कोविड कर्मियों के दस्तावेजों का होगा सत्यापन, तीन दिन में जमा करने होंगे अभिलेख


*पुनः कार्य लिए जाने की प्रक्रिया के तहत कोविड कर्मियों के अभिलेखों का सत्यापन*


*कोविड कर्मी तीन दिन में जमा करें शैक्षिक प्रमाण-पत्र, आधार, पैन व अनुभव प्रमाण-पत्र*


*गोण्डा 19 अगस्त 2026*  .।
-  कोविड-19 महामारी के दौरान जनपद में विभिन्न वित्तीय स्रोतों से कार्यरत रहे कोविड कर्मियों से पुनः कार्य लिए जाने के संबंध में शासन के निर्देशों के क्रम में उनके दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी कार्यालय आदेश में कोविड महामारी के दौरान कार्यरत रहे ऐसे कर्मियों, चाहे वे अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम (एएमएस) ऐप पर पंजीकृत रहे हों अथवा अपंजीकृत, से संबंधित अभिलेख सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


इसके तहत जनपद गोण्डा में कोविड महामारी के दौरान कार्यरत रहे कोविड कर्मियों के अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। संबंधित कर्मियों को आदेश जारी होने की तिथि से तीन दिवस के भीतर स्वप्रमाणित दस्तावेज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने होंगे।

सत्यापन के लिए कर्मियों को स्वप्रमाणित समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्रों के साथ दो फोटोग्राफ, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा संबंधित अवधि का बैंक द्वारा प्रमाणित बैंक स्टेटमेंट, कोविड-19 के समय आउटसोर्स एजेंसी द्वारा जारी नियुक्ति पत्र तथा सक्षम अधिकारी सीएमओ, सीएमएस अथवा अन्य सक्षम अधिकारी द्वारा निर्धारित प्रारूप पर जारी अनुभव प्रमाण-पत्र भी जमा करना अनिवार्य होगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित कोविड कर्मियों से निर्धारित समयावधि में अभिलेख प्रस्तुत कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।
एलबीएस डिग्री कॉलेज में प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए समर्थ पोर्टल पर स्टेप-2 और स्टेप-3 पूरा करने की सूचना
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज प्रशासन ने सत्र 2026-27 में प्रवेशित स्नातक एवं परास्नातक प्रथम सेमेस्टर के उन सभी छात्र-छात्राओं के लिए  महत्वपूर्ण सूचना जारी की है, जिन्होंने माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण तो कर लिया है, लेकिन अभी तक स्टेप-2 एवं स्टेप-3 पूरा नहीं किया है।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने निर्गत सूचना में कहा है कि छात्र-छात्राओं को 23 अगस्त 2026 तक स्टेप-2 एवं स्टेप-3 पूरा करके संबंधित पटल/विभाग में जमा करना होगा, ताकि महाविद्यालय द्वारा उनका विश्वविद्यालय समर्थ रजिस्ट्रेशन फॉर्म ऑनलाइन सत्यापित किया जा सके।
सूचना में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि तक प्रक्रिया पूरी न करने की स्थिति में संबंधित छात्र-छात्राएँ विश्वविद्यालयीय परीक्षा आवेदन फॉर्म भरने से वंचित हो सकते हैं, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित छात्र-छात्रा की होगी।
महाविद्यालय की वेबसाइट पर भी सत्र 2026-27 से संबंधित प्रवेश सूचनाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
एलबीएस डिग्री कॉलेज में होगा गोस्वामी तुलसीदास जयंती-समारोह
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा के हिंदी विभाग एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में 19 अगस्त, बुधवार को गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर “तुलसी-साहित्य की समकालीन प्रासंगिकता” विषय पर विचार-गोष्ठी आयोजित होगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के कृतकार्य आचार्य एवं अध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र नाथ मिश्र मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. जयशंकर तिवारी हैं।
समारोह का आयोजन 19 अगस्त को प्रातः 10:15 बजे ललिता शास्त्री सभागार में होगा। आयोजन का उद्देश्य गोस्वामी तुलसीदास के साहित्य, विशेषकर रामचरितमानस, की समकालीन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रासंगिकता पर विमर्श करना है।
गौरतलब है कि 19 अगस्त 2026 को श्रावण शुक्ल सप्तमी के अवसर पर देश भर में गोस्वामी तुलसीदास जयंती मनाई जाएगी।
हिंदी विभाग ने महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मियों एवं विद्यार्थियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर विचार गोष्ठी को सार्थक बनाने की अपील की है।
विभिन्न 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में 20 अगस्त को धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन
गोण्डा। कांग्रेस निशक्त जन प्रकोष्ठ द्वारा अपनी विभिन्न लंबित एवं न्यायोचित 12 सूत्रीय मांगों के समाधान हेतु आगामी 20 अगस्त को अंबेडकर चौराहा, जिला पंचायत टीनशेड के नीचे एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के उपरांत, मुख्यमंत्री/जिलाधिकारी महोदय को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।

