बाढ़ प्रभावित गांवों का सीडीओ ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा


*बाढ़ क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें अधिकारी, पशुओं के लिए भी हो चारे की समुचित व्यवस्था-सीडीओ*


*गोण्डा 18 अगस्त,2026*।
तहसील तरबगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली सहित अन्य प्रभावित गांवों का जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, उपजिलाधिकारी तरबगंज एवं जिला आपदा विशेषज्ञ ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन सभी मजरों की स्थिति का जायजा लिया, जहां बाढ़ का पानी पहुंच गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल लंच पैकेट, राशन किट तथा आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक समय से सहायता पहुंच सके।

मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखें और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए समय से भूसा एवं अन्य आवश्यक चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों को राहत सामग्री के वितरण में पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों में स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि आवश्यक सहायता समय से उपलब्ध कराई जा सके।
सावन और आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
गोंडा। सावन माह और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के साथ जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा एवं समन्वय बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी निगरानी

डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। नियमित पैदल गश्त के साथ रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहने और छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेने को कहा गया।

जुलूस और शोभायात्राओं को लेकर आयोजकों से समन्वय

बैठक में धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों और शोभायात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि आयोजकों के साथ पहले से समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग और तय व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

इसके साथ ही किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सोशल मीडिया पर आने वाली संवेदनशील सूचनाओं की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

लंबित मुकदमों और वांछित अपराधियों की समीक्षा

समीक्षा बैठक में लंबित अभियोगों, गंभीर एवं जघन्य अपराधों, वांछित अभियुक्तों, वारंटियों और विवेचनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को वांछित और वारंटी आरोपितों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

सक्रिय अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के साथ अवैध शराब, मादक पदार्थों और अवैध शस्त्रों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

डीआईजी ने अपराध होने से पहले उसकी रोकथाम के लिए बीट पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए।

फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश

बैठक में जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। थाना स्तर पर आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पीड़ित की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

महिला और बाल अपराधों पर विशेष फोकस

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

महिला बीट अधिकारियों को नियमित भ्रमण करने और महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जरूरतों की जानकारी लेने को कहा गया।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना स्तर पर प्रभावी सुरक्षा कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था का जायजा लें। सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेकिंग की जाए।

त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस और थाना पुलिस को संयुक्त रूप से प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अलर्ट मोड पर रहेगा पुलिस बल

एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे और आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को हमेशा अलर्ट मोड में रखा जाएगा।

अधिकारियों को आपसी समन्वय, टीम भावना और पूरी सतर्कता के साथ काम करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, यातायात प्रभारी समेत पुलिस की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर होने वाले तिरंगा यात्रा के लिए की गई बैठक
गोंडा उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जनपद पदाधिकारी की बैठक संघ के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय चौधरी चरण सिंह सिंचाई डाक बंगला मे संपन्न हुई कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला ने किया मंडल अध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडे ने कहा कि आगामी 20 अगस्त को प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर पुरानी पेंशन बहाली व गोंडा जनपद में जीपीएस फोटो शासनादेश के विपरीत कर्मचारियों से मांगा जा रहा है उक्त मांगों को लेकर होने वाली तिरंगा यात्रा व कर्मचारियों की मांगों के लेकर रूपरेखा तय की गई तिरंगा रैली संपन्न कराने की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष अमीर अहमद को सौंप गई प्रत्येक विकास खंड से ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा के लिए कर्मचारी एकत्रित होकर जिला मुख्यालय दोपहर 12:00 बजे पहुंच कर कार्यक्रम सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है साथ ही सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि समस्त कर्मचारी गांधी पार्क में बापूजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गांधी पार्क से अंबेडकर चौराहा पहुंचकर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के मूर्ति पर माल्यार्पण कर ज्ञापन सोपा जाएगा बैठक में जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला कोषाध्यक्ष अमीर अहमद संगठन मंत्री उधो राम गौतम संप्रेक्षक राम रूप वर्मा ब्लॉक अध्यक्ष रुपईडीह लखनलाल पासवान ब्लॉक अध्यक्ष इटियाथोक लोकनाथ शुक्ला ब्लॉक अध्यक्ष पडरी कृपाल अभिमन्यु कुमार ब्लॉक अध्यक्ष मुझेहना धर्मेंद्र पांडे रघुनाथ मौर्य सनीराम कनौजिया रवि गोस्वामी हरेंद्र सिंह अतुल तिवारी प्रदीप वर्मा धर्मेंद्र वर्मा राम सजीवन तिवारी कार्यक्रम सफल बनाने के लिए इन सभी को जिम्मेदारी सौंप गई है l
जनता दर्शन में शिकायतकर्ताओं ने उपस्थित होकर बताई राशन कार्ड की समस्या*


