जनपद मऊ -: मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के बनियापार में शनिवार को आयोजित नाई समाज की बैठक में
समाजवादी पार्टी के नाई समाज के प्रदेश प्रभारी संजय विद्यार्थी सविता ने कहा कि समाजवादी पार्टी में ही नाई समाज का सम्मान और अधिकार सुरक्षित है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने तथा अपने अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया।

संजय विद्यार्थी सविता ने कहा कि नाई समाज हमेशा से समाज के विभिन्न वर्गों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। इसके बावजूद राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व के मामले में समाज को अपेक्षित अवसर नहीं मिल सके हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया है। पार्टी की नीतियों में सामाजिक न्याय और समान भागीदारी को प्रमुख स्थान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि नाई समाज के युवाओं को शिक्षा के साथ राजनीति और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। समाज के लोगों को अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, जिससे आने वाली पीढ़ी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके।

बैठक में सपा जिला अध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए संगठन को मजबूत करना आवश्यक है। इस दौरान नाई समाज के लोगों ने समाजवादी पार्टी की नीतियों के समर्थन में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संजय विद्यार्थी सविता के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेगा। बैठक के अंत में सभी ने सामाजिक एकता और भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया।

इस मौके पर पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य राम प्रताप यादव, सदानन्द, पूर्व जिला अध्यक्ष धर्म प्रकाश यादव प्रमोद शर्मा लव शर्मा प्रमोद शर्मा नेता आदि सैकड़ो सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनपद मऊ -: मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ) आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग द्वारा जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर एवं सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) मंजूषा सिंह के निर्देशन में शनिवार को नवागत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना ओम प्रकाश यादव ने चिरैयाकोट एवं मोहम्मदाबाद गोहना में दूध बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो सैंपलिंग मोहम्मदाबाद गोहना तथा दो सैंपलिंग चिरैयाकोट में किया। चिरैयाकोट के दूधियों में उमेश पाल एवं अरुण यादव तथा चुंगी पर की गई सैंपलिंग में उमाशंकर यादव एवं दयाल शरण रहे।
इन चारों नमूना को जांच हेतु संग्रहित कर प्रयोगशाला को भेज दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चुंगी पर स्थित मिठाई के  दुकानदारों को जागरूक किया,साथ ही साथ उन्होंने दुकानदारों को खुले में खाद्य पदार्थ न रखकर बेचने का निर्देश दिया।लगभग आधा दर्जन दुकानदारों को चेतावनी की नोटिस भी जारी की। एक रेस्टोरेंट पर भी साफ सफाई न पाए जाने पर उन्होंने चेतावनी दी।

इस बावत पूछे जाने पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मंजूषा सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गये नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद मऊ -: मऊ में नई राजनीतिक पार्टी का गठन, नगीना राजभर बने राष्ट्रीय अध्यक्ष
मऊ। हिंदी भवन सभागार में वरिष्ठ समाजसेवियों की चिंतन बैठक हुई। देश और समाज की सेवा के उद्देश्य से नई राजनीतिक पार्टी के गठन पर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से नगीना राजभर को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।

बैठक में सभी की सहमति से पार्टी का नाम “भारतीय समाज शक्ति पार्टी” रखा गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष से कार्यकारिणी का गठन कर भारत निर्वाचन आयोग में पंजीकरण की कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।

कार्यकारिणी में अवधेश सिंह और वीरेंद्र राजभर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, दशरथ पटेल को प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव, राजेंद्र निषाद और रामनरायन चौहान को महासचिव, सुहेलदेव राजभर को कोषाध्यक्ष तथा फुलबदन राजभर और डॉ. अनिल राजभर को सचिव बनाया गया।

इसके अलावा लल्लन प्रजापति, सुनील जायसवाल, समनारायण चौहान, कन्हैया ठाकुर, लालचंद कोल, भीमल राजभर और जीवन लाल पाल को संगठन मंत्री चुना गया। बैठक में सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
जनपद मऊ -: मऊ में कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई
घोसी थाना पुलिस ने 15 लीटर कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान अनीता पत्नी मारवाड़ी, निवासी ग्राम हरिगांव, थाना घोसी, जनपद मऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया
पुलिस अधीक्षक मऊ  कमलेश बहादुर के निर्देशन में  जनपद मऊ के समस्त थाना क्षेत्रान्तर्गत संदिग्ध व्यक्तियों/ वाहनो व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया

