तरबगंज में समाधान दिवस फेल: शिकायतें 8, जीरो निस्तारण
गोण्डा। तरबगंज थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुईं। खास बात यह रही कि सभी शिकायतें जमीनी विवाद से जुड़ी थीं, लेकिन मौके पर एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका।समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय ने की। फरियादियों की शिकायतें तहसीलदार और कोतवाल श्रीधर पाठक ने सुनीं। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे मोहन निवासी सावित्री पत्नी मुंशीलाल ने आबादी की भूमि पर विवाद, लक्ष्मणपुर निवासी शंकर गोपाल ने जमीन पर अवैध अतिक्रमण, रामपुर टेगरहा निवासी राम सबेरे ने चकमार्ग पर अवैध कब्जा और बकियापुर निवासी ताज मोहम्मद ने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित आरआई और हल्का लेखपाल को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर आरआई सुनील चंद्र पाण्डेय, लेखपाल विजय प्रकाश पाण्डेय, उप निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सतीश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
साहित्यिक संस्था की गोष्ठी संपन्न
गोण्डा।साहित्यिक संस्था 'बज़्मे शामे ग़ज़ल' की एक शोक गोष्ठी अल्लामा इक़बाल लाइब्रेरी बालूगंज में आयोजित हुई।गणेश तिवारी 'नेश' के संरक्षण में कार्यक्रम की अध्यक्षता अब्दुल गफ्फार ठेकेदार ने की । तिलावत से हाफिज़ कौसर सलमानी ने आग़ाज़ किया व सलीम बेदिल ने नात पेश की । संचालन करते हुए याकूब सिद्दीक़ी 'अज़्म' ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया ‌। जिस के तहत विगत दिनों दिवंगत प्रसिद्ध विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया । महामन्त्री मुजीब सिद्दीक़ी ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान व लेखक मौलाना सय्यद सलमान हुसैनी नदवी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह अरबी भाषा के प्रकाण्ड विद्वान थे । नदवा कालेज में 40 साल अध्यापन कार्य किया । उन के शागिर्द दुनिया भर में फैले हुए हैं  । वह बहुमुखी व्यक्तित्व के महान विचारक थे । साथ ही प्रख्यात सामाजिक व्यक्तित्व अरशद सिद्दीक़ी जी( पूर्व एम.पी इलियास आज़मी के पुत्र ), पत्रकार व गयादीन सिंह इण्टर कालेज प्रहलादगंज के प्राचार्य रहे राज किशोर शुक्ल जी, सीतापुर के 3 शाए़रों इश्तियाक़ अली सबा जी, महफूज़ रहमानी साहब व साजिद ख़ैराबादी साहब,मलिक समाज फाउन्डेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इरशाद मलिक के पिताश्री हाजी इस्हाक़ मलिक बाराबंकी एवं कस्बा कर्नलगंज की अन्जुमन सज्जादिया के सेक्रेटरी रहे मरहूम नज़ीर अहमद सिद्दीक़ी की पत्नी ( पूर्व सभासद नई बाज़ार - रशीद अहमद जांबाज़ की माता ) के निधन पर संस्था की ओर से शोक व्यक्त किया गया । गोष्ठी में हाजी ज़हीर वार्सी, हाजी नियाज़ क़मर, हरीश शुक्ल, अब्दुल कय्यूम सिद्दीक़ी, साबिर अली गुड्डू, अल्ताफ हुसैन राईनी, रशीद माचिस, सग़ीर अहमद सिद्दीक़ी, यासीन राजू अंसारी, इख़लाक वारिस व मेराजुद्दीन आदि मौजूद रहे । अब्दुल गफ्फार ठेकेदार के अध्यक्षीय संबोधन पर गोष्ठी सम्पन्न हुई ।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में मनाया कन्या जन्मोत्सव, नवजात का रखा 'अनुग्रहिता' नाम

*गोण्डा 11 जुलाई,2026*।
जनपद में बेटियों के सम्मान एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज गोण्डा के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के प्रसव विंग एवं वार्ड में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ग्राम बेसिया चैन निवासी श्रीमती पूनम देवी, पत्नी श्री दिनेश कुमार, के प्रसव के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन स्वयं अस्पताल पहुंचीं और परिवारजनों के साथ मिलकर केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवजात कन्या के जन्म पर परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवारजनों से नवजात बच्ची के बेहतर पालन-पोषण एवं शिक्षा के लिए संकल्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान परिवारजनों के आग्रह पर जिलाधिकारी ने नवजात कन्या का नाम 'अनुग्रहिता' रखा। यह नाम सुनकर परिवारजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवजात शिशु के लिए शुभकामना स्वरूप चांदी की कटोरी एवं चम्मच भेंट की। साथ ही बच्ची की माता श्रीमती पूनम देवी को सहायता राशि भी प्रदान की, जिससे परिवार के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना का परिचय मिला।

कन्या जन्मोत्सव के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण रहा। उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा अधिकारियों ने भी परिवार को शुभकामनाएं दीं और नवजात के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' तथा कन्या सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।

