अयोध्या : कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मेधावी स्वर्ण पदकों से सम्मानित, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने दिया आशीर्वचन
- छात्र-छात्राओं ने ली सेल्फी, गुरुजनों से लिया आशीर्वाद एक दूसरे को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के जनपद अयोध्या में साेमवार काे आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 28वें दीक्षांत समारोह में 774 छात्र-छात्राओं को उपाधियां व 24 मेधावियों को 25 स्वर्ण पदक दिया गया। प्रदेश की राज्यपाल एवं विवि की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने कुलाधिपति स्वर्ण पदक 5, कुलपति स्वर्ण पदक 13 तथा विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक 7 मेधावियों को प्रदान किया । समाराेह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट, उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख शामिल हुए।

दीक्षांत समारोह में स्नातक के तीन मेधावियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक व स्नातकोत्तर एवं पीएचडी के एक- एक मेधावियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक दिया गया। 13 मेधावियों को कुलपति स्वर्ण पदक दिया गया जिसमें स्नातक के सात, स्नातकोत्तर के पांच व पीएचडी का एक मेधावी छात्र शामिल है। इसी क्रम में स्नातक के छह व पीएचडी के एक मेधावी को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक दिया गया।

कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न महाविद्यालयों एवं मुख्य परिसर को मिलाकर स्नातक, परास्नातक एवं पीएचडी के कुल 774 छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी गईं। जिसमें स्नातक के कुल 388, परास्नातक के 335 तथा पीएचडी के कुल 51 छात्र-छात्राओं को उपाधिय़ां दी गईं। दीक्षांत समारोह के दौरान 2025-2026 के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के प्रमाण पत्र को भारत सरकार के डिजी लॉकर में अपलोड कर दिया गया।

डा. सुप्रिया व डा. जगबीर को मिला उत्कृष्ट शिक्षक का अवार्ड

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पहली बार शिक्षण कार्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य करने वाले शिक्षक डा. सुप्रिया व डा. जगबीर सिंह को भी उत्कृष्ट शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया। राज्यपाल ने पांच हजार रुपये पुरस्कार के रूप में भेंट किए। विश्वविद्यालय स्तर पर कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षकों का साक्षात्कार किया था जिसके बाद उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन किया गया।

कुलाधिपति ने किया आधा दर्जन पुस्तकों का विमोचन

कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल व अन्य अतिथियों ने दीक्षांत समारोह के अवसर पर आधा दर्जन पुस्तकों का विमोचन किया। जिसमें स्मारिका, वार्षिक रिपोर्ट 2025-26, पूर्वांचल खेती सहित पांच पुस्तकें शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ जन भवन की तरफ से राज्यपाल ने स्कूली बच्चों को 200 पुस्तकें भेंट की।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल ने किया सम्मानित

दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बीच आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने स्कूल बैग और फल देकर सम्मानित किया। वहीं दूसरी तरफ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी किट देकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया।

राज्यपाल ने पांच प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित

दीक्षांत समारोह के अवसर पर कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न जनपदों से पहुंचे पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया। जिसमें ऊषा सिंह को हस्तशिल्प कला एवं दलहन उत्पादन, जमील अहमद को औद्यानिक फसलों की खेती, सीप मोती का उत्पादन और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। किसान शबीना खातून को ड्रोन तकनीकी द्वारा कृषि विविधीकरण के क्षेत्र में व कुमारी हिमांशु को केले के रेशों से बनने वाले उत्पाद के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल ने अपने हाथों से सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कार्यकत्रियों को दिए आंगनबाड़ी किट

दीक्षांत समारोह के अवसर पर अमेठी और अंबेडकर नगर के पांच-पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने अपने हाथों से आंगनबाड़ी किट प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए ट्राई साईकिल, किताबें, झूले वाले घोड़े, एजूकेशनल मैप, फल, बॉल आदि प्रदान किए। राज्यपाल ने बच्चों को चॉकलेट देकर बढ़ाया उत्साह

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के 28वें दीक्षांत समारोह में स्कूली बच्चों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने ‘बड़ा नीक लागे हमरा देशवा के माटी’ गीत पर पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति इतनी आकर्षक रही कि सभागार में मौजूद अतिथि, शिक्षक और विद्यार्थी तालियां बजाने के साथ झूमने पर मजबूर हो गए।

