पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गौ तस्कर घायल, एक अन्य गिरफ्तार, 10 गौवंशीय पशु बरामद

गोंडा। नवाबगंज थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अंतरजनपदीय गौ तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, डीसीएम वाहन, बलेनो कार, मोटरसाइकिल और 10 गौवंशीय पशु बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में नवाबगंज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अय्याज पुत्र मोईद निवासी जगनपुर, थाना रौनाही, जनपद अयोध्या को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ गौ तस्कर बलेनो कार से आगे चलकर डीसीएम वाहन में गौवंशीय पशुओं को भरकर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने गड़ेरियन पुरवा-कोल्हमपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान संदिग्ध बलेनो कार को रोककर चालक अय्याज को गिरफ्तार किया गया। वहीं डीसीएम वाहन से 10 गौवंशीय पशु बरामद हुए, जिन्हें रस्सियों से बांधकर ले जाया जा रहा था।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस और एसओजी टीम ने नगवा मोड़ से गंगाराम चौराहा जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी मोफीद पुत्र जमील के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी अय्याज ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह के रूप में गौवंशीय पशुओं की तस्करी करता था। गिरोह के सदस्य रात में पशुओं को एकत्र कर डीसीएम वाहन में भरते थे और पुलिस से बचने के लिए आगे-आगे कार से रेकी करते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नवाबगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी ने निःशुल्क टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


*गांव-गांव पहुंचकर खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम के लिए होगा निःशुल्क टीकाकरण अभियान*


*गोण्डा 22 जुलाई,2026*।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने आज कलेक्ट्रेट परिसर से पशुपालन विभाग द्वारा संचालित खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम हेतु निःशुल्क टीकाकरण अभियान के तहत विशेष टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पशुधन किसानों एवं पशुपालकों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना न केवल उनकी उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा संचालित यह विशेष वाहन जनपद के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेगा।

उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो पशुओं के स्वास्थ्य एवं दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। समय पर टीकाकरण के माध्यम से इस बीमारी की प्रभावी रोकथाम संभव है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहुंचकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए तथा पशुपालकों को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक पशुपालक तक विभागीय सेवाएं समयबद्ध ढंग से पहुंचाई जाएं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के पात्र गोवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए विभागीय पशु चिकित्सकों एवं पैरावेट कर्मचारियों की टीमें गठित की गई हैं, जो टीकाकरण वाहन के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य करेंगी। साथ ही पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की पहचान, स्वच्छता तथा वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, पशुपालन विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन ने सभी पशुपालकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराकर उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने की अपील की।
जिला पंचायत सभागार में मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन, विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर वितरित

*उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित*


*गोण्डा 22 जुलाई,2026*।
महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में संचालित "मिशन शक्ति" अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने की।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, विशेष रूप से विद्युत सखियों, को उनके कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विद्युत सखियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिल संग्रह, उपभोक्ता सेवाओं तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि थर्मल प्रिंटर उपलब्ध होने से उनकी कार्यक्षमता में और अधिक वृद्धि होगी तथा आमजन को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं प्राप्त होंगी।

जिलाधिकारी ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी महिलाओं से समूह आधारित आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने, स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिकाधिक महिलाओं को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक एवं डिजिटल सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मिशन शक्ति एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए। उपस्थित अधिकारियों ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल लेन-देन तथा स्वरोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री माधवी पांडेय, डीसी एनआरएलएम श्री जे.एन. राव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मेडिकल कॉलेज में दवाओं का संकट, मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रहीं दवाएं
गोंडा।स्थानीय मेडिकल कॉलेज में दवाओं की भारी कमी के कारण मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मंगलवार दोपहर 3 बजे तक बुखार, दर्द, आई ड्रॉप, चर्म रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग समेत अधिकांश जरूरी दवाओं का स्टॉक खत्म हो गया। इसके चलते मरीजों को सरकारी अस्पताल की बजाय बाहर मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।दवा वितरण केंद्र के 16 नंबर काउंटर पर सुबह से ही लंबी कतार लगी रही। मरीजों का आरोप है कि डॉक्टर की पर्ची में से कई दवाएं काट दी जा रही हैं और बाहर से खरीदने को कहा जा रहा है।
एक महिला मरीज ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी उसे आधी दवाएं ही मिलीं। वहीं सत्यम शुक्ला ने कहा कि वह सुबह से अपने पिता की दवा लेने लाइन में खड़े थे, लेकिन ज्यादातर दवाएं उपलब्ध ही नहीं थीं।
मामले की जानकारी पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल को फोन पर फटकार लगाई और तुरंत दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश के बाद कॉलेज प्रशासन ने दवाओं का नया ऑर्डर जारी कर दिया।सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि वाहन न मिलने से दिक्कत आई थी। अब एंबुलेंस से काजीदेवर स्टोर से दवाएं मंगाई जा रही हैं। उनका दावा है कि मंगलवार शाम तक नया स्टॉक पहुंच जाएगा और बुधवार से मरीजों को दिक्कत नहीं होगी।
जिले में नशीली दवाओं पर FSDA का बड़ा एक्शन, होलसेल लाइसेंस रद्द
गोंडा। गोंडा में नशीली दवाओं और कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार पर FSDA ने बड़ा प्रहार किया है।विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस नवीनीकरण के करोड़ों का कारोबार करने वाली अमन फार्मास्युटिकल का होलसेल लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
सिर्फ यही नहीं, नशे के इस काले नेटवर्क से जुड़ी 6 अन्य बड़ी दवा कंपनियां भी अब FSDA के रडार पर हैं। इनकी गोपनीय जांच शुरू कर दी गई है।औषधि निरीक्षक के मुताबिक, इन सभी संदिग्ध फर्मों के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, स्टॉक और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। जैसे ही पुख्ता सबूत मिलेंगे, इनके गोदामों पर कभी भी औचक छापेमारी की जाएगी।
प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध दवाओं के इस पूरे रैकेट को जड़ से खत्म करने के लिए ये अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
विद्यालय दर्शन कार्यक्रम संपन्न