*जांच के बाद जनता दर्शन में लाभार्थियों को मिले राशन कार्ड*


*गोण्डा 18 अगस्त,2026*।
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विकासखण्ड झंझरी के ग्राम इमरती विसेन निवासी बीनू सिंह पत्नी संतोष सिंह, रेशमा पत्नी मोहम्मद असलम, संगीता पत्नी कृष्ण कुमार पाण्डेय एवं मौना देवी पत्नी सालिकराम ने जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्या रखी। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उनके परिवारों में आय का कोई नियमित जरिया नहीं है, जिसके कारण उन्हें परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पात्रता के आधार पर राशन कार्ड जारी किए जाने का अनुरोध किया।

शिकायतकर्ताओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी आवेदकों की पात्रता की जांच कर नियमानुसार राशन कार्ड जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा संबंधित सभी लाभार्थियों की पात्रता की जांच की गई।

पात्रता जांच में नियमानुसार योग्य पाए जाने के बाद चारों लाभार्थियों के राशन कार्ड तैयार कराए गए। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन द्वारा बीनू सिंह, रेशमा, संगीता एवं मौना देवी को राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए। राशन कार्ड प्राप्त होने पर लाभार्थियों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है। पात्र लोगों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर एआरओ खाद्य एवं रसद विभाग शिव प्रकाश त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एल. बी. एस डिग्री कॉलेज में तीसरे और पाँचवें सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ। 18 से 29 अगस्त तक होंगे प्रवेश।
*गोंडा, 17 अगस्त।* श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं में प्रथम सेमेस्टर के अतिरिक्त भी प्रवेश की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। महाविद्यालय से निर्गत सूचना के अनुसार बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.एससी. कृषि एवं परास्नातक तृतीय सेमेस्टर तथा बी.ए., बी.एससी. एवं बी.कॉम. पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 18 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी।

प्रवेशार्थियों को अपना ऑनलाइन पूरित आवेदन-पत्र महाविद्यालय की वेबसाइट www.lbsdc.org.in पर पूर्ण करने के बाद संबंधित प्राध्यापकों से अग्रसारित कराकर महाविद्यालय में प्रवेश लेना होगा। ऑनलाइन आवेदन-पत्र अग्रसारित कराने के उपरांत निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के बाद संबंधित प्रवेश काउंटर से शुल्क रसीद प्राप्त की जा सकेगी।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न कक्षाओं एवं सेमेस्टरों के लिए नामित प्राध्यापकों और स्थानों का निर्धारण भी किया गया है।
बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्रों के प्रवेश के लिए प्रो. वी.सी-एच.एन. के श्रीनिवास राव एवं डॉ. वंदना भारतीय को नामित किया गया है, जबकि बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं के प्रवेश की जिम्मेदारी पूजा यादव एवं डॉ. योगेंद्र नाथ श्रीवास्तव को दी गई है। इसी प्रकार बी.ए. पंचम सेमेस्टर के छात्रों के लिए डॉ. अवधेश कुमार वर्मा एवं डॉ. शैलेश कुमार तथा छात्राओं के लिए डॉ. सुनील तिवारी एवं डॉ. अमित कुमार शुक्ल को नामित किया गया है।

बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की छात्राओं के प्रवेश के लिए प्रो. अरविंद कुमार शर्मा एवं डॉ. अंकिता मौर्य, जबकि छात्रों के लिए डॉ. रेखा शर्मा एवं डॉ. पुनीत कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर के छात्रों के प्रवेश के लिए डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. संजय कुमार तथा छात्राओं के लिए श्री शिशिर त्रिपाठी एवं डॉ. अवनीश मिश्रा को नामित किया गया है। बी.कॉम. तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के सभी विद्यार्थियों के प्रवेश की जिम्मेदारी डॉ. माला सिंह एवं डॉ. दलीप सिंह को दी गई है।

महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश संबंधी सभी कार्य संबंधित विभागों में ही संपन्न होंगे तथा विभाग के अन्य शिक्षक प्रवेश कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। प्रवेशार्थियों से निर्धारित अवधि में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की गई है।

प्रवेश-समिति के संयोजक प्रो. संजय कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा सीडीओ ने तहसील करनैलगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए

*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*

*सम्पूर्ण समाधान करनैलगंज में  74 शिकायतों में से 6 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*

*गोण्डा 17 अगस्त, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील करनैलगंज में कुल 74 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 6 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया है शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांचकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को पुलिस फोर्स के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी करनैलगंज तहसीलदार करनैलगंज, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्राम नकहरा का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से जानी समस्याएं


*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारी रहें लगातार भ्रमणशील, समस्याओं का तत्काल करें समाधान*


*जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकी गौरा सिंहनापुर का किया निरीक्षण*

*गोण्डा 17 अगस्त,2026*।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने तहसील करनैलगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम नकहरा  तथा बाढ़ चौकी गौरा सिंहना पुर का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित सभी तैयारियां पूरी रखी जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को बिना किसी विलंब के सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी करनैलगंज, एक्सईएन बाढ़ खंड, जिला आपदा विशेषज्ञ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करते रहें।

उन्होंने कहा कि बाढ़ क्षेत्र में जलस्तर एवं अन्य परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा स्वास्थ्य, पशुपालन, सिंचाई, आपदा प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव से संबंधित सभी संसाधनों को तैयार अवस्था में रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, उप जिलाधिकारी करनैलगंज, एक्सईएन बाढ़ खंड, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला आपदा विशेषज्ञ सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गोंडा में चोरी-नकबजनी के गिरोह का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार; जेवरात और 40,800 रुपये बरामद
परसपुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई, 8 चोरी की वारदातों के खुलासे का दावा; घटना में इस्तेमाल बाइक भी मिली

गोंडा। जिले में चोरी और नकबजनी की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच परसपुर थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 40,800 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कुल आठ चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज आनंद कुमार राय के नेतृत्व में चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने क्षेत्र में सघन चेकिंग, संदिग्धों की निगरानी और गोपनीय सूचनाओं के संकलन के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई।

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने शनि पुत्र रमाशंकर निषाद, निवासी राम नेवाज पुरवा, मौजा मरचौर, थाना परसपुर और वीरेन्द्र कश्यप पुत्र दिनेश कुमार कश्यप, निवासी पिकौरा, थाना छपिया को चरहुवा बाईपास पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आई कई वारदातें

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी शनि ने बताया कि वह अपने साथियों वीरेन्द्र कश्यप, तिलकराम उर्फ झिनकू चौहान, श्यामसुंदर उर्फ गब्बर, रवि शर्मा और योगेश चौहान के साथ कभी एक साथ तो कभी अलग-अलग चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता था।

आरोपियों के अनुसार, वारदात से पहले वे लक्षित स्थान की रेकी करते थे और मौका मिलने पर घरों तथा जेवरात की दुकानों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए जेवरात को राहगीरों को अपनी मजबूरी बताकर बेचने और उससे प्राप्त रकम तथा सामान को आपस में बांटने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, शनि ने थाना परसपुर क्षेत्र के नरायनपुर साल, नरायनपुर ललक और हरदिहा सोपौर में हुई चोरी की घटनाओं में वीरेन्द्र कश्यप और योगेश चौहान के साथ शामिल होना स्वीकार किया। वहीं पसका मंदिर दक्षिण तट में हुई चोरी की घटना को अकेले अंजाम देने की बात बताई।

