साईफन तोड़े जाने से जल निकासी बाधित, हसौली व आसपास के गांवों में कृत्रिम बाढ़ का संकट*

जमालपुर, मीरजापुर। हसौली नहर में वर्षों पूर्व बनाए गए साईफन को सिंचाई विभाग द्वारा तोड़े जाने से हसौली, कर्जी सहित आसपास के गांवों में जल निकासी गंभीर रूप से बाधित हो गई है। लगातार जलभराव के कारण क्षेत्र में कृत्रिम बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे किसानों की कई सौ बीघा फसल बर्बाद होने की आशंका है।ग्रामीणों के अनुसार पचासों वर्ष पूर्व क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए गड़ई नदी में बाढ़ के दौरान पानी की निकासी के लिए रामपुर,ओड़ी,भदावल,जमालपुर नहर मार्ग पर हसौली के समीप साईफन का निर्माण कराया गया था।यह साईफन बाढ़ के पानी की निकासी का प्रमुख माध्यम था।आरोप है कि बिना समुचित जांच-पड़ताल और वैकल्पिक व्यवस्था किए ही सिंचाई विभाग द्वारा उक्त साईफन को तोड़कर हटा दिया गया,जिसके चलते अब पानी निकासी का रास्ता अवरुद्ध हो गया है।आज बाढ़ की स्थिति में संबंधित विभाग द्वारा रामपुर-जमालपुर नहर मार्ग को खोद कर बाढ़ का पानी निकाला जा रहा है।वहीं कुछ स्थानीय लोगों द्वारा नहर किनारे छोड़े गए नाले पर अतिक्रमण कर मकान बनाए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है।जलभराव से किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं, जबकि क्षेत्र के जर्जर पुराने मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। हसौली सोसायटी परिसर में भी पानी घुसने से वहां रखे खाद, बीज, अनाज व अन्य सामग्री के नुकसान की आशंका बनी हुई है।कृत्रिम बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों एवं अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने प्रशासन से तत्काल मौके का सर्वेक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने जल निकासी के लिए साईफन जैसी स्थायी व्यवस्था कराने तथा बाढ़ से प्रभावित सभी किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है।

जनपद के बाढ़ प्रभावित ग्रामों में राहत व बचाव कार्यों की जा रही प्रभावी कार्यवाही
*प्रभावित ग्रामों में बाढ़ के दौरान 4340 क्लोरीन टेबलेट, 509 ओआरएस पैकेट-221 ग्रामों में लार्विसाइडल का किया गया छिड़काव
*बाढ़ के पूर्व एवं वर्तमान में 92250 पशुओं का किया गया टीकाकरण
*600 प्रभावित व्यक्तियों को लंच पैकेट का किया गया वितरण-स्वास्थ्य जांच हेतु 38 मेडिकल टीमें सक्रिय
*जिलाधिकारी ने ओझला पुल पहुंचकर केन्द्रीय जल आयोग बोर्ड के द्वारा लगाए गए जल स्तर मापक स्थल का किया निरीक्षण

