जनपद मऊ -:  शराब की दुकान हटाने को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा! अमिला-बोझी मार्ग पर लगाया जाम, SDM के आश्वासन पर खुला रास्ता
घोसी, मऊ: मुजार बुजुर्ग गांव के पास अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर देशी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बांस लगाकर सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकान के कारण शाम के समय शराब पीने वालों का जमावड़ा रहता है और महिलाओं व युवतियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मौके पर पहुंची पुलिस के बाद एसडीएम अशोक सिंह ने महिलाओं से शिकायती पत्र लेकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
मऊ - यूजीसी व ईडब्ल्यूएस आरक्षण सुधार की मांग को लेकर 11 सितंबर को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन तैयारी प्रारंभ!

मऊ, यूजीसी रोलबैक, ईडब्ल्यूएस एवं आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आगामी 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर मऊ में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को एलआईसी भवन के बगल स्थित धार्मिक स्थल पर सर्वण समाज के लोगों की बैठक हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने पहुंचकर आंदोलन की रणनीति पर मंथन किया।

बैठक में करीब दो दर्जन वक्ताओं ने अपने-अपने विचार और सुझाव रखे। आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए क्षेत्रवार लोगों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 10 लोगों को प्रदर्शन में शामिल कराने का लक्ष्य दिया गया। साथ ही दलित एवं वंचित समाज के बीच आरक्षण में क्रीमी लेयर के कथित दुष्प्रभाव और इससे निचले तबके को होने वाली संभावित क्षति को लेकर माइक्रो लेवल पर जागरूकता अभियान चलाने की रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुरली मनोहर पांडेय, संतोष कुमार सिंह, रमन पांडेय, धनंजय सिंह (गोकुलपुरा), रवि खाड़ेवाल, जितेंद्र सिंह (अध्यक्ष, करणी सेना), ब्रह्मानंद पांडेय, श्रीकिसुन फलाहारी बाबा, सुजीत सिंह (हिंदू जागरण समिति), डॉ. विद्या शंकर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, जेएन सिंह (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, डीसीएसके), एडवोकेट अतुल राय, राजेश सिंह राज (पूर्व शासकीय अधिवक्ता), जेपी सिंह (रिटायर्ड आर्मीमैन), सतीश सिंह, पंकज उपाध्याय (पूर्व छात्र नेता), देवेंद्र सिंह (मधुबन), राजीव सिंह राजू, चंदन पंडित, देवेंद्र सिंह (लोकदल), हंसु तिवारी, अमरनाथ मिश्रा (प्रतिनिधि, ब्राह्मण विकास परिषद) और केके पांडेय ने क्रमबद्ध तरीके से अपनी बात रखी।

वक्ताओं ने कहा कि आगामी प्रदर्शन को व्यापक स्वरूप देने के लिए गांव-गांव और क्षेत्रवार संपर्क अभियान चलाया जाएगा। बैठक में आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप देते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक की अध्यक्षता उमाशंकर उमर ने की, जबकि विजय प्रताप सिंह ने संचालन किया। संरक्षक श्रीकिसुन फलाहारी बाबा के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक का समापन उमाशंकर उमर के अध्यक्षीय उद्बोधन के बाद हुआ।

प्रस्तावित कार्यक्रम - दिनांक- 11 सितंबर 2026, शुक्रवार
समय - सुबह 10 बजे, स्थान- धरना स्थल प्रांगण कलेक्ट्रेट, मऊ, मुद्दा - यूजीसी रोलबैक, ईडब्ल्यूएस और समान आरक्षण की व्यवस्था में सुधार तथा अन्य संबंधित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन!
मऊ: रक्षाबंधन के मद्देनजर खाद्य विभाग अलर्ट, अधिकारियों ने की छापेमारी!

बलिया से आजमगढ़ जा रही सरकारी बस में 180kg नकली पनीर बरामद!

चिरैयाकोट थाने के पास से प्राइवेट बस में 250kg नकली छेना बरामद!

