थाना तरबगंज पुलिस द्वारा गैर इरादतन हत्या करने के वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 01 ई-रिक्शा (छतिग्रस्त) बरामद
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तरबगंज श्री उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना तरबगंज पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0- 244/26 धारा 105 बीएनएस व 3/181 एम0बी0 एक्ट  से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त -1. लल्लू प्रसाद उर्फ लालू प्रसाद पुत्र भगवानदीन निवासी भवानीबक्श पुरवा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा को विजयनगर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 ई-रिक्शा (छतिग्रस्त)  बरामद किये गये । 

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
वादिनी रेखा पत्नी सच्चा लाल निवासीनी घासीपुरवा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना तरबगंज पर सूचना दिया कि दिनांक 20.07.2026 को पुरानी रंजिश को लेकर विपक्षी द्वारा तेजी से ई रिक्शा चलाकर उनकी माँ के उपर चढा दिया जिससे उनकी माँ सड़क के किनारे गिर गई और ई रिक्शा उन्ही के उपर पलट गयी। जिससे उनकी माँ  ई-रिक्शा के नीचे ढबकर गम्भीर रूप से घायल हो गयी थी । जिनकी दवा इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी थी। लिखित तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था ।
आज दिनांक 23.07.2026 को थाना तरबगंज पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान दोषी पाए गए आरोपी अभियुक्त -1. लल्लू प्रसाद उर्फ लालू प्रसाद पुत्र भगवानदीन निवासी भवानीबक्श पुरवा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा को विजयनगर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 ई-रिक्शा(छतिग्रस्त) बरामद किये गये ।  गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना तरबगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।
रायल पैराडाइज मैरिज हाल गोण्डा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का हुआ आयोजन
*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मा० विधायक मनकापुर, विधायक गौरा, डीएम तथा सीडीओ ने 293 नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद*

*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक साथ 293 जोड़ों का विवाह हुआ सम्पन्न*

*गोण्डा 23 जुलाई, 2026*।
मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत रायल पैराडाइज मैरिज हाल गोण्डा में सामूहिक विवाह का कार्यक्रम सफलतापूर्वक, सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सामुहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद के विकासखण्ड व नगरपालिका परिषद/नगर पंचायतों को मिलाकर कुल 355 जोड़े पंजीकृत थे जिसमें से 293 जोड़ों का विवाह पूरी रीतिरिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। जिसमें 280 जोडें का हिन्दू रीति रिवाज से विवाह सम्पन्न हुआ है तथा 13 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से मौलवी साहिबे आलम द्वारा निकाह कराया गया।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री,  विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा/ केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि यूपी सिंह, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, संबंधित खण्ड विकास अधिकारीगण तथा अन्य सभी जनप्रतिनिधिगण ने विवाह मण्डप पर बैठे जोडों को आर्शीवाद देते हुए वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में किसी भी गरीब की बेटी के हाथ पीले होने से नहीं बचेंगे वो चाहे किसी जाति व धर्म की हों। सामूहिक विवाह हेतु हमारी सरकार रूपये 64000/- प्रति जोडे के कन्या के खाते में दिया जाता है। शेष उपहार सामग्री दी जाती है। स्टील का डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, कन्या को पांच साड़ी सेट, वर हेतु एक पैंट शर्ट, दीवाल घड़ी, सौन्दर्य प्रशासन किट आदि गृहस्थी का सम्मिलित होता है।
थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा चोरी करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से घटना में प्रयुक्त ई रिक्शा, व चोरी के माल बरामद

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दावच्यॉ के नेतृत्व में थाना इटियाथोक पर पंजीकृत मु0अ0स0 259/26, धारा 331(4), 305(A), 317(2) बीएनएस से सम्बन्धित आरोपी अभियुक्तगण 01. राहुल सोनकर पुत्र मोहनलाल 02. सद्दाम पुत्र सद्दीक खाँ उर्फ तेजाई  को अर्जुनपुर रेलवे क्रासिंग से भरिया लबेदपुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार  कर उनके कब्जे व निशादेही पर घटना में प्रयुक्त ई -रिक्शा व चोरी के माल बरामद किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरणः-*
वादी छेद्दन पुत्र परसराम सौनी निवासी ग्राम सरकाण्ड थाना कोतवाली इटियाथोक जनपद गोण्डा द्वारा थाना इटियाथोक पर लिखित सूचना दिया कि दिनांक 19/20.07.2026 की रात्रि में 01. शिवराज उर्फ कल्लू, 02. राहुल चौहान, 03. सद्दाम, 04. कल्लू द्वारा मेरे दुकान का दरवाजा तोड़ कर उनके दुकान में घुसकर दुकान के समान चोरी कर लिया है। वादी के तहरीर के आधार पर पर थाना इटियाथोक पर सुसंगत धाराओं  में अभियोग पंजीकृत किया गया था ।
आज दिनांक 23.07.2026 को विवेचना के दौरान पाए गए दोषी आरोपी अभियुक्तों 01. राहुल सोनकर पुत्र मोहनलाल 02. सद्दाम पुत्र सद्दीक खाँ उर्फ तेजाई  को अर्जुनपुर रेलवे क्रासिंग से भरिया लबेदपुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार  कर उनके कब्जे व निशादेही पर घटना में प्रयुक्त ई -रिक्शा व चोरी के माल बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।
गाजीपुर: वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर खड़े ट्रेलरों से लगभग 80 हजार रुपये का डीजल चोरी

