*स्टडी टेबल पाकर विद्यार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया*
मण्डलायुक्त की पहल देवीपाटन मण्डल में शिक्षा की उड़ान अभियान को मिली नई गति
अब तक 55,489 मेधावी विद्यार्थियों को वितरित की गई स्टडी टेबल
‘हर घर बने पढ़ाई का स्थान, हर मेधा को मिले सम्मान’
इस अभियान के पहल से छात्र -छात्राओं की उपस्थिति बढ़ रही
गोण्डा, 08 सितम्बर 2026। देवीपाटन मण्डल के चारों जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती में सरकारी विद्यालयों के मेधावी एवं परिश्रमी विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान” अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 55,489 स्टडी टेबल परिषदीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को वितरित की जा चुकी हैं।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभिनव पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें घर पर नियमित एवं एकाग्र होकर अध्ययन करने के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है।
मेधा और परिश्रम को मिल रहा सम्मान
“देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान” अभियान के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में सर्वोच्च शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्टडी टेबल उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सभी छात्राओं को भी इस पहल से जोड़ा गया है।
स्टडी टेबल मिलने से विद्यार्थियों को घर पर पढ़ाई के लिए एक निर्धारित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो रहा है। इससे उनमें नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं एकाग्रता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है।
अन्य विद्यार्थियों के लिए भी बन रही प्रेरणा
अभियान का उद्देश्य केवल संसाधन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में मेधा, मेहनत और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना भी है। जब किसी विद्यार्थी को उसकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाता है, तो वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है। इससे विद्यालयों में बेहतर प्रदर्शन करने की सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित होती है।
इसी सोच के साथ यह पहल किसी एक अवसर तक सीमित न रहकर सतत प्रक्रिया के रूप में संचालित की जा रही है, ताकि प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में उभरने वाले नए मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन एवं सम्मान मिल सके।
कम लागत में व्यापक प्रभाव का मॉडल
“शिक्षा की उड़ान” अभियान की एक महत्वपूर्ण विशेषता इसका किफायती एवं विकेंद्रीकृत वित्तीय मॉडल है। प्रत्येक स्टडी टेबल की लागत लगभग ₹250 है। अभियान के क्रियान्वयन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सीएसआर, ग्राम पंचायत निधि एवं विद्यालय कम्पोजिट ग्रांट जैसे विभिन्न स्रोतों का उपयोग किया जा रहा है। इससे किसी एक स्रोत पर वित्तीय भार नहीं पड़ता और अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने में सुविधा मिल रही है।
शेष लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने पर जोर
मण्डल प्रशासन द्वारा 1लाख के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के सापेक्ष शेष 44,511 स्टडी टेबल के वितरण के लिए जनपदवार निरंतर अनुश्रवण किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र एवं मेधावी विद्यार्थियों तक स्टडी टेबल पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
मण्डल का लक्ष्य है कि निर्धारित 1 लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के साथ ही इस पहल को सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने वाली एक स्थायी एवं प्रेरणादायी व्यवस्था के रूप में विकसित किया जाए।
मण्डलायुक्त का संदेश
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि “देवीपाटन मण्डल में शिक्षा की उड़ान” अभियान केवल स्टडी टेबल वितरण की पहल नहीं, बल्कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और सपनों को सम्मान देने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी मेधावी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि स्टडी टेबल बच्चों को घर पर पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें नियमित अध्ययन और एकाग्रता की आदत विकसित करने में सहायक होगी। मेधावी विद्यार्थियों को मिलने वाला यह सम्मान अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अभियान के अंतर्गत अब तक जनपद गोंडा में 18,191 बहराइच मे 13,943 बलरामपुर में 16,155 श्रावस्ती में 7200 कुल 55,489 छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल वितरण की गई है शेष स्टडी टेबल का वितरण कराया जा रहा है
“हर घर बने पढ़ाई का स्थान—हर मेधा को मिले सम्मान” के संकल्प के साथ देवीपाटन मण्डल में शिक्षा की उड़ान अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
आभार वयक्त
परिषदीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्टडी टेबल प्राप्त होने पर माननीय मा0मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया गया और मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा को जागृत किया गया
इस स्टडी टेबल की पहल से छात्र -छात्राओं में उपस्थित बड़ी जनपद गोंडा में माह जुलाई से बढकर अगस्त 64.25 से बढ़कर 72.23 श्रावस्ती में 57.96 से 64.56 बलरामपुर में 62.88 बढ़कर 70.16 जनपद बहराइच 61.56 से बढकर 66.86 हुइ है और बच्चों का पढ़ाई में मनोबल बढ़ रहा है



Sep 08 2026, 18:21
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k