मऊ में मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत तीन किसानों को मिले ट्रैक्टर, विधायक और डीएम ने सौंपी चाबी
मऊ। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत शुक्रवार को मऊ जिले के तीन किसानों को ट्रैक्टर वितरित किए गए। ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को मधुबन विधायक राम विलास चौहान और जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से किसानों की खेती अधिक आसान, तेज और लाभकारी बनेगी।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि ट्रैक्टर मिलने से किसानों के कृषि कार्यों में सुविधा होगी तथा खेती की लागत और समय दोनों में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों को आधुनिक कृषि संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत जिन किसानों का चयन हुआ, उनमें भैसा नई बाजार निवासी प्रदीप गुप्ता, अछार निवासी भरत सिंह यादव और बिजाबे कटघरा शंकर निवासी मुन्नालाल यादव शामिल हैं। तीनों किसानों को कार्यक्रम में ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई।
मधुबन विधायक राम विलास चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक कृषि यंत्रों और तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैक्टर प्राप्त करने वाले किसानों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री, शासन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Jul 25 2026, 15:01
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1