सभी ने नवजात कन्या के जन्म पर परिवार को बधाई देते हुए बेटियों के सम्मान और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा कन्या जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की प्रेरणा देने वाला रहा।

इस अवसर पर प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, सीएमएस जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा चोरी करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी के रुपये 1200/- नगद बरामद-
गोण्डा। श्रीमान पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा  अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में थाना को0 नगर पुलिस द्वारा मु0अ0स0 638/2026, धारा 305(ए) बीएनएस से सम्बन्धित चोरी करने के आरोपी अभियुक्त  अमित पाठक पुत्र रामनिवास पाठक उर्फ पप्पू पाठक को गिरजा स्टेडियम सेमरा के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के रुपये 1200/- नगद बरामद किये गये ।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 08.07.2026 को वादी  ननकऊ निवासी ग्राम इन्द्रापुर जयनगरा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0नगर पर सूचना दी गई कि दिनांक 07/07/2026 को समय 7.55 पर मेरे ही ग्राम सभा के अमित पाठक पुत्र पप्पू पाठक उनके घर में पीछे से घुसकर जेवरात व नगदी चोरी कर ले गया हैं तथा 01 दिन पूर्व भी उसके घर में घुसकर चोरी किया था। जिसकी विडियों रिकार्डिंग मोबाइल में मौजूद है। थाना को0 नगर पुलिस द्वारा प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया । आज दिनांक 11.07.2026 को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा क्षेत्र भ्रमण व विवेचना के दौरान आरोपी अभियुक्त 1. अमित पाठक पुत्र रामनिवास पाठक उर्फ पप्पू पाठक को गिरजा स्टेडियम सेमरा के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के रुपये 1200/- नगद बरामद किये गये । गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना को0 नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
घाघरा नदी का जलस्तर 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर बढ़ा,तटबंधों पर निगरानी बढ़ी
*नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में

गोंडा।पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश और नेपाल से छोड़े जा रहे पानी के कारण जिले में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।शनिवार सुबह तक नदी में कुल 73029 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 8 सेमी बढ़ा है।एल्गिन ब्रिज पर घाघरा खतरे के निशान से 1.10 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ खंड विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।शनिवार सुबह 9 बजे तक घाघरा नदी में 73029 क्यूसेक पानी पहुंचा।इसमें गिरजा बैराज से 47181 क्यूसेक,शारदा बैराज से 24400 क्यूसेक और सरयू बैराज से 1448 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।अधिकारियों के अनुसार, नेपाल से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ सकता है।बाढ़ की आशंका को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।बाढ़ खंड विभाग की टीमें तटबंधों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।जिन स्थानों पर नदी का दबाव अधिक है,वहां कटान रोकने और नदी की धारा मोड़ने के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ मगरमच्छ और घड़ियाल के बहकर क्षेत्र में पहुंचने की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।इसे देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं और लोगों को नदी किनारे जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।प्रशासन ने अगले तीन दिनों में बाढ़ की स्थिति बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं तथा बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गोंडा रोडवेज में बिगुल: मांगे पूरी न हुईं तो 24 जुलाई से आमरण अनशन, चक्का जाम की चेतावनी

*कर्मचारियों और आरएम के बीच आर-पार, 4 डिपो में बस सेवा ठप करने की चेतावनी

गोण्डा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों और क्षेत्रीय प्रबंधक के बीच विवाद अब उग्र हो गया है। शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन कर आरएम को चेतावनी पत्र सौंपा और आंदोलन की घोषणा कर दी।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर 3 बजे सांकेतिक विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को लंबे समय से सिर्फ आश्वासन देकर टाला जा रहा है। 
परिषद ने ऐलान किया कि यदि 24 जुलाई तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 24 जुलाई से क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू होगा और यदि इसके बाद भी बात न बनी तो देवीपाटन मंडल के चारों डिपो में चक्का जाम किया जाएगा, जिससे बस सेवाएं पूरी तरह प्रभावित होंगी।क्षेत्रीय मंत्री सुशील कुमार मिश्र ने कहा कि कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे चुका है। शांतिपूर्ण तरीके से बात उठाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिले हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने चेताया कि चक्का जाम से आम जनता को होने वाली असुविधा की पूरी जिम्मेदारी रोडवेज प्रशासन और अधिकारियों की होगी।
प्रदर्शन में शाखाध्यक्ष रवि प्रताप मिश्र समेत बड़ी संख्या में चालक, परिचालक और तकनीकी कर्मचारी शामिल हुए।कर्मचारियों के तेवरों को देखते हुए रोडवेज विभाग और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अधिकारी स्थिति को संभालने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
गोंडा-लखनऊ मार्ग पर पेट्रोल में पानी की शिकायत, भारत पेट्रोलियम की 4 नोजल सीज

*वाहनों के बंद होने के वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने लिया एक्शन, नमूने लैब भेजे

