‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से हरा-भरा हुआ राजीव गांधी दक्षिणी परिसर
काशी हिंदू विश्वविद्यालय एवं मिर्जापुर जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से 8,000 पौधों का वृहद रोपण

मिर्जापुर, 29 अगस्त 2026। पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, मिर्जापुर में शनिवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय और मिर्जापुर जिला प्रशासन की संयुक्त पहल के तहत परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 8,000 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रोफेसर डॉ. बी.एम.एन. कुमार, परिसर प्रभारी, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय तथा डॉ. अमित राज गुप्ता, अधिष्ठाता, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय तथा मिर्जापुर जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मिर्जापुर के जिलाधिकारी श्री पवन कुमार गंगवार (IAS),  श्री विशाल कुमार (IAS), मुख्य विकास अधिकारी (CDO) तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा पौधरोपण कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर मिर्जापुर; श्री जितेंद्र सिंह, जिला खनन अधिकारी (DMO); श्री अभिषेक राय, उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO), वन विभाग; तथा श्री शेख मुअज्जम, उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO), वन विभाग सहित जिला प्रशासन एवं वन विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के लिए आवश्यक पौधों एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था की गई। विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधे परिसर के उपयुक्त स्थानों पर लगाए गए।

कार्यक्रम के सफल समन्वय एवं संचालन में राष्ट्रीय सेवा योजना, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सौरभ करुणामय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, NSS स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वृहद पौधरोपण अभियान से परिसर में जैव विविधता के संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी, मृदा एवं जल संरक्षण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति काशी हिंदू विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय एवं मिर्जापुर जिला प्रशासन के बीच सार्थक समन्वय और संस्थागत सहयोग की एक अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की।
डॉ. राहुल कदम, डॉ. धनंजय कुमार, डॉ. दिपान्विता भट्टाचार्य, डॉ. अर्चना महापात्रा, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. मुकेश भारती, डॉ. पवन यादव, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. अंशुमान, डॉ. तुलसीरामन, डॉ. कृति मंडल एवं डॉ. विपिन मौर्य पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मिर्ज़ापुर के बोकरिया फॉल में डूबने से चंदौली के युवक की गई जान, मचा कोहराम
(प्रभाशंकर दुबे)
लालगंज, मीरजापुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकरिया फॉल में डूबने से शनिवार को एक युवक की मृत्यु हो गई है। युवक की पहचान चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के डीजल कालोनी निवासी 29 वर्षीय  रतन प्रजापति के रूप में हुई है। वह परिजनों के साथ बोकरिया फाल में पिकनिक मनाने आया था। घटना की सूचना मिलते ही लहंगपुर चौकी की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लहंगपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के बोकरिया फाल चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डीजल कालोनी निवासी रतन प्रजापति पुत्र सरोज प्रजापति परिजनों के साथ बोकरिया जलप्रपात (फाल) में पिकनिक के लिए परिजनों के साथ पहुंचा था। फाल में नहाते समय रतन प्रजापति गहरे पानी में डूब गया। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना प्राप्त होने पर मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह ने शव को पानी से बाहर निकाला और अग्रिम कार्यवाही करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरसात के इस मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों और जलप्रपातों (फॉल्स) पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बोकरिया फाल मीरजापुर शहर के नजदीक होने के कारण काफी संख्या में सैलानी पहुंचे थे। उन्हीं में चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के डीजल कालोनी के रहने वाले रतन प्रजापति अपनी बहन व अन्य परिजनों के साथ पहुंचे थे बाल में स्नान करते समय यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिर्जापुर: कागज़ पर बन गई सड़क, गांव में नहीं लगी एक भी ईंट, प्रधान-सचिव पर सरकारी धन हजम करने का आरोप
मिर्जापुर। जिले के सिटी विकास खंड के ग्राम सभा दुल्लहपुर के लगायत ग्राम दूबेपुर में विकास कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) तक लिखित शिकायत कर जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता सत्यनारायण उर्फ बाकर यादव पुत्र स्व. रामनाथ, निवासी दूबेपुर ने 10 जून-2026 को डीपीआरओ को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव की मिलीभगत से सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव में ग्रामीण सड़क योजना के तहत पीएम रोड से बाकर यादव के घर तक इंटरलॉकिंग का कार्य दिखाया गया है। इसके लिए 77,153 रुपये की धनराशि जारी करा ली गई है। जबकि हकीकत में पीएम रोड से बाकर यादव के घर तक कोई इंटरलॉकिंग कार्य कराया ही नहीं गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसी तरह से अन्य "कितनी ही योजनाओं का धन आवंटित कराकर ग्राम सभा में कोई कार्य नहीं कराया गया है। ग्राम प्रधान काफी प्रभावशाली हैं और सिटी ब्लॉक के सचिव से मिली भगत कर दोनों सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।"
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर इस संदर्भ में अभी ग्राम प्रधान और सचिव का पक्ष आना बाकी है। वहीं प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है।
ब्रह्माकुमारीज ने आध्यात्मिक संदेश के साथ मनाया रक्षाबंधन पर्व, हजारों लोगों को बांधा रक्षा सूत्र

