पंकज श्रीवास्तव ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन को सेवा विस्तार पर दी बधाई
 गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्रीय परामर्श दात्री समिति के सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव ने दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से मिलकर उनके कार्यकाल विस्तार पर बधाई देते हुए शुभकामनाएं दिया। बधाई देते समय रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार से पूर्वोत्तर रेलवे के विकास और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।


भाजपा नेता पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया वर्तमान रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के नेतृत्व में भारतीय रेलवे ने आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति किया है वर्तमान मुख्य कार्यकारी अधिकारी के द्वारा देश भर में रेलवे स्टेशनों को और अधिक आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने हेतु प्रयास जारी रखा जाएगा इसके लिए सदस्यों का भी सहयोग विभिन्न माध्यमों द्वारा मिलता रहता है। जेडआरयूसीसी मेंबर पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कार्यकाल विस्तार किए जाने पर भारत के प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया।
17 साल की उम्र में रचा इतिहास: लक्ष्य राय चन्दानी का मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने किया सम्मान, टीम इंडिया के लिए दी शुभकामनाएं

*आयुक्त से मिलकर परिवारजन  ने लक्ष्य को टीम इंडिया में खेलने के लिए किया प्रोत्साहित*

*खिलाड़ी लक्ष्य ने जनपद गोंडा के साथ प्रदेश एवं देश में नाम किया रोशन*


गोण्डा। जनपद गोण्डा सदर तहसील के होनहार युवा क्रिकेटर लक्ष्य राय चन्दानी को उनकी शानदार खेल उपलब्धियों के लिए मंगलवार को मंडलायुक्त ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान मंडलायुक्त ने लक्ष्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम तक पहुंचने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
17 वर्षीय लक्ष्य राय चन्दानी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रघुकुल विद्या पीठ एकेडमी से प्राप्त की। उनके प्रथम क्रिकेट कोच सुरेन्द्र कुमार रहे, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट की शुरुआती बारीकियां सीखीं। लक्ष्य वर्तमान में भारत अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं तथा उपकप्तान की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। वही उत्तराखंड की रणजी टीम से भी खेल चुके हैं। लक्ष्य की क्रिकेट यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। मात्र 15 वर्ष की आयु में उनका चयन अंडर-16 टीम में हुआ और अपनी प्रतिभा व लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर वह भारत अंडर-19 टीम के उपकप्तान बने। उन्होंने विजय मर्चेंट ट्रॉफी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 'मैन ऑफ द मैंच अवार्ड' जैसी उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा अनेक विभिन्न टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने गोण्डा, उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
सम्मानित करने दौरान मंडलायुक्त ने लक्ष्य के पिता राजेश राय चन्दानी, माता लक्ष्मी राय चन्दानी तथा परिवार के अन्य सदस्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके गुरु माता-पिता का त्याग, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन सबसे बड़ी भूमिका निभाता है। उन्होंने परिवार की मेहनत और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
मंडलायुक्त ने लक्ष्य राय चन्दानी से मुलाकात कर उन्हें भविष्य में भारतीय सीनियर टीम के लिए खेलने का लक्ष्य निर्धारित करने तथा पूरी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त न्यायिक राजेश कुमार यादव  व कोच व अन्य सदस्यगण मौजूद रहे
डेयरी क्षेत्र की योजनाओं को मिलेगी नई गति, 5 अगस्त को गोंडा में होगा जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव
*गोंडा, 4 अगस्त 2026*   -    दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिकाधिक पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से 5 अगस्त को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभागार, गोंडा में एक दिवसीय जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कॉन्क्लेव में नन्द बाबा दुग्ध मिशन, दुग्ध नीति-2022, आधुनिक डेयरी प्रबंधन, औपचारिक दुग्ध प्रसंस्करण, चारा प्रबंधन, पशु रोगों की पहचान, रोकथाम, निगरानी, नियंत्रण, टीकाकरण तथा दुग्ध एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ भी अपने विचार एवं तकनीकी जानकारी साझा करेंगे।

दुग्ध आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अनुज कुमार यादव को जनपद गोंडा के लिए कॉन्क्लेव का समन्वयक नामित किया गया है। उन्हें मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही जिला पंचायत सभागार की उपलब्धता, जनप्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों को आमंत्रित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया है कि कार्यक्रम में प्रगतिशील पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों एवं अन्य हितधारकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही नन्द बाबा दुग्ध मिशन, दुग्ध नीति-2022 तथा विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पंपलेट एवं प्रचार सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
5 से 8 अगस्त तक देवीपाटन मंडल के चार जनपदों का दौरा करेगा उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग
*बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती एवं बलरामपुर में होगी जनसुनवाई, अधिकारियों के साथ बैठक और ग्राम पंचायतों का भ्रमण*


