महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी
*कोर्ट ने कहा - पर्याप्त साक्ष्य नहीं

गोंडा। महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों से जुड़े बहुचर्चित मामले में सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष एवं कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बरी कर दिया।एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अश्विनी पवार की अदालत ने 1133 दिन और 127 सुनवाई के बाद फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि महिला पहलवान के बयानों में विरोधाभास हैं और आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं। अदालत ने अपने फैसले में यह भी माना कि खेल मंत्रालय की जांच समिति के समक्ष दिए गए बयान और पुलिस व कोर्ट में दर्ज बयानों में अंतर पाया गया।यह मामला वर्ष 2012 से 2022 के बीच कथित रूप से हुई घटनाओं से जुड़ा था।
बृजभूषण शरण सिंह की ओर से पूरे मुकदमे के दौरान अधिवक्ता राजीव मोहन, ऋषभ भाटी और रेहान खान ने पैरवी की।
अयोध्या-गोंडा हाईवे पर ट्रक का कहर: बाइक सवार 1 की मौत,1गंभीर
*नवाबगंज क्षेत्र में हुआ हादसा, काम से घर जा रहे थे दोनों युवक, समाजसेवी ने पहुंचाया अस्पताल

गोंडा। बस्ती-अयोध्या-गोंडा हाईवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाया। नवाबगंज थाना क्षेत्र में नए सरयू पुल के पास महेशपुर गांव के निकट ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सरैया बाजार निवासी 28 वर्षीय आकाश यादव के रूप में हुई है। घायल 26 वर्षीय रवि कनौजिया की हालत गंभीर है। दोनों युवक अयोध्या में मजदूरी करते थे और काम पर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और युवकों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे समाजसेवी रितेश मिश्रा ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। रवि का इलाज जारी है।हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। नवाबगंज पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घाघरा खतरे के निशान से 6 सेमी नीचे, 20 से ज्यादा नावें तैनात
*कटान से खेत-मकान खतरे में, ग्रामीण नाव के सहारे


गोंडा। घाघरा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार सुबह 9:30 बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान से महज 6 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी। पिछले 24 घंटे में जलस्तर 9 सेंटीमीटर बढ़ा है। बैराज से 2 लाख 71 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से नदी का बहाव और तेज हो गया है।बढ़ते जलस्तर का असर तटीय गांवों पर दिखने लगा है। ऐली परसौली समेत कई गांवों में लोगों को आने-जाने और जरूरी सामान लाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीण आटा, चावल, पशु चारा और अन्य सामान नाव से ढो रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगह वे खुद ही नाव चला रहे हैं क्योंकि प्रशासन ने नाविकों की व्यवस्था नहीं की है। कुछ गांवों में लोग निजी या किराए की नावों से आवागमन करने को मजबूर हैं।जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 20 से अधिक नावें तैनात की हैं। लेकिन कई तटीय गांवों में अब भी नावों की कमी बनी हुई है।घाघरा के बढ़ते जलस्तर के साथ करनैलगंज और तरबगंज तहसील में कटान भी तेज हो गया है। नदी किसानों की उपजाऊ जमीन और फसलों को बहा रही है। नवाबगंज क्षेत्र के कई इलाकों में कच्चे मकान भी कटान की जद में आ गए हैं।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिन स्थानों पर नाव की जरूरत है वहां नावें उपलब्ध कराई जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।
₹1.13 करोड़ की नकली दवाओं के बाद 150 मेडिकल स्टोर जांच के दायरे में
  *बिना लाइसेंस चल रहा था अमन फार्मास्युटिकल्स, मुख्य आरोपी फरार