संतोष देव गिरि
मिर्जापुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ब्रह्माकुमारीज के प्रभु उपहार भवन, शुक्लहा में रक्षाबंधन का कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास, प्रेम एवं आध्यात्मिक भाव के साथ मनाया गया। सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने उपस्थित भाई-बहनों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का आध्यात्मिक रहस्य समझाया।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई द्वारा बहन की रक्षा का संकल्प लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वयं को काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, नफरत एवं अन्य बुराइयों से बचाने का आध्यात्मिक संकल्प है। रक्षा सूत्र हमें श्रेष्ठ संस्कारों और पवित्र जीवन की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।

*ब्रह्माकुमारी दीदीयों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, डीआईजी सहित वरिष्ठ अधिकारियों व राजनेताओं को बांधा रक्षा सूत्र, 116 वर्षीय दादाजी भी पहुंचे ब्रह्माकुमारीज केंद्र*



इसी क्रम में बीके बिंदु दीदी एवं बहनों ने मिर्जापुर के जिलाधिकारी श्री पवन कुमार गंगवार को रक्षा सूत्र बांधा। जिलाधिकारी महोदय ने ब्रह्माकुमारी बहनों के प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया तथा बहनों से आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। जिलाधिकारी का परिवार भी इस अवसर पर उपस्थित रहा।

इसके साथ ही मिर्जापुर मंडल की डीआईजी श्रीमती पूनम जी को भी रक्षा सूत्र बांधकर स्नेह मिलन किया गया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज केंद्र आने की इच्छा व्यक्त की। अपर आयुक्त प्रशासन श्री राज कुमार द्विवेदी, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के राज्य मंत्री श्री सोहनलाल श्रीमाली, विधायक श्री रत्नाकर मिश्र एवं श्री रमाशंकर पटेल सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों को भी रक्षा सूत्र बांधा गया।

ब्रह्माकुमारीज द्वारा मिर्जापुर में लगातार एक सप्ताह से रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा रहा है। पांच दिवसीय विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान में योगदान देने वाले रक्तवीरों एवं रक्तवीरांगनाओं को भी रक्षा सूत्र बांधकर उनके निस्वार्थ सेवा भाव के लिए सम्मानित किया गया। केंद्र पर पहुंचे हजारों लोगों को रक्षा सूत्र बांधकर ईश्वरीय संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक दृश्य उस समय देखने को मिला जब 116 वर्षीय दादाजी माता गुलाम उपाध्याय जी विशेष रूप से ब्रह्माकुमारीज केंद्र पहुंचे और बीके बिंदु दीदी से रक्षा सूत्र बंधवाया। उनके मन में ब्रह्माकुमारी बहनों से राखी बंधवाने की विशेष इच्छा थी। उनका यह उत्साह समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है कि प्रेम, स्नेह और आध्यात्मिकता की कोई उम्र सीमा नहीं होती।

