जनता दर्शन में डीएम ने फरियादियों को दिलाया योजनाओं का लाभ, आयुष्मान कार्ड व दिव्यांग पेंशन के दिए निर्देश

देवरिया,M N पाण्डेय  28 जुलाई।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के समक्ष आज जनता दर्शन के दौरान ग्राम बनुआडीह निवासी रेनू देवी एवं मीरा अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं। इनमें से एक फरियादी निराश्रित महिला तथा दूसरी दिव्यांग महिला थीं। दिव्यांग फरियादी ने दिव्यांग पेंशन एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने का अनुरोध किया, वहीं निराश्रित महिला ने आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने दोनों की परिस्थितियों को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर ही आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश पांडेय को बुलाकर दोनों फरियादियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कराई तथा दिव्यांग पेंशन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान ही ग्राम बैरौना निवासी सुनील गौड़ पुत्र तीर्थराज गौड़ ने जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने संबंधी अपनी समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उपजिलाधिकारी को तत्काल जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने के निर्देश दिए।
भलुअनी में दिनदहाड़े  पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, 6 नामजद
सलोनी शुक्ला
देवरिया 28 जुलाई । देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक 21 वर्षीय युवक पर चाकू व पंच से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर ज़रार मानिक निवासी विशाल यादव (21) गांव के बगीचे में गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर नागेश यादव, उदय यादव, अक्षय तिवारी, मुकेश गुप्ता, बबलू यादव और समीर खान ने उसे घेर लिया। पहले लात-घूंसों से पिटाई की, फिर चाकू व पंच से हमला कर फरार हो गए।तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
एक पेड़ मां के नाम' अभियान में लोगों ने की बढ़ चढ़ कर भागीदारी, बरियारपुर में कृषि मंत्री ने किया पौधरोपण
40 लाख पौधरोपण के लक्ष्य के साथ जनपद में शुरू हुआ वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ ।

कृषि मंत्री ने किया शुभारंभ, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान ।
हर खेत में मेड़ और हर मेड़ पर पेड़ की परंपरा अपनाएं ।
भावी पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए अधिक से अधिक लगाएं पेड़ : कृषि मंत्री ।
देवरिया 12 जुलाई, M N पाण्डेय l
आज पूरे जनपद में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत 40 लाख पौधरोपण के लक्ष्य के साथ आयोजित वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जगह-जगह सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत स्थलों सहित सरकारी भवनों के परिसरों में वृक्ष लगाए गए।
           मुख्य कार्यक्रम बरियारपुर नगर पंचायत अंतर्गत छोटी गंडक नदी के किनारे प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के साथ पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण किया।
           इस महाअभियान के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने कोविड काल में "एक पेड़ मां के नाम" लगाने का संकल्प दिया था, ताकि जन-जन की भागीदारी से देश एवं प्रदेश हरियाली से आच्छादित हो सके तथा स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 40 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जनपद में 40 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य हैं। उन्होंने बताया कि 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस पर लगभग 5 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।
          उन्होंने कहा कि वृक्षों से मिलने वाली ऑक्सीजन ही जीवन का आधार है। इसलिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर वर्तमान के साथ-साथ भावी पीढ़ी को भी सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराया जाए।
            उन्होंने कहा कि फलदार वृक्षों की कमी के कारण बच्चों में कुपोषण की समस्या बढ़ रही है। इसलिए आम, कटहल, सहजन, आंवला जैसे पौष्टिक फल देने वाले वृक्ष अधिक लगाए जाएं। इसी उद्देश्य से अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को फलदार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
             उन्होंने कहा कि पहले यह लोकोक्ति प्रचलित थी कि "खेत का पानी खेत में, हर खेत में मेड़ और हर मेड़ पर पेड़", आज उसी परंपरा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। रासायनिक उर्वरकों के न्यूनतम उपयोग पर बल देते हुए उन्होंने स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आह्वान किया।
        कृषि मंत्री ने गांव, खेत, बगीचे, मंदिर, तालाब, अमृत सरोवर एवं सड़कों के किनारे अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों से भी एक-एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन एवं अन्य पर्वों पर भी एक-एक पौधा लगाने की अपील की।
           रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ अपनी मां के नाम अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि गंडक नदी उनके विधानसभा क्षेत्र में लगभग 40 किलोमीटर तक प्रवाहित होती है। नदी के दोनों किनारों पर व्यापक स्तर पर वृक्ष लगाए जाएं तथा उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
        आयोजित वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया को मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं प्रभागीय निदेशक, सामाजिकी वानिकी कासरला राजू द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार, महिला आयोग की सदस्य रितु शाही, ब्लॉक प्रमुख पथरदेवा सुब्रत शाही, नगर पंचायत अध्यक्ष किरण राजभर, उनके प्रतिनिधि राजेश राजभर, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिवाकर चंद्र यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष नागेश्वर दत्त त्रिपाठी, कृष्णानंद गिरी, इंद्रधर मणि त्रिपाठी,   जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि सुभाष चंद्र मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह,  सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।
एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान में नोडल अधिकारी व डीएम ने किया पौधरोपण l
अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को वितरित किए फलदार पौधे, जनपद को हरा-भरा बनाने का किया आह्वान l