मीरजापुर। जनपद में बाढ़ से प्रभावित ग्रामों में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश के क्रम में बचाव राहत के कार्य सक्रिय रूप से किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने आज ओझला पुल के पास गंगा नदी के किनारे केन्द्रीय जल आयोग बोर्ड के द्वारा लगाए गए पानी के जल स्तर के मापक स्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने तहसील सदर व चुनार के उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारियों तथा बाढ़ राहत व बचाव में लगाए गए समस्त अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय करते हुए प्रभावित ग्रामों में राहत व बचाव का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।कलेक्ट्रेट में स्थित कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के अनुसार जनपद मीरजापुर में संभावित बाढ़ का परिदृश्य वर्तमान जलस्तर- 76.04 मीटर, वृद्धि,घटोत्तरी दर- 0.5 सेमी, घंटा, चेतावनी बिंदु का जलस्तर- 76.724 मीटर, खतरे के बिंदु का जलस्तर- 77.724 मीटर, कुल प्रभावित ग्राम- 12, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित राहत कार्य, 1. कुल संचालित साधारण नाव -10, 2. कुल संचालित मोटर बोट -1, 2. कुल वितरित लंच पैकेट- 600, गठित मेडिकल टीम -38, बाढ़ के दौरान वितरित ओआरएस पैकेट -509, बाढ़ के दौरान वितरित क्लोरीन टैबलेट - 4340, लार्विसाइडल छिड़काव किए गए ग्रामों की संख्या - 221, बाढ़ पूर्व एवं दौरान किए जा रहे घर-घर पशु टीकाकरण की संख्या -92250, संचालित बाढ़ चौकी -37 (बाढ़ चौकी पर राजस्व विभाग, ग्राम विकास विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग के कर्मचारी तैनात रहते हैं सदर-14, चुनार-23) बाढ़ रेस्क्यू कार्य में लगी टीम -2 (एसडीआरएफ- 1 टीम, पीएसी-1 टीम), बाढ़ राहत बचाव हेतु आरक्षित एम्बुलेंस-8, बाढ़ चौकियों पर बाढ़ के दौरान अब तक उपचारित मानव-93, बाढ़, अतिवृष्टि में अब तक रेस्क्यू टीम द्वारा बचाये गए लोगों की संख्या-60 है। तहसील चुनार में कुल 9 प्रभावित ग्राम, आबादी व आवागमन प्रभावित ग्राम-7- समसपुर, धौरहरा, बहरामगंज, जगदीशपुर उर्फ टम्मलगंज, रैपुरिया, काजिया, भरपुर उर्फ चुनार, केवल आबादी प्रभावित -2 डवक, आराजी कांधी, राहत- नाव संचालित-8 (साधारण नाव-8), 600 लंच पैकेट वितरित किया गया।तहसील सदर में कुल प्रभावित ग्राम-3, केवल आवागमन प्रभावित ग्राम-3 बेदौली कलां, कठिनाई, हरसिंहपुर, राहत नाव संचालित-3 साधारण नाव-2, मोटर बोट -1 है।
राष्ट्रवादी मंच का निःशुल्क नेत्र शिविर 6 सितंबर को, मोतियाबिंद की होगी जांच
मिर्जापुर। राष्ट्रवादी मंच की ओर से जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन 6 सितंबर 2026, रविवार को किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी तथा मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया जाएगा।

राष्ट्रवादी मंच द्वारा यह शिविर आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल, यूनिट ऑफ श्री कांची कामकोटी मेडिकल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को बस या कार द्वारा अस्पताल ले जाने की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अस्पताल में मरीजों के लिए उपचार एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था किया गया हैं।

मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि समय पर आंखों की जांच और उपचार कराया जा सके।

मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है। "सेवा ही भगवान की सेवा है।" इसी भावना के साथ मंच लगातार सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्या का समय पर पता चलने से उसका उपचार संभव है। ऐसे में लोगों को शिविर का लाभ उठाकर अपनी आंखों की जांच अवश्य करानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि शिविर में नेत्र परीक्षण के साथ मोतियाबिंद की जांच की जाएगी। जांच में ऑपरेशन की आवश्यकता पाए जाने वाले मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया के अनुसार आगे उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे स्वयं शिविर में पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराएं और अपने परिवार के बुजुर्गों तथा जरूरतमंद लोगों को भी शिविर तक लाएं। मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिविर को सफल बनाने के लिए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।
Mirzapur: स्टेट हाईवे 5A-1 बनी जानलेवा, एक-एक फीट गहरे गड्ढों से गुजरना हुआ मुश्किल, नक्शा देख रहा जाएंगे दंग

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल के सर्वाधिक व्यस्ततम मार्गों में शामिल स्टेट हाईवे 5A-1 (वाराणसी-शक्तिनगर) की नारायनपुर, मिर्ज़ापुर में हालत इन दिनों बद से बद्तर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने एक-एक फीट गहरे विशाल गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। हालत यह है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे भारत के नक्शे जैसी आकृति लेते नजर आ रहे हैं। इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े और मालवाहक वाहन गुजरते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण आवागमन बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है। बरसात के मौसम में सड़क का स्थायी निर्माण अथवा मरम्मत संभव न होने की बात कही जा सकती है, लेकिन पांच-सात ट्रक गिट्टी डालकर इन बड़े गड्ढों को भरकर मार्ग को अस्थायी रूप से आवागमन योग्य बनाया जा सकता है।मीरजापुर जिले की पांचों विधानसभा सीटों और लोकसभा सीट पर सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि होने के साथ ही जिले में कई मंत्री भी हैं। बावजूद इसके इतने महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे की यह दुर्दशा लोगों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के लिए संबंधित विभाग और शासन-प्रशासन तो जिम्मेदार हैं ही, लेकिन जिले के जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी भी कम नहीं है, जो इतनी गंभीर समस्या के बावजूद मूकदर्शक बने हुए हैं। वाहन चालकों का कहना है कि टोल टैक्स देने में जितनी परेशानी नहीं होती, उससे कहीं अधिक परेशानी इस जर्जर सड़क से गुजरने में होती है। लोगों ने मांग की है कि जब सड़क चलने लायक नहीं है तो टोल वसूली पर भी विचार किया जाना चाहिए।
अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि जब तक स्टेट हाईवे 5A-1 (वाराणसी-शक्तिनगर) का निर्माण और समुचित मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक हाजीपुर एवं अहरौरा स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली बंद की जानी चाहिए।
संदिग्ध परिस्थितियों में 18-20 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बेदौली में मंगलवार/बुधवार की देर रात करीब 1:30 बजे 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश होने के कारण परिजनों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मृतक की पहचान जीतू पुत्र स्वर्गीय अच्छेबर, निवासी ग्राम सभा बेदौली, थाना मड़िहान, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। माता-पिता के निधन के बाद उसके बड़े भाई सीताराम ही उसकी देखरेख करते थे।

