घाघरा नदी चेतावनी बिंदु पर पहुंची,24 घंटे में 3 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर
*करनैलगंज व तरबगंज पर प्रशासन की नजर

गोंडा।जिले में घाघरा नदी का जलस्तर रविवार सुबह 10 बजे चेतावनी बिंदु तक पहुंच गया।जलस्तर बढ़ने के बाद करनैलगंज और तरबगंज तहसील के तटीय गांवों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दिया है।बाढ़ खंड और राजस्व विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है तथा तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है।रविवार सुबह 10 बजे तक घाघरा नदी में कुल 89343 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।इसमें गिरजा बैराज से 48500 क्यूसेक, शारदा बैराज से 39395 क्यूसेक और सरयू बैराज से 1488 क्यूसेक पानी शामिल है।गिरजा बैराज से सबसे अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।पिछले 24 घंटे में घाघरा नदी का जलस्तर 3 सेंटीमीटर बढ़ा है और अब यह चेतावनी बिंदु तक पहुंच चुका है।हालांकि नदी अभी भी खतरे के निशान से 1.7 मीटर नीचे बह रही है,परन्तु बढ़ते जलस्तर से तटबंधों पर दबाव बढ़ने लगा है।बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी संवेदनशील स्थानों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि नेपाल से छोड़े जा रहे पानी के कारण घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और तटीय क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।प्रशासन का अनुमान है कि बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण शाम तक जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।
सोलर कंपनी में नौकरी का झांसा देकर युवक से फ्रॉड, पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

*सेलरी एकाउंट खुलवाया,ढाई करोड़ के लेन देन का आरोप

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र में सोलर कंपनी में नौकरी दिलाने और सेलरी एकाउंट खुलवाने के नाम पर बड़े बैंकिंग फ्रॉड का मामला सामने आया है।आरोप है कि सिसई टिकरिया निवासी वीरेंद्र प्रताप के नाम सेलरी एकाउंट के बजाय करंट एकाउंट खुलवाया।जिसके माध्यम से लगभग ढाई करोड़ रूपए का अवैध लेनदेन किया गया।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।पीड़ित वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि बीते 21 फरवरी को विजय सोनी और दीपक गोयल उन्हें प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की बड़गांव शाखा ले गये,जहाँ सैलरी एकाउंट खोलने का भरोसा दिया गया।आरोप है कि बैंक कर्मियों की मिली भगत से उनके नाम श्री श्याम इंटरप्राइजेज के नाम पर करंट एकाउंट खोल दिया गया।इसके बाद उन्हें सोलर कंपनी में नौकरी पर रखा गया और दो महीने बाद वेतन मांगने पर बैंक जाकर पता किया तो पता चला कि उनके नाम से करंट एकाउंट संचालित हो रहा है।उन्होंने बताया कि आरोपियों ने खाते में अपना मोबाइल नंबर लिंक कर नेट बैंकिंग की सुविधा हासिल कर लिया और 21 फरवरी से 6 मार्च के बीच आरटीजीएस के जरिये लगभग 2.5 करोड़ रुपए अलग अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया।पीड़ित का आरोप है कि इससे पहले उसे स्टेशन रोड बड़गांव स्थित सोनू मोबाइल एंड कम्प्यूटर कैफे ले जाकर फर्जी उद्यम पंजीकरण के दस्तावेज तैयार कराए गए।आधार कार्ड व पैन कार्ड का इस्तेमाल कर बीके इंटरप्राइजेज के नाम से दस्तावेज बनवाए गए और बाद में बैंक आफ बड़ौदा की आवास विकास शाखा में इसी नाम से एक अन्य करंट एकाउंट भी खुलवाया गया।वीरेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें अधिकारियों से मीटिंग के बहाने लखनऊ ले जाकर चार पांच दिन तक अपने साथ रखा और पूरी साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी किया।पीड़ित की तहरीर पर देहात कोतवाली पुलिस ने विजय सोनी, कृष्ण प्रताप सिंह,दीपक गोयल,सोनू उर्फ़ शाहबान आलम और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।मामले की विवेचना निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को सौंपा गया है।देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में चार नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया गया है।पीड़ित से संबंधित साक्ष्य मांगा गया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भारी बारिश से धंसी सड़क, आवागमन बाधित

