नेतृत्व अलंकरण समारोह 2026-27 के भव्य आयोजन ने मोहा सभी का मन 
शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, अपितु उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व एवं नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त आधार है: विवेक बरनवाल

मीरजापुर। शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, अपितु उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व एवं नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त आधार है। इसी पावन उद्देश्य को साकार करने के क्रम में शुक्रवार को सेमफोर्ड स्कूल, बसही में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए नेतृत्व अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यालय का संपूर्ण प्रांगण उत्साह, उल्लास एवं गौरवपूर्ण वातावरण से अनुप्राणित दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के विद्यालय आगमन पर प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह, कॉर्डिनेटर्स एवं विद्यालय के स्काउट बैंड द्वारा भव्य स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं मुख्य अतिथि के सम्मान समारोह ने ज्ञान, संस्कृति एवं भारतीय परंपरा के प्रति विद्यालय की आस्था को अभिव्यक्त किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी गणेश वंदना ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक गरिमा से आलोकित कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने अपने स्वागत सम्बोधन में मुख्य अतिथि विवेक बरनवाल एवं शिप्रा बरनवाल विशिष्ट अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे उत्तरदायी, संवेदनशील एवं आदर्श नागरिकों का निर्माण करना है जो समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय के अनुशासन, मर्यादा एवं उत्कृष्ट परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएं। समारोह के बीच विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को अनुशासन, परिश्रम एवं आत्मविश्वास का सशक्त संदेश दिया। विद्यालय के निदेशक विवेक बरनवाल ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में कहा कि नेतृत्व किसी पद का नाम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व का पर्याय है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तित्व में ईमानदारी, सहिष्णुता, संवेदनशीलता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करें तथा विद्यालय एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करें। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। राष्ट्रीय भावना एवं विद्यालायीय गौरव के वातावरण मे सम्पन्न यह बैज अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह विद्यार्थियों के जीवन मे नेतृत्व, अनुसाशन, उत्तरदायित्व,सेवा एवं उत्कृष्टता के नए अध्याय का प्रेरणास्पद सूत्रपात सिद्ध हुआ। यह आयोजन न केवल छात्र-नेताओ के सम्मान का अवसर था,बल्कि उन्मे कर्तवनिष्ठा,नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी समारोह भी बन गया। इस अवसर पर विध्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे।
विभिन्न गांवों में सपा नेता निराला कोल ने किया जनसंपर्क
जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का दिया भरोसा

मीरजापुर। लालगंज। समाजवादी पार्टी के नेता राज नारायण उर्फ निराला कोल ने शुक्रवार को छानबे विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने जैकर कला, पतार,कठवार, तुलसी, मझियार और पतुलखी मिश्रपुर गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र वासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई प्रमुख समस्याएं उनके सामने रखीं।  