श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के  ललिता शास्त्री सभागार में संपन्न हुआ नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत कार्यक्रम
गोण्डा। प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संकल्प के अंतर्गत श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के  ललिता शास्त्री सभागार में प्रभारी   प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशानुसार नशा मुक्त  युवा फार  विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया l कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा नशा ग्रस्त व्यक्ति से घृणा नहीं बल्कि सहानुभूति रखते हुए उसे नशा मुक्त करने में सहयोग करें और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका  सुनिश्चित  करें l कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम संयोजक डॉ. रेखा शर्मा ने कहा नशा ग्रस्त व्यक्ति सिर्फ अपना जीवन ही बर्बाद नहीं करता बल्कि अपने माता-पिता के सपनों को तोड़ता है, बच्चों के भविष्य को अंधकारमय करता है और अपने परिवार व समाज को  पतन के कगार पर ले जाता है इसलिए देश को नशा मुक्त करने में सभी अपना सहयोग करें l सफल मंच संचालन एनसीसी प्रभारी डॉ. अमित शुक्ला ने किया l धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चमन कौर ने किया l उक्त विषय पर आयोजित भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया l भाषण प्रतियोगिता में मानसी सिंह, संदीप तिवारी ,मोहम्मद जैद एवं पोस्टर प्रतियोगिता में मेहविश मिराज ,राज एवं कमलवासनी तिवारी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया  जबकि निर्णायक की भूमिका में डॉ .चमन कौर ,डॉ. संतोष श्रीवास्तव एवं डॉ मनोज मिश्रा रहे l कार्यक्रम में एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ पवन सिंह ,डॉ. परवेज आलम, डॉ दिलीप शुक्ला, डॉ. दलीप सिंह,  डॉ. संजय कुमार ,डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ,डॉ. अमित दुबे का सहयोग सराहनीय रहा l
कांग्रेस भवन में शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी की अध्यक्षता में संपन्न
गोंडा । गोंडा शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आज कांग्रेस भवन में शहर अध्यक्ष
शाहिद अली कुरैशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जलभराव की समस्या प्रमुख रूप से उठी। मानसून में शहर के मोहल्लों में भारी जलभराव से जनता त्रस्त है। नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। इस पर शहर अध्यक्ष श्री शाहिद अली कुरैशी ने कहा कि गोंडा नगर पालिका यदि 15 दिन में समस्या का समाधान नहीं करती है तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर गोंडा नगर पालिका का घेराव करेगी।
इसके साथ ही बैठक में बढ़ते बिजली बिल एवं जर्जर तारों का मुद्दा भी उठाया गया। स्मार्ट मीटर के नाम पर मनमानी वसूली और जर्जर तारों से हो रहे हादसों पर चिंता जताते हुए इसे तुरंत ठीक कराने की मांग की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को अब तक आवास न मिलने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। प्रशासन से जल्द सूची जारी कर पात्रों को आवास उपलब्ध कराने की मांग की गई।
बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय कर जनसंपर्क बढ़ाने और जनता की समस्याओं को उठाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रदेश नेतृत्व द्वारा डॉ. सैयद अब्दुल मुजीब साहब को जन व्यथा निस्तारण समिति का जिला संयोजक बनाए जाने पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही मोहल्ला पटेल नगर के राजेश कुमार एवं मोहम्मद सलीम अंसारी ने कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
बैठक में विनय प्रकाश त्रिपाठी, ओबैदुर रहमान 'सिम्पू' प्रदेश महासचिव किसान कांग्रेस, अजय रस्तोगी प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग, बेबी मिश्रा, डॉ. हसीना, वाजिद अली, शाहिदा अंजुम, मुकेश सोनी, वसीम रैनी, मोहम्मद रिजवान, हरिराम वर्मा, जाकिर अली, भगवती प्रसाद सोनी, मो. तैयब, सज्जो खातून, आफताब अंसारी, कवलजीत, सिराज, बंसी सोनकर, रियाज, राजू सेवा दल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में वामा सारथी द्वारा “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन
पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को मिली निःशुक्ल स्वास्थ्य सेवाएं-