गोंडा। जिले में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार का बड़ा खुलासा होने के बाद अब 150 से अधिक मेडिकल स्टोर संचालक जांच के दायरे में आ गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग गोंडा समेत आसपास के जिलों के थोक और रिटेल विक्रेताओं के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड खंगाल रहा है।बिना लाइसेंस संचालित अमन फार्मास्युटिकल्स के तीन गोदामों पर 16 से 19 जुलाई के बीच नौ जिलों से आई औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान करीब ₹1.13 करोड़ मूल्य की अवैध, नकली और नशीली दवाएं बरामद की गई थीं।जिला औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा ने बताया कि अमन फार्मास्युटिकल्स का थोक दवा बिक्री का लाइसेंस वर्ष 2025 में ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद अवैध कारोबार चल रहा था। मामले में 19 दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।मुख्य आरोपी अमन कसौधन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी 14 जून से फरार है और उसके नेपाल भागने की आशंका है। उसकी तलाश में कई पुलिस टीमें जुटी हैं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच में कई मेडिकल स्टोर और थोक विक्रेताओं के नाम सामने आए हैं। जल्द ही अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी छापेमारी की जाएगी।
गोंडा की बेटी का डंका, साक्षी श्रीवास्तव को मिला 'बेस्ट साइंटिस्ट अवॉर्ड'
* अरगा-पार्वती पर शोध को मिली सराहना*


गोंडा। जिले की बेटी ने एक बार फिर गोंडा का नाम रोशन किया है। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज की शोध छात्रा साक्षी श्रीवास्तव को लाइफ साइंस के क्षेत्र में बेस्ट साइंटिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।यह सम्मान गोरखपुर के दिग्विजय नाथ पीजी कॉलेज और लखनऊ के साइंस टेक इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रदान किया गया। सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिकों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया।साक्षी वर्तमान में डॉ. रेखा शर्मा के निर्देशन में गोंडा की रामसर साइट घोषित अरगा-पार्वती पक्षी विहार की जैव विविधता पर शोध कर रही हैं। सम्मेलन में उन्होंने “गोंडा जिले के स्थिर जल निकायों के नीले-हरे शैवाल: विविधता और महत्व” विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। उनके शोध को विशेषज्ञों ने काफी सराहा और नवाचार के लिए अवॉर्ड दिया गया।साक्षी की इस उपलब्धि पर एल.बी.एस. कॉलेज में खुशी की लहर है। प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने साक्षी और उनकी शोध निदेशक डॉ. रेखा शर्मा को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी साक्षी को बधाई दी।साक्षी ने कहा कि यह सम्मान मुझे आगे और बेहतर शोध के लिए प्रेरित करेगा।
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के  ललिता शास्त्री सभागार में संपन्न हुआ नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत कार्यक्रम
गोण्डा। प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संकल्प के अंतर्गत श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के  ललिता शास्त्री सभागार में प्रभारी   प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशानुसार नशा मुक्त  युवा फार  विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया l कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा नशा ग्रस्त व्यक्ति से घृणा नहीं बल्कि सहानुभूति रखते हुए उसे नशा मुक्त करने में सहयोग करें और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका  सुनिश्चित  करें l कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम संयोजक डॉ. रेखा शर्मा ने कहा नशा ग्रस्त व्यक्ति सिर्फ अपना जीवन ही बर्बाद नहीं करता बल्कि अपने माता-पिता के सपनों को तोड़ता है, बच्चों के भविष्य को अंधकारमय करता है और अपने परिवार व समाज को  पतन के कगार पर ले जाता है इसलिए देश को नशा मुक्त करने में सभी अपना सहयोग करें l सफल मंच संचालन एनसीसी प्रभारी डॉ. अमित शुक्ला ने किया l धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चमन कौर ने किया l उक्त विषय पर आयोजित भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया l भाषण प्रतियोगिता में मानसी सिंह, संदीप तिवारी ,मोहम्मद जैद एवं पोस्टर प्रतियोगिता में मेहविश मिराज ,राज एवं कमलवासनी तिवारी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया  जबकि निर्णायक की भूमिका में डॉ .चमन कौर ,डॉ. संतोष श्रीवास्तव एवं डॉ मनोज मिश्रा रहे l कार्यक्रम में एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ पवन सिंह ,डॉ. परवेज आलम, डॉ दिलीप शुक्ला, डॉ. दलीप सिंह,  डॉ. संजय कुमार ,डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ,डॉ. अमित दुबे का सहयोग सराहनीय रहा l
कांग्रेस भवन में शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी की अध्यक्षता में संपन्न
गोंडा । गोंडा शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आज कांग्रेस भवन में शहर अध्यक्ष
शाहिद अली कुरैशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जलभराव की समस्या प्रमुख रूप से उठी। मानसून में शहर के मोहल्लों में भारी जलभराव से जनता त्रस्त है। नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। इस पर शहर अध्यक्ष श्री शाहिद अली कुरैशी ने कहा कि गोंडा नगर पालिका यदि 15 दिन में समस्या का समाधान नहीं करती है तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर गोंडा नगर पालिका का घेराव करेगी।
इसके साथ ही बैठक में बढ़ते बिजली बिल एवं जर्जर तारों का मुद्दा भी उठाया गया। स्मार्ट मीटर के नाम पर मनमानी वसूली और जर्जर तारों से हो रहे हादसों पर चिंता जताते हुए इसे तुरंत ठीक कराने की मांग की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को अब तक आवास न मिलने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। प्रशासन से जल्द सूची जारी कर पात्रों को आवास उपलब्ध कराने की मांग की गई।
बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय कर जनसंपर्क बढ़ाने और जनता की समस्याओं को उठाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रदेश नेतृत्व द्वारा डॉ. सैयद अब्दुल मुजीब साहब को जन व्यथा निस्तारण समिति का जिला संयोजक बनाए जाने पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही मोहल्ला पटेल नगर के राजेश कुमार एवं मोहम्मद सलीम अंसारी ने कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
बैठक में विनय प्रकाश त्रिपाठी, ओबैदुर रहमान 'सिम्पू' प्रदेश महासचिव किसान कांग्रेस, अजय रस्तोगी प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग, बेबी मिश्रा, डॉ. हसीना, वाजिद अली, शाहिदा अंजुम, मुकेश सोनी, वसीम रैनी, मोहम्मद रिजवान, हरिराम वर्मा, जाकिर अली, भगवती प्रसाद सोनी, मो. तैयब, सज्जो खातून, आफताब अंसारी, कवलजीत, सिराज, बंसी सोनकर, रियाज, राजू सेवा दल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में वामा सारथी द्वारा “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन
पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को मिली निःशुक्ल स्वास्थ्य सेवाएं-

