जातिगत आरक्षण के विरोध में पैदल यात्रा 9 अगस्त को
घंटाघर मैदान से पैदल मार्च विभिन्न मार्गो से होता हुआ पहुंचेगी कचहरी

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा सभी जाति धर्म के लोगों का आवाहन

मीरजापुर। देश में व्याप्त व्यापक पैमाने पर जातिगत हिंसा , विरोध और नौकरियो में आरक्षण, विद्यालयों में आरक्षण, शिक्षण संस्थानों में आरक्षण, निश्चित रूप से देश के युवाओं और युवा होनहारों को उनके अधिकारों से वंचित कर रहा है । जातिगत आरक्षण के चलते जहां एक छात्र बिना मेहनत किए किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर उसका हिस्सा बन रहा है, जबकि दूसरी ओर क्षेत्र, गांव, देश का होनहार छात्र अच्छे नंबर लाकर भी अपने आप को योग्य साबित नहीं कर पा रहा है। जिससे उनमें कुंठा उत्पन्न हो रही है ,और आपसी जातीय संघर्ष को बल मिल रहा है । इन सब परिस्थितियों को दूर करने के लिए तथा देश में समान नागरिकता की तरह सामान सेवा में अवसर, समान शिक्षा में अवसर, सामान विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अवसर को बल देने वाली गैर आरक्षण नीति को पोषण देने के लिए मिर्जापुर जनपद के समस्त जाति धर्म के लोगों का श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना आवाहन करती है।  आईये और देश के सभी नागरिकों को एक रूप में एकरूपता प्रदान करते हुए केवल भारत देशवासी के नाम से उनकी पहचान बनाने के लिए इस जातिगत आरक्षण को खत्म करें । जातिगत आरक्षण के चलते देश में हो रहे हिंसा को खत्म करें । भेदभाव को खत्म करें । और इसके लिए सभी मिर्जापुर वासियो, प्रदेशवासियों और देशवासियों का श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना आह्वाहन करता है । दिनांक 9 अगस्त 2026 रविवार को घंटाघर के मैदान से एक सर्वजातीय, सर्वधर्म सभा एवं जुलूस का आयोजन किया जाएगा जो घंटाघर मैदान से चलकर विभिन्न प्रमुख मार्गो से होता हुआ जिला मुख्यालय पहुंचेगा, और आरक्षण के विरोध में अपना प्रस्ताव रखेगा । और सर्वधर्म समभाव और सर्वजातीय समभाव की भावना को रखते हुए आरक्षण को समाप्त करने के लिए अपना पुरजोर विरोध करते हुए ज्ञापन सौंपेगा।  श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार इस गैर जातीय  आरक्षण विरोधी जुलूस की अगुवाई करेंगे।
मिर्ज़ापुर : अधिवक्ता हत्याकाण्ड के आरोपी पर हुई रासुका के तहत कार्रवाई

मीरजापुर। नगर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के बहुचर्चित अधिवक्ता हत्याकाण्ड में पूर्व में पंजीकृत मामले में अब हत्यारोपी के विरूद्ध एनएसए/रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980) का आदेश पारित हुआ है।
बता दें कि पूर्व में थाना कोतवाली कटरा पर पंजीकृत बीएनएस व 7 सीएलए व 3/25 आयुध अधिनियम से सम्बन्धित राजेन्द्र सोनकर पुत्र शोभा सोनकर निवासी देवरी थाना विन्ध्याचल द्वारा जेल से बाहर आने के लिए न्यायालय में अपनी जमानत याचिका दाखिल की गयी है, जिसके जमानत पर जेल से बाहर आने की स्थिति में सम्भावित प्रतिकुल प्रभाव को रोकने तथा सुदृढ़ लोक व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत त्वरित निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980) की धारा 3(2) की अनुज्ञा हेतु की गयी संस्तुति के उपरान्त जिला मजिस्ट्रेट द्वारा 4 अगस्त 2026 को आरोपी के विरूद्ध रासुका का आदेश पारित किया गया है। पुलिस के मुताबिक अधिवक्ता हत्याकाण्ड के आरोपी
राजेन्द्र सोनकर का लंबा आपराधिक इतिहास है।
एक्स पर 'आत्महत्या' लिखने के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी ,भू- माफिया पर केस
1.138 हेक्टेयर में 3 महिलाओं को बेची जमीन, 50-60 और अन्य लोग फंसे

