अब हर सप्ताह होगी एनीमिया की निगरानी

- गंभीर मामलों में मिलेगा एफसीएम व ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सुविधा

- जुलाई में मंडल की 12500 गर्भवती महिलाओं में मिला गंभीर एनीमिया

- 93 फीसदी से अधिक को मिला उपचार

गोण्डा, 06 सितंबर 2026: गर्भवती व धात्री महिलाओं में गंभीर एनीमिया की पहचान और उपचार को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग साप्ताहिक निगरानी करेगा। महानिदेशक, परिवार कल्याण की ओर से जारी निर्देशों के बाद देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में एनीमिया के गंभीर मामलों की पहचान, उपचार और रिपोर्टिंग की नियमित समीक्षा की जाएगी।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार जुलाई में मंडल में 4.19 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच हुई। इनमें 2.81 लाख यानी 67.30 फीसदी महिलाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। जांच में 12,500 महिलाएं गंभीर एनीमिया से ग्रसित मिलीं। इनमें से 11,654 यानी 93.23 फीसदी महिलाओं को उपचार मिला। मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) राहुल पटेल ने बताया कि उपचार से छूटे शेष मामलों की पहचान के लिए अब साप्ताहिक स्तर पर आंकड़ों की निगरानी की जाएगी।

जिलेवार आंकड़ों में श्रावस्ती में गंभीर एनीमिया के उपचार की दर सबसे बेहतर 97.14 फीसदी रही। बलरामपुर में 93.98 फीसदी, बहराइच में 102.83 फीसदी और गोण्डा में 83.13 फीसदी महिलाओं का उपचार हुआ। उपचार की संख्या बलरामपुर में 4,010, बहराइच में 3,230, गोण्डा में 3,159 और श्रावस्ती में 1,255 रही। अधिकारियों के अनुसार बहराइच में 100 फीसदी से अधिक उपचार दर दूसरे स्थानों से रेफर होकर आई महिलाओं के उपचार के कारण रही।

गंभीर एनीमिया में एफसीएम और ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सुविधा -

मंडलीय प्रबंधक ने बताया कि गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला महिला/संयुक्त चिकित्सालयों और एफआरयू-सीएचसी पर फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज (एफसीएम) इंजेक्शन की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए चिकित्सकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। वहीं मैटरनल एनीमिया मैनेजमेंट सेंटर के माध्यम से जरूरत के अनुसार आईवी आयरन सुक्रोज और ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

हर शुक्रवार होगी रिपोर्टिंग-

प्रभारी अपर निदेशक व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि हाल ही में जारी शासन के निर्देशों के अनुसार अब एनीमिया उपचार की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। सभी जिलों से लाभार्थियों का विवरण संबंधित अभिलेखों से सत्यापित कर संकलित किया जाएगा। हर शुक्रवार यूपीटीएसयू के सहयोग से निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य इकाइयों से नियमित रूप से उपचार की जानकारी लेने के साथ हर माह जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में आंकड़ों की समीक्षा होगी। इससे उपचार में देरी वाले मामलों और स्वास्थ्य इकाइयों की जरूरतों की पहचान कर समय पर सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकेगी।

रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में वामा वेलनेस कैम्प के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाएं-*

गोण्डा। आज दिनांक 06.09.2026 को प्रातः 9ः00 बजे से दोपहर 01ः00 बजे तक रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा स्थित ’’अमर शहीद राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हॉल’’ में ’’वामा वेलनेस कैम्प’’ के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में होम्योपैथिक एवं जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम द्वारा पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना रहा। शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में एलोपैथिक चिकित्सक डॉ0 शिवपाल मौर्य, फार्मासिस्ट ऋषभ श्रीवास्तव, एल0टी0 आयुषी श्रीवास्तव, ’’होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ0 जितेन्द्र कुमार, फार्मासिस्ट ननकू सिंह सहित चिकित्सकीय टीम द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की गईं। चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया गया। गोण्डा पुलिस द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन का उद्देश्य पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना, पुलिसकर्मियों को स्वस्थ एवं कार्यक्षम बनाए रखना तथा उनके कल्याण से संबंधित सुविधाओं को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराना है। शिविर में उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

