गोंडा नगर पालिका में भेदभाव:  वार्ड महाराजगंज का 1.30 करोड़ का एस्टीमेट धूल खा रहा, दूसरे वार्ड में सीवर-नाली का काम शुरू

*कांग्रेस नेता शाहिद अली कुरैशी ने हाईकोर्ट में PIL दाखिल करने की दी चेतावनी*

*गोंडा* | नगर पालिका परिषद गोंडा में जनप्रतिनिधियों के साथ भेदभाव और जनता की समस्याओं की अनदेखी का मामला सामने आया है। वार्ड में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए श्री निजाम रानी के मकान से राम आसरे के मकान से बसुरिया पुलिया नाला से होकर मलयाना पुलिया सुभाष नगर से बाल्मीकि बस्ती तक कच्चा नाला का आर सी सी नाला निर्माण का  1 करोड़ 30 लाख रुपये का एस्टीमेट  अवर अभियंता द्वारा तैयार कराया गया था, लेकिन पालिका प्रशासन ने आज तक उसका डीपीआर बनाकर शासन को नहीं भेजा।
वहीं दूसरे वार्डों का डीपीआर बनाकर शासन से पैसा मंगवा लिया गया और सीवरेज-जल निकासी का काम भी शुरू कर दिया गया है। इसका प्रमाण 04.05.2026 को `प्रभात नमन` अखबार में प्रकाशित नगर पालिका की निविदा सूचना में भी देखा जा सकता है, जिसमें वार्ड 14, 16, 19 और 22 के नाला निर्माण के लिए निविदाएं निकाली गई हैं।
इस संबंध में कांग्रेस कमेटी शहर गोंडा के अध्यक्ष एवं सभासद *शाहिद अली कुरैशी* ने बताया कि उनके वार्ड में हर बरसात में लोगों के घरों और मोहल्लों में पानी भर जाता है। समस्या के समाधान के लिए बोर्ड में भी मुद्दा उठाया गया  1.30 करोड़ का एस्टीमेट भी बनवाया गया था। लेकिन पालिका द्वारा जानबूझकर डीपीआर नहीं भेजी गई।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंडला आयुक्त देवीपाटन, जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित सभी संबंधित अधिकारियों को रजिस्ट्री और ज्ञापन के माध्यम से कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाला निर्माण न बनने से गोंडा के ईदगाह रोड से लेकर बाबा मठिया तक कच्चा नाला होने के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है
*PIL की चेतावनी*
शाहिद अली कुरैशी ने कहा कि `एक तरफ दूसरे वार्डों में करोड़ों का काम हो रहा है और दूसरी तरफ हमारे वार्ड की जनता जलभराव से त्रस्त है। यह सरासर भेदभाव है। अब मजबूरन हाईकोर्ट में PIL दाखिल करनी पड़ेगी।`
उन्होंने मांग की है कि शासन स्तर से मामले की जांच कराकर उनके वार्ड का भी डीपीआर तत्काल शासन को भेजा जाए और जल निकासी का काम शुरू कराया जाए, ताकि  आम जनता को राहत मिल सके।
जनपद में राष्ट्रीय गौरव एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस

*जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश*


*जनपद मुख्यालय से ग्राम पंचायतों तक होगा ध्वजारोहण, गूंजेंगे देशभक्ति के गीत*


*महापुरुषों की प्रतिमाओं पर होगा वृक्षारोपण, अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां*


*गोण्डा 06 अगस्त,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव, अनुशासन एवं पूर्ण सम्मान के साथ मनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस का प्रत्येक कार्यक्रम निर्धारित समय पर, गरिमामय वातावरण में तथा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं समर्पण के साथ करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद मुख्यालय, समस्त तहसीलों, विकास खंड मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों, शासकीय कार्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में निर्धारित समय पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सभी स्थानों पर राष्ट्रगान, वंदेमातरम् तथा देशभक्ति गीतों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे स्वतंत्रता दिवस समारोह में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनसामान्य को भी कार्यक्रमों से जोड़ें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी आयोजनों में स्वच्छता, सुरक्षा, अनुशासन एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि समारोह गरिमामय एवं प्रेरणादायी बने।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जनपद के जिन-जिन स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महापुरुषों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी सशक्त माध्यम बनेगा। बैठक में आयोजन की सभी व्यवस्थाओं, विभागवार जिम्मेदारियों तथा समन्वय व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज, पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, एक्सईएन प्रांतीय खंड, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पिछड़ा वर्ग के आरक्षण पर जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद, सुझावों के आधार पर शासन को भेजी जाएंगी संस्तुतियां

