डायट प्रवक्ता से 9.11 लाख की ठगी,प्लाट के नाम पर धोखाधड़ी
*रियल एस्टेट कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गोंडा।जिले में डायट प्रवक्ता से आवासीय प्लॉट देने के नाम पर 9.11 लाख रूपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।आरोप रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक व कर्मचारियों पर है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर शाम लगभग 8 बजे बिहार के सीवान निवासी अश्विनी सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है।जिला मुख्यालय स्थित विष्णुपुरी कालोनी निवासी डायट प्रवक्ता संदीप जायसवाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गोरखपुर के ग्राम उनौला दोयम और पतरा में आवासीय प्लॉट खरीदने के लिए आरवीएस डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से संपर्क किया था।जिसके बाद कंपनी द्वारा प्लॉट की कीमत 12.60 लाख रुपये तय की गयी थी।संदीप के अनुसार उन्होंने अलग अलग तारीखों में आनलाइन बैंक खाते के  माध्यम से कंपनी को कुल 9.11 लाख रुपए का भुगतान कर दिया।पीड़ित ने आरोप लगाया कि भुगतान करने के बावजूद कंपनी की तरफ से उन्हें प्लॉट नहीं दिया गया और पीड़ित द्वारा अपनी रकम वापस मांगी गई तो आरोपियों ने कथित तौर पर मोबाइल फोन उठाना बंद कर दिया।संदीप का आरोप है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने आनलाइन बातचीत के दौरान उन्हें विश्वास में लिया और प्लॉट से संबंधित दस्तावेज दिखाकर रकम हासिल कर लिया।बाद में उन्हें न प्लॉट मिला और न ही जमा की गई रकम वापस की  गई।डायट प्रवक्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि कंपनी के लोग इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बना रहे हैं।उन्होंने मांग किया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनकी रकम उन्हें वापस दिलाई जाए।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच उप निरीक्षक पिंटू कुमार यादव को सौंपी गई है।पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों,भुगतान से जुड़े दस्तावेज और कंपनी की गतिविधियों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नौकरी के नाम पर 3.30 लाख की ठगी करने वाले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*जान से मारने की धमकी का भी है आरोप

गोंडा।जिले की नगर कोतवाली पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर 3.30 लाख रूपए की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आगरा के गौतम नगर निवासी संजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।यह कार्रवाई जिला मुख्यालय स्थित विष्णुपुरी कालोनी निवासी ज्योति तिवारी की शिकायत पर की गई है।ज्योति तिवारी ने पुलिस को दिए अपने तहरीर में बताया कि आरोपी संजय कुमार ने उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।इस भरोसे पर उन्होंने 18 जनवरी 2023 से 20 दिसंबर 2024 के बीच अलग अलग किश्तों में कुल 3.30 लाख रुपए आरोपी के खाते में जमा कराए।पीड़िता के अनुसार जब काफी समय व्यतीत हो जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी और आरोपी से उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उसने गाली गलौज करना शुरु कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।तहरीर में यह भी बताया गया है कि 13 जून 2026 को आरोपी गोंडा आया था,जहाँ दोबारा पैसे मांगने पर उसने कथित तौर पर अभद्रता किया और धमकी देकर चला गया।ज्योति तिवारी ने आरोप लगाया है कि आरोपी संजय कुमार ने छल कपट और धोखाधड़ी कर उनकी रकम हड़प लिया है।उन्होंने पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दिया है।
हत्याकांड में पति-पत्नी को उम्रकैद, 25-25 हजार रुपये का जुर्माना
‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत प्रभावी पैरवी के बाद गोण्डा कोर्ट ने सुनाया फैसला

गोण्डा। हत्या के मामले में प्रभावी पैरवी के चलते जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी पति-पत्नी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों दोषियों पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह कार्रवाई पुलिस के चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत की गई प्रभावी पैरवी के बाद सामने आई है।