शिक्षक दिवस पर TGT-PGT अभ्यर्थियों का आमरण अनशन, पुरानी नियमावली व पुराने पैटर्न की बहाली को लेकर युवा मंच ने झोंकी ताकत

प्रयागराज, 05 सितंबर 2026। TGT-PGT के लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर युवा मंच का अनिश्चितकालीन आंदोलन छठवें दिन भी जारी रहा। शिक्षक दिवस पर आंदोलन ने निर्णायक रूप लेते हुए पांच अभ्यर्थी आमरण अनशन पर बैठ गए।

आमरण अनशन पर शिमला पटेल, मीना देवी, रोशन सरोज, प्रवीण कुमार एवं अभिषेक कुमार बैठे हैं। अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी करने का निर्देश उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को नहीं देती, तब तक वे आमरण अनशन समाप्त नहीं करेंगे।

युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने योगी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को अचानक नियमावली में बदलाव नहीं करना चाहिए। अभ्यर्थियों की तर्कसंगत मांगों पर तत्काल उचित निर्णय लेते हुए अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी करने का आदेश देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नियमों में अचानक बदलाव से सात लाख से अधिक युवा प्रभावित हो रहे हैं, जबकि ये अभ्यर्थी 16 सितंबर 2025 तक निर्धारित नियमों के अनुसार योग्य थे। युवाओं के हक और अधिकार की लड़ाई 11 जून से लगातार जारी है। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा मंत्री, प्रमुख सचिव, शिक्षा निदेशक सहित कई अधिकारियों से मुलाकात कर मांग रखी गई, लेकिन समाधान नहीं होने पर अब निर्णायक आंदोलन का निर्णय लिया गया है।

अनिल सिंह ने कहा कि वर्षों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के हित में सरकार तत्काल निर्णय लेते हुए TGT-PGT के लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली और पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी कराए। साथ ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा अचानक परीक्षा पद्धति में किए गए बदलाव, सामान्य अध्ययन तथा माइनस मार्किंग को वापस लिया जाए और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) लागू न की जाए।

आंदोलन में अमित पांडेय, अमरीश पाण्डेय, बृजेश सिंह, अमर जीत सिंह, राकेश अग्रहरि, अखिलेश वर्मा, एल.के. चौधरी, रमेश पांडे, गंगा प्रसाद, प्रमोद दूबे, कमलाकर सिंह, राजेंद्र वर्मा, आनंद मिश्रा, रिंकी चौहान, दीपा सिंह, सहनाज खान, पियूष यादव, राकेश पटेल, अनिता सिंह, सुनीता यादव सहित सैकड़ों प्रतियोगी उपस्थित रहे।

आरटीओ कार्यालय का उप परिवहन आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण*

सीसीटीवी कैमरों, कर्मचारियों के आईडी कार्ड और पटलवार कार्यों की जांच की

गोण्डा, 05 सितम्बर 2026 - परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में उप परिवहन आयुक्त (नगर परिवहन), मुख्यालय विजय कुमार सिंह ने शनिवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय, गोण्डा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, अनधिकृत अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों, अनधिकृत मध्यस्थता की संभावित गतिविधियों तथा कार्यालयीय कार्मिकों के विवरण एवं पहचान-पत्रों का सत्यापन करना रहा।

निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने कार्यालय के समस्त कर्मचारियों के पहचान-पत्रों की जांच की तथा उनके आवंटित पटलों पर किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालय की प्रत्येक विंडो पर पटल संख्या एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का विवरण स्पष्ट रूप से अंकित होने की भी जांच की। इसके साथ ही विभिन्न पटलों पर किए जा रहे कार्यों का आंतरिक निरीक्षण करते हुए पत्रावलियों के रख-रखाव, अभिलेखों की व्यवस्था एवं कार्यालय की स्वच्छता का जायजा लिया।