*गोण्डा में पिछड़ा वर्ग आयोग की बैठक, जनप्रतिनिधियों से लिए गए महत्वपूर्ण सुझाव*


*स्थानीय निकायों में आरक्षण पर मंथन, आयोग ने जुटाए सामाजिक-आर्थिक आंकड़े*


*पिछड़े वर्ग के हितों पर गोण्डा में संवाद, शासन को भेजी जाएंगी व्यवहारिक संस्तुतियां*

*पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता से पहुंचाने के आयोग ने दिए निर्देश*

*गोण्डा, 06 अगस्त 2026*  -  उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में आयोग के अध्यक्ष मा0 न्यायमूर्ति राम औतार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़े वर्ग के आरक्षण, सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में आयोग के सदस्य बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा, डॉ. अरविंद कुमार चौरेसिया एवं एस.पी. सिंह उपस्थित रहे। आयोग ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पहुंचाया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य तथा सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से स्थानीय निकायों में पिछड़े वर्ग के आरक्षण से संबंधित विषयों पर सीधे संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त किए।

इस दौरान आयोग ने पिछड़े वर्ग की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, भूमि स्वामित्व, भूमिहीन परिवारों की संख्या, आजीविका के स्रोत, सरकारी सेवाओं में भागीदारी तथा स्थानीय निकायों में राजनीतिक प्रतिनिधित्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां संकलित कीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप सुझाव प्रस्तुत किए, जिन्हें आयोग ने गंभीरता से अभिलेखित किया।

बैठक में पिछड़े वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान, जनजागरूकता बढ़ाने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आरक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं न्यायसंगत बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य प्रदेश के पिछड़े वर्गों की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक स्थिति का तथ्यपरक अध्ययन कर शासन को स्थानीय निकायों में आरक्षण व्यवस्था के संबंध में व्यवहारिक एवं न्यायसंगत संस्तुतियां उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि गोण्डा जनपद से प्राप्त सुझावों एवं आंकड़ों का गहन परीक्षण करने के बाद आयोग अपनी अनुशंसाएं राज्य सरकार को प्रेषित करेगा।

बैठक शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई। अंत में आयोग ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही समाज के सभी वर्गों के हितों का प्रभावी संरक्षण एवं समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
दिव्यांगजनों की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के लिए गोण्डा पुलिस की विशेष पहल

सीपीयू टीम द्वारा गाँव-गाँव पहुंचकर 45दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनकर किया गया निस्तारण-*