गोण्डा। वामा सारथी अध्यक्षा डॉ तन्वी जायसवाल के निर्देशन में पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आज दिनांक 02.08.2026 को ’’वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन’’ के तत्वावधान में ’’अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल, टाटा 1एमजी, आयुष विभाग उत्तर प्रदेश एवं स्थानीय चिकित्सा संस्थानों’’ के सहयोग से रिजर्व पुलिस लाइन, गोण्डा परिसर में प्रातः 07ः00 बजे से अपराह्न 01ः00 बजे तक “वामा वेलनेस कैम्प” का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर सुलभ एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना था, ताकि अपने व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यदायित्वों के बीच भी वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें। कैम्प में ’’मेडिकल ऑफिसर डॉ० जितेन्द्र कुमार यादव, डॉ० तनु श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट डॉ० नन्कू सिंह’’ सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित पैरामेडिकल टीम द्वारा प्रतिभागियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डायटीशियन द्वारा संतुलित आहार, वजन नियंत्रण, ड्यूटी के दौरान उचित खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा लंबे समय तक ड्यूटी के कारण होने वाली कमर, गर्दन एवं मांसपेशियों की समस्याओं से बचाव हेतु आवश्यक व्यायाम एवं सावधानियों की जानकारी प्रदान की गई। ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा नेत्र परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा नर्सिंग स्टाफ द्वारा सभी जांच प्रक्रियाओं का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया गया। शिविर में रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच के साथ-साथ विभिन्न पैथोलॉजी जांचें, जैसे ’’शुगर प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल, क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन एवं थायरॉइड प्रोफाइल’’ निर्धारित रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे अधिक से अधिक पुलिस कर्मी एवं उनके परिवारजन लाभान्वित हुए। वेलनेस कैम्प में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं जनकल्याणकारी बताया। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर पुलिस परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनपदीय पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं जागरूकता के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर एवं परामर्श कार्यक्रम निरंतर आयोजित कराए जाने के प्रयास किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
आई0जी0आर0एस पोर्टल पर फिर चमका देवीपाटन मंडल, प्रदेश में प्रथम स्थान
*माह जुलाई में 94.55 प्रतिशत अंक हासिल कर बना नंबर-1, लगातार पांच माह से शीर्ष प्रदर्शन बरकरार*

*मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की सख्त मॉनिटरिंग मण्डल को प्राप्त उपलब्धि*

*शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद और संध्या संवाद एवं'मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद' पहल बनी सफलता का आधार*

*गोंडा, 02 अगस्त 2026*  - उत्तर प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जुलाई 2026 की जारी रैंकिंग में मंडल ने 110 में से 104 अंक अर्जित कर 94.55 प्रतिशत सफलता दर हासिल की है। यह उपलब्धि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के प्रति मंडलीय प्रशासन की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि देवीपाटन मंडल के सभी चारों जनपद—श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा एवं बलरामपुर—में आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित एवं गहन समीक्षा की जाती है। प्रत्येक माह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों, निस्तारण की गुणवत्ता तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का मूल्यांकन किया जाता है।

उन्होंने बताया कि केवल शिकायतों का निस्तारण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि शिकायतकर्ता को वास्तविक न्याय मिले। इसी उद्देश्य से वह स्वयं प्रत्येक माह रैंडम रूप से पांच शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बातचीत कर फीडबैक प्राप्त करती हैं। शिकायतकर्ता से यह जानकारी ली जाती है कि उसकी समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है या नहीं। यदि कहीं केवल औपचारिक कार्रवाई या कागजी निस्तारण पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाती है। इस व्यवस्था से शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल में महिलाओं एवं बेटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित *'मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद'* पहल भी आईजीआरएस की सफलता का एक महत्वपूर्ण आधार बनी है। इस अभिनव व्यवस्था के माध्यम से महिलाओं की शिकायतों की नियमित सुनवाई कर उनका शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे महिला शिकायतकर्ताओं का प्रशासन पर विश्वास भी लगातार मजबूत हुआ है।

*आयुक्त की पहल संध्या संवाद कार्येक्रम के अंतर्गत प्राथमिकता से जन शिकयतों का हो रहा निस्तारण*

देवीपाटन मंडल का प्रदर्शन केवल जुलाई माह तक सीमित नहीं है, बल्कि पिछले पांच महीनों से मंडल लगातार प्रदेश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले मंडलों में शामिल रहा है। मार्च 2026 में प्रथम, अप्रैल 2026 में प्रथम, मई 2026 में द्वितीय तथा जून और जुलाई 2026 में पुनः प्रथम स्थान प्राप्त कर मंडल ने उत्कृष्ट एवं निरंतर प्रदर्शन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस उपलब्धि का श्रेय विभागीय अधिकारियों तथा शिकायतों के निस्तारण में लगे कर्मचारियों की टीम भावना और जिम्मेदार कार्यशैली को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं का प्रभावी लाभ मिल सके तथा जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
गोंडा में पुलिस मुठभेड़ में वांछित गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; तमंचा और कारतूस बरामद
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में थाना इटियाथोक पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में वांछित गो-तस्कर कमरुद्दीन उर्फ कचनें को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कमरुद्दीन उर्फ कचनें पुत्र शमशुल्ला कुरैशी निवासी अली नगर लोनावा दरगाह, थाना खरगूपुर, जनपद गोंडा, थाना इटियाथोक में दर्ज गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के मुकदमे में वांछित था।

पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई 2026 को थाना इटियाथोक क्षेत्र के परना बगुलहा गांव में ग्रामीणों ने गन्ने के खेत के पास एक सांड को क्रूरता पूर्वक बंधा देखा था। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक आरोपी अशरफ अली को पकड़ लिया था, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए थे। इस दौरान ग्रामीणों पर धारदार हथियार से हमला भी किया गया था, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे। पुलिस ने अशरफ अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक गोंडा के निर्देश पर थाना इटियाथोक पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। इसी क्रम में 31 जुलाई की रात टीम इटियाथोक क्रॉसिंग के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।