उप परिवहन आयुक्त ने कार्यालय में अपने कार्यों के लिए आए आवेदकों से भी सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा कार्यालय में किसी प्रकार की असुविधा के संबंध में जानकारी ली। उपस्थित आवेदकों ने बताया कि वे अपने व्यक्तिगत कार्य से कार्यालय आए हैं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।

निरीक्षण के दौरान कार्यालयीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं जनसुविधा के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

दुराचार करने के आरोपी अभियुक्त को हुई आजीवन कारावास व रूपये 40,000/- के अर्थदण्ड की सजा-


गोण्डा। दिनांक 10.06.2022 को थाना छपिया क्षेत्रान्तर्गत एक 11 वर्षीय बालक के साथ दुराचार करने का प्रकरण हुआ था। जिसमें वादी की तहरीर के आधार पर थाना छपिया में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ था। जिसमें थाना छपिया पुलिस द्वारा आरोपी अभियुक्त बब्लू सिंह उर्फ दिनेश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

दोषसिद्धि का विवरण-

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित अपराधों में दोषी अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा अधिकतम/त्वरित दंडात्मक कार्यवाही हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके क्रम मे थाना छपिया में पंजीकृत अभियोग मे मॉनिटरिंग सेल, लोक अभियोजक श्री सुनील मिश्रा व श्री अशोक सिंह, कोर्ट मोहर्रिर म0 का0 वंदना व थाना छपिया के पैरोकार का0 राहुल खरवार की प्रभावी पैरवी के फलस्वरुप आज दिनांक 05.09.2026 को दोषी अभियुक्त बब्लू सिंह उर्फ दिनेश सिंह को अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (पाक्सो एक्ट) श्री निर्भय प्रकाश द्वारा दोषसिद्ध करते हुए सश्रम आजीवन कारावास व 40,000/- रु0 के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

नाबालिक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी अभियुक्त को हुई 20 वर्ष का कारावास


गोण्डा। 28.05.2023 को थाना इटियाथोक क्षेत्रान्तर्गत एक नाबालिक लड़की को बहला-फुसला कर भगा ले जाने का प्रकरण संज्ञान में था। जिसमें वादी की तहरीर के आधार पर थाना इटियाथोक में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ था। जिसमें थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा आरोपी अभियुक्त मो0 साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

दोषसिद्धि का विवरण-

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित अपराधों में दोषी अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा अधिकतम/त्वरित दंडात्मक कार्यवाही हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके क्रम मे थाना छपिया में पंजीकृत अभियोग मे मॉनिटरिंग सेल, लोक अभियोजक श्री सुनील मिश्रा व श्री अशोक सिंह, कोर्ट मोहर्रिर म0 का0 वंदना व थाना इटियाथोक के पैरोकार का0 शैलेंद्र कुमार सिंह की प्रभावी पैरवी के फलस्वरुप आज दिनांक 05.09.2026 को दोषी अभियुक्त मो0 साहिल को अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (पाक्सो एक्ट) श्री निर्भय प्रकाश द्वारा दोषसिद्ध करते हुए 20 वर्ष का कारावास व 15,000/- रु0 के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

पुलिस लाइन गोण्डा में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व*

गोण्डा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन गोण्डा में श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा श्री अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक द्वारा विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन किया गया। पूजा-अर्चन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण से जनपद में शांति, सौहार्द, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई। पूजन के उपरान्त पुलिस लाइन परिसर में आए श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। इसी क्रम में राजेंद्र नाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हाल, पुलिस लाइन गोण्डा में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं एवं उनके आदर्शों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। कलाकारों एवं प्रतिभागियों द्वारा दी गई मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया तथा पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गईं तथा सभी से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने एवं समाज में प्रेम, शांति, सौहार्द तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

