जनपद मऊ -: मऊ के रतनपुरा पहुंचे ओमप्रकाश राजभर
सुभासपा अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर आज रतनपुरा पहुंचे।

उनके पहुंचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
जनपद मऊ -: मऊ के वलीदपुर में बिजली संकट से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
रामलीला मैदान के पास 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से काजी टोला समेत आसपास के सैकड़ों घरों में बिजली और पानी की समस्या खड़ी हो गई। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समय पर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।

मोहल्लेवासियों ने निजी खर्च पर मऊ से नया ट्रांसफार्मर मंगवाया। संबंधित जेई से संपर्क न होने पर लोगों ने अधिशासी अभियंता को मामले की जानकारी दी। इसके बाद बिजली कर्मियों को मौके पर भेजा गया और रात करीब एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

वहीं, विद्युत जेई रामविलास पासवान ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्होंने ट्रांसफार्मर लगवाने में पूरा सहयोग किया और रात 9 बजे तक संबंधित लोगों से वार्ता हुई थी।

अब सवाल यह है कि अगर बिजली विभाग की व्यवस्था समय पर सक्रिय होती तो क्या लोगों को अपने पैसे से ट्रांसफार्मर मंगवाना पड़ता?
जनपद मऊ -: विकास कार्य का लोकार्पण
वार्ड नंबर 3, बधुआ गोदाम बहरीपुर डुमरांव में ₹9.13 लाख की लागत से मुख्य मार्ग से जितेंद्र सिंह के मकान तक कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य का लोकार्पण नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल ने किया |

इस अवसर पर वार्ड के सभासद प्रतिनिधि श्री अरविंद जी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे। क्षेत्र में बेहतर आवागमन और सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह कार्य महत्वपूर्ण कदम है।
जनपद मऊ -: मुहम्मदाबाद गोहना में बालिकाओं को ट्रैक सूट और मेडल पहनाकर किया गया सम्मानित, खंड शिक्षा अधिकारी ने दिए प्रेरणादायी संदेश
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ:
डाइट प्राचार्य  अतुल कुमार तिवारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी  संतोष कुमार उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन तथा प्रेरणा से परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। बुधवार को विकासखंड  के कम्पोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद गोहना-2 में एक प्रेरणास्पद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत ब्लॉक के  खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी द्वारा कक्षा 6, 7 और 8 की प्रतिभाशाली बालिकाओं को ट्रैक सूट एवं मेडल पहनाकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया। यह पुरस्कार विद्यालय के प्रधानाध्यापक  राजेश कुमार एवं बच्चियों की कोच श्रीमती मंजू चौरसिया की अनुशंसा पर ब्लॉक, जनपद, मंडल एवं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट प्रतिभाग और सफलता के लिए प्रदान किया गया।

ओमप्रकाश तिवारी ने सभी विद्यालयों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जो विद्यालय इसी तरह नवाचारी एवं छात्रों के लिए समग्र प्रयास करेंगे, उनके लिए मेरा प्रशासनिक और हरसंभव सहयोग हमेशा बना रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि हमारे सभी विद्यालय बेहतरीन हैं, परंतु हमें एक-दूसरे विद्यालयों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने कहा कि  हम सभी एकेडमिक पर्सन को कार्य करने का अवसर मिलना बड़े ही सौभाग्य की बात है। उनका यह मार्गदर्शन शिक्षकों और बच्चों में नई ऊर्जा का संचार करता है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक  राजेश कुमार,  ओमप्रकाश ओझा, श्रीमती सीमा सिंह,  मंजू चौरसिया सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया अभियान
जनपद मऊ -: मुख्य मंत्री द्वारा दिये गये निर्देश के अनुपालन में स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा "मिशन सेफ फ्यूचर-2.0" अभियान  11.08.2026 से 25.08.2026 तक संचालित किया जा रहा है जिसके अन्तर्गत स्कूली वाहनों की चेकिंग का कार्य

दोहरीघाट, घोसी एवं कोपागंज क्षेत्र के विद्यालयों एवं मार्ग पर संचालित वाहनों के प्रति प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान 10 वाहनों का चालान तथा 03 वाहनों को निरूद्ध किया गया तथा स्कूल वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन हेतु विद्यालय के प्रबन्धकों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने स्कूलों के वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से करा लिया जाय तथा जिन विद्यालयों में प्राइवेट वाहनों से स्कूली बच्चों को ढोया जा रहा है यह कार्य कदापि न किया जाय, अन्यथा जिस विद्यालय के प्राइवेट वाहन से यदि कोई घटना घटती है तो सम्पूर्ण जिम्मेदारी उसी विद्यालय के प्रबन्धक / प्रधानाचार्य / वाहन स्वामी की होगी तथा यह भी सूचित किया गया कि जिन स्कूल के वाहनों का फिटनेस / परमिट समाप्त हो गया है और उनके द्वारा फिटनेस / परमिट नहीं कराया जाता है तो उन विद्यालय के प्रबन्धक के विरूद्ध एफ०आई०आर० की कार्यवाही की जायेगी।

उक्त कार्य में परिवहन विभाग मऊ के सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सुहेल अहमद एवं प्रवर्तन पर्यवेक्षक जनमेजय यादव, प्रवर्तन सिपाही दुर्गविजय यादव के साथ चेकिंग का कार्य किया गया।
पुलिस लाइन सभागार जनपद मऊ में विभिन्न शाखाओं एवं थानों के कार्यों की समीक्षा हेतु गोष्ठी आयोजित

मऊ।पुलिस अधीक्षक मऊ,  कमलेश बहादुर द्वारा पुलिस लाइन सभागार में जनपद पुलिस के विभिन्न शाखाओं एवं थानों में संचालित कार्यों की समीक्षा हेतु समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई ।