लोगों ने राजनारायण उर्फ निराला जी से उम्मीद जताई कि उनकी बात सरकार तक पहुंचाई जायेगी। इस मौके पर निराला जी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसानों, मजदूरों और नौजवानों की आवाज को ताकत देती रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या को मजबूती से उठाएंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सपा ने हमेशा विकास और जनहित को प्राथमिकता दी हैं। इस जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में लोग जुड़े और अपनी समस्यायों को साझा किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान तुलसी राम कुमार, अंजेश कोल, राजेश कुमार, गोविंद प्रसाद आदि ने सपा नेता जयनारायण उर्फ निराला जी का जोरदार स्वागत किया।
संवेदना का पाठ पढ़ाती है ईदगाह कहानी
◆◆डॉ भवदेव पाण्डेय फाउंडेशन में कथा सम्राट प्रेमचंद की जयंती मनाई गई


मिर्जापुर। कथासम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर उनकी कहानी 'ईदगाह' के अत्यंत संवेदनशील पक्ष का मंचन किया गया। जिसमें एक छोटे बच्चे द्वारा अपनी आकांक्षाओं को त्याग कर परिवार की बूढ़ी काकी के प्रति अपनाए गए उत्तरदायित्व का निर्वहन किया गया था।
   नगर के तिवराने टोला स्थित डॉ भवदेव पाण्डेय फाउंडेशन में शुक्रवार को कथा एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती मनाई गई। सर्वप्रथम मुंशी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया। इस कड़ी में सलिल पांडेय ने बताया कि मुंशी जी का जन्म वाराणसी के लमही गांव में हुआ था । गरीबी के बावजूद वे नैतिक दृष्टि से बेहद संपन्न थे । अपनी कहानियों में अंग्रेजों के शोषण के खिलाफ़ वे सामन्तशाहों को आधार लेकर कलम चलाते थे ।  मिर्जापुर के चुनार के किले में अंग्रेजों के जमाने में चलने वाले बन्दीगृह में जेल में बंद लोगों के बच्चों को पढ़ाया भी करते थे । चुनार में उन्होंने देखा कि किस प्रकार ब्रिटिश हुक्मरान आसपास के गांव के लोगों खासकर महिलाओं का शोषण एवं दुराचरण कर रहे हैं। उनके मन में इसका गहरा असर पड़ा और उनकी कहानियों में अन्याय, शोषण के खिलाफ विचार ज्यादा होते थे।
ईदगाह कहानी में ईद के अवसर पर जहां गांव के बच्चे मेला देखने में मनोरंजन कर रहे हैं और खेल का सामान तथा खानेपीने में पैसा खर्च कर रहे हैं, वहीं कहानी का मुख्य पात्र छोटी उम्र का हामिद अपनी बूढ़ी काकी के लिए चिमटा खरीद कर उच्च उत्तरदायित्वों का निर्वाह करता है। इसी के साथ चिमटे के माध्यम से फौलादी ताकत अर्जित करने एवं चिमटे के दोनों हिस्सो की तरह दोनों भुजाओं को बलिष्ठ बनाने का संदेश भी दे रहे हैं ताकि  भारत माता जो अंग्रेजों की यातना से जल रही हैं, उसका मुकाबला किया जा सके।
     मंचन में बूढ़ी काकी का अभिनय अनन्या वर्मा त्रिपाठी तथा हामिद की भूमिका जैद ने निभाई । इस अवसर पर बच्चों से कहा गया कि वे अपने जीवन में सत्य के पथ पर चले, इससे उनमें आत्मबल पैदा होगा। प्रारंभ में गुडमार्निंग स्कूल की प्रधानाचार्य सावित्री पांडेय ने प्रेमचंद का जीवन परिचय दिया । अन्य वक्ताओं में अनिशा, अवंतिका, पायल एवं रेखा आदि थी
Mirzapur में भीषण सड़क हादसा अनियंत्रित कंटेनर ने सो रहे पिता-पुत्र को रौंदा दोनों की मौके पर मौत

मीरजापुर। यूपी के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत गैपुरा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि डिवाइडर पर इंडिकेटर व पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को भोर में तकरीबन 3 बजे थाना विन्ध्याचल के पुलिस चौकी गैपुरा क्षेत्रान्तर्गत कलना गहरवार के पास प्रयागराज की तरफ से आ रहे सीमेंट कंटेनर वाहन संख्या MP 19ZQ9901 के अनियंत्रित होकर घर में घुस कर पलट जाने के कारण चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45 वर्ष) पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता निवासी कलना गहरवार थाना विन्ध्याचल की मौके ही मृत्यु हो गयी जबकि उनका पुत्र रोहित (13 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल रोहित उपरोक्त को इलाज के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गयी। थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा दोनों मृतको के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया तथा परिजन द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर तथा सम्बन्धित वाहन को क़ब्ज़े में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा है। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर मय पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौजूद है।

