अमीन का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, ईओ ने तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
* जांच टीम गठित

गोंडा।जिला मुख्यालय स्थित नगर पालिका परिषद के अमीन रामजनम मिश्रा का रविवार को एक वीडियो सामने आया है।इस सीसीटीवी फुटेज में रामजनम मिश्रा एक मकान के अंदर एक व्यक्ति से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।लोगों ने इसे रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए वायरल किया है।वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने नजूल अमीन रामजनम मिश्रा को एक पत्र जारी किया है,जिसमें उनसे तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।इसके साथ ही इस पूरे मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।इसमें अवर अभियंता जल गोंडा  रितेश कुशवाहा,राजस्व निरीक्षक दिलीप व राजस्व निरीक्षक राधाकिशन शामिल हैं।समिति से एक सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।अधिशासी अधिकारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में रामजनम मिश्रा की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो रही है।उन्होंने कहा कि इस गतिविधि से नगर पालिका की छवि धूमिल हो रही है।सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के पश्चात नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने भी नगर पालिका के अभियंता को इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।इसके बाद ही यह कार्रवाई शुरू हुई है।बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो लगभग एक साल पुराना है।नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने बताया कि नजूल अमीन रामजनम मिश्रा को वायरल वीडियो के संबंध में सोमवार तक हरहाल में अपना स्पष्टीकरण देना होगा और यदि स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता है तो तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा चोरी की घटना का कुछ ही घण्टों में सफल अनावरण, 01 अभियुक्त व 01 अभियुक्ता गिरफ्तार


भारी मात्रा में सोने/चांदी के आभूषण (पीली एवं सफेद धातु) व 50,000 रू0 नकद बरामद


गोण्डा (खरगूपुर)।पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर  योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना खरगूपुर पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-178/26, धारा 305(ए),331(4) बीएनएस से सम्बन्धित घटना का सफल अनावरण करते हुए 02 आरोपी अभियुक्तगण- 01. विकास कसौधन, 02. पूनम कसौधन को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के भारी मात्रा में सोने/चांदी के आभूषण व 50,000 रू0 नकद बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

वादी लवकुश पुत्र रामबचन, निवासी ग्राम विशुनापुर बाजार, थाना खरगूपुर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना खरगूपुर में लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 19.07.2026 की रात्रि अज्ञात चोर उसके घर में घुस आए तथा कमरे में रखे तीन बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने-चाँदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना खरगूपुर में अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा घटना के सफल अनावरण हेतु क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमो का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने घटना से संबंधित साक्ष्य एकत्रित करते हुए परिवार के सदस्यों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस टीम को वादी की पत्नी पूनम कसौधन की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। महिला आरक्षी द्वारा अलग से पूछताछ किए जाने पर उसने अपने रिश्तेदार विकास कसौधन के साथ मिलकर पूर्व नियोजित योजना के तहत अपने ही घर से आभूषण, नगदी एवं मोबाइल फोन चोरी कराए जाने की बात स्वीकार कर ली। अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त विकास कसौधन को उसके घर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के भारी मात्रा में सोने/चांदी के आभूषण व 50,000 रू0 नकद बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरूद्ध थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया जा रहा है।

पूछताछ का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्ता पूनम कसौधन से गहनता से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि उसकी मौसी का लड़का विकास कसौधन पुत्र जमुना, निवासी विशुनापुर, वादी के घर आता-जाता था। इसी दौरान पूनम कसौधन एवं विकास कसौधन के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। दोनों ने साथ भाग जाने की योजना बनाई, जिसके लिए धन की आवश्यकता होने पर विकास कसौधन ने घर में रखे आभूषण एवं नगदी चोरी करने की योजना बनाई। योजनानुसार दिनांक 19/20.07.2026 की रात्रि में पूनम कसौधन ने मोबाइल फोन के माध्यम से विकास कसौधन को अपने घर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर घर में रखे संदूक का ताला तोड़ा तथा बक्से का ताला खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रुपये एवं मोबाइल फोन विकास कसौधन को दे दिए, जिसे वह अपने साथ लेकर वहां से चला गया। घटना को वास्तविक चोरी का रूप देने के उद्देश्य से पूनम कसौधन ने स्वयं कमरे में रखे बक्से एवं आलमारी का सामान अस्त-व्यस्त कर बिखेर दिया तथा बेहोश होने का नाटक करते हुए अपने बेड के नीचे जाकर लेट गई। अगले दिन सुबह उसने अपने परिजनों से झूठी कहानी बताते हुए कहा कि रात्रि में 9-10 अज्ञात चोर घर में घुस आए थे, जिन्होंने सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रुपये एवं अन्य सामान चोरी कर लिया तथा उसके साथ मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया।
जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर में कक्षा-6 प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
*गोण्डा 20 जुलाई 2026*  -  पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मनकापुर, गोण्डा में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 07 जुलाई  से प्रारम्भ हो गया है। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई  तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रभारी प्राचार्य लालता प्रसाद शर्मा ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर स्वीकार किए जाएंगे। जनपद गोण्डा के निवासी तथा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के दौरान कक्षा-5 में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आवेदन के पात्र हैं।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी का जन्म 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होना अनिवार्य है। पात्र अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम तिथि के निकट होने वाली तकनीकी असुविधाओं से बचा जा सके।
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने  मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद बहराइच, श्रावस्ती का स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा

तैयारियों को युद्धस्तर पर पूरा कराते हुए अन्तिम रूप देने का दिया निर्देश*

गोण्डा, 20 जुलाई, 2026। सू0वि0।  21 जुलाई, 2026 को प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित आगमन कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद बहराइच/ श्रावस्ती पहुंचकर  कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने व्यवस्था में लगे अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय से सभी व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया जाए। हैलीपैड हेतु बनाये जाने वाले स्थल का निरीक्षण किया तथा निर्देशित किया कि हेलीपैड निर्माण कार्य समय पर पूर्ण कर लिया जाए। उन्होने निर्देश दिया कि लाभार्थियों व आम जनमानस के लिए बैठने की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा टेण्ट, लाइट व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था इत्यादि की व्यवस्था पूर्ण सुनिश्चित कर ली जाए। इसके अलावा आयुक्त ने पूरे कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
      इस अवसर पर उप महानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ला दोनों जनपदों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीआईजी के फटकार के बाद दरोगा पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज
चार्जशीट के नाम पर ली 30 हजार रिश्वत, फाइनल रिपोर्ट लगा दी


गोण्डा। जिले के तरबगंज थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक पर रिश्वत लेकर मुकदमे को दबाने का गंभीर आरोप लगा है। डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला के हस्तक्षेप के बाद दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला

मन्नीपुर गांव निवासी किंग उपाध्याय ने 9 जुलाई को डीआईजी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। किंग का आरोप है कि तरबगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक ओम प्रकाश यादव ने मारपीट के एक मामले में चार्जशीट लगाने के एवज में उनसे 30 हजार रुपए लिए थे। पैसे लेने के बाद दरोगा ने मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। किंग उपाध्याय ने बताया कि एक महीने तक वह दरोगा से अपना पैसा वापस मांगते रहे। न फोन उठाया गया और न ही मैसेज का जवाब मिला। पीड़ित ने डीआईजी को दरोगा को भेजे गए मैसेज के स्क्रीनशॉट भी दिखाए।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

इसी क्रम मे डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में डीआईजी तरबगंज थाना अध्यक्ष श्रीधर पाठक को फोन पर जमकर फटकार लगा रहे थे। डीआईजी ने कहा- "आपके थाने के दरोगा ने चार्जशीट के नाम पर 30 हजार रुपए ले लिए, बाद में मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। आप वहां कर क्या रहे हैं? एसएचओ का काम है कि थाने में भ्रष्टाचार न होने पाए। अब इनका पैसा वापस कराओ, नहीं तो तुम्हें सस्पेंड करूंगा।"

अब हुई कार्रवाई

डीआईजी के निर्देश पर शनिवार देर शाम 6:10 बजे तरबगंज थाने में उपनिरीक्षक ओम प्रकाश यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1938 की धारा 7 में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रताप को सौंपी गई है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। डीआईजी की इस सख्ती को भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दिए जा रहे उपहारों की जांच कराए जाने की मांग
पैंट, शर्ट, साड़ी, चुनरी,सेहरा आदि सामग्रियों के गुणवत्ता पर सवाल