गोण्डा। वामा सारथी अध्यक्षा डॉ तन्वी जायसवाल के निर्देशन में पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आज दिनांक 02.08.2026 को ’’वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन’’ के तत्वावधान में ’’अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल, टाटा 1एमजी, आयुष विभाग उत्तर प्रदेश एवं स्थानीय चिकित्सा संस्थानों’’ के सहयोग से रिजर्व पुलिस लाइन, गोण्डा परिसर में प्रातः 07ः00 बजे से अपराह्न 01ः00 बजे तक “वामा वेलनेस कैम्प” का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर सुलभ एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना था, ताकि अपने व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यदायित्वों के बीच भी वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें। कैम्प में ’’मेडिकल ऑफिसर डॉ० जितेन्द्र कुमार यादव, डॉ० तनु श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट डॉ० नन्कू सिंह’’ सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित पैरामेडिकल टीम द्वारा प्रतिभागियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डायटीशियन द्वारा संतुलित आहार, वजन नियंत्रण, ड्यूटी के दौरान उचित खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा लंबे समय तक ड्यूटी के कारण होने वाली कमर, गर्दन एवं मांसपेशियों की समस्याओं से बचाव हेतु आवश्यक व्यायाम एवं सावधानियों की जानकारी प्रदान की गई। ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा नेत्र परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा नर्सिंग स्टाफ द्वारा सभी जांच प्रक्रियाओं का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया गया। शिविर में रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच के साथ-साथ विभिन्न पैथोलॉजी जांचें, जैसे ’’शुगर प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल, क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन एवं थायरॉइड प्रोफाइल’’ निर्धारित रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे अधिक से अधिक पुलिस कर्मी एवं उनके परिवारजन लाभान्वित हुए। वेलनेस कैम्प में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं जनकल्याणकारी बताया। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर पुलिस परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनपदीय पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं जागरूकता के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर एवं परामर्श कार्यक्रम निरंतर आयोजित कराए जाने के प्रयास किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
आई0जी0आर0एस पोर्टल पर फिर चमका देवीपाटन मंडल, प्रदेश में प्रथम स्थान
*माह जुलाई में 94.55 प्रतिशत अंक हासिल कर बना नंबर-1, लगातार पांच माह से शीर्ष प्रदर्शन बरकरार*

*मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की सख्त मॉनिटरिंग मण्डल को प्राप्त उपलब्धि*

*शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद और संध्या संवाद एवं'मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद' पहल बनी सफलता का आधार*

*गोंडा, 02 अगस्त 2026*  - उत्तर प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जुलाई 2026 की जारी रैंकिंग में मंडल ने 110 में से 104 अंक अर्जित कर 94.55 प्रतिशत सफलता दर हासिल की है। यह उपलब्धि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के प्रति मंडलीय प्रशासन की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि देवीपाटन मंडल के सभी चारों जनपद—श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा एवं बलरामपुर—में आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित एवं गहन समीक्षा की जाती है। प्रत्येक माह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों, निस्तारण की गुणवत्ता तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का मूल्यांकन किया जाता है।

उन्होंने बताया कि केवल शिकायतों का निस्तारण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि शिकायतकर्ता को वास्तविक न्याय मिले। इसी उद्देश्य से वह स्वयं प्रत्येक माह रैंडम रूप से पांच शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बातचीत कर फीडबैक प्राप्त करती हैं। शिकायतकर्ता से यह जानकारी ली जाती है कि उसकी समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है या नहीं। यदि कहीं केवल औपचारिक कार्रवाई या कागजी निस्तारण पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाती है। इस व्यवस्था से शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल में महिलाओं एवं बेटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित *'मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद'* पहल भी आईजीआरएस की सफलता का एक महत्वपूर्ण आधार बनी है। इस अभिनव व्यवस्था के माध्यम से महिलाओं की शिकायतों की नियमित सुनवाई कर उनका शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे महिला शिकायतकर्ताओं का प्रशासन पर विश्वास भी लगातार मजबूत हुआ है।

*आयुक्त की पहल संध्या संवाद कार्येक्रम के अंतर्गत प्राथमिकता से जन शिकयतों का हो रहा निस्तारण*