गाजीपुर के कंसहरी-मरदह क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर रात्रि के समय डीजल चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। गिट्टी लदे खड़े चार ट्रेलर वाहनों से चोरों ने लगभग 80 हजार रुपये मूल्य का डीजल चोरी कर लिया।

बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक रात में वाहन खड़ा कर आराम कर रहे थे। सुबह उठने पर उन्हें डीजल चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
खतरे के निशान से 5 सेंटीमीटर ऊपर पहुंची घाघरा नदी,कटान का उफान जारी

*तीन बैराजों से छोड़ा गया 2.66 लाख क्यूसेक पानी

गोंडा।जिले में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।गुरूवार सुबह 8.50 बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान से 5 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी।नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तरबगंज और करनैलगंज तहसील क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गावों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।गुरूवार सुबह 8.50 बजे गिरजा बैराज से 1,23,073 क्यूसेक,शारदा बैराज से 1,37,707 क्यूसेक और सरयू बैराज से 4553 क्यूसेक पानी घाघरा नदी में छोड़ा गया।कुल मिलाकर 2,66 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है।बढ़ते जलस्तर के कारण घाघरा नदी तटीय इलाकों में तेजी से कटान कर रही है।इससे जमीनें अस्थाई मकान और पेड़ नदी में समा रहे हैं।नवाबगंज थाना क्षेत्र के दत्तनगर वाणी माझा से सामने आए एक लाइव वीडियो में नदी को तेजी से जमीन और एक बड़े पेड़ को काटते देखा जा सकता है।यह वीडियो गोंडा के तटीय इलाकों में नदी के कटान की स्थिति को दर्शाता है।नवाबगंज क्षेत्र में 10 बीघा से अधिक जमीन नदी में समा चुकी है।इसके अलावा एक अस्थाई मकान और एक फूस का मकान भी नदी की कटान की चपेट में आ गया है।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि नदी खतरे के निशान से ऊपर है और कटान जारी है।उन्होंने बताया कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी हैं और जिले की सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं तथा लगातार अलग अलग तहसीलों के अधिकारियों द्वारा तटबंधों का निरीक्षण करके गांवों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ आने पर किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

-  करनैलगंज तहसील परिसर में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन


करनैलगंज (गोंडा)। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को करनैलगंज तहसील परिसर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एडवोकेट त्रिलोकी नाथ तिवारी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी करनैलगंज को सौंपा गया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने आरोप लगाया कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया तथा विपक्षी नेताओं और सांसदों के साथ अनुचित व्यवहार किया। उन्होंने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता त्रिलोकी नाथ तिवारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाएगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही गृह मंत्री से माफी मांगने, आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने तथा पेपर लीक मामलों के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शमीम अच्छन, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी तव्वाज खान, पूर्व जिला महामंत्री इफ्तिखार अंसारी, सलमान अंसारी, अवधेश तिवारी, समाजवादी अधिवक्ता सभा के अध्यक्ष एडवोकेट अरविंद शुक्ला सहित कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गौ तस्कर घायल, एक अन्य गिरफ्तार, 10 गौवंशीय पशु बरामद