मामला धानेपुर थाना क्षेत्र का है। वादी बृजविहारी मिश्र निवासी ग्राम खिरई खिरवा, थाना मोतीगंज ने धानेपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि राजेश शुक्ला ने उनकी पुत्री की हत्या करने के बाद दूसरी शादी कर ली और मृतका की पुत्री की भी हत्या करने का प्रयास कर रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेश शुक्ला पुत्र दुःखहरन नाथ शुक्ला और उसकी पत्नी किरन शुक्ला पत्नी राजेश शुक्ला, निवासी तुलसीरामपुरवा मौजा माधवगंज, थाना धानेपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साक्ष्य संकलन और विवेचनात्मक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने 11 जुलाई 2024 को दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश और पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देशन में ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत चिन्हित अपराधों में दोषियों को अधिकतम एवं त्वरित सजा दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 11 अगस्त 2026 को हत्या से संबंधित इस मामले में अभियोजक बसंत शुक्ला और विनय सिंह तथा थाना धानेपुर के पैरोकार कांस्टेबल सूर्य प्रताप और कोर्ट मोहर्रिर मुख्य आरक्षी मारकंडेय सिंह की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप जिला एवं सत्र न्यायाधीश दुर्गानारायण सिंह की अदालत ने राजेश शुक्ला और किरन शुक्ला को दोषसिद्ध किया। अदालत ने दोनों को आजीवन कारावास और प्रत्येक पर 25 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित पोल्ट्री कान्क्लेव/कुक्कुट निवेश मेला संपन्न
*दीप प्रज्वलित कर मेले का हुआ शुभारंभ*

*गोंडा, दिनांक: 11 अगस्त 2026।* मुख्य अतिथि *मण्डलायुक्त  दुर्गा शक्ति नागपाल* द्वारा जिला पंचायत सभागार, गोंडा में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित *मण्डल स्तरीय एक दिवसीय "पोल्ट्री कान्क्लेव/कुक्कुट निवेश मेला"* का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर मण्डलायुक्त ने कहा कि कुक्कुट व्यवसाय केवल पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक लाभदायक व्यवसाय और रोजगार का बड़ा स्रोत है।

*कुक्कुट क्षेत्र की स्थिति और अवसर*
देश में कुक्कुट उद्योग तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश में अभी भी अंडे और कुक्कुट  की मांग के मुकाबले आपूर्ति का अंतर है। इसका अर्थ है कि इस क्षेत्र में अवसर बहुत अधिक हैं।

*उत्तर प्रदेश सरकार का सहयोग एवं वित्तीय सहायता*
राज्य सरकार ने *कुक्कुट पालन विकास नीति* के तहत *1,500 करोड़ रुपये* के निवेश और *1.25 लाख* नए रोजगार का लक्ष्य रखा है। उद्यमियों को दी जाने वाली प्रमुख सुविधाएं:

1. *ब्याज अनुदान:* 5 वर्षों तक ऋण पर 7 प्रतिशत तक ब्याज अनुदान। AHIDF के तहत अतिरिक्त 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान।
2. *ऋण सुविधा:* परियोजना लागत का 70 प्रतिशत तक बैंक ऋण। उद्यमी को केवल 30 प्रतिशत मार्जिन मनी लगानी होगी।
3. *स्टांप शुल्क:* जमीन खरीदने या लीज पर लेने पर 100 प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट।
4. *बिजली शुल्क:* कुक्कुट इकाई को अगले 10 वर्षों तक विद्युत शुल्क में 100 प्रतिशत छूट।
5. *पूंजीगत अनुदान:* राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत हैचरी और फीड प्लांट लगाने पर 50 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान।
6. *ऑनलाइन प्रक्रिया:* स्वीकृतियों के लिए *कुक्कुट निवेश पोर्टल* के माध्यम से पारदर्शी व्यवस्था।
7. *KCC:* किसान भाइयों को कार्यशील पूंजी के लिए किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा जा रहा है।

*देवीपाटन मण्डल में संभावनाएं*
देवीपाटन मण्डल के चारों जिले - *गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती* कृषि प्रधान क्षेत्र हैं। यहां धान, गेहूं और विशेषकर *मक्का* का अच्छा उत्पादन होता है, जो कुक्कुट आहार का प्रमुख घटक है। इसलिए आहार सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध है। हमारे पास क्षेत्र, मानव संसाधन और प्राकृतिक संसाधन हैं जो हमारी बड़ी ताकत हैं।

*पूरा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर बल*
मण्डलायुक्त ने कहा कि हमें केवल फार्म लगाने तक सीमित नहीं रहना है। *चारा मिल, हैचरी, ब्रॉयलर/लेयर फार्म, ग्रेडिंग, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, कोल्ड चेन, परिवहन और विपणन* - पूरे तंत्र को विकसित करना होगा। इससे मण्डल में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

*तीन मुख्य फोकस क्षेत्र*
1. *जैव-सुरक्षा:* पोल्ट्री बीमारियों की रोकथाम सर्वोच्च प्राथमिकता।
2. *स्थानीय चारा उत्पादन:* मक्का उपलब्ध होने से चारे की लागत कम करने का अवसर।
3. *बाजार एवं ब्रांडिंग:* प्रसंस्करण और ब्रांडिंग पर काम कर किसानों को बेहतर दाम दिलाना।