गोण्डा। जिले के विकास खंड झंझरी अंतर्गत बनघुसरा ग्राम पंचायत में भारी बारिश से एक बड़ी सड़क धंस गई है। तिवारी बाजार से मफिया खैपुरम गांव को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर बड़ा गड्ढा हो जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। सड़क धंसने से स्थानीय निवासियों और मजदूरों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे लोगों की दैनिक गतिविधियां और रोजगार प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग क्षतिग्रस्त होने से उन्हें आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने ग्राम प्रधान मुरलीधर तिवारी और संबंधित अधिकारियों से समस्या का तत्काल समाधान करने की अपील की है, ताकि आवागमन फिर से सुचारु हो सके।
गोंडा में पंचायत सहायकों की मनमानी पर डीपीआरओ सख्त: 42 के खिलाफ संविदा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू
*लगातार अनुपस्थिति और ऑनलाइन उपस्थिति न दर्ज करने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बीडीओ को दिए निर्देश

गोण्डा। जिले में पंचायतों का सरकारी काम प्रभावित करने वाले लापरवाह पंचायत सहायकों पर अब गाज गिरने वाली है। पिछले तीन महीने से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न करने और ग्राम पंचायतों में अनुपस्थित रहने के आरोप में 42 पंचायत सहायकों के खिलाफ संविदा समाप्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।जिला पंचायत राज अधिकारी जीडी जैन ने शनिवार को विभागीय समीक्षा बैठक में सभी संबंधित खंड विकास अधिकारियों को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने बताया कि जांच में सामने आया कि ये सहायक न तो ऑनलाइन हाजिरी लगा रहे थे और न ही अपने ग्राम पंचायतों में कार्य करने के लिए उपस्थित हो रहे थे। इससे पंचायतों के जरूरी सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे थे। कई बार ब्लॉक अधिकारियों द्वारा चेतावनी देने के बावजूद इनकी कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ।डीपीआरओ ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य न करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुपस्थित रहने वाले सहायकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तरबगंज में समाधान दिवस फेल: शिकायतें 8, जीरो निस्तारण
गोण्डा। तरबगंज थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुईं। खास बात यह रही कि सभी शिकायतें जमीनी विवाद से जुड़ी थीं, लेकिन मौके पर एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका।समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय ने की। फरियादियों की शिकायतें तहसीलदार और कोतवाल श्रीधर पाठक ने सुनीं। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे मोहन निवासी सावित्री पत्नी मुंशीलाल ने आबादी की भूमि पर विवाद, लक्ष्मणपुर निवासी शंकर गोपाल ने जमीन पर अवैध अतिक्रमण, रामपुर टेगरहा निवासी राम सबेरे ने चकमार्ग पर अवैध कब्जा और बकियापुर निवासी ताज मोहम्मद ने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित आरआई और हल्का लेखपाल को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर आरआई सुनील चंद्र पाण्डेय, लेखपाल विजय प्रकाश पाण्डेय, उप निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सतीश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
साहित्यिक संस्था की गोष्ठी संपन्न
गोण्डा।साहित्यिक संस्था 'बज़्मे शामे ग़ज़ल' की एक शोक गोष्ठी अल्लामा इक़बाल लाइब्रेरी बालूगंज में आयोजित हुई।गणेश तिवारी 'नेश' के संरक्षण में कार्यक्रम की अध्यक्षता अब्दुल गफ्फार ठेकेदार ने की । तिलावत से हाफिज़ कौसर सलमानी ने आग़ाज़ किया व सलीम बेदिल ने नात पेश की । संचालन करते हुए याकूब सिद्दीक़ी 'अज़्म' ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया ‌। जिस के तहत विगत दिनों दिवंगत प्रसिद्ध विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया । महामन्त्री मुजीब सिद्दीक़ी ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान व लेखक मौलाना सय्यद सलमान हुसैनी नदवी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह अरबी भाषा के प्रकाण्ड विद्वान थे । नदवा कालेज में 40 साल अध्यापन कार्य किया । उन के शागिर्द दुनिया भर में फैले हुए हैं  । वह बहुमुखी व्यक्तित्व के महान विचारक थे । साथ ही प्रख्यात सामाजिक व्यक्तित्व अरशद सिद्दीक़ी जी( पूर्व एम.पी इलियास आज़मी के पुत्र ), पत्रकार व गयादीन सिंह इण्टर कालेज प्रहलादगंज के प्राचार्य रहे राज किशोर शुक्ल जी, सीतापुर के 3 शाए़रों इश्तियाक़ अली सबा जी, महफूज़ रहमानी साहब व साजिद ख़ैराबादी साहब,मलिक समाज फाउन्डेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इरशाद मलिक के पिताश्री हाजी इस्हाक़ मलिक बाराबंकी एवं कस्बा कर्नलगंज की अन्जुमन सज्जादिया के सेक्रेटरी रहे मरहूम नज़ीर अहमद सिद्दीक़ी की पत्नी ( पूर्व सभासद नई बाज़ार - रशीद अहमद जांबाज़ की माता ) के निधन पर संस्था की ओर से शोक व्यक्त किया गया । गोष्ठी में हाजी ज़हीर वार्सी, हाजी नियाज़ क़मर, हरीश शुक्ल, अब्दुल कय्यूम सिद्दीक़ी, साबिर अली गुड्डू, अल्ताफ हुसैन राईनी, रशीद माचिस, सग़ीर अहमद सिद्दीक़ी, यासीन राजू अंसारी, इख़लाक वारिस व मेराजुद्दीन आदि मौजूद रहे । अब्दुल गफ्फार ठेकेदार के अध्यक्षीय संबोधन पर गोष्ठी सम्पन्न हुई ।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में मनाया कन्या जन्मोत्सव, नवजात का रखा 'अनुग्रहिता' नाम