इस अभियान के अंतर्गत 30 टीम गठित कर जनपद के 35 स्थानों पर बदल बदलकर लगभग 1250 सदिग्ध वाहनो/व्यक्तियो को चेक किया गया जिसमें यातायात के नियमों का पालन न करने पर 355 वाहनों को विभिन्न धाराओ में चालान एवं 02 वाहनों की सीज किया गया साथ ही साथ अन्य लोगों को हिदायत भी दी गयी तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया ।

पुलिस अधीक्षक मऊ द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें एवं गलत स्थानो पर पार्किंग नही करे तथा सुरक्षित यातायात में सहयोग प्रदान करें ।
जनपद मऊ -: देईया माता मंदिर उपेक्षा का शिकार, ना सफाई ,ना पार्किंग व्यवस्था

मऊ। जनपद मऊ के रानीपुर ब्लॉक अंतर्गत सीरियापुर मौज में स्थित प्रसिद्ध देईया माता मंदिर इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार है।

प्रत्येक रविवार और मंगलवार को मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए करीब 3 से 4 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं और वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है।
ना सफाई ना पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को अपने वाहन सड़क के किनारे खड़े करने पड़ते हैं। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है,

जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में लगातार बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, बावजूद इसके प्रशासन और संबंधित जिम्मेदारों की ओर से सफाई और पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर के आसपास स्थायी वाहन पार्किंग की व्यवस्था कराई जाए तथा रविवार और मंगलवार को विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को जाम और अव्यवस्थाओं से राहत मिल सके।

सवाल यह है कि हजारों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र देईया माता मंदिर को आखिर कब मिलेगी बेहतर सुविधाओं की सौगात?
जनपद मऊ -: आजम खान के ठिकानों पर ED की छापेमारी को लेकर सांसद राजीव राय का बड़ा बयान

मऊ।आजम खान से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी को लेकर घोसी से समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने के साथ विपक्षी नेताओं पर जांच और कार्रवाई का दबाव बढ़ सकता है।

राजीव राय ने कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि आने वाले दिनों में विपक्ष के खिलाफ दमन और कार्रवाई का सिलसिला और तेज हो सकता है।

हालांकि, ये उनके राजनीतिक आरोप हैं।
बता दें कि 19 अगस्त को ED ने रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में आजम खान व उनसे जुड़े लोगों के करीब 10 ठिकानों पर तलाशी ली थी।
जनपद मऊ -: सरकारी स्कूल का हाल दिखाते आप जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह

मऊ में सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर आप जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

उन्होंने स्कूल में मौजूद सुविधाओं और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिम्मेदारों से व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जनपद मऊ -: डीएम आनंद वर्धन ने राजकीय जिला पुस्तकालय का किया औचक निरीक्षण
मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने शुक्रवार को राजकीय जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, अध्ययन व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम ने पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों एवं पाठकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा पाठकों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए पुस्तकालय की सुविधाएं उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।

उन्होंने आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
जनपद मऊ -: वलीदपुर के विकास के लिए व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, सड़क समेत कई मुद्दों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
मऊ। वलीदपुर के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर के नेतृत्व में जिलाधिकारी मऊ से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने नगर की प्रमुख समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को मजबूती से जिलाधिकारी के समक्ष रखा।

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा रामलीला मैदान से संघत जी तक निर्माणाधीन आरसीसी सड़क को शीघ्र पूरा कराने का रहा। इसके साथ ही बाज़ार से रामनगर मोड़ को जोड़ने वाली सड़क सहित वलीदपुर की अन्य आवश्यक सड़कों, विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट रूप से कहा कि वलीदपुर की जनता को आश्वासन नहीं, धरातल पर विकास कार्य चाहिए। जिलाधिकारी महोदय ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान एवं आवश्यक विकास कार्यों को कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर आईटी मंच के प्रदेश महामंत्री आनंद ओमर, वलीदपुर व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष मनीष वर्मा, नगर उपाध्यक्ष अंकित वर्मा, महामंत्री मो० फैज अहमद एवं उपाध्यक्ष जमाल हासिम सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं साथी मौजूद रहे।

व्यापार मंडल ने कहा कि वलीदपुर के विकास के मुद्दे सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेंगे। जनता की समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना व्यापार मंडल की प्राथमिकता है।

वलीदपुर का विकास—जनता का अधिकार, और इसके लिए हमारी आवाज लगातार बुलंद रहेगी।