मण्डलायुक्त ने सभी उद्यमियों और किसानों से सम्मेलन का लाभ उठाने, योजनाओं की जानकारी लेने, बैंकों से सहायता लेने और सुझाव देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से देवीपाटन मण्डल शीघ्र ही उत्तर प्रदेश का अग्रणी कुक्कुट केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन मुख्य विकास अधिकारी सहित मण्डल स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी, किसान उपस्थित रहे।
कृषि निर्यात निगरानी समिति की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में संपन्न

*मण्डल के सभी जनपदों में जिलाधिकारी  द्वारा कृषि निर्यात वैन को फ्लैग ऑफ कर प्रचार प्रसार भी कराया जाय*

*गोंडा, दिनांक: 11 अगस्त 2026।* देवीपाटन मण्डल के अंतर्गत *कृषि निर्यात निगरानी समिति* की मण्डलीय समीक्षा बैठक *मण्डलायुक्त  दुर्गा शक्ति नागपाल* की अध्यक्षता में महाराजा सुहेलदेव सभागार, गोंडा में संपन्न हुई।

बैठक में मण्डल के चारों जनपदों - *गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती एवं बलरामपुर* से कृषि एवं कृषि उत्पादों के निर्यात की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मण्डलायुक्त ने कहा कि मंडल के सभी जनपदों में  कृषि निर्यात वैन को जिलाधिकारी द्वारा फ्लैग आफ करवाई कर प्रचार प्रसार भी कराया जाय जिससे आमजन को भी जानकारी हो सके जनपद के जो भी लक्ष्य है उनका हर हाल में पूरा किया जाए , फूड प्रोसेसिंग को विद्यालय में कोर्स कर कर लोगों को जागरुक भी किया जाए
उन्होंने यह भी कहा कि जिन जनपदों में जो भी समस्याएं हैं उनका संयुक्त प्रपोजल बनाकर शासन में भेजा जाए
*बैठक के प्रमुख बिंदु एवं निर्देश:*
1. *निर्यात को बढ़ावा:* मण्डल से गेहूं, चावल, मक्का, सब्जी, फल एवं प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने के लिए निर्यातकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
2. *गुणवत्ता एवं मानक:* निर्यात हेतु भेजे जाने वाले उत्पादों में गुणवत्ता, स्वास्थ्य एवं फूड सेफ्टी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
3. *समस्याओं का निस्तारण:* निर्यातकों को प्रमाण पत्र, मंडी, परिवहन एवं कोल्ड चेन से संबंधित आ रही समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।
4. *किसान हित:* कृषकों को निर्यात से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो।
5. *विभागीय समन्वय:* कृषि, उद्यान, मंडी परिषद, एपीडा एवं कस्टम विभाग आपसी समन्वय से निर्यात प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाएं।

बैठक में निर्देशित किया गया कि निर्यात के आंकड़ों की मासिक निगरानी की जाए तथा नई संभावनाओं वाले देशों/बाजारों को चिन्हित कर निर्यात को बढ़ावा दिया जाए।

बैठक में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, मंडी परिषद, एपीडा, निर्यातक संघ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
घाघरा नदी की कटान तेज,नये परक्यूपाइन लगाकर रोकने की कोशिश
गोंडा।घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बावजूद तटबंधों के कटान का खतरा बढ़ गया है।नदी निचले इलाकों से कटान करते हुए लगातार अब तटबंधों की तरफ बढ़ रही है तथा कई स्थानों पर नदी तटबंध से सटकर बह रही है और किनारे पर कटान कर रही है।बाढ़ खंड विभाग तटबंधों कीमत सुरक्षा के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।कटान रोकने और नदी की धारा मोड़ने के लिए परक्यूपाइन लगाए जा रहे हैं।विभाग 24 घंटे तटबंधों की निगरानी कर रहा है।अधिकारियों के अनुसार जलस्तर बढ़ने से पहले लगाए गए कई परक्यूपाइन नदी में समा चुके हैं,जिसके कारण अब नए परक्यूपाइन लगाए जा रहे हैं ताकि नदी तटबंधों के किनारे कटान न करे और नदी की धारा दूसरी तरफ मुड़ जाए।हालांकि, निचले इलाकों में नदी के कटान पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया गया है,फिर भी नदी लगातार कटान कर रही है।अब यह कटान मैदानी इलाकों की जमीनों को भी प्रभावित कर रहा है।जो पहले मात्र गावों के आसपास तक सीमित था।आज मंगलवार दोपहर घाघरा नदी खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी।पिछले 24 घंटों में घाघरा नदी का जलस्तर 13 सेंटीमीटर घटा है।आज गिरजा बैराज से 137234 क्यूसेक,शारदा बैराज से 78137 क्यूसेक व सरयू बैराज से 1731 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।जिससे कुल 2,07,112 क्यूसेक पानी नदी में पहुंचा।गोंडा बाढ़ खंड विभाग के अनुसार घाघरा और सरयू दोनों नदियों का जलस्तर लगातार घट रहा है।हालांकि, सरयू नदी नवाबगंज इलाके में तेजी से कटान कर रही है,जिससे वहां भी चिंता बनी हुई है।नदी के घटते जलस्तर के कारण मंगलवार दोपहर 12 बजे बाढ़ खंड विभाग गोंडा क्षेत्र के मुख्य अभियंता मनोज कुमार साहू और अधिशासी अभियंता जय सिंह ने तटबंध पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पहुंचकर निरीक्षण किया है और युद्धस्तर पर कटान रोकने के लिए कार्य करने का निर्देश भीतर दिया है।मुख्य अभियंता मनोज कुमार साहू ने बताया कि नदी का जलस्तर अब घट रहा है,मैदानी इलाकों में नदी कटान कर रही है।कुछ ग्रामीण इलाकों के आसपास भी नदी कटान कर रही है तथा तटबंध की तरफ नदी बढ़ रही है।परन्तु उसे रोकने का कार्य किया जा रहा है।
स्कूल बसों के विरुद्ध एआरटीओ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन बसें जब्त*


