जनपद मऊ -: मऊ में यूरिया को लेकर मारामारी, कई समितियों में स्टॉक खत्म; कृषि विभाग के पास 5,612 टन एनपीके और डीएपी उपलब्ध
मऊ। जनपद में यूरिया खाद की मांग बढ़ने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई सहकारी समितियों में यूरिया का स्टॉक खत्म हो जाने से किसानों की भीड़ खाद के लिए जुट रही है।

कृषि विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान समय में 5,612 टन एनपीके और डीएपी खाद उपलब्ध है। विभाग का कहना है कि किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, किसान यूरिया की उपलब्धता बढ़ाने और समय पर खाद मिलने की मांग कर रहे हैं, ताकि फसलों की बुआई और देखभाल प्रभावित न हो।
जनपद मऊ -: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फूड प्रोडक्शन यूनिट पर की छापेमारी, लिए गए नमूने
मऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर स्थित ओम शांति फूड प्रोडक्शन पर छापेमारी की।

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त मंजूषा सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच की। इस दौरान खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।
जनपद मऊ -: स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर मऊ में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिला अस्पताल परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर उनकी पत्नी डॉ. सुधा राय और बेटी वैष्णवी राय ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में उनके विकास कार्यों और पूर्वांचल के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया गया।
जनपद मऊ -: घाघरा नदी के कटान प्रभावित गांव विंटोलिया पहुंचे डीएम और एसपी, हालात का लिया जायजा
मऊ। मधुबन क्षेत्र में घाघरा नदी के कटान से प्रभावित विंटोलिया गांव का जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने दौरा किया।

दोनों अधिकारियों ने कटान प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

प्रशासन ने कहा कि कटान प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
जनपद मऊ -: पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय ने मऊ को दी नई पहचान

मऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कल्पनाथ राय ने अपने कार्यों और विकास की सोच से मऊ जनपद को एक अलग पहचान दिलाई।

जिले के विकास की कई परियोजनाओं और उपलब्धियों में उनका योगदान आज भी याद किया जाता है।
स्वर्गीय कल्पनाथ राय का सपना मऊ को एक विकसित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने का था।

मऊ को "मिनी सिंगापुर" बनाने की परिकल्पना रखते थे, हालांकि उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका।

6 अगस्त 1999 को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। उनकी पुण्यतिथि पर जिले में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और लोगों ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।

पुण्यतिथि के अवसर पर जिला अस्पताल परिसर स्थित स्वर्गीय कल्पनाथ राय की प्रतिमा पर सुबह 10:30 बजे, कोपागंज स्थित प्रतिमा पर 11 बजे तथा उनके पैतृक गांव जमालपुर में 11:30 बजे श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनपद मऊ -: मऊ में बीमारी से परेशान व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के मुंशीपुरा इलाके में बुधवार को एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान सीताराम मौर्य (48) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह लंबे समय से पैरालिसिस (लकवा) की बीमारी से पीड़ित थे। पड़ोसी विजय पाल राठौर ने बताया कि बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्महत्या के पीछे लंबे समय से चली आ रही बीमारी को कारण माना जा रहा है।

हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचेगी।
मऊ: हनुमान घाट पर डूबने से 23 वर्षीय युवक की मौत
मऊ शहर के मुंशीपुरा निवासी 23 वर्षीय युवक की हनुमान घाट पर डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवक के असमय निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
रतनपुरा में बस स्टेशन निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी
जनपद मऊ -: रतनपुरा में बस स्टेशन निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। किसान नेता राकेश सिंह चौहान और संजीव कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रतनपुरा में बस स्टेशन बनाए जाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि बस स्टेशन के अभाव में क्षेत्र के यात्रियों, छात्रों, किसानों और व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जनहित को देखते हुए रतनपुरा में शीघ्र बस स्टेशन निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।
जनपद मऊ -: व्यापारी दुर्घटना पेंशन की धनराशि 20 लाख रुपये की जाए : डॉ. राम गोपाल गुप्त
मऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद मऊ के अध्यक्ष डॉ. राम गोपाल गुप्त ने व्यापारियों के हितों की सुरक्षा के लिए व्यापारी दुर्घटना बीमा/पेंशन योजना की धनराशि बढ़ाकर 20 लाख रुपये किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसान देश का अन्नदाता है, तो व्यापारी समाज करदाता है, जो देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

डॉ. गुप्त नगर के रौजा स्थित शिविर कार्यालय में आयोजित अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आगामी 3 सितंबर को व्यापारी दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संदीप बंसल के नेतृत्व में देशभर के व्यापारियों का विशाल व्यापारी कुंभ आयोजित होगा। इस महाकुंभ में व्यापारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी तथा लिए गए निर्णय देशभर के व्यापारी समाज की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

बैठक में जिला महामंत्री कन्हैया लाल जायसवाल, अजहर फैजी, महातम यादव, सुभाष कन्नौजिया, इकबाल अहमद एवं आनंद गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए व्यापारी एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया।

इस अवसर पर अशोक सिंह, राजेश गुप्ता, दिनेश बरनवाल, हाजी इफ्तेखार, हाजी अनवर अली, महातम यादव, गामा यादव, हरिशंकर गुप्ता, मुन्ना गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
जिले की यातायात पुलिस अब हो गई हाईटेक ,अत्याधुनिक उपकरणों से लैस नई रॉयल एनफील्ड हंटर इंटरसेप्टर बाइक मिली
जनपद मऊ -: जिले की यातायात पुलिस अब हाईटेक हो गई है। सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए विभाग को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस नई रॉयल एनफील्ड हंटर इंटरसेप्टर बाइक मिली है।

अब तेज रफ्तार, यातायात नियमों का उल्लंघन और बिना हेलमेट जैसे मामलों पर पुलिस की निगरानी और सख्त होगी।

इंटरसेप्टर बाइक में लगे आधुनिक कैमरे और ऑटोमैटिक ई-चालान सिस्टम की मदद से नियम तोड़ने वालों का मौके पर ही चालान किया जा सकेगा।

यातायात पुलिस का कहना है कि इस नई तकनीक से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।