गोष्ठी में समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त शाखा प्रभारी, थानों पर गठित साइबर सेल के प्रभारी एवं संबंधित कर्मचारी, थानों के सीसीटीएनएस ऑपरेटर एवं संबंधित कर्मचारी, महिला हेल्प डेस्क के प्रभारी, मिशन शक्ति के प्रभारी, आईजीआरएस का कार्य संपादित करने वाले कर्मचारी तथा थानों पर रिट/पासपोर्ट संबंधी कार्य संपादित करने वाले कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया ।

समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों की प्रगति एवं स्थिति की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा- निर्देश प्रदान किए गए । संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए ।

गोष्ठी के माध्यम से साइबर अपराध से संबंधित कार्यवाही, सीसीटीएनएस संबंधी कार्य, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति, आईजीआरएस तथा रिट/पासपोर्ट संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के साथ प्रभावी ढंग से संपादित करने हेतु आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए ।
जनपद मऊ -: सीडीओ ने कंपोजिट विद्यालय शाहपुर का किया औचक निरीक्षण, 08 शिक्षक मिले उपस्थित
छात्रों की कम उपस्थिति पर अभिभावकों से संपर्क कर उपस्थिति बढ़ाने के दिए निर्देश

साफ-सफाई, गैस सिलेंडर एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

आज मुख्य विकास अधिकारी  विवेक कुमार श्रीवास्तव द्वारा प्रातः 8:10 बजे कंपोजिट विद्यालय शाहपुर विकास खंड कोपागंज का औचक निरीक्षण किया गया।

विद्यालय में 09 अध्यापक एवं 01 अनुदेशक की तैनाती है। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक सहित 09 के सापेक्ष 08 अध्यापक उपस्थित मिले तथा सभी अपने-अपने कक्षाओं में शिक्षण कार्य करते पाए गए।

एक अध्यापक कोपागंज बीआरसी पर प्रशिक्षण में गया हुआ था। अनुदेशक को बीएसए कार्यालय से संबद्ध बताया गया। विद्यालय में अध्यापकों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। विद्यालय में नामांकित बच्चों की अपेक्षा छात्र उपस्थिति कम पाई गई।

इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अध्यापकों को अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बच्चों के निर्धारित ड्रेस में विद्यालय न आने पर भी अभिभावकों एवं बच्चों से संपर्क कर उन्हें ड्रेस में विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

प्रत्येक कक्षा के बच्चों से आलेख एवं अंकगणित से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकांश बच्चों द्वारा सही उत्तर दिया गया।अध्यापकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने एवं बच्चों के शैक्षिक स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसर, शौचालय एवं हैंडवॉश स्थल की साफ-सफाई  मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, कोपागंज को तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए तथा प्रधानाध्यापक को सख्त चेतावनी दी।

विद्यालय में 05 रसोइया कार्यरत हैं। रसोईघर साफ-सुथरा पाया गया, किंतु भोजन लकड़ी से बनाया जा रहा था। विद्यालय में उपलब्ध दोनों गैस सिलेंडर खाली पाए गए। बताया गया कि विद्यालय में इंडियन गैस का कनेक्शन है, जबकि उपलब्ध सिलेंडर एचपी के हैं, जिसके कारण गैस नहीं मिल पा रही है।

मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, कोपागंज को एचपी के सिलेंडर को तत्काल इंडियन गैस के सिलेंडर से बदलवाकर विद्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्यालय में संचालित 02 आंगनबाड़ी केंद्रों पर निरीक्षण के समय कार्यकर्ती एवं सहायिका उपस्थित नहीं मिलीं।बच्चे कमरे के बाहर बैठे पाए गए। बाद में कार्यकर्ती एवं सहायिका विलंब से उपस्थित हुईं।

दोनों केंद्रों पर केंद्र का नाम भी अंकित नहीं पाया गया। कार्यकर्ती एवं सहायिका के विलंब से उपस्थित होने के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मऊनाथ भंजन की ओर से हिंदी भवन में विशेष समारोह का आयोजन


जनपद मऊ -: गोस्वामी तुलसीदास जयंती के अवसर पर बुधवार को हिंदी साहित्य परिषद, मऊनाथ भंजन की ओर से हिंदी भवन में विशेष समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संयोजन डां.एससी तिवारी जी ने किया.

कार्यक्रम शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें साहित्यप्रेमियों और हिंदी के विद्वानों ने गोस्वामी तुलसीदास के साहित्यिक योगदान और उनके विचारों पर चर्चा की।

समारोह में डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आजमगढ़ के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. शशिभूषण श्रीवास्तव ‘प्रशांत’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए रामचरितमानस की सामाजिक एवं मानवीय प्रासंगिकता को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में तुलसीदास की रचनाओं, विशेष रूप से रामचरितमानस, के माध्यम से समाज को मिले नैतिक और मानवीय मूल्यों पर भी चर्चा हुई। आयोजन के माध्यम से हिंदी साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के प्रति नई पीढ़ी को जोड़ने का संदेश दिया गया।

समारोह में साहित्यकारों, हिंदी प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजकों ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास की रचनाएं आज भी समाज को परहित, करुणा, मर्यादा और मानवता का संदेश देती हैं।
जनपद मऊ -: कोटेदार और मंत्री पर आरोप लगाते हुए युवक धरने पर बैठा
मऊ के घोसी क्षेत्र में एक युवक ने कोटेदार और मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया है।

युवक का आरोप है कि उसकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिसके विरोध में उसने धरने का रास्ता अपनाया है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है।

अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।
जनपद मऊ -: घोसी सांसद राजीव राय ने जिलाधिकारी से की मुलाकात

घोसी सांसद राजीव राय ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।