*गोण्डा 11 जुलाई,2026*।
जनपद में बेटियों के सम्मान एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज गोण्डा के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के प्रसव विंग एवं वार्ड में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ग्राम बेसिया चैन निवासी श्रीमती पूनम देवी, पत्नी श्री दिनेश कुमार, के प्रसव के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन स्वयं अस्पताल पहुंचीं और परिवारजनों के साथ मिलकर केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवजात कन्या के जन्म पर परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवारजनों से नवजात बच्ची के बेहतर पालन-पोषण एवं शिक्षा के लिए संकल्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान परिवारजनों के आग्रह पर जिलाधिकारी ने नवजात कन्या का नाम 'अनुग्रहिता' रखा। यह नाम सुनकर परिवारजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवजात शिशु के लिए शुभकामना स्वरूप चांदी की कटोरी एवं चम्मच भेंट की। साथ ही बच्ची की माता श्रीमती पूनम देवी को सहायता राशि भी प्रदान की, जिससे परिवार के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना का परिचय मिला।

कन्या जन्मोत्सव के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण रहा। उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा अधिकारियों ने भी परिवार को शुभकामनाएं दीं और नवजात के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' तथा कन्या सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।

सभी ने नवजात कन्या के जन्म पर परिवार को बधाई देते हुए बेटियों के सम्मान और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा कन्या जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की प्रेरणा देने वाला रहा।

