जनपद मऊ -: कुत्ते को बचाने के प्रयास में ऑटो पलटा, चालक समेत आठ घायल, युवती रेफर
मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा बाजार के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक सहित आठ लोग घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों में से पांच लोगों को उनके परिजन घर ले गए, जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया।

बताया गया कि ऑटो में सवार सभी लोग मऊ से मझवारा की ओर जा रहे थे। इंदारा बाजार के पास अचानक सामने कुत्ता आ जाने पर चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।

घायलों में सुधा यादव (24 वर्ष) पुत्री रामकुमार यादव, निवासी सईदपुर इब्राहिम पट्टी, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया; लीलावती देवी (60 वर्ष) पत्नी अवधेश कुमार, निवासी औराई खुर्द, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया तथा ऑटो चालक अंबुज कुमार (30 वर्ष) पुत्र गुलाबचंद, निवासी भरौली, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया शामिल हैं। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सुधा यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जनपद मऊ -: अष्टादस महालक्ष्मी मंदिर में चोरी, मां दुर्गा के चांदी के मुकुट और हनुमान जी की दानपेटी ले उड़े चोर
मऊ। जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निधियांव गांव स्थित प्राचीन अष्टादस महालक्ष्मी मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मां दुर्गा के दो चांदी के मुकुट और हनुमान जी के मंदिर में रखी दानपेटी चोरी कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब मंदिर के पुजारी सरवन यादव रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे।
पुजारी सरवन यादव ने बताया कि मंदिर पहुंचने पर मां दुर्गा के दोनों चांदी के मुकुट अपनी जगह से गायब मिले।

वहीं हनुमान जी के मंदिर में रखी दानपेटी भी नहीं थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए।

मंदिर में चोरी की घटना से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
जनपद मऊ -: सड़क हादसे के 6 महीने बाद दर्ज हुई FIR, इलाज का खर्च देने के वादे से मुकरा आरोपी पक्ष
मऊ। जनपद मऊ के मधुबन क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के एक मामले में करीब छह माह बाद एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता का आरोप है कि दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक चालक के परिजनों ने इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गए। इसके बाद महिला की तहरीर पर रामपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे रामपुर थाना क्षेत्र के फतहपुर इब्राहिम पट्टी मोड़ के पास यह हादसा हुआ था। बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के चकहसबा पुर निवासी विद्या शर्मा, पत्नी रमेश शर्मा, फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दवा लेकर घर लौट रही थीं।

इब्राहिम पट्टी मार्ग पर नहर पुलिया से उतरते समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक ढढवल पटराव निवासी रितेश, पुत्र दयानंद हरिजन, चला रहा था। हादसे में विद्या शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी कमर की हड्डी फ्रैक्चर हो गई।

पीड़िता का कहना है कि दुर्घटना के बाद आरोपी के माता-पिता ने इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे के चलते उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। लेकिन लंबे समय तक इलाज का खर्च नहीं मिलने पर उन्होंने रामपुर थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की।

रामपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी बाइक चालक रितेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

रामपुर थाना प्रभारी सुनील कुमार सरोज ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद मऊ -: बंदर के बच्चे को एयरगन से मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
जनपद मऊ के थाना घोसी पुलिस ने बंदर के बच्चे की एयरगन से गोली मारकर हत्या करने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एयरगन भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को थाना घोसी में मु.अ.सं. 326/2026 के तहत धारा 325, 299, 3(5) बीएनएस तथा वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9/51 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

आरोप है कि सफरूद्दीन उर्फ सफर पुत्र अब्दुल कुद्दुस, निवासी रघौली, थाना घोसी, जनपद मऊ, ने एयरगन से गोली मारकर एक बंदर के बच्चे की हत्या कर दी थी।
घटना के बाद वन्यजीव के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार कराया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एयरगन भी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट से संबंधित एक अन्य मुकदमा थाना घोसी में दर्ज है।

इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी सिंह, कांस्टेबल अखिलेश सिंह एवं कांस्टेबल योगेश कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखा कार्यालयों एवं गार्डों का सघन निरीक्षण किया
जनपद मऊ -: पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखा कार्यालयों एवं गार्डों का सघन निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में संधारित रजिस्टरों, अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, रजिस्टरों के समयबद्ध अद्यतन तथा कार्यालयीय कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी अभिलेखों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संधारित करने और कार्यालयी कार्यों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभिलेखों का नियमित रखरखाव और समय-समय पर निरीक्षण पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कलश वंदन रथ यात्रा के जनपद मऊ में प्रवेश पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत
जनपद मऊ -: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश वंदन रथ यात्रा के जनपद मऊ में प्रवेश पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया।

विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का अभिनंदन किया गया। इस दौरान गुरु रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।

भाजपा के जिला महामंत्री सचिंद्र सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज को भाईचारे, सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि कलश वंदन रथ यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के विचारों और उनके संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके बताए मार्ग पर चल सकें।

कार्यक्रम में प्रतीक जायसवाल, बबलू, कमलेश सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी  बुलबुल राम एवं दिनेश राम के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित
जनपद मऊ-: जनपद ट्रेजरी कार्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी  बुलबुल राम एवं दिनेश राम के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ ट्रेजरी अधिकारी श्री संजय गुप्ता ने की।

अपने संबोधन में वरिष्ठ ट्रेजरी अधिकारी ने दोनों कर्मचारियों की दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