मिठाई कारखाने से बरामद 272kg खराब छेना और रसगुल्ला नष्ट कराया गया!
मऊ में गूंजा हर-हर महादेव!
शमशाबाद से गुरादरी मठ तक नंगे पांव पहुंचे सैकड़ों शिवभक्त

मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में सावन के अंतिम दिनों में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शमशाबाद गांव से सैकड़ों शिवभक्तों ने भव्य कलश यात्रा निकाली और नंगे पांव गुरादरी मठ पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

कलश यात्रा में शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी, गाजे-बाजे और भजनों के बीच गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं ने पाताल गंगा सरोवर में स्नान कर जल ग्रहण किया। इसके बाद स्वयंभू शिव मंदिर और मरछुरेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। हर-हर महादेव!
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया

जनपद मऊ -: पुलिस अधीक्षक मऊ  कमलेश बहादुर के निर्देशन में दिनांक 27.08.2026 को जनपद मऊ के समस्त थाना क्षेत्रान्तर्गत संदिग्ध व्यक्तियों/ वाहनो व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया

इस अभियान के अंतर्गत 36 टीम गठित कर जनपद के 36 स्थानों पर बदल बदलकर लगभग 1350 सदिग्ध वाहनो/व्यक्तियो को चेक किया गया जिसमें यातायात के नियमों का पालन न करने पर 300 वाहनों को विभिन्न धाराओ में चालान किया गया साथ ही साथ अन्य लोगों को हिदायत भी दी गयी तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया ।

पुलिस अधीक्षक मऊ द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें एवं गलत स्थानो पर पार्किंग नही करे तथा सुरक्षित यातायात में सहयोग प्रदान करें ।
जनपद मऊ -: जर्जर पुल के बैरियर की निगरानी के लिए ग्रामीणों ने लगवाया टिन शेड
जर्जर पुल पर बनाए गए बैरियर की निगरानी में पुलिस को होगी सहूलियत


वलीदपुर ।मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के तमसा नदी के जर्जर पुल से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए लगाए गए बैरियर की निगरानी को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने पहल की है। पुलिसकर्मियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए स्थानीय लोगों की ओर से बैरियर के समीप टिन शेड लगवाया गया है। ग्रामीणों की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

बताया जाता है कि पुल काफी समय से जर्जर हालत में है। पुल की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित विभाग की ओर से बैरियर लगाकर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है।

इसके बाद पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी यहां लगाई जाती है, ताकि कोई भारी वाहन बैरियर को पार कर पुल पर न पहुंच सके। हालांकि लगातार धूप और बारिश के बीच पुलिसकर्मियों को निगरानी करने में परेशानी होती थी।

इस समस्या को देखते हुए वलीदपुर पुलिस चौकी प्रभारी नूर आलम और क्षेत्रीय लोगों ने आपसी सहयोग से बैरियर के पास टिन शेड लगवा दिया। अब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी शेड के नीचे रहकर पुल की निगरानी कर सकेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर पुल पर भारी वाहनों का आवागमन रोकना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की जल्द मरम्मत या नए पुल के निर्माण की मांग भी की है, ताकि आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

