जनपद मऊ -: गहरी नींद में सोते रहे परिजन, चोरो ने 10 लाख जेवर सहित नगद....
मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबारी के तमठा गाँव का है जहां घर के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे तभी चोरो खिड़की के सहारे घर मे घुसकर 10 लाख के आभूषण सहित नदगी चुरा ले गए। सुबह जब परिजन की आंख खुली तो हंगामा मच गया।वही मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।जानकारी के मुताबिक मनोज कुमार मौर्य नाम के व्यक्ति के घर ने देर रात में परिजन घर के बाहर सो रहे थे, इसी दौरान चोर घर के बगल की खिड़की के रास्ते अंदर घुस गए।चोरों ने कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़ दिए और उनमें रखे नकद रुपये, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।पीड़ित मनोज कुमार मौर्य ने बताया कि उनकी पत्नी के मंगलसूत्र, मांगटीका, चूड़ी, नथिया, पायल सहित अन्य सभी जेवर चोरी हो गए।इसके अलावा उनकी सोने की अंगूठी और माला भी चोर उठा ले गए। परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जनपद मऊ पुलिस लाईन सभागार मे विदाई समारोह का आयोजन
जनपद मऊ पुलिस लाईन सभागार मे आज दिनांक 31.07.2026 को, अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत होने वाले पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगणों के विदाई समारोह का आयोजन हुआ* जिसमें, पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर श्री नितेश प्रताप सिंह, काफी संख्या में पुलिस कर्मचारीगण एवं निम्नलिखित समस्त सेवानिवृत अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे-
*सेवानिवृत्त होने वाले अधि0/कर्मचारीगण-*
1. पुलिस उपाधीक्षक श्री शीतला प्रसाद पाण्डेय ।
2. रेडियों उ0नि0 श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ।
3. उ0नि0 श्री मिथिलेश कुमार सिंह ।
4. उ0नि0 श्री चन्द्र प्रकाश उपाध्याय ।
5. उ0नि0 श्री राधेश्याम सिंह ।
6. उ0नि0 श्री बृजेश कुमार ।
7. उ0नि0 श्री सीताराम ।
8. उ0नि0 श्री रामाश्रय राम ।
9. मु0आ0 श्री राम करन राम ।
10. रीडिंग फा0 मैन श्री रामकरन राम ।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उक्त समस्त सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारीगणों को मोमेंटो, श़ॉल प्रशस्ति पत्र, श्री रामचरितमानस व उपहार आदि देकर भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गयी।
जनपद मऊ -: मधुबन विधानसभा से शिवसागर यादव आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी घोषित
मऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मधुबन विधानसभा सीट से शिवसागर यादव को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवाजी गौतम, जिला प्रभारी रामशब्द प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश, मधुबन विधानसभा अध्यक्ष अनिल कुमार, घोसी विधानसभा अध्यक्ष रितिक कुमार गौतम सहित विद्यालय के अध्यापकों ने शिवसागर यादव को माल्यार्पण कर बधाई दी और उनके सफल चुनावी अभियान एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि शिवसागर यादव जनता की उम्मीदों पर खरे उतरते हुए क्षेत्र के विकास, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे तथा मधुबन विधानसभा में मजबूत नेतृत्व प्रदान करेंगे।

यह जानकारी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) मऊ के जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष चन्द्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
जनपद मऊ -: मऊ में युवक पर तमंचे से फायरिंग, गोली चूकने से बची जान

मऊ। जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम दिनदहाड़े एक युवक पर तमंचे से फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि गोली निशाने पर नहीं लगी, जिससे युवक की जान बाल-बाल बच गई।

जानकारी के अनुसार, पैकौली निवासी रणधीर चौहान गुरुवार शाम करीब 5 बजे जेपी जन कल्याण हॉस्पिटल के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर रणधीर से कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तमंचा निकालकर रणधीर पर फायर कर दिया। हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पहले हुई छेड़खानी की घटना से जुड़े विवाद का प्रतीत हो रहा है। पीड़ित रणधीर चौहान की तहरीर पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद मऊ -:  मोंटे कार्लो शोरूम संचालक ने लगाया धमकी और अभद्रता का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग
मऊ। शहर के सहादतपुरा स्थित गाजीपुर तिराहा पर संचालित मोंटे कार्लो शोरूम के संचालक सुजीत कुमार सिंह ने कुछ अज्ञात युवकों पर शोरूम में घुसकर अभद्रता करने, कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शोरूम संचालक के अनुसार, 30 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:10 बजे पांच युवक कथित रूप से शराब के नशे में शोरूम पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद मैनेजर और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। कुछ देर बाद सभी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन रहा है।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जनपद मऊ -: ऑटो चालक ने ट्रैफिक पुलिस पर रिश्वत लेने का लगाया आरोप, वायरल वीडियो की जांच शुरू