*फिटनेस, परमिट एवं इंश्योरेंस फेल पाए जाने पर श्री साईं एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स कॉलेज कर्नलगंज की बसों पर हुई कार्रवाई*


*विद्यालय वाहन स्वामी सभी अभिलेख रखें अपडेटेड, लगातार जारी रहेगा जांच अभियान*


*गोण्डा 10 अगस्त,2026*।शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों में संचालित होने वाले वाहनों की सुरक्षा एवं वैध अभिलेखों की जांच के लिए परिवहन विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने विभिन्न विद्यालय वाहनों की जांच की। जांच के दौरान श्री साईं एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स कॉलेज, कर्नलगंज की तीन स्कूल बसें निर्धारित मानकों एवं आवश्यक वैध अभिलेखों के अनुरूप नहीं पाई गईं।

जांच के दौरान उक्त तीनों स्कूल बसों की फिटनेस फेल, परमिट फेल एवं इंश्योरेंस फेल पाया गया। विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों बसों को जब्त कर लिया। विभाग की इस कार्रवाई से विद्यालय संचालकों एवं स्कूल वाहन स्वामियों में हड़कंप की स्थिति रही।

एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए संचालित वाहनों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक स्कूल बस का फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज वैध एवं अद्यतन होना अनिवार्य है। वाहन मानकों के अनुरूप होने के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन स्वामियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

एआरटीओ प्रशासन ने सभी विद्यालय वाहन स्वामियों एवं विद्यालय प्रबंधनों से अपील की है कि वे अपने-अपने स्कूल वाहनों के सभी आवश्यक कागजात समय से अपडेट रखें तथा वाहन की फिटनेस एवं अन्य निर्धारित मानकों की नियमित रूप से जांच कराते रहें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में विद्यालय वाहनों की जांच का अभियान निरंतर जारी रहेगा। जांच के दौरान यदि किसी वाहन में फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेजों में कमी पाई जाती है, तो संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने विद्यालय संचालकों से अपेक्षा की है कि वे जांच अभियान को गंभीरता से लेते हुए अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें और यह सुनिश्चित करें कि विद्यालय में संचालित प्रत्येक वाहन सुरक्षित, वैध एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप हो।
श्रावण सोमवार के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा गोण्डा-अयोध्या सीमा का देर रात्रि किया निरीक्षण-
गोण्डा। श्रावण सोमवार के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा देर रात्रि थाना नवाबगंज क्षेत्रान्तर्गत ’’गोण्डा-अयोध्या सीमा’’ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा हेतु की गई ’’ट्रैफिक डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था’’ का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रमुख मार्गों, डायवर्जन प्वाइंटों एवं श्रद्धालुओं/कांवड़ियों के आवागमन वाले स्थानों पर तैनात पुलिस बल की स्थिति का निरीक्षण करते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महोदय द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ’’कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए’’, डायवर्जन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

साथ ही, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, यातायात नियमों का पालन कराने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए ’’सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने’’ के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों से अपील की गई है कि निर्धारित यातायात डायवर्जन एवं रूट का पालन करें, पुलिस प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें तथा अपनी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में पुलिस का सहयोग करें। गोण्डा पुलिस श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कृमि मुक्त होगा बचपन, स्वस्थ होगा भविष्य: गोंडा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का डीएम ने किया शुभारंभ*


*राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से किया सीधा संवाद*


*गोण्डा 10 अगस्त, 2026*। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) सभागार गोण्डा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने विद्यालय के छात्राओं को दवा खिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि पेट के कीड़ों से बच्चों को मुक्त कर उन्हें स्वस्थ, सशक्त और बेहतर भविष्य की ओर ले जाने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया।


*कार्यक्रम का शुभारंभ “स्वस्थ बचपन–उज्ज्वल भविष्य” और “छोटा कदम, बड़ा स्वास्थ्य लाभ” की थीम के साथ किया गया।*

कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों, बचाव के उपायों तथा नियमित स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “पेट के कीड़ों से छुटकारा, सेहतमंद, सशक्त एवं भविष्य हमारा” के संकल्प को साकार करने के लिए विद्यालय, अभिभावक और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर निरंतर प्रयास करना होगा।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मंच पर एल्बेंडाजोल (Albendazole) की टैबलेट वितरित की गई। बच्चों को हाथों की नियमित सफाई, स्वच्छ पानी के सेवन, नाखून साफ रखने तथा व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत 5,181 विद्यालयों एवं 3,095 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुल 18,45,736 बच्चों को एल्बेंडाजोल/डिवर्मिंग की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य बच्चों में कृमि संक्रमण को नियंत्रित कर उनके शारीरिक विकास, पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और बच्चों को निर्धारित डिवर्मिंग दवा अवश्य दिलाएं, ताकि गोंडा का हर बच्चा कृमि मुक्त, स्वस्थ और सशक्त बन सके।


*कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए विद्यालय में मिलने वाले सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली, जिस पर छात्राओं द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यालय के बाथरूम में साफ सफाई की आवश्यकता है तथा शैक्षणिक कक्ष में लगे हुए पंखे सही नहीं चल रहे हैं जो सही कराने के योग्य हैं। जिलाधिकारी ने मौके पर ही जिला विद्यालय निरीक्षक तथा विद्यालय प्रधानाचार्य को निर्देश दिए की इन दोनों बिंदुओं पर विशेष ध्यान देते हुए सही कराया जाए, ताकि विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो।*

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० सी.के. वर्मा, डॉ० आदित्य वर्मा, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डीपीएम अमरनाथ, डीसीपीएम डॉ० आर.पी. सिंह, डीईआईसी एवं आरकेएसके से संबंधित अधिकारी रंजीत राठौर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद बना महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी मंच

*माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद से महिलाओं की शिकायत हो रहा निस्तारण*

*महिलाओं की जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण हो निस्तारण संबंधित अधिकारीगण -आयुक्त*

*गोण्डा, 10 अगस्त 2026* देवीपाटन मण्डल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में सोमवार को "माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई।
- श्रीमती शुफ़िया बनो पुत्री मो० रज्जाक निवासी ग्राम रमवापुर गोविन्दा का पात्र गृहस्थी योजना का राशन कार्ड बना दिया गया है।
- श्रीमती नीलम पत्नी छबूलाल ग्राम किंधौरा पूरे जयपत्तर थाना तरबगंज तहसील तरबगंज जनपद गोंडा का दोनों पक्षों का आपसी विवाद सुलह समझौता कर दिया गया है।
- श्रीमती सरस्वती पत्नी श्री गंगाराम निवासिनी ग्राम चौधरी पुरवा मौजा हीरापुर कमियार थाना कर्नलगंज जनपद गोंडा के हिस्से की भूमि पर पैमाइश करा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
वहीं, तहसील तरबगंज के ग्राम किंधौरा पूरे जयपत्तर निवासी नीलम की सीमा विवाद संबंधी शिकायत का भी सफलतापूर्वक निस्तारण कराया गया। तहसीलदार की जांच में भूमि की सीमा को लेकर विवाद की पुष्टि होने पर राजस्व अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता कराकर विवाद समाप्त करा दिया। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में दोनों पक्षों के बीच कोई विवाद शेष नहीं है।

मण्डल प्रशासन का कहना है कि "माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद" महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी मंच बन चुका है। राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, वरासत, भूमि विवाद, घरेलू उत्पीड़न, पेंशन तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई कर महिलाओं को शीघ्र राहत दिलाई जा रही है, जिससे प्रशासन के प्रति उनका विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।
आज माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में कुल 35  शिकायतों का निस्तारण किया गया