पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह 7 अगस्त को गोण्डा आएंगे, मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे*


*गोण्डा, 5 अगस्त 2026* - उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह 7 अगस्त (शुक्रवार) को देवीपाटन मंडल के भ्रमण पर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह  पूर्वाह्न 11 बजे आयुक्त सभागार, देवीपाटन मंडल, गोण्डा पहुंचेंगे।

यहां मंत्री देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
बीमारी भी नहीं रोक सकी ममता की धारा, जारी रहा स्तनपान
- टीबी, फाइलेरिया और समय से पहले जन्मे शिशु जैसी चुनौतियों के बीच डॉक्टरों की सलाह बनी भरोसा
*गोंडा, 04 अगस्त 2026*: जब कोई मां बीमार होती है, तो उसके मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि क्या वह अपने शिशु को स्तनपान करा सकती है। कई बार यह डर भी सताता है कि कहीं उसकी बीमारी बच्चे तक न पहुंच जाए। यही आशंका देवीपाटन मंडल की उन माताओं के मन में भी थी, जिन्होंने विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान अपने अनुभव साझा किए। परिवार के कुछ सदस्य भी इसी डर से उन्हें स्तनपान कराने से मना करते थे। लेकिन डॉक्टरों की सही सलाह, आशा और एएनएम के मार्गदर्शन तथा परिवार के सहयोग से उनका यह भ्रम दूर हुआ।
स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में देवीपाटन मंडल के 3.18 लाख से अधिक नवजातों को जन्म के पहले घंटे में मां का दूध पिलाया गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि अस्पताल से घर लौटने के बाद बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों और परिवार के संकोच के कारण कई माताएं स्तनपान को लेकर असमंजस में पड़ जाती हैं।
अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद इन माताओं ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने शिशुओं को पहले छह महीने तक केवल मां का दूध पिलाया और कई माताओं ने दो साल तक भी स्तनपान जारी रखा। आज वे कहती हैं कि उनके बच्चे स्वस्थ हैं, अच्छी तरह बढ़ रहे हैं और दूसरे बच्चों की तुलना में कम बीमार पड़ते हैं।
केस -1 फाइलेरिया का डर, लेकिन नहीं रुका स्तनपान-
जरवल ब्लॉक के रिठौढ़ा गांव की रिंकी गर्भावस्था के दौरान फाइलेरिया से पीड़ित हो गई थीं। रिंकी बताती हैं कि प्रसव के बाद परिवार को डर था कि कहीं स्तनपान से बच्चे को भी बीमारी न हो जाए। आशा कार्यकर्ता ने समझाया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलता है, मां के दूध से नहीं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की जागरूकता सामग्री भी दिखाई। इसके बाद परिवार की शंका दूर हुई और रिंकी ने अपने बेटे को दो साल तक स्तनपान कराया। आज वह छह साल का है, स्वस्थ है और स्कूल जाता है।
केस -2 कम वजन की बच्ची के लिए मां का दूध बना संबल-
बलरामपुर के श्रीदत्तगंज निवासी मनोज कुमार की पत्नी मीना देवी ने 4 जून 2026 को जिला अस्पताल में 1635 ग्राम वजन की बच्ची को जन्म दिया। कम वजन होने के कारण नवजात को एसएनसीयू में भर्ती करना पड़ा। बच्ची स्तन से दूध नहीं खींच पा रही थी, इसलिए स्वास्थ्यकर्मियों ने मां का दूध निकालकर कटोरी-चम्मच से पिलाना शुरू किया। धीरे-धीरे बच्ची की स्थिति में सुधार हुआ। मीना देवी कहती हैं, "डॉक्टरों ने बताया कि मेरे दूध से ही मेरी बच्ची को सबसे ज्यादा ताकत मिलेगी। आज बच्ची स्वस्थ है और सामान्य रूप से बढ़ रही है।“
केस -3 टीबी इलाज के साथ जारी रहा स्तनपान -
श्रावस्ती जिले के भिनगा क्षेत्र के अंबेडकरनगर की 26 वर्षीय एक महिला (पहचान गोपनीय रखने के अनुरोध पर नाम प्रकाशित नहीं किया जा रहा है) को प्रसव के बाद टीबी का पता चला। परिवार को डर था कि कहीं शिशु को भी संक्रमण न हो जाए। डॉक्टरों ने समझाया कि नियमित उपचार, शुरुआती दिनों में मास्क के उपयोग और पौष्टिक आहार के साथ स्तनपान सुरक्षित रूप से जारी रखा जा सकता है। उन्होंने चिकित्सकीय सलाह का पालन किया और अपने शिशु को स्तनपान कराना नहीं छोड़ा। महिला कहती हैं, "डॉक्टरों की सलाह ने मेरा और मेरे परिवार का डर दूर कर दिया। आज मेरा डेढ़ साल का बेटा स्वस्थ है और मैं भी पूरी तरह टीबी से ठीक हो चुकी हूं।"