बीके बिंदु दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन समाज के सभी वर्गों को प्रेम, स्नेह, अपनत्व और भाईचारे के सूत्र में बांधने का पर्व है। ब्रह्माकुमारीज का प्रयास है कि समाज से बुराइयां समाप्त हों, सभी में पवित्रता एवं सद्भावना जागृत हो और समाज मिल-जुलकर एक श्रेष्ठ दिशा की ओर आगे बढ़े।
उत्तर प्रदेश: चलती गाड़ी से गुटखा खाकर थूकने का विरोध करने पर युवक की पिटाई, सीसीटीवी कैमरे में कै़ैद हुईं वारदात, विंध्याचल में दबंगई पर उठे सव


मिर्जा़ापुर। विख्यात देवी धाम विंध्याचल क्षेत्र में इन दिनों दबंगों बदमाशों का बोलबाला चल रहा है, कायदे-कानूनों की तो मानों सरेराह धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वह देवी धाम जहां लाखों की भीड़ उमड़ती है उस क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल दूर दराज से आने वाले भक्तों को भयभीत कर दे रहा है। विंध्याचल कस्बे में दबंगई का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि चलती कार से गुटखा खाकर थूकने का विरोध करने पर कुछ दबंग युवकों ने बाइक सवार युवक के साथ जमकर मारपीट की। घटना विंध्याचल के रेहड़ा चुंगी के पास की बताई जा रही है। घटनाक्रम का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जाने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मोतिया झील मार्ग विंध्याचल निवासी विकास कुमार पुत्र लखन निषाद बीती रात बाइक से शिवपुर की तरफ से आ रहे थे। आरोप है कि रेहड़ा चुंगी के पास कार सवार कुछ युवकों ने चलती कार से गुटखा खाकर थूक दिया, जो विकास कुमार के ऊपर आकर गिरा। युवक ने जब इसका विरोध किया तो कार रोककर उसमें सवार युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, युवक नशे की हालत में थे और विरोध करने पर उसे लगातार कई थप्पड़ मारे गए। इसी दौरान एक थप्पड़ उसकी आंख पर भी लग गया, जिससे उसकी आंख चौंधिया गई। चोट लगने के बाद वह बाइक छोड़कर नीचे बैठ गया और अपनी आंख को सहलाता रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा है कि विंध्याचल कस्बे में तेज रफ्तार और दबंगई से वाहन चलाने वाले कुछ युवकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से राहगीरों में भय बना हुआ है। आरोप है कि कई बार तेज रफ्तार वाहन राहगीरों को टक्कर मारते-मारते बच जाते हैं और दुर्घटना होने पर वाहन चालक मौके से फरार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों और दबंग युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि कस्बे में कानून व्यवस्था और आम राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Mirzapur : गंगा नहर सर्विस रोड बंद होने से छोटे वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी, सैकड़ों लोग हो रहे हैं प्रभावित

मीरजापुर। जिले में वाराणसी-शक्तिनगर नेशनल हाईवे से जुड़ी गंगा नहर सर्विस रोड को बंद कर दिए जाने से छोटे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि नेशनल हाईवे बनने के बाद से ही स्टेट हाईवे 5 ए-1 को जोड़ने वाला करीब 500 मीटर मार्ग काफी जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। हर वर्ष इस मार्ग की मरम्मत भी कराई जाती है,लेकिन महीने भर भी सड़क की स्थिति ठीक नहीं रह पाती। जर्जर मार्ग के कारण दोपहिया, तिपहिया और छोटे चार पहिया वाहन चालक अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए गंगा नहर सर्विस रोड का इस्तेमाल करते थे।लेकिन नेशनल हाईवे विभाग द्वारा बड़े-बड़े सीमेंट के ब्लॉक रखकर तथा जेसीबी द्वारा रात के अंधेरे में मिट्टी डालकर इस रास्ते को बंद कर दिया गया है। रास्ता बंद होने से छोटे वाहन चालकों के सामने आवागमन की बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।बरसात के मौसम में यह जर्जर सड़क छोटे वाहन चालकों के चलने योग्य नहीं है, इस पर यात्रा करने पर हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर लिंक मार्ग के ठीक होने तक सर्विस रोड को बंद करना जनहित में उचित नहीं है। वाहन चालकों ने शासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेकर बंद रास्ते को तत्काल खोलने की मांग की है। अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि सर्विस रोड खुला रहने से छोटे वाहन चालक सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकेंगे।इसलिए जब तक नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे को जोड़ने वाला मार्ग दुरुस्त नहीं हो जाता, तब तक सर्विस रोड को आवागमन के लिए कायम रखना अति आवश्यक है।
मीरजापुर नगर पालिका का 'बोरिंग घोटाला': STP परिसर में पाइप पर बोरी बांधकर छोड़ा, फाइलों में बिल-वाउचर पास कराने का बड़ा खेल