गोण्डा। विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मालवीय नगर में दो दिवसीय प्रांतीय निरीक्षक द्वारा विद्यालय दर्शन कार्यक्रम संपन्न हुआ। विद्यालय दर्शन के क्रम मे प्रांतीय प्रतिनिधि विवेक अग्रवाल द्वारा विद्यालय के विभिन्न गतिविधियों एवं शैक्षिक गुणवत्ता का सघन निरीक्षण किया गया। प्रांतीय प्रतिनिधि द्वारा निरीक्षण के उपरांत आवश्यक दिशा निर्देश  भैया -बहनों एवं आचार्य बंधुओं को दिया गया।

विद्यालय दर्शन के क्रम मे परिसर मे वृक्षारोपण भी किया गया।निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि कुमार शुक्ला एवं स्थानीय स्तर पर एलबीएस डिग्री कॉलेज की पूर्व प्रचार्य डॉ. वंदना सारस्वत, शहीद ए आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एस एन चतुर्वेदी  द्वारा भी शैक्षिक गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्य दीदी उपस्थित रहे।
थाना कौडिया पुलिस द्वारा दहेज हत्याभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी  राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना कौडिया पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-150/26 धारा 85,80(2) बी0एन0एस0 व 3/4 डीपी एक्ट से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त- निगम मौर्य पुत्र स्व0 शान्ती प्रसाद मौर्या निवासी ग्राम उमरा थाना कौडिया, जनपद गोण्डा को उमरा पेट्रोल पम्प के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। 

घटना का संक्षिप्त विवरण-

वादी दिलीप मौर्या पुत्र उमेश मौर्या निवासी ग्राम शम्भू तारा थाना पयागपुर जनपद बहराइच द्वारा थाना कौडिया में लिखित तहरीर दी गयी थी कि उनकी बहन का विवाह दिनांक 14.06.2022 को निगम मौर्या पुत्र शान्ति प्रसाद के साथ किया था। विवाह के पश्चात् ससुरालजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उनकी बहन को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। दिनांक 20.07.2026 को उक्त सभी आरोपियों द्वारा दहेज की मांग को लेकर उनके बहन के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गयी है। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कौडिया में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

आज दिनांक 21.07.2026 को थाना कौडिया पुलिस द्वारा एक आरोपी अभियुक्त निगम मौर्य पुत्र स्व0 शान्ती प्रसाद मौर्या निवासी ग्राम उमरा थाना कौडिया, जनपद गोण्डा को उमरा पेट्रोल पम्प के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना कौडिया पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।
रायल पैराडाइज मैरिज हाल गोण्डा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का हुआ आयोजन
*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मा० विधायक सदर, मा० विधायक मेहनौन, डीएम तथा सीडीओ ने 433 नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद*

*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक साथ 433 जोड़ों का विवाह हुआ सम्पन्न*

*गोण्डा 21 जुलाई, 2026*।
मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत रायल पैराडाइज मैरिज हाल गोण्डा में सामूहिक विवाह का कार्यक्रम सफलतापूर्वक, सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सामुहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद के विकासखण्ड व नगरपालिका परिषद/नगर पंचायतों को मिलाकर कुल 526 जोड़े पंजीकृत थे जिसमें से 433 जोड़ों का विवाह पूरी रीतिरिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। जिसमें 405 जोडें का हिन्दू रीति रिवाज से विवाह सम्पन्न हुआ है तथा 28 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से मौलवी साहिबे आलम द्वारा निकाह कराया गया।