"कई माताएं यह भी सोचती हैं कि बीमारी या दवा लेने से उनका दूध खराब हो जाएगा या बच्चे को नुकसान पहुंचाएगा। जबकि अधिकांश सामान्य बीमारियों और उनकी दवाओं के दौरान भी स्तनपान सुरक्षित रहता है। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के न तो दवा बंद करें और न ही स्तनपान।"
डॉ. संतलाल पटेल- कार्यवाहक अपर निदेशक (देवीपाटन मंडल) एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गोंडा
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: सिलाई ट्रेड के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 6 अगस्त से

*गोण्डा, 5 अगस्त 2026*   -  जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षण उपरांत उन्नत टूलकिट वितरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी हैं। योजना के तहत बढ़ई, नाई, लोहार, राजमिस्त्री, कुम्हार, धोबी, मोची, हलवाई तथा सिलाई सहित कुल नौ ट्रेडों के परंपरागत कारीगरों को लाभान्वित किया जाएगा।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के अनुसार सिलाई ट्रेड के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार कार्यालय परिसर में प्रतिदिन पूर्वाह्न 11:00 बजे आयोजित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को A से C, 7 अगस्त को D से K, 10 अगस्त को L से N, 11 अगस्त को P से R, 12 अगस्त को S तथा 13 अगस्त को T से Z अक्षर तक के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र तथा यदि आवेदक परंपरागत कारीगर जाति से भिन्न है तो संबंधित ट्रेड में कार्य करने का ग्राम प्रधान अथवा नगर पंचायत/नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा जारी प्रमाण-पत्र साथ लेकर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी पात्र अभ्यर्थी समय से उपस्थित होकर आवश्यक अभिलेखों सहित साक्षात्कार में प्रतिभाग करें।
गोण्डा पुलिस ने तारकोल ड्रम चोरी की घटना का किया सफल अनावरण, तीन आरोपी गिरफ्तार; चोरी का माल बरामद
गोण्डा। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गोण्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने तारकोल ड्रम चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तारकोल ड्रम और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली देहात में पंजीकृत मुकदमा संख्या 722/2026, धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस से संबंधित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

प्रदीप कुमार पुत्र संतलाल, निवासी कोईलारा मुबारकपुर, थाना कमरौली, जनपद अमेठी।
रामू पुत्र परिदीन, निवासी कोईलारा मुबारकपुर, थाना कमरौली, जनपद अमेठी।
सुशील सिंह पुत्र स्व. राजेन्द्र बहादुर सिंह, निवासी पूरे सिरोही मंगापुर, थाना उदयपुर, जनपद प्रतापगढ़।

के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रामनगर तिराहे से आगे साहियापुर के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, उस पर लदे 13 अदद भरे तारकोल ड्रम और 4 अदद खाली तारकोल ड्रम बरामद किए गए।

घटना का विवरण:
वादी अजीत सिंह पुत्र अमरेश सिंह निवासी गोण्डा ने थाना कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया था कि 19 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच थाना क्षेत्र के वीरपुर बिसेन, पूरे गुलाब पुरवा स्थित एक प्लॉट से अज्ञात चोरों द्वारा सड़क निर्माण कार्य के लिए रखे गए तारकोल के 17 ड्रम चोरी कर लिए गए थे।

तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
एक कलम के लिए 11वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई
*बांस, मुक्के और थप्पड़ों से मारकर दी जान से मारने की धमकी