देवीपाटन मंडल का प्रदर्शन केवल जुलाई माह तक सीमित नहीं है, बल्कि पिछले पांच महीनों से मंडल लगातार प्रदेश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले मंडलों में शामिल रहा है। मार्च 2026 में प्रथम, अप्रैल 2026 में प्रथम, मई 2026 में द्वितीय तथा जून और जुलाई 2026 में पुनः प्रथम स्थान प्राप्त कर मंडल ने उत्कृष्ट एवं निरंतर प्रदर्शन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस उपलब्धि का श्रेय विभागीय अधिकारियों तथा शिकायतों के निस्तारण में लगे कर्मचारियों की टीम भावना और जिम्मेदार कार्यशैली को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं का प्रभावी लाभ मिल सके तथा जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
गोंडा में पुलिस मुठभेड़ में वांछित गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; तमंचा और कारतूस बरामद
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में थाना इटियाथोक पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में वांछित गो-तस्कर कमरुद्दीन उर्फ कचनें को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कमरुद्दीन उर्फ कचनें पुत्र शमशुल्ला कुरैशी निवासी अली नगर लोनावा दरगाह, थाना खरगूपुर, जनपद गोंडा, थाना इटियाथोक में दर्ज गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के मुकदमे में वांछित था।

पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई 2026 को थाना इटियाथोक क्षेत्र के परना बगुलहा गांव में ग्रामीणों ने गन्ने के खेत के पास एक सांड को क्रूरता पूर्वक बंधा देखा था। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक आरोपी अशरफ अली को पकड़ लिया था, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए थे। इस दौरान ग्रामीणों पर धारदार हथियार से हमला भी किया गया था, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे। पुलिस ने अशरफ अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक गोंडा के निर्देश पर थाना इटियाथोक पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। इसी क्रम में 31 जुलाई की रात टीम इटियाथोक क्रॉसिंग के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोंडा पुलिस को मिला अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन, यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त निगरानी
गोंडा। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गोंडा पुलिस को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन मिला है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने यूपी-112 कार्यालय से इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीक और उन्नत उपकरणों से लैस है। इसके जरिए तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने, खतरनाक ड्राइविंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।

वाहन में लगे आधुनिक कैमरे और उपकरण यातायात उल्लंघनों के साक्ष्य जुटाने में भी मदद करेंगे, जिससे नियम तोड़ने वालों के खिलाफ त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जा सकेगी।

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जिले में सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना पुलिस की प्राथमिकता है। इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा मिलेगा और वाहन चालकों में जागरूकता एवं अनुशासन की भावना विकसित होगी।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस उप महानिरीक्षक तथा सीडीओ ने तहसील गोण्डा सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए


*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-सीडीओ*


*सम्पूर्ण समाधान दिवस गोण्डा सदर में 174 शिकायतों में से 05 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*


*गोण्डा 01 अगस्त, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील गोण्डा सदर में पुलिस उप महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक शुक्ला तथा मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील गोण्डा सदर में कुल 174 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 169 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर  पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा जीतेंद्र गौतम, तहसीलदार सदर गोण्डा मनीष कुमार,, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी,  अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला दिव्यांजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गोंडा में तहसील दिवस पर पुलिस अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
गोंडा। पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देशन में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस के दौरान जिले के सभी तहसील परिसरों में पुलिस अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तहसील सदर में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने जनसमस्याएं सुनीं। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल, क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दवाच्या और क्षेत्राधिकारी करनैलगंज आनंद राय ने अपने-अपने क्षेत्रों में तहसील परिसरों में पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं।

अधिकारियों ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों का परीक्षण कर राजस्व और पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

तहसील दिवस में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपसी मारपीट, अवैध कब्जे, महिला उत्पीड़न और अन्य कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग आपसी समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई करें, जिससे पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

गोंडा पुलिस ने बताया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष समाधान के लिए जनसुनवाई प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा रहा है और शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
विश्व स्तनपान दिवस विशेष: पहले घंटे में स्तनपान की उपलब्धि, अब 6 माह तक केवल मां के दूध पर जोर •