मड़िहान/मीरजापुर। मड़िहान तहसील क्षेत्र में जमीन के नाम पर फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है।आरोपी दंपति ने 1.138 हेक्टेयर जमीन में से 03 महिलाओं को अलग-अलग हिस्सा 20 विस्वा बेच दिया।शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज न होने पर एक पीड़िता ने एक्स पर आत्महत्या की बात लिखकर गृहमंत्री, मुख्यमंत्री, डीजीपी को टैग किया।ट्वीट होने के 05 घंटे बाद पुलिस महकमा सक्रिय।मड़िहान थाने में मुकदमा दर्ज। 
पीड़िताओं के अनुसार 1 जून 2022 को मड़िहान तहसील क्षेत्र के रैकरा गांव स्थित कुल 1.138 हेक्टेयर भुमि में से 20 विस्वा भूमि का सौदा रीता पांडे पत्नी पंकज पांडे निवासी रैकरा से आरोपी के भाई राजीव पांडे निवासी रामनगर, वाराणसी ने कराया था।जिसमे प्रियंका टिब्रेरेवाल पत्नी सुमित कुमार टिब्रेरेवाल और उनकी देवरानी कोमल टिब्रेरेवाल पत्नी आशीष टिब्रेरेवाल निवासी कहलगांव, भागलपुर, बिहार ने 5-5 विस्वा जमीन खरीदी। वहीं रिश्तेदार सुनीता अग्रवाल पत्नी अनिल कुमार अग्रवाल निवासी अग्रवाल बाजार, सोनभद्र ने 10 विस्वा जमीन की रजिस्ट्री उसी दिन कराई।जब नामांतरण के लिए लेखपाल से संपर्क किया गया तो पता चला कि रीता पांडे अपने वैधानिक हिस्से से अधिक 1.999 हेक्टेयर जमीन पहले ही बेच चुकी हैं। यानी लगभग 0.061 हेक्टेयर जमीन अधिकार से ज्यादा बेची गई। पीड़िताओं का आरोप है कि इसी तरीके से लगभग 50-60 अन्य लोगों को भी इसी भूमि में फंसाकर ठगा गया है। आरोपियों के खिलाफ लगातार ऑनलाइन, ऑफलाइन शिकायत के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नही होने पर दर्ज सुनीता अग्रवाल ने X हैंडल से गृहमंत्री, मुख्यमंत्री, डीजीपी,उत्तर प्रदेश पुलिस,मिर्जापुर पुलिस को टैग कर ट्वीट में आत्महत्या की बात लिखी।जिसे देख पुलिस 05 घंटे बाद ही सक्रिय हो गई।सोमवार को आरोपियों के खिलाफ मड़िहान थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। थानाध्यक्ष रवीन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि प्रियंका टिब्रेरेवाल की तहरीर पर राजीव पांडे और रीता पांडे के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में धोखाधड़ी, कूट रचना, जालसाजी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है, विवेचना की जा रही है।
शातिर चोर गिरफ्तार, 3 मोनो ब्लॉक और 4 बैटरी बरामद, 1 बाल अपचारी भी पकड़ा
*मड़िहान, मिर्जापुर* | मड़िहान थाना पुलिस ने क्षेत्र में किसानों के खेतों से हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 3 मोनो ब्लॉक और 4 बैटरी बरामद की गई है।
पिछले कुछ दिनों से मड़िहान थाना क्षेत्र में किसानों के खेतों पर लगे मोनोब्लॉक और वाहनों में लगी बैटरी की चोरी लगातार हो रही थी। यह पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई थी।
25 नवंबरको मटिहानी गांव निवासी अलीशेर के खेत से दो मोनो ब्लॉक चोरी हो गए थे अलीशेर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी विवेचना के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि अमोई गांव स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल विद्यालय के पास 3 युवक मोनोब्लॉक और बैटरी लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर तीनों युवक सामान छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर तीनों को पकड़ लिया पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया और बरामद सामान को चोरी का बताया कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह यह सामान लालगंज थाना क्षेत्र के सलोरी दुबार निवासी अंकित यादव के पास ले जा रहे थे अंकित ही चोरी के सामान का सरगना है और वह वाहन का इंतजार कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मड़िहान थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी 22 वर्षीय मोहित प्रजापति, 19 वर्षीय रोहन यादव और 17 वर्षीय बाल अपचारी विकास के रूप में हुई है पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया मोहित और रोहन को जेल भेज दिया गया, जबकि बाल अपचारी विकास को सुधार गृह भेजा गया
थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की गई सरगना अंकित यादव की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है जल्द ही अन्य साथियों को भी पकड़ा जाएगा।
नेतृत्व अलंकरण समारोह 2026-27 के भव्य आयोजन ने मोहा सभी का मन 
शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, अपितु उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व एवं नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त आधार है: विवेक बरनवाल

