मिर्ज़ापुर: सौतेली के साथ रहने की खबर से आहत तीन बच्चों संग पत्नी ने निगला जहर, तीन की हुई मौत
*उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार


मीरजापुर। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार की देर रात एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। काम की तलाश में बाहर रह रहे पति के दूसरी महिला के साथ रहने (सौतेली रखने) की सूचना मिलने के बाद पत्नी इस कदर टूट गई कि उसने अपने तीन मासूम बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद स्वयं भी जहर निगल लिया। इस दर्दनाक घटना में मां समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार परसौना गांव निवासी कुशुम (35 वर्ष) पत्नी धर्मेंद्र अपने तीन बच्चों के साथ घर पर रहती थी। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र रोजी-रोटी के लिए बाहर रहता है। इसी दौरान पत्नी को यह जानकारी मिली कि पति दूसरी महिला के साथ रह रहा है। इस खबर ने कुशुम को भीतर तक झकझोर दिया। मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह से व्यथित होकर सोमवार की देर रात खौफनाक कदम उठा लिया।
बताया जाता है कि कुशुम ने पहले अपने तीनों बच्चों राधिका (10 वर्ष), मधु (12 वर्ष) और सत्या (6 वर्ष) को जहरीला पदार्थ खिलाया और फिर स्वयं भी जहर निगल लिया। कुछ देर बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान कुशुम और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से बीमार दोनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। बाद में उपचार के दौरान एक और बच्चे ने दम तोड़ दिया। अब एक बच्ची वाराणसी के अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद परसौना गांव में मातम पसरा हुआ है।
पड़ोसियों की आंखें नम हैं और हर कोई इस हादसे को लेकर स्तब्ध है।
घटना की सूचना मिलते ही मड़िहान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में पति की भूमिका या किसी प्रकार की प्रताड़ना के साक्ष्य सामने आते हैं, तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।


*दु: शखद: एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से गांव में मातम, भोजन में ज़हर मिलाने का आरोप*

मड़िहान थाना क्षेत्र में एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ पूरे इलाके को झकझोर गया है। गांव में उस समय मातम पसर गया जब पत्नी और उनके बच्चों के साथ हुई दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने गांव के ही एक किसान पर भोजन में ज़हर मिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार लंबे समय से गांव के ही एक किसान के खेतों में मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी और रोज की मजदूरी ही उनके घर का सहारा थी। परिजनों का आरोप है कि परिवार को दिए गए भोजन में जहरीला पदार्थ मिला दिया गया, जिसके सेवन के बाद सभी की हालत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी मड़िहान पहुंचाया गया, जब कि दो की मौत हो चुकी थी। हालत बिगड़ने पर दो को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। एक की अस्पताल पहुंचने पर जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक सदस्य जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। गांव में हर ओर चीख-पुकार और मातम का माहौल है। मृतकों के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। मासूम बच्चों की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से भोजन के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल भोजन में ज़हर मिलाने के आरोप की हर पहलू से जांच की जा रही है।
सपा की बैठक में भाजपा सरकार पर लगा आरोप
पूर्व मंत्री व्यास जी गौड़ बोले- भाजपा धार्मिक मुद्दों के सहारे कर रही राजनीति
2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सबक सिखायेगी- देवी प्रसाद चौधरी
*14 जुलाई 2026 को खाद, पानी, बिजली, सड़क को लेकर तहसील पर प्रदर्शन

