जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष शहरी मॉकड्रिल का हुआ सफल आयोजन

*अग्निकांड, शहरी बाढ़ एवं भवन ढहने जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों का किया गया व्यावहारिक प्रदर्शन*


*गोण्डा 29 जुलाई,2026*।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा "विशेष शहरी मॉकड्रिल" का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया।
मॉकड्रिल का उद्देश्य अग्निकांड, शहरी बाढ़, मकान गिरने तथा अन्य संभावित शहरी आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मॉकड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा परिदृश्यों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रदर्शन किया गया, जिसमें राहत एवं बचाव दलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया।

फायर एवं स्वास्थ्य विभाग ने बचाव कार्यों का किया सजीव प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान फायर विभाग के अधिकारी श्री नितेश शुक्ला ने अग्निकांड की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, आग पर नियंत्रण पाने की तकनीकों तथा सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और त्वरित सूचना देना सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

मॉकड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार प्रदान कर उन्हें तत्काल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे आपदा प्रबंधन व्यवस्था की तत्परता का आकलन किया जा सका।

आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का दिया गया संदेश
मॉकड्रिल में जिला आपदा विशेषज्ञ, सिविल डिफेंस के प्रभारी अधिकारी, कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, आपदा मित्र तथा बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को आपदा के समय सतर्कता, समयबद्ध कार्रवाई तथा सामूहिक प्रयासों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की मॉकड्रिल का उद्देश्य केवल आपदा से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करना ही नहीं, बल्कि आमजन में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाना भी है।

इस सफल आयोजन से यह संदेश गया कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशिक्षित एवं समन्वित टीम समय रहते प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित कर जन-धन की हानि को न्यूनतम कर सकती है।
थाना को0 नगर पुलिस द्वारा 03 अदद चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ 01 शातिर चोर को किया गया गिरफ्तार-
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना को0 नगर पुलिस टीम द्वारा मोटरसाईकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए शातिर चोर अवधेश कुमार कुलदीप उर्फ सन्टी को चांदमारी घोसियाना से गिरफ्तार कर उसके कब्जे व निशान देही से चोरी की 03 अदद मोटरसाईकिलों को बरामद किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
वादी संदीप मिश्रा पुत्र शत्रुघ्न मिश्रा, निवासी ग्राम मवई, थाना छपिया, जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 नगर में लिखित तहरीर दी गई कि दिनांक 17.07.2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल संख्या से जिला अस्पताल गोण्डा ड्यूटी करने आए थे। अपनी मोटरसाइकिल जिला अस्पताल की इमरजेंसी के सामने खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए। दिनांक 18.07.2026 को प्रातः लगभग 06ः00 बजे वापस आने पर उनकी मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। काफी खोजबीन करने के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चल सका। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसमें आज दिनांक 29.07.2026 को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए अवधेश कुमार कुलदीप उर्फ सन्टी को चांदमारी घोसियाना से गिरफ्तार कर उसके कब्जे व निशान देही से चोरी की 03 अदद मोटरसाईकिलों को बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
थाना को0 देहात पुलिस द्वारा लूट की घटना का सफल अनावरण
01 अभियुक्त गिरफ्तार एवं 03 विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर अभिरक्षा में, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 03 मोबाइल फोन व ₹4,250 बरामद-


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना को0 देहात पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0- 740/26, धारा 309(6) बीएनएस से सम्बन्धित घटना का सफल अनावरण करते हुए 01 अभियुक्त शिवम उपाध्याय पुत्र रमेश कुमार उपाध्याय नि0 मन्नीपुरवा थाना को0 देहात जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर 03 विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 अपाचे मोटरसाइकिल, 03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन व लूट की राशि में से ₹4,250 नकद बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण

वादी मो० आलम पुत्र आजाद हुसैन, निवासी ग्राम मंगुरा बाजार थाना उमरी बेगमगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 देहात में लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 26.07.2026 को सायं लगभग 07ः00 बजे वह अपने मित्र रमेश तिवारी की कपड़े की दुकान से अपनी हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल से घर वापस जा रहे थे। रास्ते में मुरावनपुरवा के पास सड़क किनारे दो मोटरसाइकिलों के साथ खड़े चार अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मोटरसाइकिल सहित गिर पड़े। इस दौरान अभियुक्त उनकी मोटरसाइकिल, डिग्गी में रखे ₹10,000/- नगद तथा उनका वीवो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 देहात में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा घटना के शीघ्र एवं सफल अनावरण हेतु 04 पुलिस टीमों का गठन कर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन एवं विश्लेषण करते हुए अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास किए गए। इसी क्रम में आज दिनांक 29.07.2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम बाबाकुटी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार सात व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी कर शिवम उपाध्याय निवासी मन्नीपुरवा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा तथा 03 विधि का उल्लंघन करने वाले किशोरों को पकड़ लिया गया, जबकि उनके 03 अन्य साथी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 अपाचे मोटरसाइकिल, 03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा लूट की राशि में से ₹4,250 नकद बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0 देहात पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

