बाढ़ प्रभावित ग्रामों का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण*


ग्रामीणों को दवा, लंच पैकेट एवं पशुओं के लिए भूसा किया जा रहा है वितरित

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहा जिला प्रशासन

गोण्डा 05 सितम्बर,2026

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तहसील तरबगंज अन्तर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी तरबगंज तथा जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा ग्राम नयी बस्ती, नौबस्तान पुरवा, देवहारथान एवं ऐलीपरसौली का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बाढ़ प्रभावित ग्रामों में लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दवा का वितरण कराया जा रहा है। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव भी कराया जा रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की जा सके। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गांवों में लंच पैकेट का भी वितरण किया गया। वहीं, पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि बाढ़ की स्थिति में पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों ने राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली तथा संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से प्रभावित गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय से राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आवश्यकता होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पशु चारा, भोजन एवं साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्य किया जा रहा है।

निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के पंजीयन के लिए लेबर अड्डों पर लगेंगे जागरूकता कैंप*


गोण्डा, 05 सितंबर 2026 - शासन के निर्देशों के अनुपालन में श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के पात्र श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जनपद के विभिन्न लेबर अड्डों पर विशेष जागरूकता एवं पंजीयन कैंप आयोजित किए जाएंगे।

उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल गोण्डा सिद्धार्थ मोदियानी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कैंपों में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लेबर चौक मोबाइल एप के संबंध में भी श्रमिकों को जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के पात्र श्रमिकों, गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर्स का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, एनपीएस ट्रेडर्स एवं लघु व्यापारी मानधन योजना में पंजीकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कैंपों का आयोजन प्रातः 07:30 बजे से 09:30 बजे तक निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। इसके तहत, 07 सितंबर को मुन्नन खां चौराहा फैजाबाद रोड एवं कटी तिराहा नदावगंज, 08 सितंबर को पीपल चौराहा चौक बाजार, महाराजा अग्रसेन चौराहा बड़गांव एवं मुन्नन खां चौराहा, 09 सितंबर को मनकापुर निकट नगर पंचायत, 11 सितंबर को मुन्नन खां चौराहा, 15 सितंबर को पीपल चौराहा, 16 सितंबर को पीपल चौराहा, 18 सितंबर को करनैलगंज निकट बस अड्डा तथा 22 सितंबर को निर्धारित लेबर चौक पर कैंप आयोजित किए जाएंगे।

कैंपों के संचालन के लिए श्रम प्रवर्तन अधिकारियों एवं विभागीय कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक प्रचार-प्रसार सामग्री के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थान पर समय से उपस्थित होकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें तथा अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।

कृष्ण जन्माष्टमी पर बृहद गौ संरक्षण केन्द्र बिरवा बभनी में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ पूजन कार्यक्रम*

गोवंशों को केला एवं गुड़ खिलाकर की गई सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का दिया गया संदेश

गोण्डा, 04 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार विकास खण्ड झंझरी अन्तर्गत ग्राम बिरवा बभनी स्थित बृहद गौ संरक्षण केन्द्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उल्लास के साथ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गोवंशों के प्रति संवेदना, सेवा एवं संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना तथा जनसामान्य को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव तथा ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित लोगों द्वारा गौ संरक्षण केन्द्र में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके गोप्रेम का स्मरण करते हुए गोवंशों की सेवा एवं देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों ने गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जाने का संकल्प भी लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर गौ संरक्षण केन्द्र में संरक्षित गोवंशों को विशेष रूप से केला एवं गुड़ खिलाया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वयं गोवंशों को केला एवं गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की।

इस दौरान गौशाला में गोवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया तथा उनके खान-पान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में गोवंशों का विशेष स्थान है। गोवंशों की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का भी प्रतीक है। गौ संरक्षण केन्द्रों के माध्यम से निराश्रित एवं असहाय गोवंशों को सुरक्षित आश्रय, चारा एवं आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गौ संरक्षण केन्द्र में गोवंशों के लिए चारा-पानी, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रखी जाएं। साथ ही, गोवंशों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, गौ संरक्षण केन्द्र से जुड़े कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

विधायक गोण्डा सदर तथा जिलाधिकारी ने तहसील गोण्डा सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए

सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी

सम्पूर्ण समाधान दिवस गोण्डा सदर में 121 शिकायतों में से 05 का मौके पर ही किया गया निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरान्त विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को दिया योजनाओं का लाभ