इसी तरह थाना छपिया क्षेत्र के तालागंज में हुई चोरी में शनि ने वीरेन्द्र कश्यप और तिलकराम उर्फ झिनकू चौहान के साथ शामिल होने की बात कही। वहीं उल्लहा में हुई चोरी की घटना में वीरेन्द्र कश्यप, तिलकराम उर्फ झिनकू चौहान, रवि शर्मा और श्यामसुंदर उर्फ गब्बर के साथ शामिल होने की जानकारी दी।

अन्य थाना क्षेत्रों की घटनाओं का भी खुलासा

पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी वीरेन्द्र कश्यप ने पूछताछ में थाना खोड़ारे क्षेत्र के औसानी बुजुर्ग में हुई चोरी की घटना को तिलकराम उर्फ झिनकू चौहान के साथ मिलकर अंजाम देने की बात बताई। इसके अलावा थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के वेलवा नोहर चौराहा स्थित जेवरात की दुकान में हुई चोरी में शनि, तिलकराम उर्फ झिनकू चौहान और श्यामसुंदर उर्फ गब्बर के साथ शामिल होने की जानकारी दी।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से बरामद 40,800 रुपये नकद और सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण उपरोक्त चोरी की घटनाओं से संबंधित बताए गए हैं। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एफजेड मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल मांगकर लाए थे और चोरी की वारदातों के दौरान इसी से आवागमन करते थे।

आठ घटनाओं के खुलासे का दावा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर थाना परसपुर के चार मामलों सहित थाना कोतवाली देहात, छपिया और खोड़ारे के चार अन्य मामलों को मिलाकर कुल आठ चोरी/नकबजनी की घटनाओं का अनावरण हुआ है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से मजबूत होगी सार्वजनिक वितरण प्रणाली


*कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री जी की घोषणा का हुआ सजीव प्रसारण*


*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति*


*उचित दर विक्रेताओं के हित में सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय*


*गोण्डा 17 अगस्त,2026*। कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की घोषणा के संबंध में  मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में जिले के उचित दर विक्रेताओं सहित जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जी द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश वृद्धि की घोषणा किए जाने पर उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।

सजीव प्रसारण कार्यक्रम के दौरान उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री जी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। लाभांश में वृद्धि को उचित दर विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि उचित दर विक्रेता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अंतिम पायदान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लाभांश वृद्धि से उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा तथा पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी एवं लाभार्थीपरक बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। उचित दर विक्रेताओं को उनके दायित्वों के निर्वहन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के साथ ही यह भी अपेक्षा की गई कि वे पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ सुनिश्चित करें। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी उचित दर विक्रेताओं तक पहुंचाना तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराना।


कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, माननीय सांसद गोण्डा/केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्र, माननीय सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि श्री संजीव सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री अकबाल बहादुर तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, एआरओ शिव प्रकाश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेतागण एवं संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बहुउद्देश्यीय हॉल में हरियाली तीज के पवन पर्व के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
महिलाओं और बच्चों ने बिखेरें रंग-

गोण्डा।  वामा सारथी संघ के तत्वावधान में रिजर्व पुलिस लाइन, गोण्डा स्थित बहुउद्देशीय हाल में हरियाली तीज के पावन पर्व के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी संघ की अध्यक्ष डॉ. तनवी जायसवाल ने की,  आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के पारंपरिक पर्व तीज के उल्लासपूर्ण वातावरण को साझा करना, महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना तथा पुलिस परिवारों के बीच आपसी सौहार्द एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा।

इस सांस्कृतिक संध्या में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों द्वारा विविध रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें मेहंदी प्रतियोगिता, सिंगिंग, डांसिंग, कविता-पाठ, फैशन शो आदि प्रमुख रहे। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से पारंपरिक लोक गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति ने तीज पर्व की सांस्कृतिक महत्ता को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक तीज गीतों व उत्सवधर्मी वातावरण के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन वामा सारथी संघ की ओर से महिलाओं एवं पुलिस परिवारों के लिए एक सशक्त सामाजिक-सांस्कृतिक मंच के रूप में अपनी पहचान को और भी सुदृढ़ करता है