गोण्डा। आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने तथा जनपद में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दिनांक 28.07.2026 को पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा पुलिस लाइन सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्वप्रथम यक्ष एप पर प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए।

इसके उपरांत थानों पर लंबे समय से खड़े मुकदमाती, जब्त एवं लावारिस वाहनों तथा माल-मुकदमाती के विधिक निस्तारण की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीसीटीएनएस पर 60 एवं 90 दिवस से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में समय से आरोप पत्र प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही ई-साक्ष्य के प्रभावी संकलन, सुरक्षित संरक्षण एवं समय से अपलोड किए जाने पर विशेष बल देते हुए तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मिसिंग/रिकवर्ड चाइल्ड की समीक्षा के दौरान लंबित गुमशुदगी के मामलों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने तथा बरामद बच्चों के पुनर्वास एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन दहन के अंतर्गत चल रही कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साइबर क्राइम की समीक्षा करते हुए साइबर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण, साइबर ठगी के मामलों में धनराशि होल्ड एवं रिफंड कराने की कार्रवाई में तेजी लाने, साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति अधिकाधिक जागरूक करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग को सुनिश्चित कराने, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों का भ्रमण करने, शांति समिति एवं पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने, धर्मगुरुओं, आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों से निरंतर संवाद स्थापित करने, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों की सतत निगरानी रखने, अफवाह फैलाने एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई करने, धार्मिक स्थलों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, पैदल गश्त एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित करने, महिला सुरक्षा के दृष्टिगत मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक अभियान एवं पुलिसिंग से जुड़े कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आगामी त्योहारों के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन, समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे जनपदवासी सुरक्षित एवं निर्भीक वातावरण में त्योहार मना सकें।

गोण्डा पुलिस द्वारा 01 जनवरी 2026 से अबतक गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 48 अभियुक्तों के विरुद्ध 12 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं तथा 08 नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है । गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत 07 प्रकरण में अपराध से अर्जित की गयी 91 लाख 46 हजार 585 रुपए की सम्पत्ति जब्त की गयी है। 83 अभियुक्तों पर गुण्डा एक्ट के तहत कार्यवाही की गयी। अपराधियों पर शिंकजा कसने के लिए अब तक 09 सक्रिय गिरोह के ऊपर गैंग पंजीकरण की कार्यवाही की गयी है।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय, समस्त क्षेत्राधिकारीगण व समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
सीएचसी करनैलगंज में ओपीडी के दौरान डॉक्टर सोते मिले, वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

*"मरीज तरसें, डॉक्टर खर्राटे लें"- कर्नलगंज सीएचसी का शर्मनाक वीडियो आया सामने


*सीएमओ का आदेश-निरीक्षण बेअसर, करनैलगंज सीएचसी में मनमानी चरम पर


गोंडा। जिले की करनैलगंज सीएचसी एक बार फिर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गई है। ओपीडी के दौरान एक डॉक्टर के सोते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे और सीएचसी अधीक्षक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में ड्यूटी के दौरान डॉ. इमरान मोइन मेज पर सिर रखकर सो रहे हैं। जबकि बाहर मरीज इलाज के लिए घंटों से बैठे हुए हैं। वीडियो सामने आते ही सीएचसी अधीक्षक अनुज कुमार की निरंकुश कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।

*सीएमओ के आदेश भी बेअसर*
 
यह कोई पहला मामला नहीं है। 2 जून 2026 को भी कई चिकित्सकों के देर से आने और अनुपस्थित रहने की खबरें प्रकाशित हुई थीं। इसके बाद 3 जून को सीएमओ गोंडा ने सीएचसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और अनुपस्थित डॉक्टरों को नोटिस देने के निर्देश दिए थे। 22 जुलाई को भी सीएमओ ने लेबर रूम, इमरजेंसी और ओपीडी का निरीक्षण कर सख्त चेतावनी दी थी।
परन्तु हकीकत नहीं बदली। रोज सुबह 8 बजे शुरू होने वाली ओपीडी में 9:15 बजे तक भी कई डॉक्टरों की कुर्सियां खाली रहती हैं। कई कमरे बंद रहते हैं और मरीज डॉक्टर का इंतजार कर वापस लौट जाते हैं।

*पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप*
 
7 जून को एक महिला मरीज ने सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट अशोक वर्मा पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। इसके अलावा अस्पताल परिसर में दवाएं जलाने, मरीजों को एक्स-रे शीट न देकर फोन से फोटो खिंचवाने जैसे मामलों के वीडियो भी वायरल हो चुके हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि डॉक्टर ड्यूटी के समय नदारद रहकर अपने सरकारी आवास पर प्राइवेट क्लिनिक चलाते हैं। इमरजेंसी में स्टाफ नहीं मिलता, मजबूरन मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।अब सवाल ये है कि निरीक्षण और चेतावनी के बाद भी सुधार क्यों नहीं हो रहा? उच्चाधिकारियों की चुप्पी से अधीक्षक और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
इस पूरे प्रकरण पर स्वास्थ्य विभाग के किसी अधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गुरु पूर्णिमा पर तुलसी जन्मभूमि में तुलसी पूजन व भंडारा आयोजित

गोंडा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर तुलसी जन्मभूमि सूकर क्षेत्र राजापुर मेंसनातन धर्म परिषद और तुलसी जन्मभूमि न्यास अध्यक्ष डॉ स्वामी भगवताचार्य जी के सानिध्य में तुलसी पूजन, गुरु पूजन के साथ ही भंडारा आयोजित कर गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया गया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बलरामपुर जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी द्वारा डॉक्टर स्वामी भगवताचार्य का माल्यार्पण और अंगवस्त्र के साथ ही फल और मिष्ठान्न के साथ गुरु पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने स्वामी जी का माल्यार्पण किया और कहा कि आज हमें  सौभाग्य प्राप्त हो रहा है की संपूर्ण विश्व को राम के आदर्शों से परिचित कराने वाले और जीवन जीने का पाठ पढाने वाले महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्म भूमि पर हम गुरु पूर्णिमा मना रहे हैं। स्वामी भगवताचार्य जी का सानिध्य रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्म भूमि गोस्वामी जी के गुरु स्वामी नरहरिदास का शूकर क्षेत्र और गुरु पूर्णिमा का पुनीत सयोग हम सब धन्य हैं कि ऐसा पावन अवसर मिला
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी आश्रम परसपुर की संचालिका ब्रह्मकुमारी अनामिका दीदी और उनकी टीम द्वारा डॉ स्वामी भगबताचार्य बलरामपुर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी और पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा को तिलक चंदन के साथ ही अंग वस्त्र और ब्रह्म कुमारी पट्टिका पहनाकर मिष्ठान प्रसाद देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रमुख रूप से साहित्यकार हनुमान प्रसाद दुबे, तुलसी जन्मभूमि राजापुर प्रमुख सांवल चौधरी परसपुर नगर पंचायत के पूर्व सभासद जगदीश सोनी ओंकार सिंह, प्रिंस तिवारी राकेश मौर्य, सहित सैकड़ों साधु संतों और ग्राम वासियों का जमावड़ा रहा।
सभी द्वारा भजन और भंडारे का आनंद लिया गया।
डंपर-ई रिक्शा की टक्कर,सब्जी व्यापारी की मौत,साथी गंभीर 

*मंडी से लौटते समय हादसा

*देहात कोतवाली क्षेत्र के खिरौरा मोहन के पास भीषण सड़क हादसा


गोंडा। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने लोडिंग ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में सब्जी व्यापारी पराग दत्त साहू की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार खिरौरा मोहन निवासी पराग दत्त साहू और उनके साथी झगरू मौर्य बुधवार सुबह करीब 5 बजे लोडिंग ई-रिक्शा से गोंडा सब्जी मंडी गए थे। दोनों ताजी सब्जियां खरीदकर आसपास के गांवों में बेचते थे।सब्जी खरीदने के बाद दोनों वापस गांव लौट रहे थे। सुबह करीब 7 बजे खिरौरा मोहन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।इस हादसे में पराग दत्त साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं झगरू मौर्य गंभीर रूप से घायल‌हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पराग दत्त साहू ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। उनकी मौत से पत्नी और बच्चों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।मामले में देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डंपर और चालक की पहचान कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
1 माह के बच्चे को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई विवाहिता
 