हमारी प्रमुख मांगों में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 का पूर्णतया क्रियान्वयन प्रमुख है। इसके साथ ही अन्य विभागीय व स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सम्मिलित है। यदि प्रशासन द्वारा हमारी इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो कांग्रेस निशक्त जन प्रकोष्ठ भविष्य में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और अधिक तीव्र करने के लिए बाध्य होगा।
सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों एवं कर-करेत्तर की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न**
**निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें—मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल**

*देवीपाटन मण्डल की पहल 1 लाख स्टडी टेबल का पूरे मण्डल में किया जाय वितरण-आयुक्त*

**स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला-संबंधी जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करें**

**मण्डलीय अधिकारी नियमित अनुश्रवण एवं क्षेत्रीय भ्रमण से योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते रहे**

**गोंडा, 18 अगस्त 2026।** देवीपाटन मण्डल की मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों एवं कर-करेत्तर राजस्व वसूली की प्रगति की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मण्डल के जनपद गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती एवं बलरामपुर में संचालित विकास योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा विभागवार राजस्व वसूली की समीक्षा की गई।

मण्डलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित की जाए। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनके अधिकारी विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रगति में प्रभावी सुधार लाएं।


सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय रैंकिंग एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग की प्रगति का नियमित अनुश्रवण करें तथा डैशबोर्ड पर आंकड़ों को समय से अद्यतन कराएं। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में हर स्थिति में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा उन्हें समय से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

मण्डलायुक्त ने चारों जनपदों की विकास एवं राजस्व संबंधी प्रगति की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं को गति देते हुए जनसामान्य को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए तथा निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। संबंधित अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं प्रयुक्त सामग्री की जांच सुनिश्चित करें। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का हस्तांतरण संबंधित उपयोगकर्ता विभाग को शीघ्र कराया जाए, ताकि उन्हें जनसामान्य के उपयोग में लाया जा सके।

मण्डलायुक्त ने  छात्र-छात्राओं को फोल्डेबल स्टडी टेबल का शत-प्रतिशत वितरण हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा वितरण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

उन्होंने सभी मण्डलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा जनपदों से प्राप्त प्रगति का निरंतर अनुश्रवण करें। अधिकारी समय-समय पर क्षेत्रीय भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लें तथा फील्ड स्तर पर प्राप्त जनसमस्याओं एवं शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला-संबंधी जनसमस्याओं तथा शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा

बैठक में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने वाणिज्य कर/राज्य कर, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, खनन, विद्युत, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों की राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली में निरंतर प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई कर बकाया राजस्व की वसूली की जाए। लक्ष्य के सापेक्ष कम उपलब्धि वाले विभाग विशेष अभियान चलाकर राजस्व संग्रह में तेजी लाएं तथा विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करें।

मण्डलायुक्त ने कर चोरी एवं राजस्व क्षति की संभावनाओं को रोकने के लिए नियमानुसार जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

बैठक में चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, संबंधित मण्डलीय अधिकारी, जनपदीय अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बाढ़ प्रभावित गांवों का सीडीओ ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा


*बाढ़ क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें अधिकारी, पशुओं के लिए भी हो चारे की समुचित व्यवस्था-सीडीओ*


*गोण्डा 18 अगस्त,2026*।
तहसील तरबगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली सहित अन्य प्रभावित गांवों का जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, उपजिलाधिकारी तरबगंज एवं जिला आपदा विशेषज्ञ ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन सभी मजरों की स्थिति का जायजा लिया, जहां बाढ़ का पानी पहुंच गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल लंच पैकेट, राशन किट तथा आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक समय से सहायता पहुंच सके।

मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखें और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए समय से भूसा एवं अन्य आवश्यक चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों को राहत सामग्री के वितरण में पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों में स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि आवश्यक सहायता समय से उपलब्ध कराई जा सके।
सावन और आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
गोंडा। सावन माह और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के साथ जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा एवं समन्वय बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी निगरानी

डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। नियमित पैदल गश्त के साथ रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहने और छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेने को कहा गया।

जुलूस और शोभायात्राओं को लेकर आयोजकों से समन्वय

बैठक में धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों और शोभायात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि आयोजकों के साथ पहले से समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग और तय व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

इसके साथ ही किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सोशल मीडिया पर आने वाली संवेदनशील सूचनाओं की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

लंबित मुकदमों और वांछित अपराधियों की समीक्षा

समीक्षा बैठक में लंबित अभियोगों, गंभीर एवं जघन्य अपराधों, वांछित अभियुक्तों, वारंटियों और विवेचनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को वांछित और वारंटी आरोपितों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

सक्रिय अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के साथ अवैध शराब, मादक पदार्थों और अवैध शस्त्रों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

डीआईजी ने अपराध होने से पहले उसकी रोकथाम के लिए बीट पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए।

फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश

बैठक में जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। थाना स्तर पर आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पीड़ित की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

महिला और बाल अपराधों पर विशेष फोकस

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

महिला बीट अधिकारियों को नियमित भ्रमण करने और महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जरूरतों की जानकारी लेने को कहा गया।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना स्तर पर प्रभावी सुरक्षा कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था का जायजा लें। सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेकिंग की जाए।

त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस और थाना पुलिस को संयुक्त रूप से प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अलर्ट मोड पर रहेगा पुलिस बल

एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे और आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को हमेशा अलर्ट मोड में रखा जाएगा।

अधिकारियों को आपसी समन्वय, टीम भावना और पूरी सतर्कता के साथ काम करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, यातायात प्रभारी समेत पुलिस की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर होने वाले तिरंगा यात्रा के लिए की गई बैठक
गोंडा उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जनपद पदाधिकारी की बैठक संघ के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय चौधरी चरण सिंह सिंचाई डाक बंगला मे संपन्न हुई कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला ने किया मंडल अध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडे ने कहा कि आगामी 20 अगस्त को प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर पुरानी पेंशन बहाली व गोंडा जनपद में जीपीएस फोटो शासनादेश के विपरीत कर्मचारियों से मांगा जा रहा है उक्त मांगों को लेकर होने वाली तिरंगा यात्रा व कर्मचारियों की मांगों के लेकर रूपरेखा तय की गई तिरंगा रैली संपन्न कराने की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष अमीर अहमद को सौंप गई प्रत्येक विकास खंड से ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा के लिए कर्मचारी एकत्रित होकर जिला मुख्यालय दोपहर 12:00 बजे पहुंच कर कार्यक्रम सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है साथ ही सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि समस्त कर्मचारी गांधी पार्क में बापूजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गांधी पार्क से अंबेडकर चौराहा पहुंचकर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के मूर्ति पर माल्यार्पण कर ज्ञापन सोपा जाएगा बैठक में जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला कोषाध्यक्ष अमीर अहमद संगठन मंत्री उधो राम गौतम संप्रेक्षक राम रूप वर्मा ब्लॉक अध्यक्ष रुपईडीह लखनलाल पासवान ब्लॉक अध्यक्ष इटियाथोक लोकनाथ शुक्ला ब्लॉक अध्यक्ष पडरी कृपाल अभिमन्यु कुमार ब्लॉक अध्यक्ष मुझेहना धर्मेंद्र पांडे रघुनाथ मौर्य सनीराम कनौजिया रवि गोस्वामी हरेंद्र सिंह अतुल तिवारी प्रदीप वर्मा धर्मेंद्र वर्मा राम सजीवन तिवारी कार्यक्रम सफल बनाने के लिए इन सभी को जिम्मेदारी सौंप गई है l
जनता दर्शन में शिकायतकर्ताओं ने उपस्थित होकर बताई राशन कार्ड की समस्या*


