मऊ: कोटे की मांग को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, आपूर्ति विभाग से कार्रवाई की मांग
मऊ। जिले में कोटे की दुकान को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि कोटे की दुकान को हटाया जा रहा है जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कोटे की व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।

महिलाओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग किया |

प्रदर्शन की सूचना पर संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
मऊ -: जल जीवन मिशन में अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच का धरना-प्रदर्शन
मऊ। जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरने के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में व्यापक अनियमितताएं हुई हैं, जिससे योजना का लाभ आम जनता तक अपेक्षित रूप से नहीं पहुंच पा रहा है।

हिंदू जागरण मंच ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा योजना के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
जनपद मऊ -: सरयू का जलस्तर 24 घंटे में 25 सेमी घटा, कटान जारी; तटवर्ती गांवों में बढ़ी चिंता
मऊ। जनपद में सरयू नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटे में नदी का जलस्तर 25 सेंटीमीटर घटकर 69.05 मीटर पर पहुंच गया है। हालांकि नदी अभी भी खतरे के निशान 69.90 मीटर से 85 सेंटीमीटर नीचे बह रही है, लेकिन तटवर्ती क्षेत्रों में तेज कटान ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह तक जलस्तर स्थिर रहा, लेकिन इसके बाद गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को नदी का जलस्तर 69.30 मीटर था, जो गुरुवार शाम तक घटकर 69.05 मीटर रह गया। जलस्तर कम होने के बावजूद नदी की तेज धार और लहरों के कारण कई स्थानों पर कटान जारी है।

सरहरा पुरवा के सामने बढ़ा कटान
सरहरा पुरवा के सामने सरयू नदी तेजी से उपजाऊ कृषि भूमि का कटान कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का रुख आबादी की ओर बढ़ रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर कटान रोकने के लिए अभी तक कोई प्रभावी कार्य नहीं किया गया है।

राज्यमार्ग और ऐतिहासिक धरोहरों पर भी खतरा
कटान के चलते आजमगढ़-गोरखपुर राज्यमार्ग और सरयू नदी के बीच की दूरी अब 100 मीटर से भी कम रह गई है। यदि कटान इसी तरह जारी रहा तो सड़क पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसके अलावा शाही मस्जिद, खाकी बाबा की कुटी, मुक्तिधाम, भारत माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, रामजानकी मंदिर और लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले सहित कई ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर भी खतरे की आशंका बनी हुई है।

प्रशासन अलर्ट मोड में
स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग मऊ और बाढ़ खंड आजमगढ़ ने बंधों की निगरानी तेज कर दी है। विभागीय कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद मऊ -:  जीआरपी थाने का एसएसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, बॉडी वॉर्न कैमरे से होगी विवादों की रिकॉर्डिंग
मऊ। रेलवे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार को जीआरपी थाना मऊ का वार्षिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में होने वाले किसी भी विवाद या घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग अब बॉडी वॉर्न कैमरे से की जाएगी। इससे घटनाओं का पारदर्शी और सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर एक वर्ष के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को अस्थायी रूप से जीआरपी थाना मऊ से संबद्ध किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सप्ताह में कम से कम दो दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पुलिसकर्मी सादे वेश में ट्रेनों में यात्रा कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखें तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए एसएसपी ने भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जीआरपी थाना प्रभारी से कहा कि भीड़ के समय स्वयं स्टेशन पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें, ताकि कांवड़ियों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का वातावरण मिल सके।

एसएसपी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण जीआरपी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
जनपद मऊ -: घोसी अवैध बस संचालन, ओवरलोडिंग और दस्तावेजों में अनियमितता के खिलाफ घोसी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
घोसी कोतवाली के अमिला चौकी प्रभारी सूरज सिंह के नेतृत्व में थानीदास मोड़ पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने करीब एक दर्जन बसों की जांच की।

जांच में क्षमता से अधिक सवारी और आवश्यक दस्तावेजों में खामियां मिलने पर 8 बसों का ई-चालान किया गया।

पुलिस ने बस चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है
और अवैध बस संचालन व ओवरलोडिंग के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
जनपद मऊ -: जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल आपूर्ति के प्रभाव का मूल्यांकन करने के लिए समाज कार्य विभाग,
लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने विकास खंड परदहा के ग्राम परसपुरा चमरियोंव और सरैया रघुनाथपुर का भ्रमण किया।