गोण्डा 05 सितम्बर, 2026

शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील गोण्डा सदर में विधायक सदर गोंडा प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील गोण्डा सदर में कुल 121 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 116 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

तहसील सदर गोण्डा में जनसुनवाई के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति पत्र, आवास चाबी, क्षय रोग रोगियों को पोषण पोटली, पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पारिवारिक लाभ योजना स्वीकृत पत्र सहित अन्य विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र विधायक सदर गोण्डा श्री प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के द्वारा वितरित किया गया।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा जीतेंद्र गौतम, तहसीलदार सदर गोण्डा मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला दिव्यांजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

थाना को0 देहात पुलिस द्वारा जानलेवा हमला करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद

गोण्डा। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा जानलेवा हमला करने के वांछित 01 अभियुक्त श्यामू यादव पुत्र काशीराम यादव, को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

दिनांक 04.09.2026 को वादी काशीराम यादव पुत्र राम आसरे यादव, निवासी टेपरा दुल्लापुर तरहर, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कोतवाली देहात पर तहरीर दी गई कि दिनांक 04.09.2026 को समय करीब 07:30 बजे विपक्षी श्यामू यादव पुत्र काशीराम यादव द्वारा राड/लोहे के पाइप से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया गया, जिससे वादी के सिर में गंभीर चोट आई। वादी की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात पर अभियोग पंजीकृत कर पुलिस द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु कार्यवाही की गई। आज दिनांक 05.09.2026 को मुखबिर खास की सूचना पर ग्राम बेनीपुरवा चौराहे से अभियुक्त श्यामू यादव को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 अदद लोहे का पाइप (फुकनी) बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई।

पुलिस लाइन गोण्डा में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ जन्माष्टमी पर्व मनाया गया

गोण्डा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन गोण्डा में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन किया गया तथा पुलिस लाइन आए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

थाना को0 नगर पुलिस द्वारा चोरी की घटना का सफल अनावरण, 03 अभियुक्त गिरफ्तार, कब्जे से चोरी का 01 ई-रिक्शा व 01 सीएनजी आटो रिक्शा बरामद

कार्यवाही

गोण्डा। थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 815/2026 धारा 303(2) बीएनएस से सम्बन्धित चोरी की गई ई रिक्शा की घटना का सफल अनावरण किया गया। पुलिस टीम द्वारा घटना का सफल अनावरण करते हुए घटना कारित करने के 03 आरोपी अभियुक्तों 01. ननके उर्फ महेन्द्र पाण्डेय, 02. रामबाबू सिंह व 03. शिवशंकर पाण्डेय उर्फ मटर पाण्डेय को राजेन्द्र लहड़ी समाधी स्थल के पास से गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी गई 01 अदद सफेद रंग का ई रिक्शा व 01 एदद सीएनजी आटो रिक्शा बिना नम्बर के बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरणः-

दिनांक 03.09.2026 को वादी दीपक दूबे पुत्र रामकृपाल दूबे निवासी डिडिसिया कला (डिहवा) थाना तरबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना कोतवाली नगर पर लिखित सूचना दिया की वह अपने घर के काम के लिए इ रिक्शा के साथ आर्यन टामसन के पास आया था जहाँ अपना ई रिक्शा खड़ा करके काम के लिए चला गया था कि किसी अज्ञात चोरो द्वारा उनका ई रिक्शा चोरी कर लिए थे। काफी खोज बीन किया कुछ पता नही चला। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

जिसमें आज दिनांक 04.09.2026 को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा घटना का सफल अनावरण करते हुए घटना कारित करने के 03 आरोपी अभियुक्तों 01. ननके उर्फ महेन्द्र पाण्डेय, 02. रामबाबू सिंह व 03. शिवशंकर पाण्डेय उर्फ मटर पाण्डेय को राजेन्द्र लहड़ी समाधी स्थल के पास से गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी गई 01 अदद सफेद रंग का ई रिक्शा व 01 एदद सीएनजी बिना नम्बर के बरामद किया गया।

थाना को0कर्नलगंज पुलिस द्वारा नाबालिग के साथ दुराचार करने के वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तारः