*जांच के बाद जनता दर्शन में लाभार्थियों को मिले राशन कार्ड*


*गोण्डा 18 अगस्त,2026*।
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विकासखण्ड झंझरी के ग्राम इमरती विसेन निवासी बीनू सिंह पत्नी संतोष सिंह, रेशमा पत्नी मोहम्मद असलम, संगीता पत्नी कृष्ण कुमार पाण्डेय एवं मौना देवी पत्नी सालिकराम ने जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्या रखी। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उनके परिवारों में आय का कोई नियमित जरिया नहीं है, जिसके कारण उन्हें परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पात्रता के आधार पर राशन कार्ड जारी किए जाने का अनुरोध किया।

शिकायतकर्ताओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी आवेदकों की पात्रता की जांच कर नियमानुसार राशन कार्ड जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा संबंधित सभी लाभार्थियों की पात्रता की जांच की गई।

पात्रता जांच में नियमानुसार योग्य पाए जाने के बाद चारों लाभार्थियों के राशन कार्ड तैयार कराए गए। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन द्वारा बीनू सिंह, रेशमा, संगीता एवं मौना देवी को राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए। राशन कार्ड प्राप्त होने पर लाभार्थियों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है। पात्र लोगों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर एआरओ खाद्य एवं रसद विभाग शिव प्रकाश त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एल. बी. एस डिग्री कॉलेज में तीसरे और पाँचवें सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ। 18 से 29 अगस्त तक होंगे प्रवेश।
*गोंडा, 17 अगस्त।* श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं में प्रथम सेमेस्टर के अतिरिक्त भी प्रवेश की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। महाविद्यालय से निर्गत सूचना के अनुसार बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.एससी. कृषि एवं परास्नातक तृतीय सेमेस्टर तथा बी.ए., बी.एससी. एवं बी.कॉम. पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 18 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी।

प्रवेशार्थियों को अपना ऑनलाइन पूरित आवेदन-पत्र महाविद्यालय की वेबसाइट www.lbsdc.org.in पर पूर्ण करने के बाद संबंधित प्राध्यापकों से अग्रसारित कराकर महाविद्यालय में प्रवेश लेना होगा। ऑनलाइन आवेदन-पत्र अग्रसारित कराने के उपरांत निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के बाद संबंधित प्रवेश काउंटर से शुल्क रसीद प्राप्त की जा सकेगी।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न कक्षाओं एवं सेमेस्टरों के लिए नामित प्राध्यापकों और स्थानों का निर्धारण भी किया गया है।
बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्रों के प्रवेश के लिए प्रो. वी.सी-एच.एन. के श्रीनिवास राव एवं डॉ. वंदना भारतीय को नामित किया गया है, जबकि बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं के प्रवेश की जिम्मेदारी पूजा यादव एवं डॉ. योगेंद्र नाथ श्रीवास्तव को दी गई है। इसी प्रकार बी.ए. पंचम सेमेस्टर के छात्रों के लिए डॉ. अवधेश कुमार वर्मा एवं डॉ. शैलेश कुमार तथा छात्राओं के लिए डॉ. सुनील तिवारी एवं डॉ. अमित कुमार शुक्ल को नामित किया गया है।

बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की छात्राओं के प्रवेश के लिए प्रो. अरविंद कुमार शर्मा एवं डॉ. अंकिता मौर्य, जबकि छात्रों के लिए डॉ. रेखा शर्मा एवं डॉ. पुनीत कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर के छात्रों के प्रवेश के लिए डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. संजय कुमार तथा छात्राओं के लिए श्री शिशिर त्रिपाठी एवं डॉ. अवनीश मिश्रा को नामित किया गया है। बी.कॉम. तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के सभी विद्यार्थियों के प्रवेश की जिम्मेदारी डॉ. माला सिंह एवं डॉ. दलीप सिंह को दी गई है।

महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश संबंधी सभी कार्य संबंधित विभागों में ही संपन्न होंगे तथा विभाग के अन्य शिक्षक प्रवेश कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। प्रवेशार्थियों से निर्धारित अवधि में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की गई है।

प्रवेश-समिति के संयोजक प्रो. संजय कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।