न्यायालय के आदेश पर करोबारी व बैंक अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*ठेकेदार को गारंटर बनाकर 1.50 करोड़ के फर्जी लोन का आरोप

गोंडा।जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के एक ठेकेदार की शिकायत पर कारोबारी प्रदीप कुमार सिंह और कुछ बैंक अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है,यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है।बताते चलें कि बछईपुर गांव निवासी ठेकेदार अविनाश सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें ठेकेदारी के कारोबार में साझेदारी के बहाने कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराया गया था और बाद में उनकी जानकारी के बिना उन्हें लगभग 1.50 करोड़ रुपए के मशीनरी लोन में गारंटर बना दिया गया।अविनाश सिंह का यह भी आरोप है कि जब उन्हें जब इस धोखाधड़ी का पता चला और उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गयी,जिसकी शिकायत पहले पुलिस से किया,परन्तु कोई कार्रवाई न होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया।धानेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया गया है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट, 8 पर मुकदमा दर्ज

गोंडा।जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के लाला पुरवा, झौनहा पश्चिमी गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। ईट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्राम पंचायत झौनहा पश्चिमी के मजरा लाला पुरवा निवासी राम बादल और बच्चा राम के बीच काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज किया। पहले पक्ष राम बादल की तहरीर पर राम कैलाश, सूरज, संजू, पिंटू और दूसरे पक्ष की मझिला की तहरीर पर प्रदीप कुमार, रामकुमार, दीपक, ओमकार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घाघरा का जलस्तर 19 सेमी बढ़ा, गोंडा में बाढ़ चौकियां अलर्ट, तटीय इलाकों में सतर्कता

गोंडा | जिले में घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में नदी का जलस्तर 19 सेंटीमीटर बढ़ गया है। इसके चलते प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थित सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। गोंडा बाढ़ खंड विभाग और राजस्व विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

गुरूवार सुबह 9:30 बजे तक गिरजा बैराज से 47181 क्यूसेक, शारदा बैराज से 18625 क्यूसेक और सरयू बैराज से 250 क्यूसेक पानी घाघरा में छोड़ा गया। इस तरह कुल 66056 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद भी नदी खतरे के निशान से 1.16 मीटर नीचे बह रही है। बीते 24 घंटे में कुल 134919 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया है

*नेपाल की बारिश बना कारण

अधिकारियों के अनुसार जलस्तर बढ़ने की मुख्य वजह पहाड़ी इलाकों और पड़ोसी देश नेपाल में हो रही लगातार बारिश है इसी कारण बैराजों से पानी छोड़ा जा रहा है।

*प्रशासन सतर्क
एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। तटबंधों को सुरक्षित रखने के काम किए जा रहे हैं। सभी बाढ़ चौकियों पर राजस्व और बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी नदी के जलस्तर की निगरानी और तटबंधों का निरीक्षण कर रहे हैं। *प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी के किनारे न जाएं*
रिश्वत मामले में निलंबित वन दरोगा बालक राम की जमानत याचिका खारिज
गोंडा | फर्नीचर व्यवसायी से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए निलंबित वन दरोगा बालक राम को विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम नित्या पांडेय ने बुधवार देर शाम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसका आदेश गुरुवार सुबह 10:30 बजे जारी किया गया।
यह मामला फर्नीचर व्यवसायी राधेश्याम की शिकायत से जुड़ा है। राधेश्याम ने 22 जून 2026 को गोंडा स्थित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बेलसर और तरबगंज के वन दरोगा बालक राम उनकी फर्नीचर की दुकान निर्बाध रूप से चलने देने और एक मामले से नाम बाहर रखने के एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।राधेश्याम ने शुरुआत में 6,000 रुपये देने पर सहमति जताई, लेकिन वे आरोपी अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहते थे।
शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण टीम ने जाल बिछाया। 23 जून को ग्राम परसदा स्थित क्षेत्रीय वन रेंज कार्यालय,तरबगंज के पास दबिश दी गई। जैसे ही वन दरोगा बालक राम ने पीड़ित से 6,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया था। वर्तमान में बालक राम निलंबित चल रहे हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता बृजलाल तिवारी ने बताया कि जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब आरोपी को ऊपरी अदालत का दरवाजा खटखटाना होगा। निचली अदालत से उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।
गोण्डा: सरयू नहर में डूब रहे युवक की जान बचाने वाले हेड कांस्टेबल पवन यादव सम्मानित
गोण्डा। सरयू नहर में डूब रहे एक युवक की जान बचाने वाले थाना धानेपुर में तैनात हेड कांस्टेबल पवन यादव को उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को थाना धानेपुर क्षेत्र के अलावल देवरिया स्थित सरयू नहर में एक युवक के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक तेज बहाव में बहते हुए मदद की गुहार लगा रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल पवन यादव ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

बाद में युवक की पहचान राकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय नानबाबू, निवासी मोहल्ला खलबा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई। सूचना पर उसके चाचा बाबूलाल को मौके पर बुलाया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने हेड कांस्टेबल पवन यादव के इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रदर्शित उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय उदाहरण है।
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के लिए गोण्डा पुलिस की विशेष पहल