वहीं दूसरी ओर दुर्घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर आस-पास के थानों की पुलिस फोर्स बुला लिया गया था वहीं हादसे की ख़बर होने पर मौके पर पहुंचे राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने मृतक के परिजनों को धैर्य बंधाते हुए उनके साथ खड़े होने का आश्वासन देते हुए मृतक परिवार को जिला प्रशासन द्वारा 50 लाख का मुआवजा मिले तथा क्षतिग्रस्त मकान का अभिलम्ब निर्माण कराये जाने की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराने में जुटे रहे हैं।
चौकियां संघ खरीद केंद्र से गेहूं का उठान नहीं होने से बरसात में भींग सैकड़ों कुंटल गेहूं हुआ बर्बाद
मीरजापुर। खरीद केंद्र से गेहूं का उठान नहीं होने से बरसात में भींग सैकड़ों कुंटल गेहूं बर्बाद हो रहा है जिसकी कोई सुधि लेने वाला दिखाई नहीं दे रहा है। जिले के विकास खण्ड जमालपुर में चौकियां संघ पर पीसुयू द्वारा संचालित गेहूं खरीद केंद्र पर अभी भी लगभग डेढ़-दो हजार कुंटल गेहूं संघ के जर्जर भवन से लगाए जर्जर प्राथमिक विद्यालय में तथा खुलें मैदान में तिरपाल से ढका पड़ा है। बता दें कि खरीद केंद्र बंद हुए लगभग महीने भर से उपर हो गया है, लेकिन जिला प्रबंधक एवं जिम्मेदार ठीकेदार की वजह से अब तक खरीद केंद्र से संपूर्ण गेहूं का उठान नहीं हो सका है। तिरपाल से ढंके होने के बावजूद भी आंधी-पानी में तिरपाल उड़ने से जर्जर भवन के छत से पानी टपकने से, चूहों द्वारा बोरियों को कुतरने एवं कुत्तों, पशुओं द्वारा बोरियों को फाड़ देने से अब तक सैकड़ों कुंटल गेहूं बर्बाद हो चुका है। अभी एक सप्ताह पहले तक यहां पर तीन हजार कुंटल से ज्यादा गेहूं पड़ा था, लेकिन इधर दो-तीन दिनों में आधे से ज्यादा गेहूं का उठान हुआ है और अभी भी लगभग आठ-दस ट्रक गेहूं यहीं पड़ा हुआ है।यहां के केंद्र प्रभारी द्वारा बरसते पानी में दिन तो छोड़िए सारी रात जाग कर कैंपस से पानी निकासी से लेकर तिरपाल से ढके गेहूं को भीगने से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।संयोग मनाइये कि इस वर्ष अभी तक कायदे से बरसात ही नहीं हुआ है, वरना श कुछ भी पल्ले नहीं पड़ता और सारा गेहूं नष्ट हो गया होता। बताते चलें कि अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह द्वारा 28 जुलाई 2026 को बारिश के समय रात्रि लगभग नौ बजे मौके पर जाकर देखने पर केंद्र प्रभारी द्वारा तिरपाल से ढंके गेहूं की निगरानी करते एवं कैंपस में भरें पानी की निकासी व्यवस्था में तल्लीन पाया गया। मौके कि स्थिति को देखते हुए चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा तुरंत संबंधित विभाग के जिम्मेदार लोगों को निर्देशित कर संपूर्ण गेहूं का उठान सुनिश्चित नहीं कराया गया तो बचा हुआ सारा गेहूं भी नष्ट हो सकता है।
सपा ने मनाई महाराज दक्ष प्रजापति की जयंती
*सामाजिक व्यवस्था, समरसता व कर्तव्य के प्रतीक थे महाराज दक्ष प्रजापति

मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट पर महाराज दक्ष प्रजापति की जयंती हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने महाराजा दक्ष प्रजापति के सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्द्धन हेतु योगदान के विषय में बताते हुए कहा कि वह कर्तव्य एवं सामाजिक व्यवस्था के प्रतीक थे, जिनके आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और उन आदर्शों पर चल कर समाज को सशक्त व संगठित बनाया जा सकता है।  गोष्ठी का कुशल संचालन करते हुए मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष मेवा लाल प्रजापति ने कहा कि सृष्टि के विस्तार हेतु भगवान ब्रह्मा से उत्पन्न मानस पुत्र वेदों के ज्ञाता महाराज दक्ष प्रजापति जी बहुत ही विद्वान, धार्मिक व तपस्वी थे, जिनकी पुत्री सती से भगवान शिव का विवाह हुआ था।
