जनपद मऊ -: 2,386 लीटर अवैध शराब का कराया गया विनिष्टीकरण
मऊ। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन' अभियान के तहत थाना कोपागंज में मुकदमों से संबंधित बरामद अवैध शराब का विनिष्टीकरण कराया गया।

पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश के अनुपालन में  अगस्त 2026 को नायब तहसीलदार सदर मऊ रविन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक थाना कोपागंज की मौजूदगी में कुल 03 अभियोगों से संबंधित बरामद अवैध कच्ची व देशी शराब, अंग्रेजी शराब एवं बीयर की कुल 2,386 लीटर मात्रा को नष्ट किया गया।

पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत मुकदमों में बरामद अवैध शराब एवं अन्य जब्त सामग्री का न्यायालय के आदेशानुसार लगातार विनिष्टीकरण कराया जा रहा है।
जनपद मऊ -: पेड़ से लटका मिला 22 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अमिला हेमई गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान आकाश राजभर (22) पुत्र नगड़ू राजभर के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

समाचार लिखे जाने तक युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
जनपद मऊ -: सेंट नॉर्बर्ट स्कूल घोसी की छात्रा साक्षी यादव का NEET में चयन, विद्यालय में हुआ सम्मान
मऊ जनपद के घोसी स्थित सेंट नॉर्बर्ट स्कूल की छात्रा साक्षी यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

साक्षी के चयन पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय प्रबंधन ने साक्षी की इस उपलब्धि को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

ग्रामीण परिवेश से आने वाली साक्षी यादव अब डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का सपना पूरा करेंगी। उनकी सफलता से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जनपद मऊ -:  मऊ जीआरपी की बड़ी सफलता: चोरी के दो मोबाइल बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार
मऊ। जीआरपी थाना मऊ और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे के निर्देश पर रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच की जा रही है।

इसी अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 के दक्षिणी छोर से अमरजीत निषाद (26 वर्ष) निवासी ग्राम सतगुर, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से Vivo और Realme कंपनी के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में एक मोबाइल जीआरपी थाना मऊ में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 से संबंधित पाया गया।

इसके आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश कर दिया।

पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
जनपद मऊ -: कचहरी मोड़ पर चलते-चलते कार में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
मऊ। शहर के कचहरी मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते-चलते एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गई।

आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मुनव्वर अली जन समस्याओं को लेकर नगर पालिका की जनसुनवाई में पहुंचे


जनपद मऊ -: एआईएमआईएम नेता मुनव्वर अली जन समस्याओं को लेकर नगर पालिका की जनसुनवाई में पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

जनसुनवाई में क्षेत्र की विभिन्न नागरिक समस्याओं पर चर्चा हुई।
जनपद मऊ -: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी मऊ ने किया रूट मार्च
मऊ। आगामी त्योहारों, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर ने क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, थानाध्यक्ष दक्षिणटोला और पुलिस बल के साथ मऊ नगर क्षेत्र में रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने संस्कृत पाठशाला से दक्षिणटोला थाना क्षेत्र तक पैदल गश्त करते हुए बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन को शांति और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
जनपद मऊ -: डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में राज्य स्तरीय बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
मऊ। जनपद के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम, बलिया मोड़ में राज्य स्तरीय बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से पहुंची टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और उत्साह का परिचय दिया। आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों और दर्शकों की भी मौजूदगी रही।

प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए खेल विभाग एवं आयोजकों द्वारा व्यवस्थाएं की गईं।
मऊ: नेशनल नर्सिंग होम में लापरवाही का आरोप, मरीज की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने किया हंगामा
मऊ जनपद के ब्रह्म स्थान स्थित नेशनल नर्सिंग होम में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पथरी के मरीज का ऑपरेशन होने के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचे। परिजनों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के आरोपों को लेकर जिले में पहले भी निजी अस्पतालों पर सवाल उठते रहे हैं और प्रशासन द्वारा जांच व कार्रवाई की गई है।
जनपद मऊ -: कुत्ते को बचाने के प्रयास में ऑटो पलटा, चालक समेत आठ घायल, युवती रेफर
मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा बाजार के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक सहित आठ लोग घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों में से पांच लोगों को उनके परिजन घर ले गए, जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया।

बताया गया कि ऑटो में सवार सभी लोग मऊ से मझवारा की ओर जा रहे थे। इंदारा बाजार के पास अचानक सामने कुत्ता आ जाने पर चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।

घायलों में सुधा यादव (24 वर्ष) पुत्री रामकुमार यादव, निवासी सईदपुर इब्राहिम पट्टी, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया; लीलावती देवी (60 वर्ष) पत्नी अवधेश कुमार, निवासी औराई खुर्द, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया तथा ऑटो चालक अंबुज कुमार (30 वर्ष) पुत्र गुलाबचंद, निवासी भरौली, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया शामिल हैं। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सुधा यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।