इसके बाद बच्चों ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए काव्य गीत ‘पेड़वां लगाईं, पर्यावरण बचाईं... एहि में सबकर भलाई हो’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। गीत के माध्यम से बच्चों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति में लोकभाषा, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों की मासूमियत और शानदार प्रस्तुति से राज्यपाल भी भाव-विभोर नजर आईं। उन्होंने सभी बच्चों को चॉकलेट देकर दुलार किया और उनका हौसला बढ़ाया। दीक्षांत समारोह जैसे गरिमापूर्ण अवसर पर स्कूली बच्चों की इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में एक अलग ही रंग भर दिया।
राम मंदिर ट्रस्ट में CEO की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में
-  12 अगस्त को इंटरव्यू, देशभर से आए 5,400 आवेदनों में स्क्रीनिंग के बाद योग्य अभ्यर्थी होंगे शामिल

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। ट्रस्ट की ओर से CEO पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 12 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
CEO पद के लिए देशभर से करीब 5,400 लोगों ने आवेदन किया था। आवेदनों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया के बाद सुयोग्य पाए गए अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू के आधार पर CEO पद के लिए योग्य उम्मीदवार का चयन किया जाएगा।
राम जन्मभूमि परिसर में मंदिर निर्माण के साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या, व्यवस्थाओं के विस्तार और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों को देखते हुए CEO का पद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रस्ट के प्रशासनिक एवं प्रबंधन कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।
सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुई अयोध्या, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजी रामनगरी

-  सरयू स्नान के बाद नागेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए लगीं लंबी कतारें

अयोध्या। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर रामनगरी अयोध्या पूरी तरह शिवमय नजर आई। सुबह से ही 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। हजारों श्रद्धालुओं ने सबसे पहले पावन सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए प्राचीन नागेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे।
मान्यता है कि नागेश्वरनाथ मंदिर की स्थापना भगवान श्रीराम के पुत्र कुश ने की थी। इसी कारण सावन के महीने में इस मंदिर का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। तड़के सुबह से ही मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए। नागेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से प्रवेश कराया गया, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।
केवल शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक कर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की। सावन के पहले सोमवार पर अयोध्या में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
ऑनलाइन कारोबार और बढ़े करों पर व्यापारियों की चिंता, अयोध्या में व्यापार मंडल की बैठक

-  उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन, समाधान के लिए उठी आवाज

अयोध्या। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल की अध्यक्षता में गुरुवार को अयोध्या स्थित अवध मॉल में व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की गई।

बैठक में ऑनलाइन मार्केटिंग से पारंपरिक व्यापार पर पड़ रहे प्रभाव, सीपी टैक्स तथा नगर निगम द्वारा करों में की गई बढ़ोतरी सहित अन्य व्यापारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने इन विषयों पर गंभीर चर्चा करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी पहल करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष अतुल सिंह, महानगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता, महानगर महामंत्री अरुण अग्रवाल, जिला महामंत्री मनोज जायसवाल, अयोध्या धाम नगर अध्यक्ष पंकज गुप्ता, जसवीर सिंह, ज्ञान केसरवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
अयोध्या : भुगतान अटकने से राम मंदिर परिसर के निर्माण कार्यों की रफ्तार हुई धीमी
अयोध्या । श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्य वित्तीय भुगतान में देरी के चलते प्रभावित होने लगे हैं। जून माह के बिलों का भुगतान अब तक नहीं होने से कार्यदायी संस्थाओं के इंजीनियरों, कर्मचारियों और श्रमिकों की उपस्थिति में कमी आने लगी है, जिसका असर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर साफ दिखाई दे रहा है।

मंदिर परिसर में इंडिया इंजीनियर्स लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, टाटा कंसल्टेंसी और एलएंडटी सहित कई एजेंसियां विभिन्न निर्माण कार्यों में जुटी हैं। इनके जिम्मे परकोटा (बाउंड्री वॉल), प्रवेश द्वार, ट्रस्ट कार्यालय, विश्राम गृह और अन्य सहायक भवनों के निर्माण के साथ-साथ रामकथा संग्रहालय के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, अब तक निर्माण कार्यों का भुगतान ट्रस्ट के महासचिव के अधिकृत हस्ताक्षर के आधार पर जारी किया जाता था। महासचिव पद पर हुए बदलाव के बाद नई अधिकृत हस्ताक्षर व्यवस्था अभी तक पूरी तरह लागू नहीं हो सकी है। ट्रस्ट की पिछली बैठक में अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन तथा पूर्व अभियंता जगदीश आफले को अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता बनाने का प्रस्ताव किया गया था, लेकिन बैंक अभिलेखों में आवश्यक औपचारिकताएं लंबित होने के कारण भुगतान प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