बाढ़ प्रभावित ग्रामों का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण*


ग्रामीणों को दवा, लंच पैकेट एवं पशुओं के लिए भूसा किया जा रहा है वितरित

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहा जिला प्रशासन

गोण्डा 05 सितम्बर,2026

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तहसील तरबगंज अन्तर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी तरबगंज तथा जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा ग्राम नयी बस्ती, नौबस्तान पुरवा, देवहारथान एवं ऐलीपरसौली का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बाढ़ प्रभावित ग्रामों में लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दवा का वितरण कराया जा रहा है। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव भी कराया जा रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की जा सके। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गांवों में लंच पैकेट का भी वितरण किया गया। वहीं, पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि बाढ़ की स्थिति में पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों ने राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली तथा संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से प्रभावित गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय से राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आवश्यकता होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पशु चारा, भोजन एवं साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्य किया जा रहा है।

निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के पंजीयन के लिए लेबर अड्डों पर लगेंगे जागरूकता कैंप*


गोण्डा, 05 सितंबर 2026 - शासन के निर्देशों के अनुपालन में श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के पात्र श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जनपद के विभिन्न लेबर अड्डों पर विशेष जागरूकता एवं पंजीयन कैंप आयोजित किए जाएंगे।

उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल गोण्डा सिद्धार्थ मोदियानी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कैंपों में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लेबर चौक मोबाइल एप के संबंध में भी श्रमिकों को जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के पात्र श्रमिकों, गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर्स का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, एनपीएस ट्रेडर्स एवं लघु व्यापारी मानधन योजना में पंजीकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कैंपों का आयोजन प्रातः 07:30 बजे से 09:30 बजे तक निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। इसके तहत, 07 सितंबर को मुन्नन खां चौराहा फैजाबाद रोड एवं कटी तिराहा नदावगंज, 08 सितंबर को पीपल चौराहा चौक बाजार, महाराजा अग्रसेन चौराहा बड़गांव एवं मुन्नन खां चौराहा, 09 सितंबर को मनकापुर निकट नगर पंचायत, 11 सितंबर को मुन्नन खां चौराहा, 15 सितंबर को पीपल चौराहा, 16 सितंबर को पीपल चौराहा, 18 सितंबर को करनैलगंज निकट बस अड्डा तथा 22 सितंबर को निर्धारित लेबर चौक पर कैंप आयोजित किए जाएंगे।

कैंपों के संचालन के लिए श्रम प्रवर्तन अधिकारियों एवं विभागीय कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक प्रचार-प्रसार सामग्री के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थान पर समय से उपस्थित होकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें तथा अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।

कृष्ण जन्माष्टमी पर बृहद गौ संरक्षण केन्द्र बिरवा बभनी में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ पूजन कार्यक्रम*

गोवंशों को केला एवं गुड़ खिलाकर की गई सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का दिया गया संदेश

गोण्डा, 04 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार विकास खण्ड झंझरी अन्तर्गत ग्राम बिरवा बभनी स्थित बृहद गौ संरक्षण केन्द्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उल्लास के साथ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गोवंशों के प्रति संवेदना, सेवा एवं संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना तथा जनसामान्य को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव तथा ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित लोगों द्वारा गौ संरक्षण केन्द्र में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके गोप्रेम का स्मरण करते हुए गोवंशों की सेवा एवं देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों ने गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जाने का संकल्प भी लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर गौ संरक्षण केन्द्र में संरक्षित गोवंशों को विशेष रूप से केला एवं गुड़ खिलाया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वयं गोवंशों को केला एवं गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की।

इस दौरान गौशाला में गोवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया तथा उनके खान-पान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में गोवंशों का विशेष स्थान है। गोवंशों की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का भी प्रतीक है। गौ संरक्षण केन्द्रों के माध्यम से निराश्रित एवं असहाय गोवंशों को सुरक्षित आश्रय, चारा एवं आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गौ संरक्षण केन्द्र में गोवंशों के लिए चारा-पानी, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रखी जाएं। साथ ही, गोवंशों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, गौ संरक्षण केन्द्र से जुड़े कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।