कार्यवाही-

गोण्डा। थाना को0कर्नलगंज पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मु0अ0सं0-489/2026 धारा 64(1),191(2), 115(2), 352, 351,(3), 137(2), 64(2)(M) बीएनएस 5(j)(2)/6 पॉक्सो एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त मन्नान पुत्र इन्सान अली को रेवाडी रोड, निकट बैरागीपुरवा के पास से गिरफ्तार किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

दिनांक 14.08.2026 को थाना को0कर्नलंगज क्षेत्रान्तर्गत रहने वाले एक महिला द्वारा थाना को0कर्नलगंज पर लिखित तहरीर दी गयी कि उनकी पुत्री को विपक्षी मन्नान द्वारा बहला फुसलाकर भगा ले गया है। कुछ समय बाद विपक्षी के परिजनों द्वारा अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसकी पुत्री का जबरन निकाह कराया गया। दिनांक 06.06.2026 को उसकी पुत्री के अकेले होने का फायदा उठाकर उसके जेठ उनकी पुत्री के साथ दुराचार किया। तहरीर के आधार पर थाना को0कर्नलंगज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

जिसमें आज दिनांक 04.09.2026 को थाना को0कर्लनंगज पुलिस टीम द्वारा आरोपी अभियुक्त मन्नान पुत्र इन्सान अली को रेवाडी रोड, निकट बैरागीपुरवा के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कजरीतीज जलाभिषेक की तैयारियों को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक


*कजरीतीज जलाभिषेक आयोजन को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे सभी अधिकारी-जिलाधिकारी*


*साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के दिये निर्देश-जिलाधिकारी*

*गोण्डा 03 सितम्बर, 2026* जनपद में कजरीतीज जलाभिषेक के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गोंडा श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक गोंडा श्री अभिषेक झा ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम से जुड़े समस्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कजरीतीज के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक हेतु विभिन्न जल स्रोतों एवं मंदिरों में एकत्रित होते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन कैमरे से निगरानी, महिला सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक झा  ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करें। जलाभिषेक के प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, तथा यातायात डायवर्जन की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

बैठक के दौरान सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी तथा यह आश्वासन दिया कि कार्यक्रम को सकुशल एवं शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, उपजिलाधिकारी गोण्डा सदर, तरबगंज, तथा समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, एक्सईएएन आरईडी, पीडब्ल्यूडी विभाग, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी, एक्सईएएन विद्युत गोण्डा शहर, करनैलगंज, पुजारी पृथ्वीनाथ मंदिर, पुजारी दुःखहरण नाथ मंदिर, फायर ब्रिगेड विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जलनिगम विभाग, सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई


*निरीक्षण में छह कर्मचारी मिले अनुपस्थित, परियोजना अधिकारी डूडा कार्यालय के समस्त कर्मचारी भी रहे गैरहाजिर*


*साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था में मिली कमियां, सीडीओ ने जताई नाराजगी*


*विकास भवन में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के निर्देश*

*गोण्डा 03 सितम्बर,2026*।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास भवन स्थित विभिन्न शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, पंचायती राज विभाग, पंचायत स्थानीय, जल जीवन मिशन, भूमि संरक्षण, समाज कल्याण, कार्यक्रम विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा सहित अन्य कार्यालयों का जायजा लिया गया।
औचक निरीक्षण के दौरान कुल 06 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इसके अतिरिक्त परियोजना अधिकारी, डूडा कार्यालय के समस्त कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले।

मुख्य विकास अधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मचारियों के संबंध में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिवस का वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्धता और कार्यालयीन अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों एवं शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। विकास भवन की गैलरी में प्रकाश व्यवस्था भी अपेक्षित स्तर की नहीं मिली। इसके अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के बगल स्थित बरामदे में जर्जर एवं पुरानी अलमारी रखी हुई पाई गई, जिस पर भी मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि विकास भवन में स्थित सभी शौचालयों सहित पूरे परिसर की नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही बरामदे में रखी सभी पुरानी एवं अनावश्यक अलमारियों को हटाकर संबंधित कक्षों में व्यवस्थित रूप से रखा जाए, ताकि परिसर में अनावश्यक सामान न पड़ा रहे और कार्यालय का वातावरण सुव्यवस्थित बना रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों के सामने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास भवन में आने वाले अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होना चाहिए। कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्ध उपस्थिति और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास भवन परिसर की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुधार निरंतर सुनिश्चित किए जाएं, जिससे शासकीय कार्यों का सुचारु संचालन हो तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम-रोजगार, समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।