*न मोटर लगी न हैंडपंप, सिर्फ पाइप धंसाकर सरकारी धन डकारने का आरोप; नगर क्षेत्र में दर्जनों बोरिंग लावारिस छोड़कर कमीशनखोरी का सिंडिकेट सक्रिय*

विंध्याचल / मीरजापुर: नगर पालिका परिषद मीरजापुर में सरकारी बजट को ठिकाने लगाने और कमीशनखोरी का एक और कारनामा उजागर हुआ है। विंध्याचल स्थित STP परिसर में बोरिंग तो करा दी गई, लेकिन उसके बाद न तो उसमें सबमर्सिबल मोटर लगाई गई और न ही हैंडपंप। पीवीसी पाइप के मुंह पर प्लास्टिक की बोरी बांधकर पूरे काम को लावारिस छोड़ दिया गया है।

*कागजों में 'विकास', धरातल पर खुला घोटाला:*
पाइप पर बोरी बांधकर खानापूर्ति: परिसर में जमीन में धंसे बोरिंग पाइप के मुहाने पर केवल फटी बोरी लपेटकर छोड़ दी गई है। मौके पर न तो कोई कंक्रीट चबूतरा बना, न मशीन लगी और न ही जलापूर्ति शुरू हुई; केवल जमीन में पाइप धंसाकर इतिश्री कर ली गई।

*शहर भर में फर्जीवाड़े का जाल:* विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद मीरजापुर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में दर्जनों जगहों पर इसी तरह बोरिंग कराकर छोड़ दिया गया है। आरोप है कि धरातल पर काम अधूरा रखकर फाइलों में बोरिंग को 'सफल' दर्शा दिया जाता है और मिलीभगत से बिल-वाउचर पास कराकर भारी कमीशन का वारा-न्यारा कर लिया जाता है।

*जनता के पैसों की खुली बर्बादी:* एक तरफ नगर की जनता पेयजल संकट से परेशान रहती है, वहीं दूसरी तरफ पालिका तंत्र सरकारी खजाने से सिर्फ कागजी बोरिंग का खेल खेलकर बजट खपाने में मस्त है।

*सीधे और चुभते सवाल:*
जब बोरिंग में मोटर या हैंडपंप लगाकर पानी चालू ही नहीं करना था, तो यह बोरिंग किसके फायदे के लिए कराई गई?

क्या जिला प्रशासन नगर पालिका क्षेत्र में कराई गई ऐसी तमाम बोरिंगों की मौके पर वीडियोग्राफी कराकर भौतिक जांच कराएगा?