फोटो

गोण्डा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बधुओं को दिए गए उपहार में कुछ वस्तुओं की क्वालिटी घटिया होने का आरोप लगाया जा रहा है। जनपद में सम्पन्न हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में उपहार प्राप्त करने वाली कुछ बधुओं द्वारा साड़ी, पैंट, शर्ट, टोपी, चुनरी आदि की क्वालिटी घटिया होने का आरोप लगाया जा रहा है। लोगों में चर्चा है कि उच्चाधिकारियों के समक्ष गुणवत्ता युक्त वस्त्र व सामग्रियों को प्रस्तुत करके टेंडर पास कराया जाता है। जिसके पश्चात फर्मों द्वारा मनमानी रूप से सामग्रियों का वितरण किया जाता है। पूर्व में शादी करने वाली महिलाओं सहित उनके परिजनों द्वारा उपहारों के गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग उठाई है। आरोप है कि शादी मण्डप के साज-सज्जा की सजावट भी मानक के अनुसार नही की जा रही है।

आखिर एक ही फर्म को बार-बार कैसे मिल रहा टेंडर

जनपद गोण्डा में कई वर्षों से सामूहिक विवाह में उपहार वितरण का टेंडर सिर्फ एक ही फर्म को एल-1 करके दिया जा रहा है। चर्चा है कि यदि जिला प्रशासन द्वारा 02 वर्ष पूर्व से लेकर अब तक मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह में टेंडर डालने वाले फर्मों का मिलान कर लिया जाय तो दूध का दूध व पानी का पानी अलग हो सकता है। इस संबंध में जानकारी देने हेतु आयुक्त देवीपाटन मण्डल गोण्डा के मोबाईल पर फोन करने पर फोन रिसीव करने वाले ने बताया कि आपकी सूचना आयुक्त महोदया को बता देंगे।
परिवार परामर्श केन्द्र में 01 जोड़ा एक साथ रहने को हुए राजी
गोण्डा। रविवार जनपद गोण्डा के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केन्द्र में पुलिस अधीक्षक गोंडा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में परामर्शदाताओं द्वारा बिछुडे जोड़ो की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा 01 जोड़े को समझा बुझाकर सुखी जीवन जीने हेतु राजी कर लिया गया।

*परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थिति सदस्यगण-*
महिला थाना प्रभारी श्रीमती अनीता यादव, उ0नि0 श्री बृजेश चौबे, श्री शशि कुमार भारती, श्री यशोदा नन्दन त्रिपाठी, श्री राजमंगल मौर्य, हे0का0 सुभाष सिंह चौहान, म0आ0 नीतू आदि उपस्थित रही।
एक करोड़ 13 लाख रुपये की नकली व नशीली दवाएं सीज, तीन अवैध गोदामों पर छापा
*तीन दिन तक चली संयुक्त कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार*

*एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज, 19 दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए*

*गोंडा, 19 जुलाई 2026*  -  प्रदेश में नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद गोंडा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित तीन अवैध औषधि गोदामों से लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य की नारकोटिक्स, कोडीन सिरप एवं अन्य एलोपैथिक औषधियां बरामद कर सीज कर दीं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशन में प्राप्त गोपनीय अभिसूचना के आधार पर जनपद गोंडा के बरियार पुरवा, सोनार गली, बड़गांव क्षेत्र में 16, 17 एवं 18 जुलाई 2026 तक लगातार तीन दिनों तक विशेष सघन छापामार अभियान चलाया गया। इस अभियान में प्रदेश के 9 जनपदों के औषधि निरीक्षकों तथा स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने भाग लिया।

संयुक्त टीम सबसे पहले गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित जयनगरा, बड़गांव में संचालित बताए गए अमन फार्मास्युटिकल्स की जांच के लिए पहुंची। जांच के दौरान फर्म निर्धारित पते पर संचालित नहीं मिली और न ही वहां कोई साइन बोर्ड लगा पाया गया। इसके बाद टीम ने पूछताछ करते हुए संचालक अमन कसौधन के आवास पर पहुंचकर जांच की।

पूछताछ के दौरान अमन के भाई शिवम कसौधन ने स्वीकार किया कि वह और उसका भाई बरियार पुरवा स्थित एक स्थान से औषधियों का कारोबार करते हैं तथा उनके पास औषधि कारोबार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं है। जांच आगे बढ़ने पर टीम को इनके द्वारा संचालित दो अन्य गोदामों की भी जानकारी मिली, जो बिना किसी वैधानिक औषधि अनुज्ञप्ति के अवैध रूप से संचालित किए जा रहे थे।

