कलश वंदन रथ यात्रा के जनपद मऊ में प्रवेश पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत
जनपद मऊ -: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश वंदन रथ यात्रा के जनपद मऊ में प्रवेश पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया।

विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का अभिनंदन किया गया। इस दौरान गुरु रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।

भाजपा के जिला महामंत्री सचिंद्र सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज को भाईचारे, सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि कलश वंदन रथ यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के विचारों और उनके संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके बताए मार्ग पर चल सकें।

कार्यक्रम में प्रतीक जायसवाल, बबलू, कमलेश सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी  बुलबुल राम एवं दिनेश राम के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित
जनपद मऊ-: जनपद ट्रेजरी कार्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी  बुलबुल राम एवं दिनेश राम के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ ट्रेजरी अधिकारी श्री संजय गुप्ता ने की।

अपने संबोधन में वरिष्ठ ट्रेजरी अधिकारी ने दोनों कर्मचारियों की दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

उन्होंने दोनों के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है, जिसे सकारात्मक सोच और उत्साह के साथ अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर श्री बुलबुल राम एवं श्री दिनेश राम को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का समापन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर ट्रेजरी कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद मऊ -: जल जीवन मिशन के प्रभाव मूल्यांकन हेतु लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने दोहरीघाट के ग्रामों का किया भ्रमण।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का आमजन के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के मूल्यांकन हेतु लखनऊ विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग से जनपद मऊ के लिए नामित अध्ययन दल द्वारा शुक्रवार को विकास खंड दोहरीघाट के ग्राम गोफा एवं बन्धनपुर का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान टीम ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया तथा पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर जल निगम के जिला समन्वयक, जूनियर इंजीनियर, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा संबंधित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

अध्ययन दल ने ग्राम स्थित विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों, जल सखियों एवं ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर पाइपलाइन के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे शुद्ध पेयजल से होने वाले लाभों एवं जनसंतुष्टि की जानकारी प्राप्त की। साथ ही ग्रामीणों से नियमित जलापूर्ति, पानी की
उपलब्धता तथा जल आपूर्ति के प्रेशर के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली तथा मौके पर इसकी जांच की।

टीम द्वारा भ्रमण के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं स्थानीय लोगों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर जल जीवन मिशन की प्रगति एवं उसके सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे भविष्य में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आवश्यक सुधार के संबंध में सुझाव तैयार किए जा सकें।
जनपद मऊ -: सांसद राजीव राय की शिकायत पर लोकसभा विशेषाधिकार समिति सख़्त,मऊ के तत्कालीन एसपी, तत्कालीन एसएचओ और ईएनटी सर्जन को किया तलब
सांसद राजीव राय द्वारा लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष उठाए गए विशेषाधिकार हनन के मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। लोकसभा सचिवालय ने 23 जुलाई 2026 को जारी अपने आधिकारिक कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से मऊ के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (वर्तमान में एसएसपी, एटा) इलामरन, सरायलखंसी के तत्कालीन थाना प्रभारी राज कुमार सिंह तथा जिला अस्पताल, मऊ के ईएनटी सर्जन सौरभ त्रिपाठी को विशेषाधिकार समिति के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है।

उल्लेखनीय है कि सांसद राजीव राय ने 22 अक्टूबर 2024 को लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष नोटिस देकर शिकायत किया था कि उनके विरुद्ध बिना किसी वैधानिक आधार के एफआईआर दर्ज कराई गई तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा उनके साथ पक्षपातपूर्ण, अपमानजनक एवं संसदीय गरिमा के प्रतिकूल व्यवहार किया गया। सांसद ने इसे एक जनप्रतिनिधि के संसदीय विशेषाधिकारों का गंभीर हनन बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