गोण्डा। परसपुर क्षेत्र के बेनी माधवगंज बहादुर इंटर कॉलेज में एक मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। यहां 11वीं कक्षा के एक छात्र के साथ कुछ छात्रों ने बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि यह पूरा विवाद महज एक कलम के लेन-देन को लेकर हुआ।पीड़ित छात्र अमित कुमार यादव के पिता ने परसपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके बेटे अमित के साथ शिवांश सिंह, निखिल सिंह, अमित दुबे और बृजेश नाम के छात्रों ने मारपीट की।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने अमित को बांस, मुक्कों और थप्पड़ों से पीटा। जब पीड़ित छात्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
परसपुर थाना पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।शिक्षा के मंदिर में छात्रों के बीच इस तरह की हिंसा की घटना से अभिभावकों में आक्रोश है। लोगों ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस से स्कूल में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
24 घंटे में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा, गोण्डा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की बाइक बरामद की
गोण्डा। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गोण्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना छपिया पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मोटरसाइकिल चोरी की तीन घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मनकापुर श्री उदित नारायण पालीवाल के नेतृत्व में थाना छपिया पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

अवधेश कुमार दूबे उर्फ सोनू दूबे पुत्र लालबच्चा दूबे
अमित कुमार प्रजापति पुत्र निब्बूलाल उर्फ नन्दलाल

के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

घटना का विवरण:
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को थाना छपिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना में राधेश्याम पुत्र रामनाथ की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दूसरी घटना में सोनू गुप्ता पुत्र परमानंद गुप्ता की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और तीसरी घटना में चिन्तामणि मिश्र पुत्र ओंकार नाथ मिश्र की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी।

तीनों मामलों में थाना छपिया में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अमवा जंगल के पास से आरोपी अवधेश कुमार दूबे उर्फ सोनू दूबे को चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी की सूचना पर उसके साथी अमित कुमार प्रजापति को ग्राम फिरोजपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर भुशैला में छिपाकर रखी गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में हुआ खुलासा:
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों मिलकर थाना छपिया क्षेत्र और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 3 और 4 अगस्त 2026 को मसकनवा हरिजन कॉलोनी, सिंगार घाट और छपिया बाजार से तीन मोटरसाइकिलें चोरी की थीं।

आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सुनसान स्थानों पर झाड़ियों और भुशैले में छिपाकर रखते थे तथा मौका मिलने पर उन्हें बेचने की योजना थी।

थाना छपिया पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
नंदिनी नगर में बंटेंगे 40 क्विंटल लड्डू, 3 लाख की भीड़ का दावा
गोंडा।यौन शोषण मामले में अदालत से बरी होने के बाद कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को पहली बड़ी शक्ति-प्रदर्शन करने जा रहे हैं। गोंडा के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 'सत्यमेव जयते' नाम से विशाल रैली आयोजित की गई है।आयोजकों के अनुसार रैली की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आने वाले लोगों के स्वागत के लिए 40 क्विंटल यानी करीब 12 लाख लड्डू तैयार कराए गए हैं। रैली में आने वालों को लड्डू वितरित किए जाएंगे और साथ में घर ले जाने के लिए भी दिए जाएंगे।रैली स्थल पर विशाल टेंट, हाई-टेक साउंड सिस्टम और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। 3 लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। पूरे स्टेडियम में 'सत्यमेव जयते' और अदालत के फैसले से जुड़े पोस्टर बैनर लगाए गए हैं।सुबह 10 बजे रैली शुरू होगी।प्राप्त जानकारी के अनुसार बृजभूषण शरण सिंह चार्टर्ड विमान से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और संतों का आशीर्वाद लेने के बाद 300 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ गोंडा के लिए रवाना होंगे। नंदिनी नगर पहुंचने से पहले वे गौ माता मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।
आयोजकों ने रैली में 3 लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
एल.बी.एस. डिग्री कॉलेज में आईसीआईसीआई बैंक के एसआरएम पद हेतु 60 छात्रों का प्री-इंटरव्यू चयन
*गोंडा, 5 अगस्त।* श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा में मंगलवार को एनआईआईटी (NIIT) एवं स्वास्थी एजुकेशनल सर्विस के संयुक्त तत्वावधान में आईसीआईसीआई बैंक के एसआरएम (SRM) पद के लिए ओपन कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्लेसमेंट ड्राइव में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

साक्षात्कार प्रक्रिया का संचालन एनआईआईटी के प्रतिनिधि श्री रोहित श्रीवास्तव एवं सुश्री देवजानी द्वारा किया गया। प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के उपरांत 60 छात्र-छात्राओं का प्री-इंटरव्यू के लिए चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