देवीपाटन मंडल के 3.18 लाख से अधिक नवजातों को मिला पहला प्राकृतिक टीका
• स्वास्थ्य विभाग अब 6 माह के पूर्ण स्तनपान के लिए चला रहा जागरूकता अभियान
*गोंडा, 31 जुलाई 2026।* विश्व स्तनपान दिवस (1 अगस्त) के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग जन्म के पहले घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने की बड़ी उपलब्धि का जश्न मना रहा है। अब विभाग का अगला लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक शिशु को जन्म के बाद शुरुआती छह माह तक केवल मां का दूध ही मिले।
देवीपाटन मंडल में बीते वित्तीय वर्ष के दौरान कुल 32,6040 जीवित शिशुओं का जन्म हुआ, जिनमें से 3,18,603 नवजातों को जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान कराया गया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराने की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू हो चुकी है।
आंकड़ों में देवीपाटन मंडल की उपलब्धि-
मंडल स्तर पर गोंडा में 105212, बहराइच में 98,959, बलरामपुर में 74,622 तथा श्रावस्ती में 39,810 नवजातों को जन्म के पहले घंटे के भीतर मां का दूध उपलब्ध कराया गया।
नवजात के लिए 'प्राकृतिक वैक्सीन' है कोलोस्ट्रम-
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार जन्म के तुरंत बाद निकलने वाला गाढ़ा पीला दूध, जिसे कोलोस्ट्रम कहा जाता है, नवजात के लिए पहली प्राकृतिक वैक्सीन की तरह काम करता है। इसमें मौजूद एंटीबॉडीज और लैक्टोफेरिन जैसे प्रतिरक्षात्मक तत्व शिशु को शुरुआती संक्रमणों से बचाते हैं और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बीमारियों से सुरक्षा और सर्वांगीण विकास-
गोंडा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि जन्म के बाद पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही दिया जाना चाहिए। इस दौरान पानी, शहद, घुट्टी, गाय या भैंस का दूध अथवा कोई अन्य पूरक आहार देने की आवश्यकता नहीं होती। मां का दूध शिशु की सभी पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करता है और दस्त, निमोनिया तथा कुपोषण जैसी गंभीर समस्याओं के खतरे को कम करने के साथ उसके मानसिक एवं शारीरिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
सुरक्षित प्रसव के साथ सुरक्षित शुरुआत-
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मंडलीय प्रबंधक राहुल पटेल ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराने के लिए स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया है। वहीं, एचबीएनसी भ्रमण के दौरान आशा कार्यकर्ता परिवारों को पहले छह माह तक केवल स्तनपान और सही स्तनपान की तकनीक के बारे में जागरूक करती हैं।
सामाजिक भ्रांतियाँ हो रहीं दूर-
अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, देवीपाटन मंडल डॉ. अल्पना रानी गुप्ता ने बताया कि पहले परिवारों में यह धारणा थी कि प्रसव के बाद कई दिनों तक मां का दूध नहीं आता, इसलिए शिशु को शहद या घुट्टी दी जाती थी। अस्पतालों में प्रसव के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराने और नियमित परामर्श से ऐसी भ्रांतियां तेजी से समाप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अब स्वास्थ्य विभाग का मुख्य फोकस यह सुनिश्चित करना है कि कामकाजी माताएं भी पहले छह माह तक केवल मां का दूध ही शिशु को उपलब्ध करा सकें। इसके लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के कंगारू मदर केयर (केएमसी) वार्डों में माताओं को सही स्तनपान तकनीक और आवश्यकता पड़ने पर दूध निकालकर सुरक्षित तरीके से पिलाने का प्रशिक्षण दिया जाता है।
जागरूकता का दिख रहा असर-
स्वास्थ्य केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए स्तनपान संबंधी संदेशों का सकारात्मक प्रभाव परिवारों की सोच में दिखाई देने लगा है। बहराइच के बालकपुरवा निवासी देवी दयाल बताते हैं कि पहले बच्चे के जन्म के समय अस्पताल की दीवार पर लिखे संदेश पढ़कर उनकी सोच बदली। जब उनकी पत्नी ने दूध न आने की बात कही तो उन्होंने धैर्य रखते हुए स्तनपान जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कुछ ही समय में दूध का स्राव सामान्य हो गया और परिवार की वर्षों पुरानी भ्रांति भी दूर हो गई।
भिवंडी में इमारत गिरी गोंडा के 2 सगे भाइयों की मौत


*इटियाथोक के हिंदुनगर खास गांव में मातम, मजदूरी करने गए थे दोनों भाई


गोंडा। महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत गिरने से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के हिंदुनगर खास गांव के दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई।मृतकों की पहचान अशोक और राकेश के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए थे। हादसे के समय दोनों मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक पत्नी और 3 बच्चों के साथ करीब 2 साल से भिवंडी में रह रहा था। वहीं राकेश डेढ़ महीने पहले ही रोजगार की तलाश में वहां पहुंचा था और अविवाहित था।घटना की सूचना मिलते ही हिंदुनगर खास गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पिता सकतू और मां श्यायपता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान पति सिरताज अहमद खान ने घटना की पुष्टि की।परिजनों के अनुसार अशोक की पत्नी रामावती रिश्तेदारों के साथ एंबुलेंस से शव लेकर गांव के लिए रवाना हो चुकी हैं।