इस अवसर पर उपस्थित पार्टीजनों में मुख्य रूप से जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन एड. सुरेन्द्र सिंह पटेल, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, विजय शंकर प्रजापति, झल्लू यादव, पूर्व सभासद लवकुश प्रजापति व बाबू लाल प्रजापति, रामजी बिंद, मनोज चौहान, अनीस खान, सलीम बादशाह, रवि सोनकर, अमरनाथ चक्रवाल, रामजी यादव, विवेक कुशवाहा, रंजीत फौजी, मणिशंकर प्रजापति, पतलू यादव, बबलू प्रजापति, राममिलन यादव, प्रिंस राव, पवन कुमार प्रजापति, धनंजय सिंह, पप्पू प्रजापति, अयान आलम, कुल्ली प्रजापति, केशरी नंदन शर्मा, संदीप प्रजापति, कृष्ण मुरारी शर्मा, अजीत यादव, केशव प्रजापति, रामजी चौहान व इन्द्रमणि इत्यादि शामिल रहे।
इको क्लब का मिशन लाइफ के तहत बाल कैबिनेट का गठन किया गया
मीरजापुर। विकासखंड सिटी क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय शाहपुर चौसा में मंगलवार को इको क्लब का मिशन लाइफ के तहत बाल कैबिनेट का गठन किया गया।  जिसमें अमित को प्रधानमंत्री पद, शिक्षा मंत्री रंजना, पर्यावरण मंत्री आयुषी, स्वास्थ्य मंत्री अन्य खेलकूद एवं सांस्कृतिक मंत्री अदिति स्वच्छता मंत्री ज्योति, उपस्थित मंत्री अनामिका, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री मनीष, कौशल विकास मंत्री अंकित, संचार एवं संपर्क मंत्री रोहित को चुना गया।    इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और बच्चों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।     इस दौरान राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका श्रीमती शीला सिंह ने इको क्लब फार मिशन लाइफ कार्यक्रम के तहत बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता अभियान पौधा रोपण, जल संरक्षण और कचरा प्रबंधन के बारे में बताया।    इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक उषा देवी, राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त  शिक्षिका श्रीमती शीला सिंह, अर्चना सिंह, राकेश मौर्या, आलोक गुप्ता आदि व बच्चे आदि उपस्थित रहे।
प्रभावशाली समूह की बैठक सम्पन्न, नियमित टीकाकरण पर किया गया जागरूक
मीरजापुर। ड्रमंडगंज क्षेत्र के नौगवां ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय गूलपुर में मंगलवार को ग्राम स्तरीय प्रभावशाली समूह (सखी) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य 5 वर्ष तक के बच्चों का नियमित टीकाकरण तथा अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करना रहा।
बैठक में यूनिसेफ के ब्लॉक समन्वयक अंकित शुक्ला ने नियमित टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समय पर टीकाकरण होने से बच्चों को विभिन्न प्रकार की 12 जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र के कोई भी बच्चे टीकाकरण से वंचित न रहें और उन्हें निर्धारित टीकाकरण सारणी के अनुसार सभी टीके अवश्य लगवाए जाएं।
इस दौरान स्वास्थ्य एवं नियमित टीकाकरण से संबंधित सामुदायिक गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा लोगों को जागरूक किया गया।
बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिव सागर पाल, कोटेदार राजकुमारी, एएनएम प्रतिमा सिंह, प्रधानाध्यापक विजय शंकर शर्मा, आशा कार्यकर्ता इंद्रावती, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गुलाबकली, प्रभावशाली सदस्य शंभूनाथ पटेल, राजू सिंह मौर्य सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं  ग्रामीण उपस्थित रहे।