भुगतान में आई इस प्रशासनिक अड़चन का सीधा असर निर्माण कार्यों पर पड़ रहा है। कई परियोजना स्थलों पर श्रमिकों की संख्या कम हो गई है, जबकि कुछ इंजीनियर और कर्मचारी भी नियमित रूप से कार्यस्थल पर नहीं पहुंच रहे हैं। यदि जल्द ही भुगतान संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो मंदिर परिसर में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की समयबद्ध प्रगति और अधिक प्रभावित हो सकती है।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले की जांच अब दूसरी एसआईटी करेगी!
-  सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दूसरी एसआईटी के गठन की प्रक्रिया शुरू

अयोध्या/ लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच अब दूसरी विशेष जांच टीम (एसआईटी) करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई की सुनवाई के दौरान निर्देश दिया कि किसी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में नई एसआईटी गठित की जाए। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दूसरी एसआईटी के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब एक एसआईटी लगभग एक महीने तक जांच कर चुकी है, उसकी अंतरिम रिपोर्ट आ चुकी है और अंतिम रिपोर्ट भी तैयार बताई जा रही है, तब नई एसआईटी के सामने जांच का दायरा क्या होगा?
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान इसे एक आपराधिक जांच का मामला माना और इसी आधार पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित करने की आवश्यकता बताई। शुरुआती एसआईटी की अध्यक्षता आईएएस अधिकारी विजय विश्वास पंत को सौंपी गई थी। अब नई एसआईटी का नेतृत्व एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे, जिनके पास आपराधिक मामलों की जांच का विशेष प्रशिक्षण और अनुभव होता है।
हालांकि, जांच की दिशा को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। अब तक मंदिर प्रशासन, स्थानीय पुलिस और पहली एसआईटी इस मामले में जांच कर चुके हैं। ऐसे में नई एसआईटी पूर्व में एकत्र किए गए साक्ष्यों, दस्तावेजों, बयानों और जांच प्रक्रिया की समीक्षा करेगी या नए सिरे से साक्ष्य जुटाने का प्रयास करेगी, यह उसके गठन और कार्यादेश (टर्म्स ऑफ रेफरेंस) से स्पष्ट होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि नई एसआईटी को अतिरिक्त अधिकार, नए साक्ष्य या पहले की जांच में संभावित कमियों की पड़ताल का दायित्व दिया जाता है, तो वह मामले के कुछ नए पहलुओं की जांच कर सकती है। वहीं, यदि अधिकांश साक्ष्य पहले ही एकत्र किए जा चुके हैं, तो नई जांच का मुख्य उद्देश्य पूर्व जांच की निष्पक्षता और गुणवत्ता का स्वतंत्र मूल्यांकन भी हो सकता है।
अब सभी की निगाहें सरकार द्वारा गठित की जाने वाली नई एसआईटी के कार्यादेश और उसकी जांच की दिशा पर टिकी हैं। उससे ही स्पष्ट होगा कि यह टीम पूर्व जांच की पुष्टि करेगी या मामले में किसी नए तथ्य तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
प्रभु श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे डॉ.अखिलेश कुमार मिश्रा
अयोध्या। राज्य निर्वाचन आयोग,उत्तर प्रदेश,लखनऊ के विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार 17 जुलाई 2026 को अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के पावन दर्शन किए तथा राष्ट्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।इस अवसर पर अयोध्या मंदिर की मजिस्ट्रेट वंदना पाण्डेय उपस्थित रहीं। उन्होंने आत्मीयता पूर्ण स्वागत किया।डाॅ.अखिलेश कुमार मिश्रा उ.प्र.राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान के अध्यक्ष तथा डेल्फिक एसोसिएशन के महासचिव हैं।डॉ.अखिलेश कुमार मिश्रा ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर संकटमोचन हनुमान के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।ज्ञात हो कि आजमगढ़ जनपद में चंडेसर स्थित डेंटल कॉलेज में प्रातः काल संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का कृष्णमोहन त्रिपाठी ने आयोजन किया था। जिसमें सस्वर पाठ करने के पश्चात् उनका अयोध्या जाना हुआ। डाॅ. मिश्रा के वहां पहुंचने पर सूर्यभान यादव सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी,अयोध्या ने स्वागत किया।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने हनुमानगढ़ी में किया दर्शन
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने राम मंदिर व्यवस्था और कई मुद्दों पर उठाए सवाल

