शिक्षक दिवस पर TGT-PGT अभ्यर्थियों का आमरण अनशन, पुरानी नियमावली व पुराने पैटर्न की बहाली को लेकर युवा मंच ने झोंकी ताकत
प्रयागराज, 05 सितंबर 2026। TGT-PGT के लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर युवा मंच का अनिश्चितकालीन आंदोलन छठवें दिन भी जारी रहा। शिक्षक दिवस पर आंदोलन ने निर्णायक रूप लेते हुए पांच अभ्यर्थी आमरण अनशन पर बैठ गए।
आमरण अनशन पर शिमला पटेल, मीना देवी, रोशन सरोज, प्रवीण कुमार एवं अभिषेक कुमार बैठे हैं। अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी करने का निर्देश उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को नहीं देती, तब तक वे आमरण अनशन समाप्त नहीं करेंगे।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने योगी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को अचानक नियमावली में बदलाव नहीं करना चाहिए। अभ्यर्थियों की तर्कसंगत मांगों पर तत्काल उचित निर्णय लेते हुए अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी करने का आदेश देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमों में अचानक बदलाव से सात लाख से अधिक युवा प्रभावित हो रहे हैं, जबकि ये अभ्यर्थी 16 सितंबर 2025 तक निर्धारित नियमों के अनुसार योग्य थे। युवाओं के हक और अधिकार की लड़ाई 11 जून से लगातार जारी है। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा मंत्री, प्रमुख सचिव, शिक्षा निदेशक सहित कई अधिकारियों से मुलाकात कर मांग रखी गई, लेकिन समाधान नहीं होने पर अब निर्णायक आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
अनिल सिंह ने कहा कि वर्षों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के हित में सरकार तत्काल निर्णय लेते हुए TGT-PGT के लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली और पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी कराए। साथ ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा अचानक परीक्षा पद्धति में किए गए बदलाव, सामान्य अध्ययन तथा माइनस मार्किंग को वापस लिया जाए और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) लागू न की जाए।
आंदोलन में अमित पांडेय, अमरीश पाण्डेय, बृजेश सिंह, अमर जीत सिंह, राकेश अग्रहरि, अखिलेश वर्मा, एल.के. चौधरी, रमेश पांडे, गंगा प्रसाद, प्रमोद दूबे, कमलाकर सिंह, राजेंद्र वर्मा, आनंद मिश्रा, रिंकी चौहान, दीपा सिंह, सहनाज खान, पियूष यादव, राकेश पटेल, अनिता सिंह, सुनीता यादव सहित सैकड़ों प्रतियोगी उपस्थित रहे।










Sep 06 2026, 17:12
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k