घर-घर पहुंचकर 153 वारिष्ठ नागरिको की समस्याएं सुनकर किया गया निस्तारण

गोण्डा। अपर पुलिसJ महानिदेशक, गोरखपुर जोन, गोरखपुर द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद गोण्डा पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान, सहायता एवं उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान प्रारम्भ किया गया है। वर्तमान सामाजिक परिवेश को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में निवास करने वाले 70 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हीकरण कर उनका विवरण संकलित किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक थाने की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट बनायी गयी है जो नियमित रूप से वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं की जानकारी प्राप्त करेगी। अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों का 02 विशेष वरिष्ठ नागरिक रजिस्टर तैयार किया गया है, जिसमें उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर, आयु, स्वास्थ्य एवं सामाजिक स्थिति सहित संपर्क से संबंधित आवश्यक विवरण अंकित किया जाएगा। सीपीयू टीम द्वारा प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिवसों (सोमवार, बुधवार, शानिवार) पर वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम जानी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं सी०पी०यू० टीमों को निर्देशित किया है कि वे वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाते हुए नियमित संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई करें। उक्त अभियान के क्रम में आज दिनांक 08.07.2026 को जनपदीय सीपीयू टीम द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 153 वरिष्ठ नागरिकों से उनके आवास पर पहुंचकर संपर्क स्थापित किया गया। इनमें थाना कोतवाली नगर के 10, को0 देहात के 09, खरगूपुर के 10, इटियाथोक के 06, धानेपुर के 03, मोतीगंज के 12, मनकापुर के 12, छपिया के 15, खोड़ारे के 05, थाना उमरीबेगमगंज के 04, वजीरगंज के 16, नवाबगंज के 07, को0 कर्नलगंज के 06, कौड़िया के 10, परसपुर के 08, कटराबाजार के 11 तथा महिला थाना के 05 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। संपर्क अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का कुशलक्षेम जाना गया, तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु जागरूक किया गया। गोण्डा पुलिस की इस जनहितकारी एवं संवेदनशील पहल की वरिष्ठ नागरिकों द्वारा सराहना की गई तथा उन्होंने पुलिस के प्रति अपना विश्वास एवं संतोष व्यक्त किया।
जनपद में परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस ने की अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई

*जनपद में परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस का संयुक्त प्रवर्तन अभियान*


*यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, 100 वाहनों का किया गया चालान*


*गोण्डा 09 जुलाई,2026*।
जनपद में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस द्वारा एआरटीओ (प्रशासन) के नेतृत्व में संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। अभियान के दौरान विभिन्न प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई।


*बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, HSRP एवं बिना बीमा वाले वाहनों पर की गई कार्रवाई*

संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन संचालन करने, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के अभाव, बिना वैध बीमा, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए नियमों की अनदेखी करने वालों के प्रति भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


*परिवहन एवं ट्रैफिक के संयुक्त अभियान में 100 वाहनों का चालान तथा 15 वाहन सीज*


इस प्रवर्तन अभियान के दौरान कुल 100 वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त गंभीर अनियमितताएँ पाए जाने पर दोपहिया वाहनों सहित कुल 15 वाहनों को सीज किया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं का जीवन सुरक्षित रहता है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।


*परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सतत प्रयास*


एआरटीओ (प्रशासन) ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस का यह संयुक्त प्रयास केवल दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और नियमों के प्रति जागरूकता से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी तथा जनपद में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के आवेदकों का साक्षात्कार 13 से 15 जुलाई तक
*गोण्डा, 09 जुलाई 2026* - जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा द्वारा एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत दाल, मक्का एवं खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षण उपरांत उन्नत टूलकिट वितरण हेतु ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि 13 जुलाई को खाद्य प्रसंस्करण (दाल), 14 जुलाई को खाद्य प्रसंस्करण तथा 15 जुलाई को खाद्य प्रसंस्करण (मक्का) से संबंधित आवेदकों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। सभी साक्षात्कार पूर्वाह्न 11 बजे से कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोण्डा में संपन्न होंगे।

उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने वेबसाइट www.msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन किया है, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय से उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर में कक्षा-6 प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
*गोण्डा 09 जून 2026*  -  पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मनकापुर, गोण्डा में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 07 जुलाई  से प्रारम्भ हो गया है। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई  तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रभारी प्राचार्य लालता प्रसाद शर्मा ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर स्वीकार किए जाएंगे। जनपद गोण्डा के निवासी तथा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के दौरान कक्षा-5 में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आवेदन के पात्र हैं।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी का जन्म 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होना अनिवार्य है। पात्र अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम तिथि के निकट होने वाली तकनीकी असुविधाओं से बचा जा सके।
'लोककलाओं के उन्नयन के लिए सम्मानित हुए शिवपूजन शुक्ल

गोण्डा।  अवधी संस्कृति एवं लोककलाओं के विकास में योगदान के लिए ‘वाग्धारा नवरत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। मुंबई में शनिवार को उन्हें यह सम्मान तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल के हाथों प्रदान किया गया।

शिवपूजन शुक्ल  तरबगंज तहसील के  जमथा गांव के निवासी है। उन्होंने आकाशवाणी दूरदर्शन से  अवधी लोकगीत एवं भजन गायक के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। वह अवधी ग्राम्य गीत एवं प्रायः लुप्त होते जा रहे पारंपरिक संस्कार गीतों व लोकनाट्य नौटंकी का प्रशिक्षण देने के लिए निःशुल्क कार्यशालाएं भी चलाते हैं। महाकुंभ प्रयागराज, सीतापुर, लखनऊ सहित अनेक शहरों में कार्यशालाएं आयोजित कर चुके हैं। जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है।  अवधी लोकगीतों के प्रचार-प्रसार के लिए वह मारीशस, इंडोनेशिया, जकार्ता, बाली और नेपाल आदि देशों की यात्राएं कर चुके हैं। उन्हें ‘चरनवाँ कै धूर’ पुस्तक के लिए उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की ओर से मलिक मोहम्मद जायसी सम्मान प्राप्त हो चुका है।