इस मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम को रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल गोंडा में दो सिफ्टों में आयोजित किया गया है, इसमें 3 तहसील तथा 13 विकास खण्डों के लाभार्थी सम्मिलित हुये हैं।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में माननीय विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह, मा० विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानंद प्रसाद, माननीय सांसद गोंडा/ केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अकबाल बहादुर तिवारी, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री माधवी पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वन्दना पाण्डेय, संबंधित खण्ड विकास अधिकारीगण तथा अन्य सभी जनप्रतिनिधिगण ने विवाह मण्डप पर बैठे जोडों को आर्शीवाद देते हुए वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में किसी भी गरीब की बेटी के हाथ पीले होने से नहीं बचेंगे वो चाहे किसी जाति व धर्म की हों। सामूहिक विवाह हेतु हमारी सरकार रूपये 64000/- प्रति जोडे के कन्या के खाते में दिया जाता है। शेष उपहार सामग्री दी जाती है। स्टील का डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, कन्या को पांच साड़ी सेट, वर हेतु एक पैंट शर्ट, दीवाल घड़ी, सौन्दर्य प्रशासन किट आदि गृहस्थी का सम्मिलित होता है।
नीट परीक्षा में हुई धांधली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज अंग्रेजी हुकुमत की याद दिलाता है - प्रमोद मिश्रा
गोंडा।नीट परीक्षा में हुई व्यापक धांधली और पेपर लीक के जिम्मेदार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर  विगत 22 दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे सीजेपी के समर्थक  छात्रों नौजवानों द्वारा सांसद घेराव को  पुलिस द्वारा  लाठी चार्ज , आंसू गैस , वाटर केनन और बल प्रयोग से रोकना संवैधानिक अधिकारों का हनन लोकतंत्र की हत्या के साथ ही अंग्रेजों द्वारा किए जा रहे जुल्मों की याद दिलाता है।पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने मोदी सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि  सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है वह देश के किसानों की, पहलवानों और अब नौजवानों के हक की मांग को ब्रिटानिया हुकूमत जैसे ही लाठी गोली के दम पर दबाना चाहती है 22 छात्रों की मौत के बाद भी जिम्मेदार धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा न लेना दर्शाता है कि सरकार की लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था नहीं है।सरकार को मैं याद दिलाना चाहता हूं कि आज क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त जी की पुण्यतिथि है जिन्होंने 1929 में बाहरी अंग्रेजी हुकूमत तक अपनी बात को पहुंचाने के लिए केंद्रीय असेंबली में बम फेंका था और आज देश के नौजवानों ने जिस तरीके से सरकार के सभी अवरोधों को तोड़ते हुए लाठी डंडे खाते हुए सांसद कूच किया और सरकार तक अपनी बात पहुंचाई क्रांतिकारी बोर्ड के सर डेट को असली श्रद्धांजलि अर्पित की 
मोदी सरकार को तत्काल ही धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेते हुए कॉकरोच की बातों को गंभीरता पूर्वक सुनना होगा उनकी समस्याओं का निराकरण करना होगा नहीं तो यह कॉकरोच सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।
अमीन का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, ईओ ने तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
* जांच टीम गठित

गोंडा।जिला मुख्यालय स्थित नगर पालिका परिषद के अमीन रामजनम मिश्रा का रविवार को एक वीडियो सामने आया है।इस सीसीटीवी फुटेज में रामजनम मिश्रा एक मकान के अंदर एक व्यक्ति से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।लोगों ने इसे रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए वायरल किया है।वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने नजूल अमीन रामजनम मिश्रा को एक पत्र जारी किया है,जिसमें उनसे तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।इसके साथ ही इस पूरे मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।इसमें अवर अभियंता जल गोंडा  रितेश कुशवाहा,राजस्व निरीक्षक दिलीप व राजस्व निरीक्षक राधाकिशन शामिल हैं।समिति से एक सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।अधिशासी अधिकारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में रामजनम मिश्रा की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो रही है।उन्होंने कहा कि इस गतिविधि से नगर पालिका की छवि धूमिल हो रही है।सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के पश्चात नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने भी नगर पालिका के अभियंता को इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।इसके बाद ही यह कार्रवाई शुरू हुई है।बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो लगभग एक साल पुराना है।नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने बताया कि नजूल अमीन रामजनम मिश्रा को वायरल वीडियो के संबंध में सोमवार तक हरहाल में अपना स्पष्टीकरण देना होगा और यदि स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता है तो तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।