छापेमारी के दौरान जब टीम ने औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख, खरीद बिल, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो संचालक कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद तीनों गोदामों में रखी भारी मात्रा में दवाओं को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान बरामद औषधियों में 53,712 डिपट्राम प्लस कैप्सूल, 14,700 अल्ट्रानिम-पी टैबलेट, 59,256 प्रोक्सीस्पास कैप्सूल, 2,82,960 सेम्प्लेक्स प्लस कैप्सूल, 32,160 रोमर स्पास कैप्सूल, 1,96,000 ट्रामाडोल इंजेक्शन, 60,000 अल्जोमैक 0.5 (अल्प्राजोलम) टैबलेट तथा 63 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप (एनरेक्स/वनरेक्स) सहित बड़ी मात्रा में अन्य एलोपैथिक औषधियां शामिल हैं। बरामद दवाओं का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये आंका गया है।

संयुक्त टीम ने जांच के लिए 19 विभिन्न औषधियों के नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें तत्काल राजकीय प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेज दिया गया है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने तथा विवेचना पूरी होने के बाद संबंधित दोषी व्यक्तियों एवं फर्मों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई करते हुए परिवाद दाखिल किया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य संचालकों में शामिल शिवम कसौधन पुत्र प्रमोद कसौधन निवासी रानी बाजार, बड़गांव, गोंडा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका भाई एवं इस अवैध कारोबार का मुख्य संचालक अमन कसौधन मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से मनःप्रभावी एवं नशीली औषधियों का कारोबार कर युवाओं में नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने जैसे गंभीर अपराध को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 8/21 के तहत थाना कोतवाली नगर, गोंडा में एफआईआर संख्या 0676, दिनांक 19 जुलाई 2026 दर्ज कराई गई है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार नकली, अवैध एवं नशीली दवाओं के कारोबार के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे अवैध नेटवर्क के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा समाज में नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
एक ही वर्ष में इंटर और नीट फतह,कृतार्थ ने रचा इतिहास,अतिंमा जायसवाल ने नीट फतेह कर इलाके का मान बढ़ाया
616 अंक कृतार्थ गुप्ता और 610 अंक अंतिमा ने हासिल कर बढ़ाया जिले का मान,क्षेत्र में खुशी का माहौल

गोंडा। सीमित संसाधनों और कठिन मानी जाने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर मसकनवां कस्बे के होनहार कृतार्थ गुप्ता ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कृतार्थ ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ-साथ नीट में 616 अंक प्राप्त कर मेडिकल शिक्षा की राह प्रशस्त की है। वहीं अतिंमा ने कड़ी मेहनत से मेडिकल की राह हासिल किया। मसकनवां बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार से जुड़े शिवा गुप्ता, स्वर्गीय प्रेम कृष्ण कसौधन के पौत्र तथा प्रशांत कुमार कसौधन के पुत्र हैं। एक ही वर्ष में इंटरमीडिएट और नीट जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में सफलता प्राप्त किया वहीं अतिंमा गांव की रहने वाली जो गांव के बगल छोटे कस्बे में एक कालेज में शिक्षा प्राप्त किया इन दोनो ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गोंडा जनपद का गौरव बढ़ाया है।कृतार्थ और अंतिमा की  सफलता से मसकनवां बाजार सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।अपनी सफलता का श्रेय कृतार्थ ने माता-पिता, गुरुजनों तथा अपने दिवंगत बाबा स्वर्गीय प्रेम कृष्ण कसौधन को दिया। उन्होंने कहा कि बाबा हमेशा शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते थे । वहीं अतिंमा ने अपने माता पिता के हौसले से पढ़ाई के लिए निरंतर प्रेरित करते रहे।  लेकिन दोनों के माता पिता के  सीख  और प्रेरणा ही इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत बनी।कृतार्थ गुप्ता और अंतिमा जायसवाल की उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्म-अध्ययन के दम पर बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में 20 जुलाई से नियमित कक्षाएं प्रारंभ
गोण्डा, 18 जुलाई। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोण्डा में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026–27 की नियमित कक्षाओं का संचालन 20 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा जारी सूचना के अनुसार स्नातक तृतीय, पंचम एवं सप्तम सेमेस्टर तथा परास्नातक तृतीय सेमेस्टर के समस्त छात्र-छात्राओं की कक्षाएं 20 जुलाई से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित की जाएंगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से समय से कक्षाओं में उपस्थित होने का आग्रह किया है। साथ ही, कक्षा संचालन एवं समय-सारिणी से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की वेबसाइट का नियमित अवलोकन तथा अपने-अपने संबंधित विभागों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
प्राचार्य ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र में नियमित अध्ययन-अध्यापन की निरंतरता बनाए रखने के लिए सभी छात्र-छात्राओं की समयबद्ध उपस्थिति अपेक्षित है।