अम्बेडकरनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी-जेवरात भी किया बरामद
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले की कोतवाली अकबरपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर टप्पेबाज एवं चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹47,100 नकद, सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अम्बेडकरनगर और गोरखपुर में टप्पेबाजी व चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव अपनी टीम के साथ अपराधियों की तलाश और हालिया टप्पेबाजी व चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवबाबा मंदिर परिसर में कुछ संदिग्ध लोग चोरी के माल और नकदी का बंटवारा कर रहे हैं तथा किसी नई वारदात की योजना बना रहे हैं।सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर मंदिर परिसर की घेराबंदी की गई। संयुक्त कार्रवाई में 11 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
कई जिलों में करते थे वारदात
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹47,100 नकद, सोने के आभूषण और चांदी के जेवरात बरामद किए। बरामद सामान को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह अम्बेडकरनगर के अकबरपुर, जलालपुर, कटका, महरुआ, मालीपुर और अहिरौली थाना क्षेत्रों के अलावा गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में भी टप्पेबाजी और चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।पुलिस के मुताबिक, गिरोह वारदात के बाद नकदी और जेवरात का आपस में बंटवारा करता था और फिर दूसरे जिले में जाकर नई घटनाओं को अंजाम देता था।
कई लंबित मामलों का हुआ खुलासा
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों और बरामदगी के आधार पर अम्बेडकरनगर और गोरखपुर में दर्ज कई लंबित टप्पेबाजी और चोरी के मामलों का सफल अनावरण हुआ है। आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज विभिन्न मुकदमों में भी कार्रवाई की जा रही है।
झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। इनमें कुंदन मल्हार, किशन मल्हार, सोहिल कुमार मल्हार, शिवा मल्हार, पंकज कुमार मल्हार, भीम मल्हार सहित पांच महिला आरोपी भी शामिल हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Aug 07 2026, 18:43
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.4k