जनपद मऊ -: कुत्ते को बचाने के प्रयास में ऑटो पलटा, चालक समेत आठ घायल, युवती रेफर
मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा बाजार के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक सहित आठ लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों में से पांच लोगों को उनके परिजन घर ले गए, जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया।
बताया गया कि ऑटो में सवार सभी लोग मऊ से मझवारा की ओर जा रहे थे। इंदारा बाजार के पास अचानक सामने कुत्ता आ जाने पर चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।
घायलों में सुधा यादव (24 वर्ष) पुत्री रामकुमार यादव, निवासी सईदपुर इब्राहिम पट्टी, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया; लीलावती देवी (60 वर्ष) पत्नी अवधेश कुमार, निवासी औराई खुर्द, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया तथा ऑटो चालक अंबुज कुमार (30 वर्ष) पुत्र गुलाबचंद, निवासी भरौली, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया शामिल हैं। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सुधा यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Aug 02 2026, 16:33
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1