जनपद मऊ -: विक्रम जीत सिंह का अल्टीमेटम: एक माह में मांगें पूरी करें, अन्यथा होगा जोरदार जनआंदोलन
मऊ, 30 जुलाई 2026।
आम आदमी पार्टी, मऊ के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में आज क्षेत्रीय वन अधिकारी श्री अरुण कुमार उपाध्याय के माध्यम से प्रभागीय वनाधिकारी (DFO), मऊ को वंदेवी धाम से संबंधित जनसमस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में वंदेवी धाम में श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने, पार्किंग व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संचालित कराने, वंदेवी धाम को जाने वाली जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं में आवश्यक सुधार करने की मांग की गई।
इसके साथ ही वंदेवी धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में वैज्ञानिक ढंग से वृक्षारोपण कराने, लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं देखभाल सुनिश्चित करने तथा उन्हें आवारा पशुओं एवं अन्य प्रकार की क्षति से बचाने के लिए ट्री-गार्ड एवं अन्य सुरक्षा उपाय उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं का सम्मान, उनकी सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर ज्ञापन में उल्लिखित मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी जनहित में वंदेवी धाम से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी और आवश्यकता पड़ने पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता और श्रद्धालुओं के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
Jul 31 2026, 13:49
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2