अयोध्या। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 'गौमाता जनजागरण यात्रा' के तहत अयोध्या पहुंचे और शनिवार को हनुमानगढ़ी में दर्शन किए।

इससे पूर्व अयोध्या बाईपास के निकट सागर पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने राम मंदिर की व्यवस्था और अन्य विषयों पर अपनी आपत्तियां जताते हुए दावा किया कि प्रभु राम मंदिर मामले में विराजमान रामलला के नाम से मुकदमा लड़ा गया था, लेकिन अब मूल प्रतिमा को हटाकर दूसरी प्रतिमा स्थापित कर दी गई है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आम संतों को गर्भगृह में प्रवेश नहीं मिलता, जबकि कुछ विशिष्ट व्यक्तियों को ही दर्शन की अनुमति है।-
अयोध्या : जीआरपी कैंट ने सेना के फर्जी अधिकारी काे किया गिरफ्तार
अयोध्या। मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ की अयोध्या इकाई की सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अयोध्या कैंट ने सेना के फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार किया।मिलिट्री इंटेलीजेंस को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि अयोध्याऔर आस पास के जनपदों में सेना का एक अधिकारी अक्सर रेलवे स्टेशन और कैंट एरिया में देखा जाता है ,जो अपने आप को आर्टिलरी का अधिकारी और डोगरा रेजिमेंट में कैंटीन इंचार्ज बताता है और अलग-अलग वर्दी में ट्रेन, रेलवे स्टेशन पर अक्सर घूमता है।

मिलिट्री इंटेलीजेंस अयोध्या टीम सक्रिय हुई और सूचना संकलन, साक्ष्य , टेक्निकल डाटा के आधार पर ये पुष्टि की कि यह सेना में नहीं है ये फर्जी अधिकारी हैऔर सेना की वर्दी और कागजात का गलत इस्तेमाल कर रहा है उसी क्रम में मंगलवार को रेलवे स्टेशन अयोध्या कैंट में सेना का वर्दी पहने व्यक्ति के संबंध में जीआरपी अयोध्या को सूचित किया गया। सेना के फर्जी अधिकारी को जीआरपी अयोध्या द्वारा आज गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से प्राप्त कागजात में आईडी में अपना नाम करन यादव, पिता उदय भान सिंह यादव ग्राम गहमर जिला गाजीपुर बताया है और आधार कार्ड भी उसी नाम का प्राप्त हुआ।

जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि काफी कड़ाई से पूछताछ में उसने सही पता नाम सुरेंद्र निषाद,पिता लेट शारदा निषाद ग्राम मोहपरिया बलुआ, पकड़ी,जिला चंदौली बताया। इसके पास से सेना का भारी मात्रा में यूनिफोर्म, नेम प्लेट,रिबन, एटीम, आधार , परिचय पत्र कवर, क्रेडिट कार्ड बरामद हुआ है।
श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की वेबसाइट से हटे चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा, कृष्ण मोहन बनेंगे नए महासचिव

-  इस्तीफे स्वीकार होने के बाद अब वेबसाइट से भी हटाए गए नाम, फोटो और अन्य विवरण; ट्रस्ट से पूरी तरह खत्म हुआ जुड़ाव

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा का विवरण अपनी आधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया है। वेबसाइट पर अब केवल ट्रस्ट के 12 पदाधिकारियों और सदस्यों का ही विवरण उपलब्ध है।
ट्रस्ट की वेबसाइट अपडेट होने के बाद चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के नाम, फोटो तथा अन्य जानकारी पूरी तरह हटा दी गई है। इसे ट्रस्ट से उनके औपचारिक रूप से अलग होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चंपत राय ने 26 जून को महासचिव पद से तथा डॉ. अनिल मिश्रा ने ट्रस्ट सदस्य के पद से इस्तीफा दिया था। 27 जून को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने दोनों के इस्तीफों की पुष्टि की थी। इसके बाद 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में दोनों के इस्तीफे औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिए गए।
बताया जा रहा है कि इस्तीफे स्वीकार होने के बाद से दोनों ने राम मंदिर परिसर में आना भी बंद कर दिया था। हालांकि, ट्रस्ट की वेबसाइट अब तक अपडेट नहीं की गई थी। अब वेबसाइट में बदलाव करते हुए दोनों का पूरा विवरण हटा दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के नए महासचिव के रूप में कृष्ण मोहन को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। हालांकि, इस संबंध में ट्रस्ट की ओर से औपचारिक घोषणा का इंतजार है।