मीरजापुर। शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, अपितु उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व एवं नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त आधार है। इसी पावन उद्देश्य को साकार करने के क्रम में शुक्रवार को सेमफोर्ड स्कूल, बसही में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए नेतृत्व अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यालय का संपूर्ण प्रांगण उत्साह, उल्लास एवं गौरवपूर्ण वातावरण से अनुप्राणित दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के विद्यालय आगमन पर प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह, कॉर्डिनेटर्स एवं विद्यालय के स्काउट बैंड द्वारा भव्य स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं मुख्य अतिथि के सम्मान समारोह ने ज्ञान, संस्कृति एवं भारतीय परंपरा के प्रति विद्यालय की आस्था को अभिव्यक्त किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी गणेश वंदना ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक गरिमा से आलोकित कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने अपने स्वागत सम्बोधन में मुख्य अतिथि विवेक बरनवाल एवं शिप्रा बरनवाल विशिष्ट अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे उत्तरदायी, संवेदनशील एवं आदर्श नागरिकों का निर्माण करना है जो समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय के अनुशासन, मर्यादा एवं उत्कृष्ट परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएं। समारोह के बीच विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को अनुशासन, परिश्रम एवं आत्मविश्वास का सशक्त संदेश दिया। विद्यालय के निदेशक विवेक बरनवाल ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में कहा कि नेतृत्व किसी पद का नाम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व का पर्याय है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तित्व में ईमानदारी, सहिष्णुता, संवेदनशीलता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करें तथा विद्यालय एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करें। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। राष्ट्रीय भावना एवं विद्यालायीय गौरव के वातावरण मे सम्पन्न यह बैज अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह विद्यार्थियों के जीवन मे नेतृत्व, अनुसाशन, उत्तरदायित्व,सेवा एवं उत्कृष्टता के नए अध्याय का प्रेरणास्पद सूत्रपात सिद्ध हुआ। यह आयोजन न केवल छात्र-नेताओ के सम्मान का अवसर था,बल्कि उन्मे कर्तवनिष्ठा,नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी समारोह भी बन गया। इस अवसर पर विध्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे।
विभिन्न गांवों में सपा नेता निराला कोल ने किया जनसंपर्क
जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का दिया भरोसा

मीरजापुर। लालगंज। समाजवादी पार्टी के नेता राज नारायण उर्फ निराला कोल ने शुक्रवार को छानबे विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने जैकर कला, पतार,कठवार, तुलसी, मझियार और पतुलखी मिश्रपुर गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र वासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई प्रमुख समस्याएं उनके सामने रखीं।  लोगों ने राजनारायण उर्फ निराला जी से उम्मीद जताई कि उनकी बात सरकार तक पहुंचाई जायेगी। इस मौके पर निराला जी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसानों, मजदूरों और नौजवानों की आवाज को ताकत देती रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या को मजबूती से उठाएंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सपा ने हमेशा विकास और जनहित को प्राथमिकता दी हैं। इस जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में लोग जुड़े और अपनी समस्यायों को साझा किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान तुलसी राम कुमार, अंजेश कोल, राजेश कुमार, गोविंद प्रसाद आदि ने सपा नेता जयनारायण उर्फ निराला जी का जोरदार स्वागत किया।
संवेदना का पाठ पढ़ाती है ईदगाह कहानी
◆◆डॉ भवदेव पाण्डेय फाउंडेशन में कथा सम्राट प्रेमचंद की जयंती मनाई गई