इस अवसर पर प्रो. अभय श्रीवास्तव, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. हरीश शुक्ला, श्री रामभवन सिंह तथा श्री राजकुमार माथुर सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, समन्वयक, प्लेसमेंट सेल द्वारा किया गया।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। महाविद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाए
थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा गौ तस्करी के 02 वांछित अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी  राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना नवाबगंज पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 258/2026 धारा 3/5ए/8 उ0प्र0 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रुरता निवारण अधिनियम से संबंधित 02 वांछित अभियुक्तों- धर्म प्रकाश यादव पुत्र राम अकबाल यादव 2. राज नरायन पुत्र मुन्ना लाल निवासीगण पूरे राम प्रसाद मौजा तुलसीपुर मांझा थाना नवाबगंज गोण्डा को पूरे राम प्रसाद पूरे बालू जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया

घटना का संक्षिप्त विवरण-

दिनांक 21.07.2026 को थाना नवाबगंज पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ गोवंशीय तस्कर एक बलेनो कार को आगे-आगे चलाकर डीसीएम वाहन में गोवंशीय पशुओं को बर्बरता पूर्वक रस्सियों से बांधकर अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा तत्काल गड़ेरियन पुरवा-कोल्हमपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास सघन वाहन चेकिंग प्रारम्भ की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध बलेनो कार पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगी। पुलिस टीम ने तत्परता पूर्वक घेराबंदी कर कार चालक अय्याज पुत्र मोईद निवासी जगनपुर थाना रौनाही जनपद अयोध्या को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को पीछे से आ रहे डीसीएम वाहन की जानकारी मिली। इसी बीच डीसीएम वाहन चालक व कुछ अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 10 गोवंशीय पशु रस्सियों से बर्बरता पूर्वक बंधे हुए मिले। पुलिस ने तत्काल सभी पशुओं को मुक्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया तथा बलेनो कार व डीसीएम वाहन को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा घटना को संज्ञान में लेकर तत्काल अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया था तथा प्रभारी एस0ओ0जी0/सर्विलांस सहित प्रभारी नवाबगंज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। जिसमें गठित पुलिस टीमों द्वारा पूर्व में गौ तस्कर मोफीद व अय्याज सहित 04 लोगो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जिसमें आज दिनांक 05.08.2026 को थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा वांछित चल रहे आरोपी अभियुक्तों धर्म प्रकाश यादव पुत्र राम अकबाल यादव 2. राज नरायन पुत्र मुन्ना लाल निवासीगण पूरे राम प्रसाद मौजा तुलसीपुर मांझा थाना नवाबगंज गोण्डा को पूरे राम प्रसाद पूरे बालू जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
ऑपरेशन साइबर कवच: गोण्डा पुलिस ने साइबर फ्रॉड के 2700 रुपये वापस कराए, पीड़ित के चेहरे पर लौटी मुस्कान
गोण्डा। जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर कवच के तहत गोण्डा पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। थाना कोतवाली देहात की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के फ्रॉड हुए 2700 रुपये वापस कराकर उसे राहत पहुंचाई है।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली देहात की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और इंटरमीडियरी से संपर्क स्थापित किया। इसके बाद पीड़ित के खाते में 2700 रुपये की धनराशि वापस कराई गई।

घटना का विवरण:
मो. अरबाज निवासी गोण्डा ने थाना कोतवाली देहात की साइबर हेल्पडेस्क में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ साइबर फ्रॉड कर 2700 रुपये की ठगी की गई है। शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्पडेस्क टीम ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंक एवं अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई धनराशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की।

रुपये वापस मिलने के बाद पीड़ित ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गोण्डा पुलिस और साइबर हेल्पडेस्क टीम का धन्यवाद किया।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, शिकायत में देरी होने पर साइबर अपराधी खाते से धनराशि निकाल सकते हैं और बाद में पैसे वापस मिलने की संभावना कम हो जाती है।

पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, बायोमेट्रिक डेटा, पैन कार्ड, आधार कार्ड अथवा अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। फ्रॉड ट्रांजेक्शन होने पर तत्काल अपने बैंक और नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क को सूचना दें।

साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस की अपील:

ऑनलाइन लेन-देन करते समय सतर्क रहें।
किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक विवरण या निजी जानकारी साझा न करें।
सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
अपने मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों को सुरक्षित रखें।
ऑनलाइन खरीदारी के लिए विश्वसनीय वेबसाइट का ही उपयोग करें।
मजबूत पासवर्ड रखें और उसे गोपनीय बनाए रखें।
अपनी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें।
साइबर बुलिंग या साइबर स्टॉकिंग की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में संबंधित कंपनी प्रबंधन और पुलिस को अवगत कराएं।