गोण्डा।जिले में पेट्रोल में पानी मिलावट की शिकायत पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।गोंडा-लखनऊ मार्ग स्थित विजय कृष्णा पांडे एंड सन्स भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप की चारों पेट्रोल नोजल को शुक्रवार शाम सील कर दिया गया। साथ ही जांच के लिए नमूने लेकर उन्हें लैब भेजा गया है।कुछ वाहन चालकों ने शिकायत की थी कि इस पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद उनकी गाड़ियां अचानक बंद हो गईं। इसके बाद पेट्रोल में पानी की मिलावट का दावा करते हुए कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो वायरल होने से उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई।शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति विभाग की टीम शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे तक चली जांच में पेट्रोल पंप की चारों नोजल से नमूने लिए गए। रिपोर्ट आने तक एहतियातन सभी नोजल को बंद कर सील कर दिया गया है।जिला पूर्ति अधिकारियोंं कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, 3 पूर्ति निरीक्षकों और भारत पेट्रोलियम के अधिकारियो की संयुक्त टीम बनाकर जांच कराई गई।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तकनीकी जांच में पेट्रोल में पानी की मिलावट के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं। लेकिन उपभोक्ताओं की शिकायतों और जनहित को देखते हुए नमूनों को लैब परीक्षण के लिए भेजा गया है। अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट आने के बाद लिया जाएगा।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार करने की अपील की गई है।
तरबगंज में करंट से युवक की दर्दनाक मौत, चारा मशीन बनी काल

*लटकते बिजली के तार ने ली जान, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए


गोण्डा।जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के रागी गांव में शुक्रवार को बिजली का करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण गांव में नीचे लटक रहे बिजली के तार से चारा मशीन में करंट उतर आया था। इसी दौरान गांव निवासी सुनील कुमार चारा मशीन चलाने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने मशीन को छुआ, तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही तरबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बारिश से पहले अगर नीचे लटके तारों को ठीक कर दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जान जोखिम में डालकर ढेमवाघाट से आने जाने को मजबूर लोग,पीपा पुल बंद होने के बाद बंद हुआ आवागमन
*बीच धार से गुजर रहे लोग

गोंडा।जिले के ढेमवा घाट पुल पर लगा अस्थाई पीपा पुल हटाए जाने के बाद गोंडा से अयोध्या और अयोध्या से गोंडा आने जाने वाले लोगों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मार्ग पर पानी भर गया है।नाव सेवा न शुरू होने से लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं।आज शुक्रवार सुबह 11 बजे की कुछ सामने आई तस्वीरों में देखा गया कि कुछ लोग मोटरसाइकिल चलाते हुए पानी के तेज बहाव में आ जा रहे थे,जबकि कुछ अन्य लोग अपनी मोटरसाइकिल बिना चलाए पैदल ही पानी के बीच से गुजर रहे थे।कई लोग पैदल ही ढेमवाघाट मार्ग को पार करने का प्रयास कर रहे थे, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ था।घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण ढेमवाघाट मार्ग पर काफी पानी भर गया है,जिसके कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।नदी में पानी बढ़ने के कारण ही अस्थाई पीपा पुल को भी हटा दिया गया है,जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।गौरतलब है कि चार साल पहले ढेमवाघाट पुल भीषण बाढ़ की चपेट में आने से बह गया था।तब से यहाँ पुल निर्माण की मांग की जा रही है,परन्तु अभी तक कोई स्थाई पुल नहीं बन पाया है।स्थानीय निवासियों जिसमें मनीष और दिनेश शामिल हैं,ने मांग किया है कि लोगों की आवाजाही के लिए जल्द से जल्द नाव सेवा शुरू की जाए,ताकि उन्हें जान जोखिम में न डालना पड़े।इस संबंध में जब उपजिलाधिकारी तरबगंज से संपर्क किया गया तो उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द हीं नाव सेवा शुरू की जाएगी और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा अवैध तमंचा के साथ 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दवच्या के नेतृत्व में थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा अभियुक्त बृजेश पाण्डेय पुत्र महावीर प्रसाद पाण्डेय निवासी भवनियापुर पारासराय थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा को उसके घर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर बरामद किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
कालर अवनीश त्रिपाठी पुत्र राज प्रकाश त्रिपाठी निवासी सिसवा झिलाही थाना मनकापुर जनपद गोण्डा द्वारा दिनांक 09.07.2026 को यू0पी0 112 पर सूचना दिया कि थाना इटियाथोक क्षेत्रान्तर्गत उसकी बहन को उसका पति बृजेश पाण्डेय मार पीट रहा है, हाथ में कट्टा लिया है जिसके कारण उसकी बहन बचने के लिए गन्ने के खेत में छिप गयी है उक्त सूचना पर पीआरबी नम्बर 5642 पर नियुक्त हे0का0 रोशन प्रसाद व चालक निराले पाण्डेय द्वारा मौके पर पहुच कर आरोपी बृजेश पाण्डेय पुत्र महावीर प्रसाद पाण्डेय निवासी भवनियापुर पारासराय थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा को उसके घर से गिरफ्तार उसके कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर बरामद किया गया । गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।