जनपद मऊ -: ग्राम भेड़ियाधर में इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण
घोसी लोकसभा क्षेत्र के  मोहम्मदाबाद गोहना विधानसभा के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम भेड़ियाधर में संसदीय क्षेत्र विकास निधि से निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण किया गया।

इस विकास कार्य के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव की संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।

ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और क्षेत्र में इसी तरह अन्य विकास कार्य कराए जाने की अपेक्षा जताई।
जनपद मऊ -: घोसी में मेडिकल स्टोर में आग, 12 लाख का सामान जलकर राख
मऊ के घोसी नगर के पकड़ी मोड़ स्थित एसके मेडिकल स्टोर में बीती देर रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखी दवाइयां समेत करीब 12 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के ऊपर रह रहे मकान मालिक ने धुआं और आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय दुकानदार और लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखी अधिकांश दवाइयां, फ्रीज, इन्वर्टर, सीसीटीवी कैमरा, काउंटर, नकदी, दवाइयों के बिल और जरूरी कागजात जल चुके थे।

घोसी के बड़ागांव उत्तरी निवासी मेडिकल स्टोर संचालक संतोष कुमार ने बताया कि आग लगने से उन्हें करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया जिससे आसपास की अन्य दुकानों और मकानों तक आग फैलने से बच गई।
जनपद मऊ -: अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा
रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

सभा में वक्ताओं ने उमाशंकर सिंह के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और जनसेवा के कार्यों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
जनपद मऊ  -: संपूर्ण समाधान दिवस में 85 मामले, छह का मौके पर निस्तारण
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : तहसील परिसर में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जमीन, राशन, अतिक्रमण और रास्ते के विवाद समेत कुल 85 मामले आए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने की। डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 52, पुलिस विभाग के 18 तथा अन्य विभागों से जुड़े 15 मामले प्रस्तुत हुए। इनमें छह मामलों के लिए डीएम ने कुल चार सदस्य टीम मौके पर भेजकर निस्तारण कराया ।

डीएम ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अधिकारी मौके पर जाकर मामलों की जांच करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करें।
सोनिसा गांव निवासी जयराम पांडेय ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। सरसेना निवासी राजबली ने भूमिधरी भूमि पर निर्माण रोकने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। मड़हा पट्टी गांव के ग्राम प्रधान बृजराज निषाद ने चकमार्ग पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की मांग की।

सैदपुर मोहल्ला निवासी गुलाबचंद ने नोटिस जारी होने के बाद भी अतिक्रमण न हटाए जाने की शिकायत की। इसी प्रकार भातकोल निवासी राजेंद्र कुमार ने चकमार्ग से कब्जा हटाने, गालीबपुर गांव निवासी जमील अहमद ने चकमार्ग के सीमांकन तथा ,भोपतपुर निवासी भरत ने आवास के लिए आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री, सीओ जितेंद्र कुमार, तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार पांडेय, नायब तहसीलदार गौरव शाह, कोतवाल कमलकांत वर्मा समेत जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद मऊ -: मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में देखा गया सीएम का लाइव कार्यक्रम
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं को बड़ी राहत देते हुए उनके लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर दी है। अब राशन कोटेदारों को 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलेगा। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार से प्रदेशभर के करीब 80 हजार उचित दर विक्रेताओं को संबोधित करते हुए इसकी घोषणा की। साथ ही ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ भी किया गया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक सभागार में किया गया।
ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु तथा विशिष्ट अतिथि छोटू प्रसाद रहे। इस दौरान, पीडी सुबास चंद्र सरोज, बीडीओ अरुण कुमार वर्मा व रमाकांत, रानीपुर व मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्ति विभाग से जुड़े अधिकारी विनोद अग्रहरि, आशीष सिंह, कोटेदार संघ के अध्यक्ष अशोक सिंह और प्रदेश सचिव अतिकुरहमान सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभांश बढ़ने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा होगी। ई-पास आधारित फीडबैक व्यवस्था से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और बेहतर समन्वय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लाभांश में हुई इस बढ़ोतरी को कोटेदारों ने लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया।

कार्यक्रम में मौजूद उचित दर विक्रेताओं ने सरकार के इस निर्णय पर खुशी जताते हुए इसे महत्वपूर्ण सौगात बताया। इससे जिले के राशन कोटेदारों में भी उत्साह का माहौल रहा।
जनफ मऊ -: बढ़ुआ गोदाम के पास लूट-छिनैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
मऊ। बढ़ुआ गोदाम के पास लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित सामान बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में लूट-छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
जनपद मऊ -: श्रावण माह के तृतीय सोमवार और नाग पंचमी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