*गोण्डा, 04 अगस्त 2026*  -   उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण 5 से 8 अगस्त तक देवीपाटन मंडल के चार जनपदों—बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती एवं बलरामपुर—का भ्रमण करेंगे। आयोग के अध्यक्ष मा० न्यायमूर्ति  राम औतार सिंह के नेतृत्व में सदस्य बृजेश कुमार (सेवानिवृत्त जिला जज), सन्तोष कुमार विश्वकर्मा (सेवानिवृत्त एडीजे), डॉ. अरविन्द कुमार चौरसिया (सेवानिवृत्त आईएएस) तथा एस.पी. सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) विभिन्न जनपदों में जनसुनवाई करेंगे, संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय ग्रामीण निकायों से जुड़े विषयों पर आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त करेंगे तथा विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त को आयोग बहराइच में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक जनसुनवाई करेगा, 6 अगस्त को गोण्डा में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक बैठक एवं जनसुनवाई आयोजित होगी, 7 अगस्त को श्रावस्ती में पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 1 बजे तक जनसुनवाई एवं निरीक्षण कार्यक्रम रहेगा, जबकि 8 अगस्त को बलरामपुर में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक बैठक एवं जनसुनवाई के उपरांत विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर स्थानीय व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया जाएगा। आयोग का यह भ्रमण स्थानीय ग्रामीण निकायों से जुड़े मुद्दों के प्रभावी निस्तारण एवं जमीनी स्थिति के आकलन के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के सभी संकायों में 'दीक्षारंभ' कार्यक्रम का भव्य आयोजन
*गोंडा, 3 अगस्त।* श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा में प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशन तथा प्रवेश समिति के प्रभारी प्रो. संजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु सोमवार को 'दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम' का भव्य आयोजन किया गया। कला एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम महाविद्यालय के मुख्य परिसर स्थित ललिता शास्त्री सभागार में तथा जीव विज्ञान, गणित, बी.सी.ए., बी.बी.ए. एवं बी.एससी. (कृषि) के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान संकाय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रमों, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली तथा उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. जय शंकर तिवारी द्वारा माँ सरस्वती की वंदना से किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास तथा राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. अमन चंद्रा ने अनुशासन एवं इतिहास अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डाला। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अभय कुमार श्रीवास्तव ने परिश्रमपूर्वक अध्ययन की आवश्यकता बताते हुए छात्र-कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. वी.सी.एच.एन. के. श्रीनिवास राव ने भाषा-अधिगम एवं साहित्य के व्यापक उद्देश्यों पर विचार व्यक्त किए। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. शशिबाला ने समाजशास्त्र की उपयोगिता एवं करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. रंजन शर्मा ने अनुशासन तथा मोबाइल फोन के संयमित एवं सकारात्मक उपयोग की प्रेरणा दी। संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. मंशाराम वर्मा ने भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के महत्व को रेखांकित किया। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. जय शंकर तिवारी ने विद्यार्थियों को नियमित कक्षा-अध्ययन, महाविद्यालय की वेबसाइट के सतत अवलोकन, गणवेश के पालन तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

डॉ. अवधेश वर्मा ने करियर निर्माण हेतु मनोयोगपूर्वक अध्ययन एवं छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। डॉ. बैजनाथ पाल ने राजनीति विज्ञान की परिवर्तनकारी भूमिका पर प्रकाश डाला। रक्षा अध्ययन विभाग के डॉ. सुनील तिवारी ने पुस्तकों से आत्मीय संबंध स्थापित करने की प्रेरणा दी। एन.सी.सी. प्रभारी डॉ. अमित शुक्ल ने एन.सी.सी. के उद्देश्यों एवं प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी, जबकि डॉ. अरुण वर्मा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

सभी विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों की उपयोगिता, उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही महाविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, डिजिटल संसाधनों तथा अन्य छात्रोपयोगी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुसंधान एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरीश शुक्ल ने किया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: सरकारी टीम पर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
गोण्डा। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कर्नलगंज पुलिस ने सरकारी टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध खनन के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेजते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज आनंद कुमार राय के नेतृत्व में थाना कर्नलगंज पुलिस ने मुकदमा संख्या 461/2026 में कार्रवाई करते हुए एजाज पुत्र अहमद, वसीर खान उर्फ सोनू पुत्र रशीद खान तथा फजलू रहमान पुत्र सम्मीउद्दीन को वी.वी. सिंह पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 की रात करीब 1 बजे खान अधिकारी अभय रंजन अपनी टीम के साथ ग्राम बटौरा बख्तावर सिंह (चौकी बालपुर) के पास औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। जांच के दौरान एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से मिट्टी का खनन एवं परिवहन करते हुए पाए गए। जब टीम ने संबंधित अनुमति और दस्तावेज मांगे तो कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया।

