जनपद मऊ -: किसानों की प्रमुख मांगों को लेकर मऊ जनपद के किसान संगठनों ने घोसी सांसद राजीव राय को सौंपा ज्ञापन
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर मऊ जनपद के विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने आज घोसी के लोकप्रिय सांसद श्री राजीव राय के प्रतिनिधि को देश और क्षेत्र के किसानों की गंभीर समस्याओं से संबंधित एक विस्तृत मांग-पत्र/ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को याद दिलाया कि 9 दिसंबर 2021 को ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, किसानों की कर्जमाफी, बिजली के निजीकरण पर रोक और किसानों पर दर्ज मुकदमों की वापसी के संबंध में लिखित आश्वासन दिया था। परंतु, पिछले पाँच वर्षों में भी इन वादों को पूरा नहीं किया गया है, जिससे अन्नदाताओं में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के मुख्य बिंदु और माँगें:
कानूनी एमएसपी: डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार C2+50% के फॉर्मूले के तहत सभी फसलों के लिए कानूनी रूप से गारंटीकृत एमएसपी और खरीद की पुख्ता व्यवस्था लागू की जाए।
व्यापक कर्जमाफी: देश के किसानों और कृषि मजदूरों की बढ़ती आत्महत्याओं को रोकने के लिए संपूर्ण कर्जमाफी की जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा मिले।
श्रम व कृषि कानून: चार श्रम संहिताओं को रद्द कर मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बिजली निजीकरण विधेयक, बीज विधेयक और खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़े जनविरोधी संशोधनों को वापस लिया जाए।
मुक्त व्यापार समझौते (FTA): भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते और अन्य ऐसे समझौतों को रद्द किया जाए, जो देश की कृषि और छोटे उद्योगों को बर्बाद कर रहे हैं।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली: भारतीय खाद्य निगम (FCI) की मजबूती सुनिश्चित करते हुए साइलो में कॉरपोरेट दखल को समाप्त किया जाए।
सांसद को सौंपे गए इस ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि किसानों की इन लंबित और न्यायसंगत मांगों पर केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा शीघ्र ही सार्थक कदम नहीं उठाए गए, तो देश के किसान 26 नवंबर 2026 (ऐतिहासिक किसान आंदोलन की छठी वर्षगाँठ) से एक बार फिर राष्ट्रव्यापी और तीव्र संघर्ष शुरू करने के लिए विवश होंगे।
सांसद श्री राजीव राय के प्रतिनिधि ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद इस पर उचित स्तर पर चर्चा करने और किसानों की आवाज को उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से, रामकुमार भारती दीनानाथ मौर्य, राम नवल सिंह, शैलेन्द्र कुमार, राम प्रवेश यादव, सिकंदर, अब्दुल अज़ीम खां, बसंत कुमार, वीरेंद्र कुमार, सुबाष चक्रदेवा, छागुर चौहान, कैलाश चौहान, चंद्र शेखर चौहान, जे पी, छवि शर्मा, दिनेश, उपस्थित रहे।
Aug 26 2026, 18:32
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1