मिर्जापुर। कथासम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर उनकी कहानी 'ईदगाह' के अत्यंत संवेदनशील पक्ष का मंचन किया गया। जिसमें एक छोटे बच्चे द्वारा अपनी आकांक्षाओं को त्याग कर परिवार की बूढ़ी काकी के प्रति अपनाए गए उत्तरदायित्व का निर्वहन किया गया था।
   नगर के तिवराने टोला स्थित डॉ भवदेव पाण्डेय फाउंडेशन में शुक्रवार को कथा एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती मनाई गई। सर्वप्रथम मुंशी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया। इस कड़ी में सलिल पांडेय ने बताया कि मुंशी जी का जन्म वाराणसी के लमही गांव में हुआ था । गरीबी के बावजूद वे नैतिक दृष्टि से बेहद संपन्न थे । अपनी कहानियों में अंग्रेजों के शोषण के खिलाफ़ वे सामन्तशाहों को आधार लेकर कलम चलाते थे ।  मिर्जापुर के चुनार के किले में अंग्रेजों के जमाने में चलने वाले बन्दीगृह में जेल में बंद लोगों के बच्चों को पढ़ाया भी करते थे । चुनार में उन्होंने देखा कि किस प्रकार ब्रिटिश हुक्मरान आसपास के गांव के लोगों खासकर महिलाओं का शोषण एवं दुराचरण कर रहे हैं। उनके मन में इसका गहरा असर पड़ा और उनकी कहानियों में अन्याय, शोषण के खिलाफ विचार ज्यादा होते थे।
ईदगाह कहानी में ईद के अवसर पर जहां गांव के बच्चे मेला देखने में मनोरंजन कर रहे हैं और खेल का सामान तथा खानेपीने में पैसा खर्च कर रहे हैं, वहीं कहानी का मुख्य पात्र छोटी उम्र का हामिद अपनी बूढ़ी काकी के लिए चिमटा खरीद कर उच्च उत्तरदायित्वों का निर्वाह करता है। इसी के साथ चिमटे के माध्यम से फौलादी ताकत अर्जित करने एवं चिमटे के दोनों हिस्सो की तरह दोनों भुजाओं को बलिष्ठ बनाने का संदेश भी दे रहे हैं ताकि  भारत माता जो अंग्रेजों की यातना से जल रही हैं, उसका मुकाबला किया जा सके।
     मंचन में बूढ़ी काकी का अभिनय अनन्या वर्मा त्रिपाठी तथा हामिद की भूमिका जैद ने निभाई । इस अवसर पर बच्चों से कहा गया कि वे अपने जीवन में सत्य के पथ पर चले, इससे उनमें आत्मबल पैदा होगा। प्रारंभ में गुडमार्निंग स्कूल की प्रधानाचार्य सावित्री पांडेय ने प्रेमचंद का जीवन परिचय दिया । अन्य वक्ताओं में अनिशा, अवंतिका, पायल एवं रेखा आदि थी
Mirzapur में भीषण सड़क हादसा अनियंत्रित कंटेनर ने सो रहे पिता-पुत्र को रौंदा दोनों की मौके पर मौत

मीरजापुर। यूपी के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत गैपुरा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि डिवाइडर पर इंडिकेटर व पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को भोर में तकरीबन 3 बजे थाना विन्ध्याचल के पुलिस चौकी गैपुरा क्षेत्रान्तर्गत कलना गहरवार के पास प्रयागराज की तरफ से आ रहे सीमेंट कंटेनर वाहन संख्या MP 19ZQ9901 के अनियंत्रित होकर घर में घुस कर पलट जाने के कारण चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45 वर्ष) पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता निवासी कलना गहरवार थाना विन्ध्याचल की मौके ही मृत्यु हो गयी जबकि उनका पुत्र रोहित (13 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल रोहित उपरोक्त को इलाज के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गयी। थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा दोनों मृतको के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया तथा परिजन द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर तथा सम्बन्धित वाहन को क़ब्ज़े में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा है। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर मय पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौजूद है।