मऊ में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक ऑटो चालक ने आरोप लगाया है कि उसके वाहन के सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस ने उसकी गाड़ी जब्त कर ली। चालक का दावा है कि बाद में पैसे लेने के बाद उसे एक पर्ची देकर वाहन छोड़ दिया गया।

मामले का संज्ञान लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) को सौंपी गई है।

एएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित ऑटो चालक पहले भी इसी तरह की शिकायतें कर चुका है, जिनकी पुष्टि नहीं हुई थी। बावजूद इसके, इस मामले में किसी प्रकार का पूर्वाग्रह नहीं रखा जाएगा और निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
मऊ: कोटे की मांग को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, आपूर्ति विभाग से कार्रवाई की मांग
मऊ। जिले में कोटे की दुकान को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि कोटे की दुकान को हटाया जा रहा है जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कोटे की व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।

महिलाओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग किया |

प्रदर्शन की सूचना पर संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
मऊ -: जल जीवन मिशन में अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच का धरना-प्रदर्शन
मऊ। जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरने के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में व्यापक अनियमितताएं हुई हैं, जिससे योजना का लाभ आम जनता तक अपेक्षित रूप से नहीं पहुंच पा रहा है।

हिंदू जागरण मंच ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा योजना के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
जनपद मऊ -: सरयू का जलस्तर 24 घंटे में 25 सेमी घटा, कटान जारी; तटवर्ती गांवों में बढ़ी चिंता
मऊ। जनपद में सरयू नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटे में नदी का जलस्तर 25 सेंटीमीटर घटकर 69.05 मीटर पर पहुंच गया है। हालांकि नदी अभी भी खतरे के निशान 69.90 मीटर से 85 सेंटीमीटर नीचे बह रही है, लेकिन तटवर्ती क्षेत्रों में तेज कटान ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह तक जलस्तर स्थिर रहा, लेकिन इसके बाद गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को नदी का जलस्तर 69.30 मीटर था, जो गुरुवार शाम तक घटकर 69.05 मीटर रह गया। जलस्तर कम होने के बावजूद नदी की तेज धार और लहरों के कारण कई स्थानों पर कटान जारी है।

सरहरा पुरवा के सामने बढ़ा कटान
सरहरा पुरवा के सामने सरयू नदी तेजी से उपजाऊ कृषि भूमि का कटान कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का रुख आबादी की ओर बढ़ रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर कटान रोकने के लिए अभी तक कोई प्रभावी कार्य नहीं किया गया है।

राज्यमार्ग और ऐतिहासिक धरोहरों पर भी खतरा
कटान के चलते आजमगढ़-गोरखपुर राज्यमार्ग और सरयू नदी के बीच की दूरी अब 100 मीटर से भी कम रह गई है। यदि कटान इसी तरह जारी रहा तो सड़क पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसके अलावा शाही मस्जिद, खाकी बाबा की कुटी, मुक्तिधाम, भारत माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, रामजानकी मंदिर और लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले सहित कई ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर भी खतरे की आशंका बनी हुई है।

प्रशासन अलर्ट मोड में
स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग मऊ और बाढ़ खंड आजमगढ़ ने बंधों की निगरानी तेज कर दी है। विभागीय कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद मऊ -:  जीआरपी थाने का एसएसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, बॉडी वॉर्न कैमरे से होगी विवादों की रिकॉर्डिंग
मऊ। रेलवे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार को जीआरपी थाना मऊ का वार्षिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में होने वाले किसी भी विवाद या घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग अब बॉडी वॉर्न कैमरे से की जाएगी। इससे घटनाओं का पारदर्शी और सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर एक वर्ष के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को अस्थायी रूप से जीआरपी थाना मऊ से संबद्ध किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सप्ताह में कम से कम दो दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पुलिसकर्मी सादे वेश में ट्रेनों में यात्रा कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखें तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए एसएसपी ने भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जीआरपी थाना प्रभारी से कहा कि भीड़ के समय स्वयं स्टेशन पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें, ताकि कांवड़ियों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का वातावरण मिल सके।

एसएसपी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण जीआरपी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।