विक्रम बने भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के जिला महामंत्री
मिर्ज़ापुर।भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग के निर्देश पर मिर्जापुर जिले के पदाधिकारी के विस्तार के क्रम में विक्रम प्रताप सिंह को जिले का महामंत्री नियुक्त किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष व काशी प्रांत प्रभारी शैलेंद्र अग्रहरी की संस्तुति पर जिला अध्यक्ष अशोक केसरवानी ने उन्हें जिला महामंत्री नियुक्त किया है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष अशोक केशरवानी ने कहा कि व्यापार मंडल में ऊर्जावान नौजवानों को विभिन्न दायित्वों पर शामिल किया जा रहा है। संगठन का विस्तार करते हुए जिले के सभी ब्लॉकों में पदाधिकारियों की नियुक्ति एक माह में की जाएगी। जिला कार्यकारिणी के सम्पूर्ण विस्तार के साथ आने वाले समय पर जिला सम्मेलन का कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। जिसमें व्यापारी समस्याओं के संदर्भ पर विस्तृत चर्चाएं होंगी। व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय व प्रादेशिक पदाधिकारी शामिल होंगे। उक्त मनोनयन पर प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र अग्रहरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुलाम हैदर, जिला युवा अध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय, जिला महिला अध्यक्ष गुंजा गुप्ता, ताराचंद अग्रहरि, संतोष गोयल, प्रशांत गुप्ता, अनुज उमर, गणेश अग्रहरि, शाशिकांत पटेल, सुरेश केशरी, मुकेश अग्रहरी, कामदनाथ, रवि गुप्ता, कुशाग्र गुप्ता आदि ने बधाई दी है।
Mirzapur: सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से लिया चुनावी तैयारियों का फीडबैक
मीरजापुर। 395 छानबे विधानसभा के लालगंज ब्लाक अंतर्गत बल्हिया के एक लान में सोमवार को सपा का पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का कार्यकर्ताओं ने गर्म जोशी से स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बल्हिया खुर्द में आयोजित विधानसभा स्तरीय पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में बूथ, सेक्टर, जोन और फ्रंटल संगठन के पदाधिकारियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न बूथों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पूछा कि किन बूथों पर किस प्रकार की तैयारी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। प्रत्येक मतदाता तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहना होगा। उन्होंने विधानसभा स्तर पर वरिष्ठ नेताओं को ब्लॉकवार जिम्मेदारियां भी सौंपीं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। सभी पदाधिकारी जनहित के मुद्दों पर जनता के बीच रहकर पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव ने कहा कि बेरोजगारी के कारण युवा वर्ग परेशान है और समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद से देख रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि युवाओं में रोजगार को लेकर चिंता है और प्रदेश में बदलाव का माहौल बन रहा है। दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री गुलाबचंद यादव 'मुन्नी' ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां हमेशा जनहित पर आधारित रही हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने तथा संचालन हरिशंकर यादव ने किया। सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष सोकीम अहमद उर्फ झल्लू, पूर्व विधायक जगदंबा पटेल, लल्लू शुक्ला, सुरेंद्र सिंह पटेल, रविन्द्र पटेल, पिंटू पांडेय, अशोक मिश्रा, रविन्द्र कोल, कीर्ति कोल, रम्भा देवी, राजनारायण निराला कोल, सियाराम जैसल, रमाशंकर कोल, तुफानी लाल यादव, ब्रहमबली यादव, अरविंद यादव, आदर्श यादव, गणेश यादव, बिहारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।