जीतू की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की मौत को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
नेशनल लेवल एथेलेटिक्स अंडर 15 हाई जंप में के छात्र मृत्युंजय यादव ने जीता गोल्ड मेडल, बढ़ाया जनपद का मान
मीरजापुर। कर्नाटक में  राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अंडर 15 एथेलेटिक्स चैंपियनशिप गेम्स में यूपी के जनपद मिर्जापुर के सेंट मैरीज स्कूल के छात्र मृत्युंजय यादव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए हाई जंप ऊंची कूद में स्पर्धा में गोल्ड मेडल स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ छात्र ने न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि अपने राज्य व जनपद का नाम भी रोशन किया है।  प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में देश के विभिन्न राज्यों से आए सर्वश्रेष्ठ एथलीटों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। छात्र ने शुरुआत से ही बेहतरीन तकनीक और मानसिक मजबूती का प्रदर्शन किया। फाइनल राउंड में जनपद मिर्जापुर के छात्र मृत्युंजय यादव ने रिकॉर्ड ऊंचाई को सफलतापूर्वक पार करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।  गोल्ड मेडल जीतने की खबर मिलते ही छात्र के विद्यालय और गांव क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

*पिता सरहद की सुरक्षा में, बेटा खेल से बढ़ाया परिवार का मान*

आपको बता दें कि मृत्युंजय यादव जनपद मिर्जापुर लालगंज तहसील क्षेत्र के विरतिया गांव के रहने वाले हैं। इनके पिता मुलचंद यादव वर्तमान में सीमा सुरक्षा बल BSF में तैनात देश की सेवा कर रहे हैं। इनके पिता मुलचंद यादव भी राष्ट्रीय स्तर तक खेल चुके हैं। मृत्युंजय यादव की इस सफलता से पूरे जनपद सहित विकास खंड लालगंज क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आफत की बारिश ने वृद्ध महिला की ली जान, मकान का दीवार बना मौत की वज़ह, गांव में मचा हाहाकार

मीरजापुर। जिले में बारिश से विभिन्न हिस्सों में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है तो वहीं मकान का दीवार गिरने से उसके मलबे के नीचे दबने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक जिले के हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया कला गांव में मंगलवार की रात में भारी बारिश के बीच एक कच्चे मकान का दीवार भर भराकर गिर गया। जिससे दीवार के मलबे के नीचे दबने से वृद्ध महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस सहित राजस्व विभाग को दिया है। हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया गांव निवासी 80 वर्षीय वृद्ध सुभागी देवी पत्नी स्वर्गीय गंभीर पाल अपने कच्चे मकान में चारपाई पर लेटी थी, की तभी बारिश होने के कारण कच्चे मकान की दीवार भरभरा कर गिर गई। जिससे वृद्ध महिला मलबे के नीचे दब गयी। मकान गिरने की आवाज सुनकर घर के अंदर से आई बहू मंजू ने बाहर आ कर हो-हल्ला मचाने लगी तो शोर सुनकर अगल-बगल के लोग मौके पर पहुंच कर मलवे से वृद्ध महिला को बाहर निकाल उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले जा रहे थे कि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई है। परिजनों ने क्षेत्रीय लेखपाल को भी घटना की जानकारी दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया की कच्चे मकान की दीवार बारिश के कारण गिरने से मलबे के नीचे दबने से वृद्ध महिला की मौत हुई है। परिजनों के सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
भारी बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में हुआ भूस्खलन,टीम मलबा हटाने में जुटी
*घाटी में नेशनल हाइवे की सड़क में आई दरारें, सड़क धंसने की बनी आशंका