मिर्जापुर। जिला मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहियाट्रस्ट में रविवार को अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ब्यास जी गोंड ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान ब्यास जी गोंड ने प्रदेश सरकार और भाजपा की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक मुद्दों के सहारे राजनीति कर रही है और जनता अब उसके वास्तविक चरित्र को समझ चुकी है।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसान, मजदूर, युवा, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की अधिकांश योजनाएं धरातल पर प्रभावी साबित नहीं हुई हैं, जबकि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है।
ब्यास जी गोंड ने दावा किया कि प्रदेश का हर वर्ग बदलाव चाहता है और आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी मजबूत स्थिति में होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव के बाद अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी 14 जुलाई 2026 को खाद, पानी, बिजली, सड़क को लेकर तहसील मुख्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में माॅग पत्र सौपेगी। 15 जुलाई से 25 जुलाई तक बूथ लेबल एजेंट का सत्यापन किया जायेगा। कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव को देखते हुए अधिक से अधिक लोगो का नाम मतदाता सूची में आये उनका फार्म भरवाने का काम करें। श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार से गरीब, पिछड़ा, अल्पसंख्यक व दलित समाज परेशान है, आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इन्हे सबक सिखाने का काम करेंगी। उन्होने लगे हाथ कहा सरकार पर आरोप लगाया कि हत्या, लूटपाट की घटनाएं बढ़ी है ऐसी सरकार को उखाड़ फेकने के लिए हमें जनता के बीच जाना होगा।
बैठक में पूर्व सांसद रमेश चन्द बिन्द‚ पूर्व विधायक जगतम्बा सिंह पटेल, शिवशंकर सिंह यादव, रविन्द्र बहादुर सिंह, मुन्नी यादव, परवेज खान, आशीष यादव, अशोक यादव, रामराज पटेल, कीर्ति कोल, दामोदर प्रसाद मौर्या, जैन कुशवाहा, सतीश मिश्रा, डा सुनील सिंह, राणा प्रताप सिंह, शैलेष पटेल, मुकुन्द यादव, कान्धा यादव, अनिल यादव, विनोद सिंह, अनीस खान, मेवालाल प्रजापति, रामप्यारे गौड़, जुम्मन खान, सुरेश पटेल, रवि प्रकाश त्रिपाठी, सुशील यादव, गणेश केसरी, जावेद अली, दीनानाथ प्रजापति, अभय यादव, रम्भा देवी कोल, आशीष कोल, दुर्गा सिंह, आकाश यादव, अनुराग तिवारी, राजकुमार यादव, लवकुश यादव, वीरेन्द्र यादव, अशोक मिश्रा, गणेश सिंह, बृजलाल पाल, रविन्द्र कोल, गौरी यादव, शिवपूजन यादव, अरविन्द गौड़, उपेन्द्र तिवारी, श्याम अचल यादव, कौशिक कन्नौजिया, रमाशंकर कोल, बलराम यादव, महेश मौर्या, बच्चा गौड़, केसरी नन्दन आदि मौजूद रहे।
आज की युवा पीढ़ी अपने आने वाली पीढ़ियों के लिए लगाए वृक्ष : शैलेन्द्र अग्रहरि

मिर्ज़ापुर। आज वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत नगर के तरकापुर स्थित श्री माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज के स्पोर्ट्स ग्राउंड में विद्यालय की एनसीसी इकाई के कैडेट्स संग मुख्य रूप से उपस्थित हो वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेन्द्र अग्रहरि ने "एक पेड़ माँ के नाम" अंतर्गत पेड़ लगाए।
कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए श्री अग्रहरि ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम' अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू की गई एक अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य मां के प्रति सम्मान और प्रकृति संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी इस अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण महा अभियान चलाया जा रहा है। इसमें हम सब को भी जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। युवा पीढ़ी को अपने आने वाली पीढ़ियों के लिए वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम चंद यादव ने भी अभियान में भाग लेकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण को हरित व प्रदूषण रहित रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कैडेट्स ने भारत को हरित बनाने व आस पास हरियाली लाने को अपनी ज़िम्मेदारी समझते हुए पौधारोपण व वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर खेल मैदान में वृहद पौधारोपण व वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान उप प्रधानाचार्य श्री नरसिंह राम, प्रवक्ता व एनसीसी प्रभारी श्री संजय सिंह भी उपस्थित रहे।
खड़ी ट्रकों में घुसी कार, पिता-पुत्र वधू की मौत
मीरजापुर । कछवां थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटका गोदाम (पड़ाव) के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रकों की लंबी कतार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार देर शाम वाराणसी से इलाज कराकर लौट रहे एक परिवार की स्विफ्ट कार पीछे से खड़ी ट्रकों में जा भिड़ी। हादसे में 27 वर्षीय प्रगति खंडेलवाल और उनके 63 वर्षीय ससुर प्रभात अग्रवाल की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे शिवम अग्रवाल मामूली रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल अपनी पत्नी प्रगति खंडेलवाल और कैंसर पीड़ित पिता प्रभात अग्रवाल का वाराणसी में उपचार कराकर घर लौट रहे थे। कटका गोदाम के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रकों की कतार में उनकी कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और प्रगति खंडेलवाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही औराई प्रभारी थाना राजेश कुमार तथा कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल प्रभात अग्रवाल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद सड़क किनारे खड़े ट्रकों के चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।

उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर करीब छह माह पूर्व भी सड़क किनारे खड़ी ट्रक में कार घुसने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद राजमार्ग किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
शोक-संवेदना जताने पहुंचे पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह अपने से मिलकर हुए भावुक

मिर्ज़ापुर। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह शनिवार को नगर के वासलीगंज मोहल्ले में पहुंचे। लंबे समय बाद अपनों से मिलकर जहां वह भावुक हो उठे वहीं अपने बीच उन्हें पाकर बीजेपी के पुराने कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी पुलकित हो उठे थे। बताते चलें कि पूर्व कैबिनेट मंत्री नगर के वासलीगंज निवासी सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत सिंह की माता स्वर्गीय मनोरमा सिंह के निधन पश्चात आयोजित त्रयोदशाह कार्यक्रम में सम्मिलित होने पहुंचे थे। बता दें कि मनोरमा सिंह पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह की साली रहीं हैं, जिनके निधन बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने अपनों के बीच बैठकर बीते दिनों की चर्चा में मशगूल देखें गये। इस दौरान बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता लालबहादुर सिंह, डाक्टर रामकृपाल सिंह, किशन सिंह, शशि प्रकाश सिंह, डाक्टर दिनेश सिंह, अमरेन्द्र सिंह, मनीष सिंह, अजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, अमित श्रीनेत, अभिषेक केशरी 'बजरंगी' इत्यादि सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे हैं।
मिर्जापुर: मजदूरी करने जा रहे श्रमिक को ई-रिक्शा ने मारी टक्कर, पैर दो जगह से टूटा
मिर्जापुर। रोज़ी-रोटी कमाने के लिए मजदूरी करने जा रहे एक श्रमिक को मिर्जापुर शहर में तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में श्रमिक का पैर दो जगह से टूट गया। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल (सदर अस्पताल) में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, सलीम पुत्र करिया, निवासी गोपीगंज, भदोही इन दिनों मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित अपने ससुराल में रहकर मजदूरी करता है। वह प्रतिदिन मजदूरी के लिए मिर्जापुर शहर आता जाता है और अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी पहले से ही अस्पताल में उपचाराधीन है।
बताया गया कि शुक्रवार को भी सलीम मजदूरी के लिए शहर पहुंचा था। कचहरी के पास सड़क पार करते समय एक ई-रिक्शा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसका पैर दो स्थानों से टूट गया।
हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर देहात कोतवाली थाने में खड़ा करा दिया।
पुलिस मामले की जांच कर फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी है।
उत्तर प्रदेश: भगवान राम में सबका विश्वास है, इस विश्वास को भाजपा ने तोड़ने का काम : सपा सांसद सनातन पांडे
मीरजापुर। यूपी के मीरजापुर में सपा सांसद सनातन पांडेय ने भाजपा पर तंज़ कसते हुए बड़ा हमला बोला है। यहां समाजवादी पार्टी कार्यालय में
पत्रकारों से रुबरु होते हुए सपा सांसद सनातन पांडे ने कहा गया कि भाजपा राम के नाम पर लोगों की आस्था से खेलते हुए आई है जिसे देश की जनता कदापि माफ नहीं करेगी।
बता दें कि सपा सांसद मिर्जापुर में आयोजित पार्टी के मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए थें। बैठक में जनपद मिर्जापुर, सोनभद्र सहित भदोही के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे हैं। इस दौरान बलिया सांसद का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत अभिनंदन किया। तत्पश्चात पत्रकार बंधुओ से रुबरु होते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल समाजवादी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जिससे भारतीय जनता पार्टी को भय है। हमारी पार्टी जनपद स्तर पर संगठनात्मक रूप से बहुत मजबूत है इसको देखते हुए सत्ता पक्ष के अंदर घबराहट है। समाजवादी पार्टी के नीतियों पर लोगों को विश्वास है।समाजवादी पार्टी भारतीय संविधान में विश्वास करती है। कहा 5 अगस्त को समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र छोटे लोहिया जी का जन्मदिन लखनऊ में मनाया जाएगा। उपरोक्त कार्यक्रम में प्रदेश भर से अधिक से अधिक पदाधिकारी कार्यकर्ता जाएंगे। कहा प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के के नीतियों विचारों पर विश्वास करके उनकी सरकार प्रदेश और देश में बनाई, किंतु इन लोगों ने देश की जनता को ठगने का काम किया। लोगों के सामने जो इन्होंने अपना एजेंडा रखा था किसी भी एजेंडा को पूरा करने का काम नहीं किया। इन लोगों द्वारा विदेश से काला धन लाने की बात कही गई थी 15- 15 लाख सबके खाता में डालने की बात कही थी, आज तक किसी के खाते में ₹1भी नहीं गया। जनता इन लोगों के चाल चरित्र को समझ चुकी है और आपको क्या बताना है। 2024 में उत्तर प्रदेश के चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की नीतियों पर विश्वास करके जो आशीर्वाद दिया है जग जाहिर है। आज उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के विचारधारा से आम जनमानस जुड़ गया है। पत्रकारों द्वारा अयोध्या में चंदा चोरी के सवाल पर
उन्होंने कहा कि मंदिर का जब निर्माण हो रहा था तब हम लोग भी सनातनी रहे हैं किसी दल द्वारा कोई विरोध नहीं किया गया था, बल्कि जितने सनातनी है सभी लोगों ने अपना चंदा मंदिर में दिया था। भारतीय जनता पार्टी राम मंदिर ट्रस्ट में नीचे के कर्मचारी को फंसा कर बड़े लोगों को बचाने का काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी का यही चाल चरित्र है। शुरू में मामले को अपने स्तर पर दबाने का प्रयास किया गया किंतु भारत की जनता सनातनी लोग चंदा चोरी से काफी आहत हैं। भगवान राम में सबका विश्वास है इस विश्वास को भारतीय जनता पार्टी ने तोड़ने का काम किया है। इस दौरान सांसद सनातन पांडे द्वारा तीनों जनपदों के पदाधिकारी के साथ संगठनात्मक समीक्षा किया जा रहा है। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी मिर्जापुर के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, सोनभद्र के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, भदोही के जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव, पूर्व विधायक रमेश दूबे, विधानसभा मझवां के पूर्व प्रत्याशी रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू शुक्ला, नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी एडवोकेट सतीश कुमार मिश्रा, नगर विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट सत्य प्रकाश यादव, जिला महासचिव मिर्जापुर आदर्श यादव, जिला प्रवक्ता मीडिया प्रभारी अशोक सिंह मुन्ना, जिला उपाध्यक्ष रवि प्रकाश त्रिपाठी सहित तीनों जनपदों के प्रमुख पदाधिकारी गण उपस्थित रहे हैं।
गड़बड़ा धाम सेवटी नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत
मृतक के भाइयों ने मिर्गी की बीमारी से ग्रसित होना बताया।

