर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से संजयनगर स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने आगे की सीट पर बैठे दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिछली सीट पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतक (चालक): सचिन कुमार (34) पुत्र धर्मवीर सिंह, मूल निवासी सिकंदरपुर ककोड़ी, बाबूगढ़ (हापुड़)। अनुज (32) पुत्र बचन सिंह, मूल निवासी ग्राम भरना, सिम्भावली (हापुड़) हैं। फिलहाल दोनों राणा जी एन्क्लेव, नजफगढ़ (दिल्ली) में रहते थे।सचिन और अनुज आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे। योगेन्द्र (30) पुत्र पुणे सिंह घायल है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद घायल योगेन्द्र के भाई सुशील अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया हैं।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। एसीपी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बेटे ने जमीनी विवाद में पिता पर बरसाई गोलियां, मौत,

शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में बुधवार की देर रात 12 बजे के करीब बड़े बेटे ने जमीन विवाद में अपने पिता के ऊपर ताबड़तोड़ गोली चला दी। पिता को चार गोली लगी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी पिस्टल लेकर फरार हो गया। हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्यारोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 4 टीमें लगाईं हैं, उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बतााया कि शराब के नशे में युवक ने जमीनी विवाद में पिता की हत्या की है।

सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव निवासी हरिओम चौधरी (55 वर्ष) की गिनती क्षेत्र के सम्मानित किसानों में थी। उनके नाम पर मोदीनगर के पास 75 बीघा जमीन है, जबकि मोदीनगर में दिल्ली- मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने मार्केट है। हरिओम के परिवार में पत्नी अनिता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू है।

एसीपी ने बताया कि बड़ा बेटा निखिल शराब पीने का आदी है, इसी को लेकर पिता उसे डांटते थे। बड़े बेटे को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन भी दे रखी थी। लेकिन बेटा अपने हिस्से की जमीन अपने नाम कराना चाहता था, इस पर पिता कहते थे कि तू इस जमीन को भी शराब और अपने शौक में बेचकर खा जाएगा।

मृतक हरिओम चौधरी ने बुधवार की रात में अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया था, उस समय बड़ा बेटा घर पर नहीं था। वह देर रात को शराब पीकर घर आया । उन्होने बताया कि पिता ने बेटे को शराब पीने पर डांट दिया। जिसके बाद निखिल (32 साल) ने पिस्टल निकाल ली। जहां निखिल का पिता से विवाद होने लगा।

इस दौरान दूसरे कमरे से हरिओम की पत्नी अनीता और छोटा बेटा नीशू भी आ गए। जहां हाथापाई के बाद बड़े बेटे निखिल ने पिस्टल से गोली मार दी। चेहरे पर गोली लगने से हरिओम फर्श पर गिर पड़े, इसके बाद निखिल ने चेहरे, सीने और प्राइवेट पार्ट के पास भी गोलियां मारी।

हरिओम के दोनों बेटों की शादी नहीं हुई है, पुलिस की जांच में आया कि निखिल का शराब पीने को लेकर अपनी मां ओर पिता से पूर्व में भी झगड़ा होता रहता था। साल 2018 में भी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर फायरिंग की थी, जिसमें एक गोली नीशू को लगी थी। अब पुलिस पूरे केस की भी जांच कर रही है।

एसीपी ने बताया कि बड़े बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की है। जांच में आया कि शराब पीकर बेटा घर में झगड़ा करता था। जमीन के विवाद को लेकर पुलिस जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें लगाई गईं हैं।
गाजियाबाद: पिंक बूथ के बाहर युवक की मौत, पुलिस पर 40 मिनट तक मदद न करने का आरोप
-  किराए के विवाद के बाद घायल हुआ युवक, परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप; जांच के लिए विशेष टीम गठित

गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजय नगर सेक्टर-23 स्थित पुलिस के 'पिंक बूथ' के बाहर 22 वर्षीय युवक की अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के सिवान निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घायल युवक करीब 40 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन समय पर उसे चिकित्सीय सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई।

परिजनों के अनुसार, राजकुमार का एक ऑटो-रिक्शा चालक से किराए को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर वह खुद को बचाने के लिए पास स्थित पुलिस पिंक बूथ की ओर भागा। आरोप है कि बूथ बंद होने के कारण उसने अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए कांच के दरवाजे पर जोर से दस्तक दी। इस दौरान कांच टूट गया और उसके हाथ में गहरा कट लग गया, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा। परिवार का आरोप है कि घायल अवस्था में राजकुमार काफी देर तक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसे तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भी युवक को सड़क पर गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा देखा जा सकता है। बाद में पुलिस एम्बुलेंस से उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हालांकि, पुलिस का पक्ष इससे अलग है। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि  राजकुमार और ऑटो चालक दोनों पिंक बूथ पर पहुंचे थे तथा दोनों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। उनके अनुसार, राजकुमार ने पिंक बूथ के कांच के गेट पर जोर से हाथ मारा, जिससे कांच टूट गया और उसके हाथ में गंभीर चोट लग गई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने पूछा है कि यदि युवक पुलिस बूथ तक पहुंच गया था, तो उसे तत्काल चिकित्सा सहायता क्यों नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी धवल जायसवाल ने जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, घटनास्थल पर पुलिस की मौजूदगी, प्रतिक्रिया में लगे समय और अन्य सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।