मऊ। पवित्र श्रावण माह के तृतीय सोमवार और नाग पंचमी के पावन पर्व पर सोमवार को जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, दूध और गंगाजल अर्पित कर बाबा भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया। मंदिर परिसर पूरे दिन ‘हर हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजते रहे। नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने नाग देवता की भी पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और परिवार की मंगलकामना की।

इस पावन अवसर पर बाबा बारह दुआरिया महादेव मंदिर में भी भक्तों ने पहुंचकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए और श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया। मान्यता है कि श्रावण माह में भगवान शिव की आराधना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि का आगमन होता है।
श्रावण के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से इस बार पर्व का धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से देश-प्रदेश की खुशहाली, परिवार की समृद्धि और सभी के जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना की।

बाबा बारह दुआरिया महादेव जी की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे और बाबा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें।
जनपद मऊ -: मधुबन तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस, फरियादियों की सुनी गई समस्याएं
मधुबन तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।

विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा गया और कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

अधिकारियों ने शेष शिकायतों के भी गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनपद मऊ -: मऊ में घायल लावारिस नवजात को मिला नया परिवार, ‘राजवीर’ के नाम से शुरू हुई नई जिंदगी , DM ने सौंपा
मऊ से सामने आई मानवता और संवेदनशीलता की दिल छू लेने वाली तस्वीर। 1 दिसंबर 2025 को गंभीर रूप से घायल और लावारिस हालत में मिले एक नवजात को चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों के प्रयासों से इलाज व संरक्षण मिला। लंबे प्रयासों के बाद  दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया पूरी हुई और जिलाधिकारी  आनन्द वर्द्धन ने मासूम को उसके नए माता-पिता को सौंप दिया।

दत्तक माता-पिता  अर्चना जायसवाल और अमर जायसवाल ने बच्चे को नया नाम  राजवीर जायसवाल’  दिया। अब इस मासूम को अपना घर, माता-पिता का प्यार और सुरक्षित भविष्य मिल गया है।

एक जीवन बचा, एक परिवार पूरा हुआ और एक नई कहानी की शुरुआत हुई।
पुलिस अधीक्षक मऊ ने  गाय घाट स्थित मऊ महादेव मंदिर' परिसर का किया स्थलीय निरीक्षण

मऊ ।पुलिस अधीक्षक, जनपद मऊ  कमलेश बहादुर द्वारा पवित्र श्रावण मास, कांवड़ यात्रा तथा सावन सोमवार के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के दृष्टिगत नगर के गाय घाट स्थित मऊ महादेव मंदिर' परिसर का निरीक्षण/ भ्रमण किया गया, भ्रमण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर भी मौजूद रहे । 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने मंदिर के प्रवेश एवं निकास मार्ग, परिक्रमा स्थल तथा कांवड़ियों के आवागमन मार्ग का बारीकी से अवलोकन किया ।

सावन माह में उमड़ने वाली अपार जन आस्था और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश निर्गत किए गए ।

त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र: मंदिर परिसर व मुख्य मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी (PAC), महिला पुलिस कर्मी एवं एलआईयू (LIU) की सादे वस्त्रों में तैनाती के निर्देश दिए गए ।

24x7 सीसीटीवी व ड्रोन निगरानी: मंदिर व आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर कंट्रोल रूम से निगरानी करने तथा भीड़ प्रबंधन हेतु ड्रोन कैमरों के उपयोग के निर्देश दिए।

सुगम यातायात व रूट डायवर्जन: कांवड़ यात्रियों के निर्बाध आवागमन हेतु विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू करने व मंदिर से उचित दूरी पर व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए गए ।

जलभराव व प्रकाश व्यवस्था: श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका व मंदिर प्रबंधन समिति से समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया ।

अवांछनीय तत्वों पर पैनी नजर: सोशल मीडिया एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध त्वरित व कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए ।

पुलिस अधीक्षक की अपील
"श्रावण मास व कांवड़ यात्रा आस्था और भक्ति का प्रतीक है ।

मऊ पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षित व सुगम देव-दर्शन यात्रा हेतु पूर्णतः कटिबद्ध है।

सभी नागरिक एवं श्रद्धालु शांति, सौहार्द व अनुशासन के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह पर ध्यान न देकर स्थानीय पुलिस का सहयोग करें ।