उन्होंने दोनों के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है, जिसे सकारात्मक सोच और उत्साह के साथ अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर श्री बुलबुल राम एवं श्री दिनेश राम को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का समापन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर ट्रेजरी कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद मऊ -: जल जीवन मिशन के प्रभाव मूल्यांकन हेतु लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने दोहरीघाट के ग्रामों का किया भ्रमण।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का आमजन के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के मूल्यांकन हेतु लखनऊ विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग से जनपद मऊ के लिए नामित अध्ययन दल द्वारा शुक्रवार को विकास खंड दोहरीघाट के ग्राम गोफा एवं बन्धनपुर का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान टीम ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया तथा पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर जल निगम के जिला समन्वयक, जूनियर इंजीनियर, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा संबंधित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

अध्ययन दल ने ग्राम स्थित विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों, जल सखियों एवं ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर पाइपलाइन के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे शुद्ध पेयजल से होने वाले लाभों एवं जनसंतुष्टि की जानकारी प्राप्त की। साथ ही ग्रामीणों से नियमित जलापूर्ति, पानी की
उपलब्धता तथा जल आपूर्ति के प्रेशर के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली तथा मौके पर इसकी जांच की।

टीम द्वारा भ्रमण के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं स्थानीय लोगों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर जल जीवन मिशन की प्रगति एवं उसके सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे भविष्य में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आवश्यक सुधार के संबंध में सुझाव तैयार किए जा सकें।
जनपद मऊ -: सांसद राजीव राय की शिकायत पर लोकसभा विशेषाधिकार समिति सख़्त,मऊ के तत्कालीन एसपी, तत्कालीन एसएचओ और ईएनटी सर्जन को किया तलब
सांसद राजीव राय द्वारा लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष उठाए गए विशेषाधिकार हनन के मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। लोकसभा सचिवालय ने 23 जुलाई 2026 को जारी अपने आधिकारिक कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से मऊ के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (वर्तमान में एसएसपी, एटा) इलामरन, सरायलखंसी के तत्कालीन थाना प्रभारी राज कुमार सिंह तथा जिला अस्पताल, मऊ के ईएनटी सर्जन सौरभ त्रिपाठी को विशेषाधिकार समिति के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है।

उल्लेखनीय है कि सांसद राजीव राय ने 22 अक्टूबर 2024 को लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष नोटिस देकर शिकायत किया था कि उनके विरुद्ध बिना किसी वैधानिक आधार के एफआईआर दर्ज कराई गई तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा उनके साथ पक्षपातपूर्ण, अपमानजनक एवं संसदीय गरिमा के प्रतिकूल व्यवहार किया गया। सांसद ने इसे एक जनप्रतिनिधि के संसदीय विशेषाधिकारों का गंभीर हनन बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

इस शिकायत के संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा विशेषाधिकार समिति के समक्ष अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया था, लेकिन समिति ने उस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद समिति ने यह निर्णय लिया कि मामले की गंभीरता और तथ्यों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत उपस्थिति आवश्यक है। इसी के तहत मऊ के तत्कालीन एसपी, तत्कालीन एसएचओ तथा ईएनटी सर्जन को 5 अगस्त 2026 को लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष उपस्थित होकर मौखिक साक्ष्य (Oral Evidence) देने तथा अपना पक्ष प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया गया है।

लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने निर्देश दिया है कि तीनों अधिकारी 5 अगस्त 2026, बुधवार को अपराह्न 3:00 बजे नई दिल्ली स्थित संसद भवन एनेक्सी एक्सटेंशन, समिति कक्ष संख्या-2 में उपस्थित होकर मामले में अपना मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत करें।

लोकसभा सचिवालय ने इस संबंध में भारत सरकार के गृह मंत्रालय को भी निर्देश भेजे हैं कि संबंधित अधिकारियों की निर्धारित तिथि एवं समय पर समिति के समक्ष उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही 31 जुलाई 2026 तक उनकी उपस्थिति की पुष्टि लोकसभा सचिवालय को उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।

इस कार्यालय ज्ञापन की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), संबंधित अधिकारियों तथा सांसद राजीव राय को भी प्रेषित की गई है।

लोकसभा की विशेषाधिकार समिति द्वारा संबंधित अधिकारियों के लिखित स्पष्टीकरण को स्वीकार न करते हुए उन्हें व्यक्तिगत रूप से तलब किया जाना इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है। अब समिति के समक्ष होने वाली सुनवाई और मौखिक साक्ष्य के आधार पर आगे की संसदीय कार्यवाही की जाएगी।
जनपद मऊ -: औषधि निरीक्षक द्वारा ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण, 10 औषधियों के नमूने जांच हेतु लिए गए
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में औषधि निरीक्षक आशुतोष कुमार चौबे द्वारा मेसर्स जनपदीय ड्रग वेयर हाउस, यूपीएमएससीएल (UPMSCL) द्वारा संचालित बघली पिजरा, मऊ का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न औषधियों के कुल 10 नमूने जांच एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित किए गए।

मौके पर प्रभारी फार्मासिस्ट अजय कुमार पाण्डेय उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान भंडारित औषधियों के रख-रखाव एवं भंडारण व्यवस्था का अवलोकन किया गया तथा उन्हें औषधियों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण आख्या को आवश्यक कार्रवाई हेतु औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ को प्रेषित कर दिया गया है। साथ ही, संग्रहित नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही।