नगर निकायों में स्वच्छता, राजस्व व विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराएं: अपरजिलाधिकारी
                 
निराश्रित गोवंश के लिए गौशालाओं में पर्याप्त भूसा-चारा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

मऊ। अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त नगर निकायों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में नगर निकायों के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को घर-घर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, शौचालयों की साफ-सफाई तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कूड़ा निस्तारण एवं साफ-सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने शासन की समस्त योजनाओं को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने, निकायों के कर एवं करेत्तर देयों की शत-प्रतिशत वसूली तथा 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में वंदन योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना एवं आकांक्षी योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

निराश्रित गोवंश के लिए गौशालाओं में पर्याप्त भूसा-चारा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 एवं पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में प्रतिबंधित पालीथिन के विरुद्ध जब्ती एवं जन-जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में स्वच्छता, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

बैठक में जनपद के समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे
जनपद मऊ की पहली लैब Gphoenix Diagnostic Centre को मिला NABH Accreditation

मऊ। जनपद मऊ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। Gphoenix Diagnostic Centre, Mau को NABH (National Accreditation Board for Hospitals & Healthcare Providers) से Accreditation प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जनपद मऊ में गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय पैथोलॉजी एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

Gphoenix Diagnostic Centre, Mau को यह मान्यता उच्च गुणवत्ता के मानकों, मरीजों की सुरक्षा, विश्वसनीय जांच प्रक्रियाओं तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता के लिए प्राप्त हुई है।

संस्थान के प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि “NABH Accreditation हमारे लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि मरीजों को और बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की जिम्मेदारी को और मजबूत करने वाला कदम है।”

Gphoenix Diagnostic Centre द्वारा आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित विशेषज्ञों एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जांच सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस उपलब्धि से जनपद मऊ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं भरोसेमंद डायग्नोस्टिक सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास को नई मजबूती मिलेगी।

संस्थान के प्रबंधन ने इस उपलब्धि के लिए अपने चिकित्सकों, तकनीकी टीम, कर्मचारियों, सहयोगियों एवं सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।
रक्तदान है सर्वोत्तम महादान: दयाशंकर सिंह
शारदा नारायण हास्पिटल में रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

मऊ : रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता है। आपका रक्त तीन लोगों की जिंदगी बचाने के काम आता है। समाज में युवाओं को इस दिशा में आगे बढ़कर लोगों को प्रेरित करने की आवश्यकता है। रक्त के अभाव में प्रतिवर्ष लाखों लोग काल कवलित हो जाते हैं। जिले के प्रभारी एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने यह उदगार गुरुवार को व्यक्त किया। शारदा नारायण हास्पिटल में रक्तदाता सम्मान कार्यक्रम में वह बोल रहे थे।

संस्थान निदेशक, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ संजय सिंह ने कहा कि दुर्घटनाओं, आपात स्थिति, प्रसव संबंधी जटिलताओं, कैंसर उपचार व थैलेसिमिया जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए सुरक्षित रक्त की निरंतर आवश्यकता होती है। 18 से 65 वर्ष के बीच जिसका वजन 45-50 के बीच और हिमोग्लोबिन सामान्य हो वह ब्लड दे सकता है। मेडिकल डायरेक्टर डॉ सुजीत सिंह ने कहा कि रक्त किसी कारखाने में नहीं बन सकता इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान करना किसी भी मरीज की जिंदगी के लिए वरदान सिद्व हो सकता हैै। इस दौरान 14 लोगों को रक्तदाता सम्मान से पुरस्कृत किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने प्रशस्ति पत्र का वितरण किया।
जनपद मऊ -: रानीपुर में स्कूली बच्चों से भरी बस सड़क से नीचे पलटी, कई बच्चे घायल
मऊ। रानीपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 30 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में कई बच्चों के चोटिल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, लोहिया इंटरनेशनल स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रानीपुर क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को बस से बाहर निकाला गया। घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्कूल प्रशासन और बस चालक की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर बरती गई कथित लापरवाही उनकी जिंदगी पर भारी पड़ सकती थी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
जनपद मऊ -: हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्टॉल का जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया भ्रमण
मऊ में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में लगाए गए स्टॉल का जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अभियान से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया और लोगों से तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
जनपद मऊ -: कल्पनाथ राय इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल कॉलेज को मिली 50 एमबीबीएस सीटों की सौगात

- प्रवेश की मंजूरी से जिले में खुशी की लहर, चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ा मऊ का कद

- निदेशक डॉक्टर मनीष राय ने कहा स्वर्गीय कल्पनाथ राय का सपना हुआ सरकार

मऊ। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मऊ जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मेडिकल कॉलेज को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 50 सीटों पर प्रवेश की मंजूरी मिल गई है। इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। कॉलेज प्रशासन, चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