टीम ने गांवों में पेयजल की गुणवत्ता, नियमित जलापूर्ति, पानी के प्रेशर, शुद्ध पेयजल का आम जनजीवन पर प्रभाव तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े पहलुओं का आकलन किया।

इस दौरान समाज कार्य विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय के श्री कमलेश कुमार, जिला समन्वयक जल जीवन मिशन एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भ्रमण के दौरान ग्राम प्रधान, जल सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विद्यालय स्टाफ, आशा बहू, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
जनपद मऊ -: लोन रिकवरी एजेंट पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
मऊ पुलिस ने लोन रिकवरी एजेंट पर हुए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे के कारणों की गहन जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जनपद मऊ -: कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद विवादित जमीन की जुताई, हंगामा
विरोध पर मारपीट का आरोप, डायल-112 ने रुकवाई जुताई; पुलिस जांच में जुटी

मधुबन (मऊ)। क्षेत्र के दुबारी गांव में बुधवार को कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कराने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुताई रुकवाई और दोनों पक्षों को शांत कराया। मामले में पीड़ित पक्ष ने मधुबन थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

टमठा दुबारी निवासी सुधीन्द्र कुमार पाण्डेय ने आरोप लगाया कि उनकी बैनामाशुदा भूमि को लेकर लंबे समय से न्यायालय में विवाद चल रहा है तथा हाईकोर्ट द्वारा जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया गया है। इसके बावजूद बुधवार को पुष्पा सिंह, पत्नी स्व. चन्द्रशेखर सिंह, भूपेश पाठक तथा चार अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे और जबरन जुताई शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि कोर्ट का आदेश दिखाकर विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज की और मारपीट के लिए दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए उन्हें मौके से भागना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं के माध्यम से उनका वीडियो बनवाकर उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की गई।

घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद जुताई रोक दी गई। हालांकि तब तक खेत के एक हिस्से की जुताई हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा और फिलहाल विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने की हिदायत दी।

घटना के बाद सुधीन्द्र कुमार पाण्डेय ने मधुबन थाने में लिखित तहरीर देकर पुष्पा सिंह, भूपेश पाठक समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे।

मधुबन थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्त ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। कोर्ट के आदेश एवं भूमि संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मऊ: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, कन्नौज निवासी युवक की गई जान

मऊ। जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश (25 वर्ष) पुत्र चौधरी, निवासी नयापुरा, थाना ठठिया, जिला कन्नौज के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि मुकेश आजमगढ़ के बुढ़नपुर में रहकर फेरी लगाने का काम करता था। उसके साथ करीब सात अन्य युवक भी रहते थे। 28 जुलाई की शाम वह मऊ में फेरी करने के बाद बाइक से अपने ठिकाने की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई आशीष ने बताया कि उन्हें 29 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि उनके भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई है और उनका शव मऊ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

फिलहाल सरायलखंसी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जनपद मऊ -: श्रावण मास में मऊ शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
मऊ। श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस, जनपद मऊ ने 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है।

यह व्यवस्था प्रत्येक सोमवार (3, 10, 17 एवं 24 अगस्त) तथा शिवरात्रि (11 अगस्त) के अवसर पर प्रभावी रहेगी। जारी व्यवस्था के अनुसार रविवार प्रातः 6 बजे से सोमवार रात्रि 9 बजे तक तथा शिवरात्रि से एक दिन पूर्व से ही शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन के अनुसार बहदुआगोदाम से वाराणसी की ओर जाने वाले कांवड़ यात्री अपने निर्धारित मार्ग से जाएंगे, जबकि अन्य वाहन हाईवे का उपयोग करेंगे।

बलिया की ओर से आने वाले भारी वाहनों को डाड़ी मोड़ व सहरोज मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार मटलूपुर मोड़ से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें वाराणसी-गोरखपुर हाईवे से भेजा जाएगा।

इसके अलावा भदसामानोपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कोपागंज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी तथा उन्हें हाईवे से होकर अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा। डाड़ी चढ़ी से भी भारी वाहनों का कोपागंज की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें सहरोज मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही प्रस्थान करें, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।