इस बाबत चौकी प्रभारी नूर आलम ने बताया कि ड्यूटी पर लगाए गए पुलिसकर्मियों को बारिश और धूप के मौसम में भारी परेशानी होती थी जिसको क्षेत्र के कुछ लोगों पुलिस कर्मियों के सहयोग से टीन सेड लगवा दिया गया है।
जनपद मऊ -: ग्राम सभा अमारी में माँ काली के स्थान पर तीन साला पूजा का भव्य आयोजन आज से शुरू
अमारी। ग्राम सभा अमारी में स्थित माँ काली के स्थान पर गांव घड़ी की तीन साला पूजा का भव्य आयोजन आज से प्रारंभ हो रहा है। पूजा का आयोजन ग्राम सभा अमारी के समस्त ग्रामवासियों के सहयोग एवं सहभागिता से किया जा रहा है।
पूजा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-पाठ का कार्यक्रम संपन्न होगा। आयोजकों ने ग्राम सभा अमारी के सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अपना कीमती समय निकालकर पूजा में शामिल हों और माँ काली का आशीर्वाद प्राप्त करें।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूजा को सफल बनाने की अपील की है।
मऊ के साड़ी उद्योग पर गहराता संकट: बाहरी मंडियों में फंसी करोड़ों की पूंजी, व्यापारियों की चुप्पी या बर्बादी की शुरुआत?
मऊ। मऊ का ऐतिहासिक साड़ी उद्योग आज एक ऐसे दोराहे पर खड़ा है जहाँ एक गलत फैसला वर्षों की मेहनत, करोड़ों की जमा पूंजी और लाखों बुनकर परिवारों की रोजी-रोटी को लील सकता है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा और हैदराबाद जैसे बड़े व्यापारिक केंद्रों में मऊ के व्यापारियों का करोड़ों रुपया फंसा हुआ है। लगातार मिलते झूठे आश्वासन और 'आज-कल' के अंतहीन चक्र ने स्थानीय व्यापार की कमर तोड़ दी है। इस गंभीर संकट को देखते हुए मऊ साड़ी व्यापार एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों को एकजुट होकर कड़े कदम उठाने के लिए खुली चेतावनी और अपील जारी की है।
झूठे वादों का जाल: "पुराना डूबा है, तो नया क्यों भेजें?"
अक्सर व्यापारी इस झांसे में आ जाते हैं कि नया माल भेजने से पुराना रुका हुआ पैसा निकल आएगा। लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि डिफॉल्टर पार्टियां इसी मजबूरी का फायदा उठाकर व्यापारियों को और गहरे कर्ज में धकेल देती हैं।
एसोसिएशन का स्पष्ट संदेश: जिस पार्टी का पुराना हिसाब साफ नहीं है, उसे नया उधार देना अपनी मेहनत की कमाई को खुद आग लगाने जैसा है।
चकाचौंध से सावधान: किराए की दुकानें और संदिग्ध पार्टियां
बड़ा शोरूम, चिकनी-चुपड़ी बातें और भारी-भरकम ऑर्डर देखकर बिना जांच-पड़ताल के माल भेजना सबसे बड़ा जोखिम बन चुका है। एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे किसी भी पार्टी को माल देने से पहले इन बिंदुओं की पड़ताल अवश्य करें:
मार्केट साख: पार्टी का पुराना भुगतान रिकॉर्ड और बाजार में छवि कैसी है?
स्थायित्व: व्यापार अपनी निजी संपत्ति पर है या केवल किराए के ढांचे पर?
डिफ़ॉल्ट हिस्ट्री: क्या पहले से अन्य मऊ व्यापारियों का पैसा दबाकर नई पार्टियां तलाशी जा रही हैं?
गारंटी: क्या लेन-देन के पीछे कोई पुख्ता और भरोसेमंद गारंटी मौजूद है?
सूरत मॉडल से सीख और आगामी सीजन के लिए 5 सूत्रीय ‘सुरक्षा कवच’
सूरत और अन्य विकसित मंडियों की तरह मऊ को भी संगठित होकर व्यापारिक अनुशासन लागू करना होगा। एसोसिएशन ने आगामी सीजन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए हैं:
पहले पिछला हिसाब, फिर नया माल: पुराना बकाया चुकता हुए बिना किसी भी पार्टी को नया उधार बिल्कुल न दें।
एकमुश्त बड़ी खेप पर रोक: सीमित मात्रा में ही आपूर्ति करें और भुगतान की सख्त समय-सीमा तय करें।
आपसी फूट पर पूर्ण विराम: यदि एक व्यापारी किसी डिफॉल्टर को माल रोकता है, तो दूसरा व्यापारी निजी फायदे के चक्कर में उसे माल न दे।
सत्यापित जानकारी साझा करें: धोखेबाज पार्टियों की प्रमाणित जानकारी आपस में साझा करें ताकि पूरी मंडी सुरक्षित रहे।
खातों का पूर्ण डिजिटलीकरण/रिकॉर्ड: हर लेन-देन, वादे की तारीख और बकाया का लिखित हिसाब रखें।
नारे जो हर व्यापारी की दुकान पर होने चाहिए:
पहले वसूली — फिर व्यापार
पहले जांच — फिर उधार
पहले एकता — फिर निर्णय
गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अन्तर्गत शातिर अपराधी को किया गया जिलाबदर
पुलिस अधीक्षक जनपद मऊ  कमलेश बहादुर के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक जनपद मऊ  अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी  जितेन्द्र सिंह के कुशल निर्देशन में थाना दोहरीघाट पुलिस टीम द्वारा दिनांक- 27.08.2026 को जिला मजिस्ट्रेट मऊ महोदय द्वारा पारित आदेश दिनांक 17.08.2025, वाद सं0- 1088/2026 सरकार बनाम हरेन्द्र राय, अंतर्गत धारा 3(1) उ०प्र० गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु अभियुक्त हरेन्द्र राय पुत्र स्व0 शारदा राय निवासी ग्राम फरसरा खुर्द थाना दोहरीघाट जनपद मऊ को 04 माह की अवधि के लिए जनपद मऊ की सीमा से निष्कासित/ जिलाबदर की कार्यवाही किया गया । 