M N पाण्डेय l

"एक पेड़ मां के नाम" वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत शासन द्वारा जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी रविंद्र कुमार प्रथम तथा जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बैतालपुर विकासखंड अंतर्गत सिरजम ग्राम ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अमृत सरोवर पर वृक्षारोपण किया।
          इस दौरान जिलाधिकारी ने अंत्योदय कार्डधारकों एवं समूह की महिलाओं को पौधे वितरित किए। अंत्योदय कार्डधारकों एवं समूह की महिलाओं को फलदार पौधे उपलब्ध कराए गए, ताकि भविष्य में उन्हें पौष्टिक फल प्राप्त हो सकें।
          जिलाधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने अमृत सरोवर, प्राथमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में वृक्षारोपण कर लोगों से अधिक से अधिक "एक पेड़ मां के नाम" लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, संरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण के लिए सभी लोग आगे आकर वृक्ष लगाएं और जनपद को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें।
         आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में ग्रामवासी, अधिकारीगण एवं क्षेत्रीय जन बढ़-चढ़कर सहभागी बने और वृक्षारोपण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर जिलाधिकारी द्वारा फलदार एवं रुद्राक्ष के पौधों का रोपण किया गया।
       वृक्षारोपण की आयोजन की अवसर पर अपर जिला अधिकारी प्रेम नारायण सिंह, डीसी मनरेगा आलोक पांडेय साहित बीएससी सहित अन्य अधिकारी ग्रामवासी प्रबुद्ध जान आज उपस्थित रहे।
           इसके उपरांत नोडल अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने गौरी बाजार विकासखंड के पाननकुंडा एवं ग्राम पंचायत इंदुपुर में विकसित भारत जी रामजी योजना के अंतर्गत अमृत सरोवर के तट पर भी वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने स्काउट-गाइड एवं छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मेडिकल कॉलेज में योग कक्ष का किया शुभारम्भ, विकास भवन में प्रदर्शनी का उद्घाटन ।
देवरिया,  M N पाण्डेय, 17 जून 2026।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद देवरिया के एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री  सूर्य प्रताप शाही के साथ महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में वृक्षारोपण किया तथा योग कक्ष का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इसके उपरांत उन्होंने मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य एवं अन्य चिकित्साधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण एवं योग कक्ष के शुभारम्भ के पश्चात कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्र भारत के ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने जनकल्याण, लोककल्याण और देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज विशेष अभियान के माध्यम से उन लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है जो अब तक किसी कारणवश लाभ से वंचित रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में सफलता मिली है। चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि जब तक प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को आवास एवं जीवन की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक योजनाएं निरंतर संचालित होती रहेंगी।
मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश ।
मेडिकल कॉलेज में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की फैकल्टियों में रिक्त पदों को भरने का अधिकार प्राचार्य को प्रदान किया गया है। शासन स्तर पर केवल नियुक्तियों की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान का सफल संचालन प्राचार्य की जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित किया जाए कि इन्फ्रास्ट्रक्चर, मानव संसाधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की आधारभूत आवश्यकताओं के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। रोगी कल्याण समिति में उपलब्ध धनराशि का समुचित उपयोग किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कोई भी फैकल्टी रिक्त न रहे। सीसीटीवी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर के कुछ भवनों में फिनिशिंग एवं रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।
विकास एवं जनकल्याण आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन ।
उप मुख्यमंत्री ने विकास भवन परिसर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘‘12 साल विश्वास, विकास एवं जनकल्याण’’ विषयक प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा देवराहा बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। आईसीडीएस विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रम के तहत बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा 05 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। प्रदर्शनी में लगाए गए एक स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने झालमुड़ी का स्वाद भी लिया तथा प्रदर्शनी की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित यह प्रदर्शनी आमजन तक उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उनका लाभ उठाने की अपील की।
प्रदर्शनी में कृषि, पर्यटन, पुलिस, स्वास्थ्य, उद्योग, आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, आईटीआई, पीएम सूर्य घर योजना, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, यूपी सिडको, यूपी सीएनडीएस, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, यूपीपीसीएल, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, बाढ़ खंड, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण एवं नगरीय), सेतु निगम तथा ओडीओपी सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे।
          उप मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद भी किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को महर्षि देवराहा बाबा का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश मणि, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्रा, डॉ. आर.के. श्रीवास्तव, डॉ. एस.एस. द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।