गुरु की महिमा सर्वोपरि, जीवन जीने की कला सिखाता है गुरु : ओपी त्रिपाठी
मऊ। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, जनपद मऊ के तत्वावधान में आर.एस. पैलेस, मऊ में गुरु वंदन एवं शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, लखनऊ के सचिव श्री ओपी त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मऊ श्री संतोष कुमार उपाध्याय रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कंपोजिट स्कूल लिलारी भरौली की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं परस बाबा इंटर कॉलेज, परदहा की छात्राओं ने भी मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के महामंत्री श्री अरविंद कुमार आर्य ने कहा कि गुरु वंदन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले चार प्रमुख कार्यक्रमों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महासंघ प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक विद्यार्थियों को मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हमारा उद्देश्य है कि भारत पुनः विश्व गुरु के पद पर प्रतिष्ठित हो।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री संतोष कुमार उपाध्याय ने मुख्य अतिथि श्री ओपी त्रिपाठी के मऊ में कार्यकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान संचालित मिशन पहचान कार्यक्रम की चर्चा परियोजना स्तर तक होती थी। उन्होंने गुरु वंदन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि श्री ओपी त्रिपाठी ने अपने संबोधन में मऊ जनपद में कार्यकाल के दौरान की अपनी यादें साझा करते हुए कहा कि गुरु की महिमा सदैव सर्वोपरि रही है। आज तकनीकी युग में गूगल और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म से सूचनाएं आसानी से प्राप्त हो जाती हैं, लेकिन जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करना और जीवन जीने की कला कोई तकनीक नहीं, बल्कि गुरु अपने आचरण और मार्गदर्शन से सिखाता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भाव एवं कर्तव्यपरायणता जैसे संस्कार विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जनपद मऊ से इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सेवानिवृत्त शिक्षकों ने आयोजन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष श्री रुपेश पांडेय ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सभी शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संरक्षक श्री राजा आनंद ज्योति सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री राम सेवक ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्त, आभा त्रिपाठी, सारिका सिंह, सुनीता पांडेय, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष नित्य प्रकाश यादव, सुनील यादव, ज्ञान प्रकाश मिश्र, अनुज पाण्डेय, आनंद सिंह, अरुण मौर्य, राहुल तिवारी, अशोक मिश्र, भारत भूषण सिंह, रिपुसूदन त्रिपाठी, शिवप्रसाद आर्य, नीलम देवी, अनिता रानी, रेनू मिश्रा, अनिता यादव, अजय चौहान, धनंजय सिंह, सैयद आफाक हुसैन, प्रदीप वर्मा, आलोक पाण्डेय, भूपेंद्र दीक्षित, मनोज राय, नीता राय, अर्चना सिंह, सुभद्रा चौहान, मनोज यादव, रविंद्र चौहान सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
Aug 23 2026, 20:19
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1