इस शिकायत के संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा विशेषाधिकार समिति के समक्ष अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया था, लेकिन समिति ने उस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद समिति ने यह निर्णय लिया कि मामले की गंभीरता और तथ्यों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत उपस्थिति आवश्यक है। इसी के तहत मऊ के तत्कालीन एसपी, तत्कालीन एसएचओ तथा ईएनटी सर्जन को 5 अगस्त 2026 को लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष उपस्थित होकर मौखिक साक्ष्य (Oral Evidence) देने तथा अपना पक्ष प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया गया है।

लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने निर्देश दिया है कि तीनों अधिकारी 5 अगस्त 2026, बुधवार को अपराह्न 3:00 बजे नई दिल्ली स्थित संसद भवन एनेक्सी एक्सटेंशन, समिति कक्ष संख्या-2 में उपस्थित होकर मामले में अपना मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत करें।

लोकसभा सचिवालय ने इस संबंध में भारत सरकार के गृह मंत्रालय को भी निर्देश भेजे हैं कि संबंधित अधिकारियों की निर्धारित तिथि एवं समय पर समिति के समक्ष उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही 31 जुलाई 2026 तक उनकी उपस्थिति की पुष्टि लोकसभा सचिवालय को उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।

इस कार्यालय ज्ञापन की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), संबंधित अधिकारियों तथा सांसद राजीव राय को भी प्रेषित की गई है।

लोकसभा की विशेषाधिकार समिति द्वारा संबंधित अधिकारियों के लिखित स्पष्टीकरण को स्वीकार न करते हुए उन्हें व्यक्तिगत रूप से तलब किया जाना इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है। अब समिति के समक्ष होने वाली सुनवाई और मौखिक साक्ष्य के आधार पर आगे की संसदीय कार्यवाही की जाएगी।
जनपद मऊ -: औषधि निरीक्षक द्वारा ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण, 10 औषधियों के नमूने जांच हेतु लिए गए
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में औषधि निरीक्षक आशुतोष कुमार चौबे द्वारा मेसर्स जनपदीय ड्रग वेयर हाउस, यूपीएमएससीएल (UPMSCL) द्वारा संचालित बघली पिजरा, मऊ का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न औषधियों के कुल 10 नमूने जांच एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित किए गए।

मौके पर प्रभारी फार्मासिस्ट अजय कुमार पाण्डेय उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान भंडारित औषधियों के रख-रखाव एवं भंडारण व्यवस्था का अवलोकन किया गया तथा उन्हें औषधियों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण आख्या को आवश्यक कार्रवाई हेतु औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ को प्रेषित कर दिया गया है। साथ ही, संग्रहित नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही।
जनपद मऊ -: मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक का शव   मिला कुएं में, दुर्गंध बनी मौत का सुराग: कुएं में मिला लापता युवक का सड़ा-गला शव
रतनपुरा (मऊ)। हलधरपुर थाना क्षेत्र के अईलख ग्राम पंचायत में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई।

गांव निवासी राजदेव राम के 35 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार का शव गांव के एक कुएं से बरामद हुआ। प्रमोद मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर भटकता रहता था। वह लगभग एक पखवारे से लापता था।

जब दोपहर करीब एक बजे कुएं से तेज दुर्गंध आने पर मृतक की मां दुखनी देवी वहां पहुंचीं। कुएं में झांककर देखा तो उनका बेटे का क्षत-विक्षत और सड़-गल चुका शव पानी में उतराया हुआ था। यह दृश्य देखकर वह बिलख पड़ीं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना पर हलधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव की स्थिति से आशंका जताई जा रही है कि प्रमोद कई दिन पहले ही कुएं में गिर गया था, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी।

परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित प्रार्थना-पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम कराने तथा किसी अन्य वैधानिक कार्रवाई से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए ग्रामीणों की मौजूदगी में शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