फाइलों में अधूरा काम दिखाकर बिल-वाउचर का खेल करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई कब होगी?
कजली की तान पर झूमा पूरा शहर लोक संस्कृति संरक्षण केन्द्र के तत्वावधान में कजली मल्हार उत्सव का हुआ भव्य आयोजन
,
अतिथियों ने बताया कजरी को माटी की आत्मा
*40 से अधिक कलाकारों ने बिखेरा जलवा, रात भर झूमा शहर', 5 विभूतियों को मिला प्रेमघन सम्मान’
मीरजापुर। लोक संस्कृति संरक्षण केन्द्र के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय कजली मल्हार उत्सव का भव्य और रंगारंग आयोजन सम्पन्न हुआ। सावन की काली घटाओं के बीच कजरी की मधुर तानों ने पूरे नगर को लोक संगीत में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, जिलाध्यक्ष भाजपा लालबहादुर सरोज, कुलपति जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट प्रोफेसर शिशिर पाण्डेय एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम केशरी व अष्ट कौशल महंत डा योगानंद गिरी महाराज बूढ़े नाथ मंदिर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में लगभग 40 से अधिक लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं कु. सिद्धिका, अनुश्का व वैभवी ने कजली लोकगीत नृत्य कर लोगों को अपनी तरफ आकर्शित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों को जिला सूचना अधिकारी द्वारा ओमप्रकाश उपाध्याय ने पुष्प गुच्छ, मोमेण्टो व स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत एवं अभिनन्दन किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि कजरी केवल एक गीत नहीं, बल्कि पूर्वांचल की आत्मा है। उन्होंने कहा कि सावन में जब महिलाएं झूला झूलते हुए कजरी गाती हैं तो उसमें विरह, प्रेम और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। मीरजापुर तो कजली की जन्मभूमि है, ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि लोक कलाओं को बढ़ावा दिया जाए। लोक संस्कृति संरक्षण केन्द्र का यह प्रयास सराहनीय है कि वह कजरी जैसी लुप्त हो रही विधा को मंच दे रहा है। सरकार लोक कलाकारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट के कुलपति प्रो. शिशिर कुमार पाण्डेय ने कहा कि कजरी में भक्ति रस भी है। राधा-कृष्ण की लीलाओं का वर्णन कजरी में बड़े ही सुंदर ढंग से होता है। यह विधा साहित्यिक दृष्टि से भी बहुत समृद्ध है। प्रेमघन जी ने भी कजली को साहित्य में स्थान दिया था। नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि पालिका ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को हमेशा सहयोग देती रहेगी। मीरजापुर को कजरी महोत्सव के नाम से भी जाना जाना चाहिए। इस कजली मल्हार उत्सव का मुख्य आकर्षण लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं। मंच पर एक के बाद एक 44 से अधिक कलाकारों ने अपनी कजली गायन से समां बांध दिया।
गायक कलाकारों में पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, नवीन उपाध्याय, सुधानन्द महराज, वैभव पाण्डेय, रानी सिंह, रागिनी चन्द्रा, कल्पना गुप्ता, गणेश गुप्ता, पतालू यादव, आनन्द देवा, शान्ति निशाद, संजय सुरीला, संजीव तिवारी, शिवलाल गुप्ता, देवी मौर्या, मनोज शर्मा, जटाशंकर चैलर, राजेन्द्र बिन्द भदोही, ब्रह्मदेव गौतम जनपद भदोही, रामआशीष भदोही, अशोक यादव, रामलखन, गुड्डू रंगीला, कंचन गुप्ता, लक्ष्मी यादव, शैला श्रीवास्तव, भानुप्रताप सिंह गाजीपुर, रामधनी चुनार, राजेष यादव चुनार, डिम्पल भदोही, षिवानी प्रयागराज, संजू तिवारी, अषोक यादव, केदारनाथ मुनीम, प्रो बीना सिंह, पट्टर पाण्डेय, सुरेषमौर्य, रामनारायन, रामप्रसाद, अमित दूबे, खुशबू तिवारी एवं आयोजिका ऊशा गुप्ता सहित अन्य कलाकारों ने अपनी-अपनी प्रस्तुती दी।
मीरजापुर में पकड़ा गया संदिग्ध बांग्लादेशी युवक
* अन्तर्राष्ट्रीय सीमा लांघकर दिल्ली होते हुए जा रहा था कश्मीर
*RPF-GRP की ने की कार्रवाई, पूछताछ में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर रेलवे स्टेशन से महत्वपूर्ण ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन से बांग्लादेशी युवक की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। मिर्ज़ापुर रेलवे स्टेशन पर RPF एवं GRP की संयुक्त सतर्कता से गाड़ी संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल से शनिवार को रात एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद रियाज अहमद, निवासी हाबीगंज, बांग्लादेश के रूप में हुई है। छानबीन के दौरान उसके पास भारत में प्रवेश एवं निवास से संबंधित कोई वैध पासपोर्ट, वीजा अथवा अन्य दस्तावेज नहीं मिला है ना ही वह कोई ठोस जानकारी दे पाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए LIU, ATS एवं IB को भी अवगत कराया गया है। आवश्यक जांच के उपरांत आरोपी को थाना जीआरपी मीरजापुर के सुपुर्द किया गया, जहां मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के मुताबिक आरपीएफ एवं जीआरपी मीरजापुर की सतर्कता और प्रभावी चेकिंग से समय रहते संदिग्ध विदेशी नागरिक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
इनसे में---
*पहले भी से पकड़े जा चुके हैं बांग्लादेशी विदेशी नागरिक*