गोण्डा। अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, गोरखपुर द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद गोण्डा पुलिस द्वारा दिव्यांगजनों की सुरक्षा, सम्मान, सहायता एवं उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान प्रारम्भ किया गया है। वर्तमान सामाजिक परिवेश को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में निवास करने वाले दिव्यांगजनों का चिन्हीकरण कर उनका विवरण संकलित किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक थाने की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) गठित की गई है, जो नियमित रूप से दिव्यांगजनों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं की जानकारी प्राप्त करेगी। अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजन रजिस्टर तैयार किया गया है, जिसमें उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर, आयु, दिव्यांगता का प्रकार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक स्थिति सहित संपर्क से संबंधित आवश्यक विवरण अंकित किया जाएगा। सीपीयू टीम द्वारा प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिवसों (सोमवार, बुधवार एवं शनिवार) को दिव्यांगजनों से संपर्क स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना जाएगा तथा चिन्हित दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत, सामाजिक, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जाएगी। प्राप्त समस्याओं के आधार पर आवश्यकता अनुसार समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उन्हें यथोचित सहायता, आवश्यक सुविधाएं एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं सीपीयू टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाते हुए नियमित संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उक्त अभियान के क्रम में आज दिनांक 05.08.2026 को जनपदीय सीपीयू टीम द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 45 दिव्यांगजनों से उनके आवास पर पहुंचकर संपर्क स्थापित किया गया। इनमें  थाना को0 नगर के 00, थाना को0देहात के 02, खरगूपुर के 02, इटियाथोक के 03, धानेपुर के 01, मोतीगंज के 03, छपिया के 06, खोड़ारे के 04, वजीरगंज के 05, नवाबगंज के 03, कोतवाली कर्नलगंज के 03, कौड़िया के 03, परसपुर के 01, कटरा बाजार के 02,थाना मनकापुर 03,थाना तरबगंज 02,थाना उमरीबेगमगंज 01 तथा महिला थाना के 01 दिव्यांगजन शामिल रहे। संपर्क अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा दिव्यांगजनों का कुशलक्षेम जाना गया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। साथ ही उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु जागरूक किया गया। गोण्डा पुलिस की इस जनहितकारी एवं संवेदनशील पहल की दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों द्वारा सराहना की गई तथा उन्होंने पुलिस के प्रति अपना विश्वास एवं संतोष व्यक्त किया।
जनपद में दुग्ध विकास को नई गति, डेयरी क्षेत्र के सशक्तिकरण हेतु आयोजित हुआ जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव*

*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं डेमो चेक*


*गोण्डा 05 अगस्त,2026*। जिला पंचायत सभागार, में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में दुग्ध विभाग द्वारा जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाना तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।

*मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन एवं नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजनाओं से लाभान्वित हुए पशुपालक*

कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के अंतर्गत 28 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि 7 लाभार्थियों को 80-80 हजार रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजना के अंतर्गत संचालित मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना में चयनित 3 लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 5 लाख 90 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।

इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों ने सरकार एवं दुग्ध विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से डेयरी व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ेंगे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पशुपालकों, किसानों एवं अन्य प्रतिभागियों को दुग्ध विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक डेयरी विकास को बढ़ावा देना, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना तथा पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का संचालन अंजनि कुमार दूबे द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, महाप्रबंधक दुग्ध विभाग, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), उप निदेशक कृषि, कृषि वैज्ञानिक गोपाल ग्राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
मानदेय के साथ 15 दिवसीय माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर, 10 अगस्त तक करें आवेदन*

*गोण्डा, 05 अगस्त 2026।*  -  उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित *"माटीकला कौशल विकास योजना"* के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के पात्र अभ्यर्थियों के लिए 15 दिवसीय आवासीय शिल्पकारी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रत्येक प्रशिक्षु को *₹250 प्रतिदिन* की दर से प्रशिक्षुवृत्ति (मानदेय) भी प्रदान की जाएगी।

प्रशिक्षण का आयोजन **मण्डलीय प्रशिक्षण केन्द्र, बहराइच** में किया जाएगा, जहां प्रतिभागियों के रहने एवं भोजन की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। योजना का उद्देश्य माटीकला से जुड़े परम्परागत शिल्पियों, उद्यमियों एवं कारीगरों के कौशल का विकास कर उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इच्छुक अभ्यर्थी नवीन पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक तथा राशन कार्ड की छायाप्रति के साथ किसी भी कार्य दिवस में **जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, उतरौला रोड, गोण्डा** में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की **अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026** निर्धारित की गई है।

*पात्रता की प्रमुख शर्तें* के अनुसार अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश का निवासी हो, उसकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो, साक्षर हो तथा उसे माटीकला की परम्परागत जानकारी हो। चयन में शासन की आरक्षण व्यवस्था का पालन किया जाएगा। राशन कार्ड के आधार पर एक परिवार से एक सदस्य का चयन होगा तथा दिव्यांगजन, बीपीएल परिवारों के सदस्य एवं महिलाओं को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी   www.upmatikalaboard.in वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं अथवा मोबाइल नंबर 9580503142 पर संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह 7 अगस्त को गोण्डा आएंगे, मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे*


