प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल मऊ पहुंचे
जनपद मऊ: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल मऊ पहुंचे |

जहां उन्होंने व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान व्यापारियों ने विभिन्न स्थानीय मुद्दों को उठाया, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
बुनकरों को राहत देने की दिशा में बड़ा प्रस्ताव, 5 किलोवाट से बढ़ाकर 20 किलोवाट तक लोड करने पर बनी सहमति
मऊ। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अरशद जमाल लखनऊ स्थित खादी भवन में आयोजित प्रदेशव्यापी बुनकरों की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए। बैठक में प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न जनपदों के बुनकर प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में बुनकरों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सबसे प्रमुख प्रस्ताव वर्तमान में 5 किलोवाट की विद्युत लोड सीमा को बढ़ाकर 20 किलोवाट किए जाने का रहा। इस प्रस्ताव पर अधिकांश बुनकरों ने सहमति जताई और इसे बुनकर हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बैठक में बिजली शुल्क को लेकर भी बुनकरों ने अपनी मांग रखी। बुनकरों ने प्रस्ताव दिया कि 5 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं से वर्तमान में लिए जा रहे ₹400 के स्थान पर ₹300 तथा ₹300 के स्थान पर ₹200 की दर लागू की जाए। साथ ही ₹400 की दर केवल 5 किलोवाट से अधिक लोड वाले कनेक्शनों पर लागू की जाए।

लोड बढ़ाने की मांग लंबे समय से बुनकरों द्वारा उठाई जा रही थी। बैठक में इस विषय पर व्यापक सहमति बनी और अधिकांश बुनकरों ने 20 किलोवाट तक लोड बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन किया।

हालांकि, बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह अभी अंतिम निर्णय नहीं है। प्रस्ताव को औपचारिक रूप से पारित किए जाने के बाद ही इसे लागू किया जाएगा। बुनकरों को उम्मीद है कि प्रस्ताव स्वीकृत होने पर प्रदेश के हजारों बुनकरों को उत्पादन बढ़ाने और विद्युत संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
जनपद मऊ -: मऊ मे सैकड़ों विद्यार्थियों ने ली अभाविप की सदस्यता
मऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मऊ जिले द्वारा 27 जुलाई से प्रारंभ सदस्यता अभियान के अंतर्गत नगर के राज इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सनराइट इंटर कॉलेज (घोसी) तथा आर्य बालिका इंटर कॉलेज (दोहरीघाट) में सैकड़ों विद्यार्थियों ने अभाविप की सदस्यता ग्रहण की।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित सदस्यता अभियान के दौरान जिला संयोजक अविनाश गुप्ता ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, राष्ट्र निर्माण तथा समाज सेवा के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि परिषद केवल छात्रहितों की आवाज उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रीय चेतना के विकास के लिए भी सतत प्रयासरत है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में परिषद से जुड़कर शिक्षा, समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभाविप के विभिन्न आयामों एवं गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है।

सदस्यता अभियान के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को परिषद की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।

सदस्यता अभियान में सदस्यता प्रमुख प्रियांशु वर्मा, विभाग संयोजक अनन्या शर्मा, जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह, प्रज्ञा मिश्रा, अंशु सिंह पटेल, यश वर्मा, आयुष मद्धेशिया, अमित सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनपद मऊ -: खामोश कातिल है हेपेटाइटिस रोगः डॉ संजय सिंह
विश्व हेपेटाइटिस डे पर एसएनएच में 85 की जांच, 22 का टीकाकरण

मऊः हेपेटाइटिस रोग सीधे-सीधे लीवर पर आक्रमण करता है। इस रोग से बचाव के लिए प्रसव पूर्व सभी महिलाओं की जांच अवश्य की जाती है।

इस रोग से मां के संक्रमित होने पर बच्चे में अस्सी प्रतिशत संभावना बढ़ जाती है। यह खामोश कातिल जैसा रोग है। इसे लेकर न डरें, न घबरायें। नियमित उपचार व टीकाकरण से यह ठीक हो सकता है।

प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ संजय सिंह ने मंगलवार को शारदा नारायण हास्पिटल सभागार में एस एनएच एवं लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जन जागरुकता कार्यक्रम में व्यक्त किया।

डॉ सिंह ने बताया कि हेपेटाइटिस के कारण लीवर सिरोसिस अथवा कैंसर होने का खतरा बना रहता है।

आंखों में पीलापन होना, भूख न लगना, थकान होना, पेट में दर्द और पेशाब का पीला होना इसका सामान्य लक्षण है। योगाभ्यास, स्वच्छता, तनावमुक्त जीवनशैली, नियमित जांच एवं टीकाकरण के साथ जागरुकता द्वारा इसे नियंत्रित किया जा सकता है।

अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ राहुल कुमार ने बताया कि भारत में लगभग पचास मिलियन लोग इससे प्रभावित हैं। बहुत से लोगों को इस रोग होने के बाद भी जांच न होने से उन्हें पता भी नहीं चलता है। इससे मृत्यु का खतरा भी बना रहता है।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ ईना यादव, डॉ विनीता सिंह, डॉ विशाल सिंह, नेत्र सर्जन डॉ मालविका राय ने इस पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में 85 लोगों की जांच एवं 22 लोगों का निःशुल्क टीकाकरण किया गया। कार्यक्रम में शारदा नारायण नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कालेज पहसा गड़वा के छात्रों ने तत्परता से प्रतिभाग किया।
जनफद मऊ: तीन माह से लंबित जांच, तकनीकी अधिकारियों की अनुपस्थिति से अटकी नगर पंचायत घोसी के निर्माण कार्यों की रिपोर्ट
मऊ -:  की नगर पंचायत घोसी में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों की जांच पिछले तीन माह से लंबित पड़ी है।

जांच प्रक्रिया तकनीकी अधिकारियों की अनुपलब्धता के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही है, जिससे संबंधित रिपोर्ट अब तक तैयार नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोपों की जांच के लिए टीम गठित की गई थी, लेकिन तकनीकी अधिकारियों की अनुपस्थिति के चलते स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन का कार्य पूरा नहीं हो सका।

लंबे समय से जांच लंबित रहने के कारण मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रिपोर्ट में हो रही देरी से दोषियों पर कार्रवाई भी प्रभावित हो रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन कब जांच पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक करता है।
जनपद मऊ -: घोसी सांसद राजीव राय ने पिता स्वर्गीय राजनारायण राय जी की आठवीं पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि
मऊ। घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राजीव राय ने अपने पिता स्वर्गीय राजनारायण राय जी की आठवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उन्होंने अपने घोसी लोकसभा क्षेत्र स्थित बलिया मोड़ आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुष्प अर्पित कर अपने दिवंगत पिता के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि सभा में परिवार के सदस्यों, शुभचिंतकों, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी स्वर्गीय राजनारायण राय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए समाज और क्षेत्र के प्रति उनके योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर सांसद राजीव राय ने कहा कि उनके पिता के आदर्श, संस्कार और समाजसेवा की भावना आज भी उन्हें जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजनारायण राय का जीवन सादगी, ईमानदारी और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक था, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।
जनपद मऊ: अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार ने पुलिस लाइन में परेड का किया निरीक्षण
मऊ। जनपद मऊ के अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार ने मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक पुलिस परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और जवानों की अनुशासन, वर्दी, टर्नआउट तथा परेड की गुणवत्ता का जायजा लिया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और बेहतर कार्यशैली बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस बल को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहने की हिदायत भी दी।
अस्पताल में मरीज और उसके तीमारदार के साथ मारपीट
जनपद मऊ: मऊ के बोझी स्थित एक कथित फर्जी अस्पताल में मरीज और उसके तीमारदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने प्रसूता को धक्का देकर उसकी ड्रिप हटा दी और उसे अस्पताल से बाहर निकाल दिया।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराते हुए जांच शुरू कर दी।
जनपद मऊ: रतनपुरा से लखनऊ रोडवेज बस सेवा शुरू कराने की मांग, परिवहन मंत्री को सौंपा पत्र
मऊ के रतनपुरा क्षेत्र से प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक रोडवेज बस सेवा शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं किसान नेता राकेश सिंह ने प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक मांगपत्र सौंपा।

राकेश सिंह ने मांग की कि रोडवेज बस का संचालन रतनपुरा–बीबीपुर–सिधवल–खालिसपुर–इटौरा–हथिनी–सरवा–मऊ मार्ग से होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए लखनऊ तक किया जाए।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से सीधी रोडवेज बस सेवा से वंचित है। यदि इस मार्ग पर बस का संचालन शुरू होता है तो विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों सहित हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

राकेश सिंह के अनुसार, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने उनकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने उन्हें परिवहन आयुक्त से भी मिलने की सलाह देते हुए कहा कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस मार्ग पर बस सेवा शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
जनपद मऊ: कांवड़ यात्रा, सावन मेला और आगामी त्योहारों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक संपन्न

मऊ। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, सावन मेला एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान त्योहारों के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे कांवड़ यात्रा एवं सावन मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जा सके।