मृतक  प्रमोद कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था,घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जनपद मऊ -: गहरी नींद में सोते रहे परिजन, चोरो ने 10 लाख जेवर सहित नगद....
मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबारी के तमठा गाँव का है जहां घर के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे तभी चोरो खिड़की के सहारे घर मे घुसकर 10 लाख के आभूषण सहित नदगी चुरा ले गए। सुबह जब परिजन की आंख खुली तो हंगामा मच गया।वही मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।जानकारी के मुताबिक मनोज कुमार मौर्य नाम के व्यक्ति के घर ने देर रात में परिजन घर के बाहर सो रहे थे, इसी दौरान चोर घर के बगल की खिड़की के रास्ते अंदर घुस गए।चोरों ने कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़ दिए और उनमें रखे नकद रुपये, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।पीड़ित मनोज कुमार मौर्य ने बताया कि उनकी पत्नी के मंगलसूत्र, मांगटीका, चूड़ी, नथिया, पायल सहित अन्य सभी जेवर चोरी हो गए।इसके अलावा उनकी सोने की अंगूठी और माला भी चोर उठा ले गए। परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जनपद मऊ पुलिस लाईन सभागार मे विदाई समारोह का आयोजन
जनपद मऊ पुलिस लाईन सभागार मे आज दिनांक 31.07.2026 को, अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत होने वाले पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगणों के विदाई समारोह का आयोजन हुआ* जिसमें, पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर श्री नितेश प्रताप सिंह, काफी संख्या में पुलिस कर्मचारीगण एवं निम्नलिखित समस्त सेवानिवृत अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे-
*सेवानिवृत्त होने वाले अधि0/कर्मचारीगण-*
1. पुलिस उपाधीक्षक श्री शीतला प्रसाद पाण्डेय ।
2. रेडियों उ0नि0 श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ।
3. उ0नि0 श्री मिथिलेश कुमार सिंह ।
4. उ0नि0 श्री चन्द्र प्रकाश उपाध्याय ।
5. उ0नि0 श्री राधेश्याम सिंह ।
6. उ0नि0 श्री बृजेश कुमार ।
7. उ0नि0 श्री सीताराम ।
8. उ0नि0 श्री रामाश्रय राम ।
9. मु0आ0 श्री राम करन राम ।
10. रीडिंग फा0 मैन श्री रामकरन राम ।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उक्त समस्त सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारीगणों को मोमेंटो, श़ॉल प्रशस्ति पत्र, श्री रामचरितमानस व उपहार आदि देकर भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गयी।
जनपद मऊ -: मधुबन विधानसभा से शिवसागर यादव आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी घोषित
मऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मधुबन विधानसभा सीट से शिवसागर यादव को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवाजी गौतम, जिला प्रभारी रामशब्द प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश, मधुबन विधानसभा अध्यक्ष अनिल कुमार, घोसी विधानसभा अध्यक्ष रितिक कुमार गौतम सहित विद्यालय के अध्यापकों ने शिवसागर यादव को माल्यार्पण कर बधाई दी और उनके सफल चुनावी अभियान एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि शिवसागर यादव जनता की उम्मीदों पर खरे उतरते हुए क्षेत्र के विकास, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे तथा मधुबन विधानसभा में मजबूत नेतृत्व प्रदान करेंगे।

यह जानकारी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) मऊ के जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष चन्द्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
जनपद मऊ -: मऊ में युवक पर तमंचे से फायरिंग, गोली चूकने से बची जान

मऊ। जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम दिनदहाड़े एक युवक पर तमंचे से फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि गोली निशाने पर नहीं लगी, जिससे युवक की जान बाल-बाल बच गई।

जानकारी के अनुसार, पैकौली निवासी रणधीर चौहान गुरुवार शाम करीब 5 बजे जेपी जन कल्याण हॉस्पिटल के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर रणधीर से कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तमंचा निकालकर रणधीर पर फायर कर दिया। हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पहले हुई छेड़खानी की घटना से जुड़े विवाद का प्रतीत हो रहा है। पीड़ित रणधीर चौहान की तहरीर पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।