जिला बदर अभियुक्त का विवरण
1. हरेन्द्र राय पुत्र स्व0 शारदा राय निवासी ग्राम फरसरा खुर्द थाना दोहरीघाट जनपद मऊ ।
आपराधिक इतिहास
1. मु0अ0सं0 151/2023 धारा- 323, 253, 504, 506, 427, 325 भादवि0 व 3(1)द एससी/एसटी एक्ट थाना दोहरीघाट, मऊ ।
2. मु0अ0सं0 207/2024 धारा- 115(2), 351(2), 352, 324(4) बीएनएस, थाना दोहरीघाट, मऊ ।
3. मु0अ0सं0 25/2025 धारा- 3(5),115(2), 351(2), 352, 324(4) बीएनएस, थाना दोहरीघाट, मऊ ।
4. मु0अ0सं0 55/2026 धारा- 115(2), 352 बीएनएस व 3(1)द एससी/एसटी एक्ट, थाना दोहरीघाट, मऊ ।
जिलाबदर करने का दिनांक
1.दिनांक – 27.08.2026
जनपद मऊ -: तमसा नदी का बढ़ा जलस्तर, घाटों की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण तमसा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

राजघाट और रामघाट समेत तमसा नदी किनारे बने प्राचीन शिव मंदिरों की सीढ़ियों तक नदी का पानी पहुंच गया है। बढ़े जलस्तर के कारण घाटों का दृश्य इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। तमसा नदी के घाटों के सुंदरीकरण का कार्य भी पूर्व में कराया गया है।

नदी का जलस्तर बढ़ने की जानकारी और मनोहारी दृश्य देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों और मोहल्लों से लोग सुबह-शाम घाटों पर पहुंच रहे हैं। लोग घाट की सीढ़ियों पर खड़े होकर नदी के बढ़े पानी का नजारा देख रहे हैं और अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें भी ले रहे हैं।

वहीं, घाट पर पहुंचने वाले छोटे बच्चों में भी नदी के पानी को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। कई बच्चे सीढ़ियों तक पहुंचकर पानी में स्नान करते नजर आ रहे हैं। इससे हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण नदी का पानी तेजी से बढ़ा है।

ऐसे में बच्चों को नदी के गहरे पानी के पास जाने से रोकना जरूरी है। प्रशासन द्वारा भी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को सतर्क करने की जरूरत है, ताकि बढ़े जलस्तर के बीच किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।