ड्रमंडगंज, मीरजापुर। मंगलवार की रात व बुधवार दोपहर में हुई तेज बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में भूस्खलन होने से घाटी में मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले लेन पर जगह-जगह पत्थरों व मिट्टी का मलबा गिर पड़ा।पहाड से गिरे पत्थरों व मिट्टी के मलबा को हटाने में एनएचएआई तथा कार्यदाई संस्था डीबीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मी जुटे रहे।बड़का मोड़ घुमान से सौ मीटर आगे मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले लेन की सड़क में करीब तीस मीटर तक दरारें आ गई है और सड़क हल्की सी धंस गई है। यदि बारिश तेज हुई तो सड़क धंसने की आशंका बनी हुई है। घाटी में चुनहवा मोड़ के पास करंज का पेड़ व चट्टानों के गिरने की सूचना पर पहुंची एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंचकर मलबा को जेसीबी मशीन से हटवाने में लगी रही। बारिश तेज होने से घाटी में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पहाड़ से पत्थरों व चट्टानों के लगातार गिरने से घाटी से गुजरने वाले वाहन चालकों बड़ी सावधानी से आवागमन कर रहे हैं। इस संबंध में एनएचएआई के सहायक अभियंता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि भारी बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में नेशनल हाईवे पर गिरे मलबा को हटाने में टीम लगी हुई है देर शाम तक मलबा को साफ कर लिया जाएगा। सड़क में आई दरारों को जल्द ही दुरूस्त कराया जाएगा।
मध्य-प्रदेश से भटक कर आया कटरा जंगल में चहलकदमी कर रहा हाथियों का जोड़ा, वन विभाग की टीम कर रही निगरानी

संतोष देव गिरि
मीरजापुर। मध्य-प्रदेश के बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से चलकर यूपी के ड्रमंडगंज वनरेंज के जंगलों में पहुंचे हाथियों का जोड़ा पांचवें दिन बुधवार को लहुरियादह व कटरा के जंगलों में चहलकदमी करते रहे। रेंजर रविशंकर शर्मा, वनदारोगा कुमार कार्तिकेय, अखिलेश्वर दुबे, अभिषेक सिंह वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी वन विभाग की टीम के साथ हाथी और हथिनी की लगातार लोकेशन लेते रहे। वनविभाग की टीम को दोपहर में हाथियों का जोड़ा प्रयागराज जिले की सीमा से सटे कटरा जंगल में दिखाई दिया। वनविभाग की टीम जंगल से सटे गांवों में पहुंचकर लोगों को हाथियों से बचाव हेतु सतर्कता बरतने की अपील की। रेंजर ड्रमंडगंज रविशंकर शर्मा ने बताया कि हाथियों का जोड़ा लहुरियादह व कटरा जंगल में दिखाई दिया है। जीपीएस ट्रैकर मशीन से दोनों हाथियों की लोकेशन ली जा रही है।
अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मौर्य के अध्यक्षता में अधिवक्ता सभागार में एक आवश्यक बैठक की गई

लालगंज(मीरजापुर):उपरौध अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मौर्य के अध्यक्षता में अधिवक्ता सभागार में एक आवश्यक बैठक की गई ।बैठक में उप निबंधक कार्यालय के द्वारा सर्किल रेट के नई सूची जारी किए जाने की विरोध में प्रस्ताव पारित किया गया प्रस्ताव की कॉपी उप जिलाधिकारी अजीत कुमार एवं उपनिबंधक महोदय को सोपा गया कहां की यदि सर्किल रेट वापस नहीं लिया जाता है तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
उप निबंधक कार्यालय लालगंज द्वारा सर्किल रेट बढ़ाए जाने से नाराज होकर अधिवक्ता एवं बादकारी तहसील का चक्रमण करते हुए विरोध जताया कहा कि सर्किल रेट बढ़ोतरी आम जनमानस के लिए बड़ी समस्या है जिसे वापस लिया जाए ।अधिवक्ताओं ने तहसील का चक्रमण करते हुए उप निबंधन को चेतावनी दी की यदि वापस नहीं लिया जाता है तो हम लोग मजबूर होकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे ।ज्ञापन की कॉपी उप जिलाधिकारी अजीत कुमार व उपनिबंधक लालगंज को सौपा गया ।इस अवसर पर सचिव उमाशंकर सिंह पटेल, विजय सिंह मौर्य ,शिव शंकर यादव, उमेश चंद द्विवेदी ,स्वयं प्रकाश त्रिपाठी, अनुराग मिश्रा, विपिन तिवारी ,शिवम कुमार पांडे, सत्येंद्र त्रिपाठी ,अनिल कुमार दुबे ,मनीष कुमार शुक्ला, राजेश कुमार आदि भारी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।