आरोप है कि कार्रवाई के दौरान जेसीबी चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने सरकारी टीम के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इतना ही नहीं, टीम पर जेसीबी चढ़ाने का भी प्रयास किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर थाना कर्नलगंज में मुकदमा दर्ज किया।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), खनिज अधिनियम-1957 तथा सीएलए एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी
*कोर्ट ने कहा - पर्याप्त साक्ष्य नहीं

गोंडा। महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों से जुड़े बहुचर्चित मामले में सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष एवं कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बरी कर दिया।एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अश्विनी पवार की अदालत ने 1133 दिन और 127 सुनवाई के बाद फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि महिला पहलवान के बयानों में विरोधाभास हैं और आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं। अदालत ने अपने फैसले में यह भी माना कि खेल मंत्रालय की जांच समिति के समक्ष दिए गए बयान और पुलिस व कोर्ट में दर्ज बयानों में अंतर पाया गया।यह मामला वर्ष 2012 से 2022 के बीच कथित रूप से हुई घटनाओं से जुड़ा था।
बृजभूषण शरण सिंह की ओर से पूरे मुकदमे के दौरान अधिवक्ता राजीव मोहन, ऋषभ भाटी और रेहान खान ने पैरवी की।
अयोध्या-गोंडा हाईवे पर ट्रक का कहर: बाइक सवार 1 की मौत,1गंभीर
*नवाबगंज क्षेत्र में हुआ हादसा, काम से घर जा रहे थे दोनों युवक, समाजसेवी ने पहुंचाया अस्पताल

गोंडा। बस्ती-अयोध्या-गोंडा हाईवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाया। नवाबगंज थाना क्षेत्र में नए सरयू पुल के पास महेशपुर गांव के निकट ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सरैया बाजार निवासी 28 वर्षीय आकाश यादव के रूप में हुई है। घायल 26 वर्षीय रवि कनौजिया की हालत गंभीर है। दोनों युवक अयोध्या में मजदूरी करते थे और काम पर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और युवकों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे समाजसेवी रितेश मिश्रा ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। रवि का इलाज जारी है।हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। नवाबगंज पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घाघरा खतरे के निशान से 6 सेमी नीचे, 20 से ज्यादा नावें तैनात
*कटान से खेत-मकान खतरे में, ग्रामीण नाव के सहारे


गोंडा। घाघरा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार सुबह 9:30 बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान से महज 6 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी। पिछले 24 घंटे में जलस्तर 9 सेंटीमीटर बढ़ा है। बैराज से 2 लाख 71 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से नदी का बहाव और तेज हो गया है।बढ़ते जलस्तर का असर तटीय गांवों पर दिखने लगा है। ऐली परसौली समेत कई गांवों में लोगों को आने-जाने और जरूरी सामान लाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीण आटा, चावल, पशु चारा और अन्य सामान नाव से ढो रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगह वे खुद ही नाव चला रहे हैं क्योंकि प्रशासन ने नाविकों की व्यवस्था नहीं की है। कुछ गांवों में लोग निजी या किराए की नावों से आवागमन करने को मजबूर हैं।जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 20 से अधिक नावें तैनात की हैं। लेकिन कई तटीय गांवों में अब भी नावों की कमी बनी हुई है।घाघरा के बढ़ते जलस्तर के साथ करनैलगंज और तरबगंज तहसील में कटान भी तेज हो गया है। नदी किसानों की उपजाऊ जमीन और फसलों को बहा रही है। नवाबगंज क्षेत्र के कई इलाकों में कच्चे मकान भी कटान की जद में आ गए हैं।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिन स्थानों पर नाव की जरूरत है वहां नावें उपलब्ध कराई जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।
₹1.13 करोड़ की नकली दवाओं के बाद 150 मेडिकल स्टोर जांच के दायरे में
  *बिना लाइसेंस चल रहा था अमन फार्मास्युटिकल्स, मुख्य आरोपी फरार


गोंडा। जिले में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार का बड़ा खुलासा होने के बाद अब 150 से अधिक मेडिकल स्टोर संचालक जांच के दायरे में आ गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग गोंडा समेत आसपास के जिलों के थोक और रिटेल विक्रेताओं के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड खंगाल रहा है।बिना लाइसेंस संचालित अमन फार्मास्युटिकल्स के तीन गोदामों पर 16 से 19 जुलाई के बीच नौ जिलों से आई औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान करीब ₹1.13 करोड़ मूल्य की अवैध, नकली और नशीली दवाएं बरामद की गई थीं।जिला औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा ने बताया कि अमन फार्मास्युटिकल्स का थोक दवा बिक्री का लाइसेंस वर्ष 2025 में ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद अवैध कारोबार चल रहा था। मामले में 19 दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।मुख्य आरोपी अमन कसौधन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी 14 जून से फरार है और उसके नेपाल भागने की आशंका है। उसकी तलाश में कई पुलिस टीमें जुटी हैं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच में कई मेडिकल स्टोर और थोक विक्रेताओं के नाम सामने आए हैं। जल्द ही अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी छापेमारी की जाएगी।