*परिजनों ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी


गोंडा।जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक विवाहिता द्वारा अपने 1 माह के दूधमुंहे बच्चे को घर पर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाहिता की शादी करीब 8 वर्ष पहले देहात कोतवाली क्षेत्र के सालपुर चौकी अंतर्गत एक गांव में हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा करीब 6 वर्ष का है, जबकि छोटा बच्चा अभी 1 माह का है।परिजनों ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 1 बजे विवाहिता ब्लाउज सिलवाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक वापस न लौटने पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।घटना के बाद परिवार सदमे में है। सबसे अधिक चिंता 1 माह के मासूम की है। विवाहिता की सास ने धानेपुर थाने में तहरीर देकर बहू का पता लगाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।मामले में धानेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।गांव में इस घटना को लेकर चर्चा है।
थिनर से मिटाई जा रही एक्सपायरी डेट, वीडियो वायरल,नई तारीख लगाकर बेंच रहे सामान

*खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश


गोंडा।जिले में मंगलवार देर शाम खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट बदलने का वीडियो सामने आया है।यह वीडियो नगर कोतवाली क्षेत्र के इमलिया गुरुदयाल स्थित संघाई एजेंसी और नवीन गल्ला मंडी का बताया जा रहा है।दावा किया जा रहा है कि वीडियो में थिनर का इस्तेमाल कर खाद्य पदार्थों पर अंकित पुरानी तारीख मिटाकर नई तारीख के स्टीकर लगाए जा रहे थे।हालांकि स्ट्रीट बुज वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।वीडियो सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दिया है।मंगलवार देर रात लगभग 8 बजे सामने आए वीडियो में एक व्यक्ति खाद्य पदार्थों के बड़े डिब्बों पर लगी उत्पादन और एक्सपायरी डेट को थिनर से मिटाता हुआ दिखाई दे रहा है।इसके बाद वह डिब्बों पर नई तारीख के स्टीकर चिपकाता नजर आ रहा है।बताया जा रहा है कि यह वीडियो लगभग एक सप्ताह पुराना है, जो अब सामने आया है।मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि किसी भी खाद्य पदार्थ की एक निर्धारित एक्सपायरी डेट होती है।यदि कोई व्यक्ति उसे हटाकर या बदलकर बिक्री करता है तो वह गैरकानूनी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अभियोजन कार्यों की बैठक में सख्त निर्देश प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक दोषियों को दिलायें सजा-जिलाधिकारी

*सभी वादों में समय से साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत करना करें सुनिश्चित-जिलाधिकारी*


*अभियोजन कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों की स्थिति, गवाहों की उपलब्धता एवं अभियुक्तों की ली विस्तृत जानकारी*

*गोण्डा 28 जुलाई,2026*।
पुलिस लाइन सभागार गोण्डा में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियोजन कार्यों से जुड़े अधिकारियों एवं न्यायालय में कार्यरत सहायक अभियोजन अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों की स्थिति, गवाहों की उपलब्धता, अभियुक्तों की उपस्थिति तथा न्यायालयों में की जा रही पैरवी की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को अधिक से अधिक सुदृढ़ बनाए रखने और समाज में अपराध के प्रति डर बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि दोषियों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सजा दिलाई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियोजन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी सहायक अभियोजन अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक मामले में समय से साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत हों और गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अभियोजन अधिकारियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि अभियोजन की सफलता दर में वृद्धि हो।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उन मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा जिनमें गंभीर अपराधों के आरोप लगे हैं और जिनका समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के प्रयास किए जाएं ताकि समाज में कानून का भय बना रहे।

उन्होंने अधिवक्ताओं को निर्देश दिये कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ मामलों की पैरवी करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाकर उन्हें सजा दिलाई जाए, ताकि आमजन का न्याय प्रणाली पर विश्वास मजबूत हो। जिलाधिकारी ने सभी को यह भी निर्देशित किया कि अगले माह की समीक्षा बैठक में ठोस प्रगति के साथ उपस्थित हों।


अभियोजन कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिये है कि यदि अगर कार्य संतोषजनक नहीं किया गया तो संबंधित अधिवक्ताओं का रिन्यूअल नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी, उपजिलाधिकारी गोण्डा सदर, मनकापुर तथा ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, सहायक अभियोजन अधिकारीगण, अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।