*गोण्डा, 5 अगस्त 2026* - उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह 7 अगस्त (शुक्रवार) को देवीपाटन मंडल के भ्रमण पर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह  पूर्वाह्न 11 बजे आयुक्त सभागार, देवीपाटन मंडल, गोण्डा पहुंचेंगे।

यहां मंत्री देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
बीमारी भी नहीं रोक सकी ममता की धारा, जारी रहा स्तनपान
- टीबी, फाइलेरिया और समय से पहले जन्मे शिशु जैसी चुनौतियों के बीच डॉक्टरों की सलाह बनी भरोसा
*गोंडा, 04 अगस्त 2026*: जब कोई मां बीमार होती है, तो उसके मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि क्या वह अपने शिशु को स्तनपान करा सकती है। कई बार यह डर भी सताता है कि कहीं उसकी बीमारी बच्चे तक न पहुंच जाए। यही आशंका देवीपाटन मंडल की उन माताओं के मन में भी थी, जिन्होंने विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान अपने अनुभव साझा किए। परिवार के कुछ सदस्य भी इसी डर से उन्हें स्तनपान कराने से मना करते थे। लेकिन डॉक्टरों की सही सलाह, आशा और एएनएम के मार्गदर्शन तथा परिवार के सहयोग से उनका यह भ्रम दूर हुआ।
स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में देवीपाटन मंडल के 3.18 लाख से अधिक नवजातों को जन्म के पहले घंटे में मां का दूध पिलाया गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि अस्पताल से घर लौटने के बाद बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों और परिवार के संकोच के कारण कई माताएं स्तनपान को लेकर असमंजस में पड़ जाती हैं।
अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद इन माताओं ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने शिशुओं को पहले छह महीने तक केवल मां का दूध पिलाया और कई माताओं ने दो साल तक भी स्तनपान जारी रखा। आज वे कहती हैं कि उनके बच्चे स्वस्थ हैं, अच्छी तरह बढ़ रहे हैं और दूसरे बच्चों की तुलना में कम बीमार पड़ते हैं।
केस -1 फाइलेरिया का डर, लेकिन नहीं रुका स्तनपान-
जरवल ब्लॉक के रिठौढ़ा गांव की रिंकी गर्भावस्था के दौरान फाइलेरिया से पीड़ित हो गई थीं। रिंकी बताती हैं कि प्रसव के बाद परिवार को डर था कि कहीं स्तनपान से बच्चे को भी बीमारी न हो जाए। आशा कार्यकर्ता ने समझाया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलता है, मां के दूध से नहीं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की जागरूकता सामग्री भी दिखाई। इसके बाद परिवार की शंका दूर हुई और रिंकी ने अपने बेटे को दो साल तक स्तनपान कराया। आज वह छह साल का है, स्वस्थ है और स्कूल जाता है।
केस -2 कम वजन की बच्ची के लिए मां का दूध बना संबल-
बलरामपुर के श्रीदत्तगंज निवासी मनोज कुमार की पत्नी मीना देवी ने 4 जून 2026 को जिला अस्पताल में 1635 ग्राम वजन की बच्ची को जन्म दिया। कम वजन होने के कारण नवजात को एसएनसीयू में भर्ती करना पड़ा। बच्ची स्तन से दूध नहीं खींच पा रही थी, इसलिए स्वास्थ्यकर्मियों ने मां का दूध निकालकर कटोरी-चम्मच से पिलाना शुरू किया। धीरे-धीरे बच्ची की स्थिति में सुधार हुआ। मीना देवी कहती हैं, "डॉक्टरों ने बताया कि मेरे दूध से ही मेरी बच्ची को सबसे ज्यादा ताकत मिलेगी। आज बच्ची स्वस्थ है और सामान्य रूप से बढ़ रही है।“
केस -3 टीबी इलाज के साथ जारी रहा स्तनपान -
श्रावस्ती जिले के भिनगा क्षेत्र के अंबेडकरनगर की 26 वर्षीय एक महिला (पहचान गोपनीय रखने के अनुरोध पर नाम प्रकाशित नहीं किया जा रहा है) को प्रसव के बाद टीबी का पता चला। परिवार को डर था कि कहीं शिशु को भी संक्रमण न हो जाए। डॉक्टरों ने समझाया कि नियमित उपचार, शुरुआती दिनों में मास्क के उपयोग और पौष्टिक आहार के साथ स्तनपान सुरक्षित रूप से जारी रखा जा सकता है। उन्होंने चिकित्सकीय सलाह का पालन किया और अपने शिशु को स्तनपान कराना नहीं छोड़ा। महिला कहती हैं, "डॉक्टरों की सलाह ने मेरा और मेरे परिवार का डर दूर कर दिया। आज मेरा डेढ़ साल का बेटा स्वस्थ है और मैं भी पूरी तरह टीबी से ठीक हो चुकी हूं।"

