राहुल गांधी ने देश की विरासत का किया अपमान : योगी
-मुख्यमंत्री याेगी ने अवध के नायकों को दी श्रंद्धाजलि
राना बेनी माधव बख्श सिंह सभागार का लोकार्पण किया, डाक टिकट किया जारी
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमारी विरासत का अपमान कर रहे हैं और युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को रायबरेली में राना बेनी माधव बख़्स सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भाव समर्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि राहुल गांधी से देश अब कोई अपेक्षा नहीं करता लेकिन नेता प्रतिपक्ष के नाते उनकी कोई जिम्मेदारी है। बावजूद इसके वह यूपी के बाहर प्रदेश का अपमान करते हैं। देश के बाहर देश का अपमान करते हैं। उनको अपनी विरासत को अपमानित करने का कोई हक नहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल को शतपथ ब्राम्हण और मत्स्य पुराण पढ़नी चाहिए। ताकि उनको समझ आ जाए कि हमारे ग्रंथ व विरासत में क्या है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायबरेली में केवल एक परिवार के नाम पर संस्थाओं के नामकरण हुए। शहीदों को भुला दिया गया। अब प्रदेश सरकार अपने शहीदों, नायकों को याद कर रही है। उन्होंने अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दावत पर तंज कसते हुए कहा कि यह सनातन का अपमान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें अपनी विरासत को पहचानना होगा। उस पर गर्व करने की जरूरत है। ताकि हम अपनी समृद्ध परंपरा और इतिहास को जान सकें।
योगी आदित्यनाथ ने इसके पहले 25 करोड़ की लागत से बने सभागार का लोकार्पण किया व शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने डाक विभाग द्वारा राना बेनी माधव सिंह पर जारी विशेष आवरण को जारी किया। राना बेनी माधव सिंह स्मारक समिति द्वारा अवध केसरी का विमोचन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री राकेश सचान, मंत्री मनोज पांडे, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अदिति सिंह, अशोक कोरी, एमएलसी उमेश द्विवेदी, अवनीश सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी व नेता मौजूद रहे।
इसके बाद रायबरेली के फ़िरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रायबरेली के विकास के लिए 879 करोड़ रुपये से अधिक की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसमें वह 624 करोड़ रुपये की 185 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 277 करोड़ रुपये की 162 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री रायबरेली में सपेरा समुदाय व अन्य आवास विहीन 60 से अधिक परिवारों को आवासीय पट्टे का आवंटन पत्र लाभार्थियों को सौंपेंगे। इसके साथ ही अन्य योजनाओं के लाभार्थियों के खाते मे 19 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र व चाबी आदि प्रदान करेंगे।
Aug 24 2026, 17:30
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1