गोंडा। नवाबगंज थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अंतरजनपदीय गौ तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, डीसीएम वाहन, बलेनो कार, मोटरसाइकिल और 10 गौवंशीय पशु बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में नवाबगंज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अय्याज पुत्र मोईद निवासी जगनपुर, थाना रौनाही, जनपद अयोध्या को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ गौ तस्कर बलेनो कार से आगे चलकर डीसीएम वाहन में गौवंशीय पशुओं को भरकर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने गड़ेरियन पुरवा-कोल्हमपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान संदिग्ध बलेनो कार को रोककर चालक अय्याज को गिरफ्तार किया गया। वहीं डीसीएम वाहन से 10 गौवंशीय पशु बरामद हुए, जिन्हें रस्सियों से बांधकर ले जाया जा रहा था।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस और एसओजी टीम ने नगवा मोड़ से गंगाराम चौराहा जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी मोफीद पुत्र जमील के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी अय्याज ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह के रूप में गौवंशीय पशुओं की तस्करी करता था। गिरोह के सदस्य रात में पशुओं को एकत्र कर डीसीएम वाहन में भरते थे और पुलिस से बचने के लिए आगे-आगे कार से रेकी करते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नवाबगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी ने निःशुल्क टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


*गांव-गांव पहुंचकर खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम के लिए होगा निःशुल्क टीकाकरण अभियान*


*गोण्डा 22 जुलाई,2026*।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने आज कलेक्ट्रेट परिसर से पशुपालन विभाग द्वारा संचालित खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम हेतु निःशुल्क टीकाकरण अभियान के तहत विशेष टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पशुधन किसानों एवं पशुपालकों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना न केवल उनकी उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा संचालित यह विशेष वाहन जनपद के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेगा।

उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो पशुओं के स्वास्थ्य एवं दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। समय पर टीकाकरण के माध्यम से इस बीमारी की प्रभावी रोकथाम संभव है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहुंचकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए तथा पशुपालकों को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक पशुपालक तक विभागीय सेवाएं समयबद्ध ढंग से पहुंचाई जाएं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के पात्र गोवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए विभागीय पशु चिकित्सकों एवं पैरावेट कर्मचारियों की टीमें गठित की गई हैं, जो टीकाकरण वाहन के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य करेंगी। साथ ही पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की पहचान, स्वच्छता तथा वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, पशुपालन विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन ने सभी पशुपालकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराकर उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने की अपील की।
जिला पंचायत सभागार में मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन, विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर वितरित

*उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित*


*गोण्डा 22 जुलाई,2026*।
महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में संचालित "मिशन शक्ति" अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने की।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, विशेष रूप से विद्युत सखियों, को उनके कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विद्युत सखियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिल संग्रह, उपभोक्ता सेवाओं तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि थर्मल प्रिंटर उपलब्ध होने से उनकी कार्यक्षमता में और अधिक वृद्धि होगी तथा आमजन को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं प्राप्त होंगी।

जिलाधिकारी ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी महिलाओं से समूह आधारित आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने, स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिकाधिक महिलाओं को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक एवं डिजिटल सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मिशन शक्ति एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए। उपस्थित अधिकारियों ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल लेन-देन तथा स्वरोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री माधवी पांडेय, डीसी एनआरएलएम श्री जे.एन. राव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मेडिकल कॉलेज में दवाओं का संकट, मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रहीं दवाएं
गोंडा।स्थानीय मेडिकल कॉलेज में दवाओं की भारी कमी के कारण मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मंगलवार दोपहर 3 बजे तक बुखार, दर्द, आई ड्रॉप, चर्म रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग समेत अधिकांश जरूरी दवाओं का स्टॉक खत्म हो गया। इसके चलते मरीजों को सरकारी अस्पताल की बजाय बाहर मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।दवा वितरण केंद्र के 16 नंबर काउंटर पर सुबह से ही लंबी कतार लगी रही। मरीजों का आरोप है कि डॉक्टर की पर्ची में से कई दवाएं काट दी जा रही हैं और बाहर से खरीदने को कहा जा रहा है।
एक महिला मरीज ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी उसे आधी दवाएं ही मिलीं। वहीं सत्यम शुक्ला ने कहा कि वह सुबह से अपने पिता की दवा लेने लाइन में खड़े थे, लेकिन ज्यादातर दवाएं उपलब्ध ही नहीं थीं।
मामले की जानकारी पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल को फोन पर फटकार लगाई और तुरंत दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश के बाद कॉलेज प्रशासन ने दवाओं का नया ऑर्डर जारी कर दिया।सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि वाहन न मिलने से दिक्कत आई थी। अब एंबुलेंस से काजीदेवर स्टोर से दवाएं मंगाई जा रही हैं। उनका दावा है कि मंगलवार शाम तक नया स्टॉक पहुंच जाएगा और बुधवार से मरीजों को दिक्कत नहीं होगी।