मीरजापुर। हलिया थाना क्षेत्र के गड़बड़ा शीतल धाम स्थित सेवटी नदी में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई ।मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुड़ गई ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष हलिया राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से नदी से बाहर निकलवाया शव की पहचान गोपाल कोल (48)निवासी भदौहा,थाना मड़िहान जनपद मिर्जापुर के रूप की गई पुलिस द्वारा घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई है। पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई संतोष कोल व सुभाष कोल ने बताया कि मृतक मिर्गी की बीमारी से ग्रसित था। घर से चार-पांच दिन पहले निकले थे अक्सर गड़बड़ा धाम आया जाया करते थे ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मृतक सेवटी नदी में स्नान करने गया था उसी दौरान मिर्गी का दौरा पड़ने अथवा गहरे पानी में गिरने के कारण डूबने से मौत हो गई है। गोपाल की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया पत्नी कुसुम देवी का रो-रो कर बेहाल हो गई है। मृतक को दो पुत्र तथा दो पुत्री हैं सबसे छोटा बच्चा पांच वर्ष का है।इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गोपाल कोल नामक व्यक्ति की गड़बड़ा धाम सेवटी नदी में डूबने से मौत हो गई है परिजनों तथा ग्रामीणों ने बताया कि युवक को मिर्गी का दौर आता था पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणो का स्पष्ट पता चल सकेगा।कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
गली के पानी निकासी की मांग को लेकर ग्रामीणों का कीचड़ भरे मार्ग में खड़ा होकर अनोखा प्रदर्शन

गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग में भरा पानी, ग्रामीणों को आने-जाने में हो रहा परेशानी    

मीरजापुर। जिले के विकास खण्ड जमालपुर अंतर्गत ग्राम बहादुरपुर,भोकरौध में गांव के पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य प्रवेश मार्ग में पानी भर गया है। जिसको लेकर गुरुवार 2 जुलाई 2026 को गांव की महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों द्वारा कीचड़ भरें मार्ग में खड़े होकर प्रदर्शन किया गया।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आने-जाने का यही एकमात्र प्रमुख मार्ग है, जिस पर हल्की सी बारिश में ही पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी भर जाता है और उसी कीचड़ भरें मार्ग से पढ़ने वाले बच्चों सहित ग्रामीण महिलाएं, बुजुर्ग गिरते-पड़ते आने-जाने के लिए मजबूर हैं। लोगों द्वारा बताया गया कि पानी निकासी के लिए गांव की गली से लेकर भाई पुर बैरियर तक अंडरग्राउंड नाली भी बना हुआ है, लेकिन अंडरग्राउंड नाली को खेतों के नाली में नहीं जोड़ा गया। आठ -दस पाइप लाइन और डालकर नहर में जोड़ दिया जाता तो बरसात का पानी आसानी से नहर में चला जाता और ग्रामीणों को इस कीचड़ भरें मार्ग से छुटकारा मिल जाता।

पानी निकासी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वालों में अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह सहित राजु बिंद, बाबुलाल यादव, सूरज, गोलु, बसंत, सुभाष, अम्बुज सिंह, साबित्री देवी, सबिता देवी, प्रेमा देवी, दुलारी देवी आदि दर्जनों महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग मौजूद रहे।
धड़ल्ले से बेचा जा रहा नशीला कफ सीरप व गांजे की पुड़िया वीडियो हो रहा वायरल

ड्रमंडगंज, मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाने से महज पांच सौ मीटर दूर महोगढ़ी गांव में एक घर के भीतर धड़ल्ले से नशीले कफ सीरप व गांजे की पुड़िया बेची जा रही है।जिसका किसी ने वीडियो बनाकर गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल हो रहा वीडियो महुगढ़ी गांव का बताया जा रहा है जहां काफी दिनों से एक युवक द्वारा मादक पदार्थों की खुलेआम बिक्री की जा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कर्मियों में खलबली मची हुई है। क्षेत्र में इन दिनों प्रतिबंधित कफ सीरप व गांजे की पुड़िया धड़ल्ले से बेची जा रही है लेकिन स्थानीय पुलिस कार्रवाई की बजाय मूकदर्शक बनी हुई है। वायरल हो रहे वीडियो में युवक गांजे की पुड़िया और कफ सीरप की बिक्री करता हुआ दिखाई दे रहा है।लोगों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस नशे के कारोबारियों पर मेहरबान है जिससे क्षेत्र के किशोर और युवा वर्ग नशे की लत में फंसकर अपनी सेहत बर्बाद कर रहे हैं।

महुगढ़ी गांव में नशीला कफ सीरप व गांजे की पुड़िया आसानी से मिलने पर प्रतिदिन पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश, प्रयागराज जिले व क्षेत्र के किशोर और युवा वर्ग इन्हें खरीदने के लिए प्रतिदिन आते हैं। लेकिन स्थानीय पुलिस मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले मनबढ़ युवक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नही कर रही है जिससे नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों का हौसला बुलंद है। वायरल हो रहे वीडियो को लेकर क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। स्थानीय लोगों ने नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले युवक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।