कल्पनाथ राय इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ मनीष राय ने कहा कि स्व. कल्पनाथ राय  का सपना साकार हुआ है। एमबीबीएस की 50 सीटों की मंजूरी मिलने से जिले के साथ ही आसपास के जनपदों के विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। मेडिकल कॉलेज में स्थानीय स्तर पर एमबीबीएस की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार, संस्थान में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एमबीबीएस की 50 सीटों की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों को और विस्तार मिलेगा तथा चिकित्सा शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धरमाराय इंगले ने कहा कि एमबीबीएस की सीटें मिलने से मऊ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा का नया रास्ता खुलेगा। आने वाले वर्षों में यहां से प्रशिक्षित होने वाले चिकित्सक क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने में इसका दूरगामी लाभ मिलने की उम्मीद है

बीते 19 जून को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की टीम ने किया था निरीक्षण

मऊ। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग टीम ने बीते 19 जून को कल्पनाथ राय इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस का निरीक्षण किया था।  टीम ने कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, अस्पताल की व्यवस्थाओं, विभागवार संसाधनों, चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता समेत विभिन्न मानकों का बारीकी से जायजा लिया था।

निरीक्षण के दौरान टीम ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों, वार्डों, ओपीडी, ओटी, जांच केंद्र, आईसीयू, इमरजेंसी और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया था। इसके साथ ही मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था तथा मेडिकल रिकॉर्ड से संबंधित अभिलेखों की भी जानकारी ली थी। कॉलेज प्रशासन की ओर से टीम को आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित मानकों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई थी।

कॉलेज प्रशासन को मिल बधाइयां

50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी की खबर के बाद मेडिकल कॉलेज से जुड़े चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने कॉलेज प्रशासन को बधाई दी। लोगों ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की मेहनत, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। सभी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
मेडिकल कॉलेज को मिली 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी को मऊ के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे जिले की पहचान एक बेहतर चिकित्सा शिक्षा केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।

निदेशक के आगमन पर बुके देकर किया स्वागत

मऊ। कल्पनाथ राय इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ मनीष राय का डॉ.अभिनव मिश्रा, डॉ. पीयूष मिश्रा, चंदन यादव, डॉ. अमित यादव, डॉ. शाजिया, डॉ. अमृता, डॉ. प्रियंका, डॉ. गीतांजलि, डॉ. जितेंद्र, डॉ. सुमित आर्या, डॉ. राकेश मद्धेशिया, मनीष राय, प्रेम प्रतीक दुबे, विवेक तिवारी, शिवांश राय, नितेश राय, दीपक शर्मा, ओम प्रकाश पांडेय, आशुतोष चतुर्वेदी ने बुके देकर सम्मानित किया।
जनपद मऊ -: घोसी की जनता ने मांगा जवाब

मऊ।आज जनपद मऊ की घोसी विधानसभा में जनता अपने अधिकारों और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के MLC से जवाब मांगती नजर आई।

जनता का साफ संदेश है—
जनता बनाना भी जानती है और हिसाब मांगना भी जानती है।

अब सवाल है कि जनता के सवालों का जवाब कौन देगा?
मऊ में रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत: बहन को देखने अस्पताल जा रहा था, हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा
मऊ। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गालिबपुर के पास रोडवेज बस ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान नगवा अगरपुर, थाना हलधरपुर निवासी संदीप चौहान (19), पुत्र महेंद्र चौहान के रूप में हुई है। बताया गया कि संदीप अपनी बहन की डिलीवरी की जानकारी लेने के लिए स्कूटी से भीटी स्थित अस्पताल जा रहा था।

गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर संगीत पैलेस भीटी के पास पहुंचा, तभी रोडवेज बस ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया।

शहर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, रोडवेज बस और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जनपद मऊ -: मऊ में तिरंगा महोत्सव का रंग, देशभक्ति के गीतों से गूंजा माहौल!
मऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित तिरंगा महोत्सव में स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
जय हिंद!
जनपद मऊ -:मऊ में बड़ा हादसा टला! 4 साल के बच्चे को लेकर सरयू पुल पर पहुंची महिला, पुलिस ने बचाई दोनों की जान
मऊ के दोहरीघाट में पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला अपने 4 वर्षीय बच्चे को लेकर सरयू नदी के पुल पर पहुंच गई और नदी में कूदने का प्रयास करने लगी। सूचना मिलते ही PRV-8238 और थाना दोहरीघाट पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व बच्चे को सकुशल बचा लिया।

बाद में दोनों को उनके रिश्तेदार की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक परिवार पर आने वाली बड़ी त्रासदी टल गई।