"कई माताएं यह भी सोचती हैं कि बीमारी या दवा लेने से उनका दूध खराब हो जाएगा या बच्चे को नुकसान पहुंचाएगा। जबकि अधिकांश सामान्य बीमारियों और उनकी दवाओं के दौरान भी स्तनपान सुरक्षित रहता है। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के न तो दवा बंद करें और न ही स्तनपान।"
डॉ. संतलाल पटेल- कार्यवाहक अपर निदेशक (देवीपाटन मंडल) एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गोंडा
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: सिलाई ट्रेड के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 6 अगस्त से

*गोण्डा, 5 अगस्त 2026*   -  जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षण उपरांत उन्नत टूलकिट वितरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी हैं। योजना के तहत बढ़ई, नाई, लोहार, राजमिस्त्री, कुम्हार, धोबी, मोची, हलवाई तथा सिलाई सहित कुल नौ ट्रेडों के परंपरागत कारीगरों को लाभान्वित किया जाएगा।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के अनुसार सिलाई ट्रेड के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार कार्यालय परिसर में प्रतिदिन पूर्वाह्न 11:00 बजे आयोजित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को A से C, 7 अगस्त को D से K, 10 अगस्त को L से N, 11 अगस्त को P से R, 12 अगस्त को S तथा 13 अगस्त को T से Z अक्षर तक के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र तथा यदि आवेदक परंपरागत कारीगर जाति से भिन्न है तो संबंधित ट्रेड में कार्य करने का ग्राम प्रधान अथवा नगर पंचायत/नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा जारी प्रमाण-पत्र साथ लेकर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी पात्र अभ्यर्थी समय से उपस्थित होकर आवश्यक अभिलेखों सहित साक्षात्कार में प्रतिभाग करें।
गोण्डा पुलिस ने तारकोल ड्रम चोरी की घटना का किया सफल अनावरण, तीन आरोपी गिरफ्तार; चोरी का माल बरामद
गोण्डा। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गोण्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने तारकोल ड्रम चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तारकोल ड्रम और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली देहात में पंजीकृत मुकदमा संख्या 722/2026, धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस से संबंधित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

प्रदीप कुमार पुत्र संतलाल, निवासी कोईलारा मुबारकपुर, थाना कमरौली, जनपद अमेठी।
रामू पुत्र परिदीन, निवासी कोईलारा मुबारकपुर, थाना कमरौली, जनपद अमेठी।
सुशील सिंह पुत्र स्व. राजेन्द्र बहादुर सिंह, निवासी पूरे सिरोही मंगापुर, थाना उदयपुर, जनपद प्रतापगढ़।

के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रामनगर तिराहे से आगे साहियापुर के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, उस पर लदे 13 अदद भरे तारकोल ड्रम और 4 अदद खाली तारकोल ड्रम बरामद किए गए।

घटना का विवरण:
वादी अजीत सिंह पुत्र अमरेश सिंह निवासी गोण्डा ने थाना कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया था कि 19 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच थाना क्षेत्र के वीरपुर बिसेन, पूरे गुलाब पुरवा स्थित एक प्लॉट से अज्ञात चोरों द्वारा सड़क निर्माण कार्य के लिए रखे गए तारकोल के 17 ड्रम चोरी कर लिए गए थे।

तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।