बताते चले कि इसके पहले भी मिर्जापुर जिले के डगमगपुर स्थित एक क्रशर प्लांट से कई बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो चोरी छिपे क्रशर प्लांट पर बिना वैध दस्तावेजों के काम कर रहे थे। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिरकार कहीं मिर्जापुर जनपद विदेशी नागरिकों खासकर बांग्लादेशी नागरिकों की शरण स्थली तो नहीं बन रहा है। वैसे लंबे समय से चर्चा चलती रही है कि मिर्जापुर के कुछ हिस्सों में खास कर नगर क्षेत्र में बांग्लादेश की नागरिक भिन्न-भिन्न कामों में लगे हुए हैं। डगमगपुर में गिरफ्तारी इसके बाद शनिवार को ब्रह्मपुत्र मेल से बंगलादेशी युवक की गिरफ्तारी ने इन आशंकाओं को बल प्रदान करने के साथ-साथ जिले की खुफिया एजेंटीयों को भी पहनी नजर रखने के साथ-साथ शक्ति से पेश आने का संदेश दिया है। वही आशंका जताई जा रही है कि कहीं ऐसा तो नहीं की किसी ठोस रणनीति के तहत मिर्जापुर को ठिकाना बनाया जा रहा है क्योंकि मिर्जापुर जनपद धार्मिक, ऐतिहासिक, पौराणिक महत्व से जुड़ा हुआ जनपद है। काशी और प्रयागराज के मध्य में स्थित होने के साथ-साथ यह जिला पूर्व में पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी जनसभा के दौरान हुए बम विस्फोट कांड से भी जुड़ रहा है। खुफिया एजेंसियों ने यहां से कुछ लोगों की गिरफ्तारी करने के साथ-साथ यहां से जुड़ाव होना बताया था।
पतंजलि युवा भारत उत्तर प्रदेश (पूर्व) की राज्यस्तरीय बैठक 23 को मिर्ज़ापुर में संगठन विस्तार सहित कई मुद्दों पर होगा मंथन

हरिद्वार से आकर मुख्य केंद्रीय प्रभारी ने डाला डेरा


मीरजापुर। पतंजलि युवा भारत उत्तर प्रदेश (पूर्व) की ओर से एक दिवसीय राज्य स्तरीय बैठक एवं संगठन विस्तार युवा भारत प्रशिक्षण शिविर का आयोजन उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर नगर के लालडिग्गी पार्क स्थित साईं मंडपम में रविवार को प्रातः 10 बजे होने जा रहा है।
बैठक में हरिद्वार से चलकर मीरजापुर आए योग गुरु बाबा रामदेव रामदेव जी महाराज के शिष्य युवा भारत के मुख्य केंद्रीय प्रभारी राम आशीष जी के नेतृत्व में यह बैठक होगा।
जानकारी देते हुए राज्य प्रभारी युवा भारत उत्तर प्रदेश (पूर्व) के योगी ज्वाला सिंह ने बताया कि
युवा भारत भारत उत्तर प्रदेश पूर्व के इस बैठक में राज्यकार्यकारिणी के साथ समस्त जिला प्रभारियों की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सहभागिता रहेगी।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य संगठन के कार्यों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श तथा प्रत्येक जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका और जिम्मेदारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को जिम्मेदारी भी सौंप दिए गए हैं।