इस अवसर पर प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, सीएमएस जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा चोरी करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी के रुपये 1200/- नगद बरामद-
गोण्डा। श्रीमान पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा  अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में थाना को0 नगर पुलिस द्वारा मु0अ0स0 638/2026, धारा 305(ए) बीएनएस से सम्बन्धित चोरी करने के आरोपी अभियुक्त  अमित पाठक पुत्र रामनिवास पाठक उर्फ पप्पू पाठक को गिरजा स्टेडियम सेमरा के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के रुपये 1200/- नगद बरामद किये गये ।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 08.07.2026 को वादी  ननकऊ निवासी ग्राम इन्द्रापुर जयनगरा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0नगर पर सूचना दी गई कि दिनांक 07/07/2026 को समय 7.55 पर मेरे ही ग्राम सभा के अमित पाठक पुत्र पप्पू पाठक उनके घर में पीछे से घुसकर जेवरात व नगदी चोरी कर ले गया हैं तथा 01 दिन पूर्व भी उसके घर में घुसकर चोरी किया था। जिसकी विडियों रिकार्डिंग मोबाइल में मौजूद है। थाना को0 नगर पुलिस द्वारा प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया । आज दिनांक 11.07.2026 को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा क्षेत्र भ्रमण व विवेचना के दौरान आरोपी अभियुक्त 1. अमित पाठक पुत्र रामनिवास पाठक उर्फ पप्पू पाठक को गिरजा स्टेडियम सेमरा के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के रुपये 1200/- नगद बरामद किये गये । गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना को0 नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
घाघरा नदी का जलस्तर 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर बढ़ा,तटबंधों पर निगरानी बढ़ी
*नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में

गोंडा।पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश और नेपाल से छोड़े जा रहे पानी के कारण जिले में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।शनिवार सुबह तक नदी में कुल 73029 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 8 सेमी बढ़ा है।एल्गिन ब्रिज पर घाघरा खतरे के निशान से 1.10 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ खंड विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।शनिवार सुबह 9 बजे तक घाघरा नदी में 73029 क्यूसेक पानी पहुंचा।इसमें गिरजा बैराज से 47181 क्यूसेक,शारदा बैराज से 24400 क्यूसेक और सरयू बैराज से 1448 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।अधिकारियों के अनुसार, नेपाल से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ सकता है।बाढ़ की आशंका को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।बाढ़ खंड विभाग की टीमें तटबंधों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।जिन स्थानों पर नदी का दबाव अधिक है,वहां कटान रोकने और नदी की धारा मोड़ने के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ मगरमच्छ और घड़ियाल के बहकर क्षेत्र में पहुंचने की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।इसे देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं और लोगों को नदी किनारे जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।प्रशासन ने अगले तीन दिनों में बाढ़ की स्थिति बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं तथा बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गोंडा रोडवेज में बिगुल: मांगे पूरी न हुईं तो 24 जुलाई से आमरण अनशन, चक्का जाम की चेतावनी

*कर्मचारियों और आरएम के बीच आर-पार, 4 डिपो में बस सेवा ठप करने की चेतावनी

गोण्डा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों और क्षेत्रीय प्रबंधक के बीच विवाद अब उग्र हो गया है। शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन कर आरएम को चेतावनी पत्र सौंपा और आंदोलन की घोषणा कर दी।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर 3 बजे सांकेतिक विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को लंबे समय से सिर्फ आश्वासन देकर टाला जा रहा है। 
परिषद ने ऐलान किया कि यदि 24 जुलाई तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 24 जुलाई से क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू होगा और यदि इसके बाद भी बात न बनी तो देवीपाटन मंडल के चारों डिपो में चक्का जाम किया जाएगा, जिससे बस सेवाएं पूरी तरह प्रभावित होंगी।क्षेत्रीय मंत्री सुशील कुमार मिश्र ने कहा कि कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे चुका है। शांतिपूर्ण तरीके से बात उठाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिले हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने चेताया कि चक्का जाम से आम जनता को होने वाली असुविधा की पूरी जिम्मेदारी रोडवेज प्रशासन और अधिकारियों की होगी।
प्रदर्शन में शाखाध्यक्ष रवि प्रताप मिश्र समेत बड़ी संख्या में चालक, परिचालक और तकनीकी कर्मचारी शामिल हुए।कर्मचारियों के तेवरों को देखते हुए रोडवेज विभाग और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अधिकारी स्थिति को संभालने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।