वहीं दूसरी ओर दुर्घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर आस-पास के थानों की पुलिस फोर्स बुला लिया गया था वहीं हादसे की ख़बर होने पर मौके पर पहुंचे राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने मृतक के परिजनों को धैर्य बंधाते हुए उनके साथ खड़े होने का आश्वासन देते हुए मृतक परिवार को जिला प्रशासन द्वारा 50 लाख का मुआवजा मिले तथा क्षतिग्रस्त मकान का अभिलम्ब निर्माण कराये जाने की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराने में जुटे रहे हैं।
चौकियां संघ खरीद केंद्र से गेहूं का उठान नहीं होने से बरसात में भींग सैकड़ों कुंटल गेहूं हुआ बर्बाद
मीरजापुर। खरीद केंद्र से गेहूं का उठान नहीं होने से बरसात में भींग सैकड़ों कुंटल गेहूं बर्बाद हो रहा है जिसकी कोई सुधि लेने वाला दिखाई नहीं दे रहा है। जिले के विकास खण्ड जमालपुर में चौकियां संघ पर पीसुयू द्वारा संचालित गेहूं खरीद केंद्र पर अभी भी लगभग डेढ़-दो हजार कुंटल गेहूं संघ के जर्जर भवन से लगाए जर्जर प्राथमिक विद्यालय में तथा खुलें मैदान में तिरपाल से ढका पड़ा है। बता दें कि खरीद केंद्र बंद हुए लगभग महीने भर से उपर हो गया है, लेकिन जिला प्रबंधक एवं जिम्मेदार ठीकेदार की वजह से अब तक खरीद केंद्र से संपूर्ण गेहूं का उठान नहीं हो सका है। तिरपाल से ढंके होने के बावजूद भी आंधी-पानी में तिरपाल उड़ने से जर्जर भवन के छत से पानी टपकने से, चूहों द्वारा बोरियों को कुतरने एवं कुत्तों, पशुओं द्वारा बोरियों को फाड़ देने से अब तक सैकड़ों कुंटल गेहूं बर्बाद हो चुका है। अभी एक सप्ताह पहले तक यहां पर तीन हजार कुंटल से ज्यादा गेहूं पड़ा था, लेकिन इधर दो-तीन दिनों में आधे से ज्यादा गेहूं का उठान हुआ है और अभी भी लगभग आठ-दस ट्रक गेहूं यहीं पड़ा हुआ है।यहां के केंद्र प्रभारी द्वारा बरसते पानी में दिन तो छोड़िए सारी रात जाग कर कैंपस से पानी निकासी से लेकर तिरपाल से ढके गेहूं को भीगने से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।संयोग मनाइये कि इस वर्ष अभी तक कायदे से बरसात ही नहीं हुआ है, वरना श कुछ भी पल्ले नहीं पड़ता और सारा गेहूं नष्ट हो गया होता। बताते चलें कि अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह द्वारा 28 जुलाई 2026 को बारिश के समय रात्रि लगभग नौ बजे मौके पर जाकर देखने पर केंद्र प्रभारी द्वारा तिरपाल से ढंके गेहूं की निगरानी करते एवं कैंपस में भरें पानी की निकासी व्यवस्था में तल्लीन पाया गया। मौके कि स्थिति को देखते हुए चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा तुरंत संबंधित विभाग के जिम्मेदार लोगों को निर्देशित कर संपूर्ण गेहूं का उठान सुनिश्चित नहीं कराया गया तो बचा हुआ सारा गेहूं भी नष्ट हो सकता है।
सपा ने मनाई महाराज दक्ष प्रजापति की जयंती
*सामाजिक व्यवस्था, समरसता व कर्तव्य के प्रतीक थे महाराज दक्ष प्रजापति

मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट पर महाराज दक्ष प्रजापति की जयंती हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने महाराजा दक्ष प्रजापति के सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्द्धन हेतु योगदान के विषय में बताते हुए कहा कि वह कर्तव्य एवं सामाजिक व्यवस्था के प्रतीक थे, जिनके आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और उन आदर्शों पर चल कर समाज को सशक्त व संगठित बनाया जा सकता है।  गोष्ठी का कुशल संचालन करते हुए मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष मेवा लाल प्रजापति ने कहा कि सृष्टि के विस्तार हेतु भगवान ब्रह्मा से उत्पन्न मानस पुत्र वेदों के ज्ञाता महाराज दक्ष प्रजापति जी बहुत ही विद्वान, धार्मिक व तपस्वी थे, जिनकी पुत्री सती से भगवान शिव का विवाह हुआ था।
इस अवसर पर उपस्थित पार्टीजनों में मुख्य रूप से जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन एड. सुरेन्द्र सिंह पटेल, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, विजय शंकर प्रजापति, झल्लू यादव, पूर्व सभासद लवकुश प्रजापति व बाबू लाल प्रजापति, रामजी बिंद, मनोज चौहान, अनीस खान, सलीम बादशाह, रवि सोनकर, अमरनाथ चक्रवाल, रामजी यादव, विवेक कुशवाहा, रंजीत फौजी, मणिशंकर प्रजापति, पतलू यादव, बबलू प्रजापति, राममिलन यादव, प्रिंस राव, पवन कुमार प्रजापति, धनंजय सिंह, पप्पू प्रजापति, अयान आलम, कुल्ली प्रजापति, केशरी नंदन शर्मा, संदीप प्रजापति, कृष्ण मुरारी शर्मा, अजीत यादव, केशव प्रजापति, रामजी चौहान व इन्द्रमणि इत्यादि शामिल रहे।